-सीनियर जिला क्रिकेट लीग कम नॉक आउट टूर्नामेंट
साहिबगंज/संवाददाता। जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में सिद्धू-कान्हू स्टेडियम में चल रहे सीनियर क्रिकेट लीग टूर्नामेंट में शुक्रवार को माही स्पोर्ट्स ब्लू बनाम बरहेट वॉरियर्स के बीच मैच खेला गया। माही स्पोर्ट्स ब्लू ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 26.4 ओवर में 141 रन बना कर ऑल आउट हो गई। अमित कुमार ने 20, मयंक राज ने 36, जाहिद ने 12, कुणाल कुमार ने 25 रन बनाए। बरहेट वॉरियर्स के गेंदबाज सरताज और सोहैल ने 2-2, उत्तम ने 03, सचिन, राहुल व अमित ने 1-1 विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करते हुए बरहेट वॉरियर्स की टीम 20.3 ओवर में 05 विकेट पर 142 रन बना कर 05 विकेट से मैच जीत लिया। अमित कुमार ने 40, विकास ने 20, ललन कुमार ने 21 रन बनाए। माही स्पोर्ट्स के गेंदबाज वसीम ने 02, हजरत शेख, अमित व अमित ने 1-1 विकेट लिया। बरहेट वॉरियर्स के खिलाड़ी उत्तम कुमार दास को मैन ऑफ दी मैच घोषित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. अरशद ने उत्तम कुमार को मैन ऑफ दी मैच की ट्रॉफी से पुरस्कृत किया। मैच में अंपायरिंग प्रभाकर सिंह उर्फ गुड्डा व राकेश कुमार रोशन एवं स्कोरिंग सागर सुमन ने किया। मौके पर जिला क्रिकेट संघ सचिव अंकुर सिन्हा, टूर्नामेंट इंचार्ज अशफाक आलम, आदित्य, सतीश सिन्हा, गोपाल सिंह व अन्य मौजूद थे। टूर्नामेंट इंचार्ज अशफाक आलम ने बताया कि शनिवार को सीएबी येलो बरहरवा बनाम छत्रपति शिवाजी के बीच मैच खेला जाएगा।
साहिबगंज में समाजवादी पार्टी चलाएगी सदस्यता अभियान : साहादत
-नव मनोनीत जिला अध्यक्ष ने की प्रेस कांफ्रेंस
साहिबगंज/संवाददाता। समाजवादी पार्टी के नव मनोनीत जिलाध्यक्ष साहादत हुसैन ने शुक्रवार को शहर के कॉलेज रोड स्थित मछुआ सोसाइटी में प्रेस वार्ता कर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित अन्य को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि झारखंड प्रदेश अध्यक्ष केश्वर यादव उर्फ रंजन यादव ने उन्हें जिलाध्यक्ष मनोनीत कर उन पर भरोसा जताया है। साहादत ने प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित सभी का आभार जताया है। कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी को जिला से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत बनाएंगे। जल्द ही पार्टी जिला में सदस्यता अभियान चलाएगी। वहीं सबके सहयोग से जनता के हित में कार्य किए जाएंगे। मौके पर मेराज शेख, राज हुसैन, अजमल अंसारी, जैसार आलम, जियाउल हक, जियारत अली, उस्मान गनी सहित अन्य थे।
आचार्य शिव बालक राय की 109वीं जयंती मनी
साहिबगंज/संवाददाता। शहर के सकरूगढ़ स्थित प्रगति भवन में शुक्रवार को हिंदी साहित्य के प्रसिद्ध समालोचक आचार्य शिव बालक राय की 109वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार, भागलपुर के विक्रमशिला हिंदी विद्यापीठ के कुलाधिपति सह प्रगति वार्ता के प्रधान संपादक डॉ. रामजन्म मिश्र सहित अन्य ने आचार्य शिव बालक राय की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया। डॉ. रामजन्म मिश्र ने कहा कि आचार्य राय के व्यक्तित्व में वाल्मीकि, व्यास और कालिदास का त्रयी संघात उनके जीवन का सौंदर्य लौकिक होते हुए भी वे लोकोत्तर थे। स्थित प्रज्ञ और महायोगी थे। 1950 में समालोचना की पुस्तक दिनकर प्रकाशित होने के बाद आचार्य की गिनती प्रसिद्ध समालोचकों में होने लगी। उन्होंने कवि महर्षि वाल्मीकि और महाकवि गोस्वामी तुलसीदास के साहित्य पर भी आलोचनात्मक दृष्टि से गंभीर विवेचन की है। आचार्य शिव बालक राय साहिबगंज महाविद्यालय में 05 दिसम्बर 1955 से जून 1976 तक प्राचार्य भी रहे। मौके पर झारखंड राजभाषा साहित्य अकादमी के सचिव डॉ. सच्चिदानंद मिश्र, गौरव रामेश्वरम, मुरारी प्रसाद सिंह, सरिता तिवारी, हर्ष कुमार मिश्र, संथाली साहित्यकार विमल मुर्मू, मार्था मुर्मू, नकुल मिश्र, अनुपमा मिश्रा, भारत यादव, अमृत प्रकाश, उपेंद्र कुमार राय, मनोज कुमार लोहार सहित अन्य थे।
राजमहल विधायक ने दो योजनाओं का किया शिलान्यास
-घेराबंदी और धुमकुड़िया स्थान का किया गया शिलान्यास
राजमहल/संवाददाता। विधायक ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने शुक्रवार को उधवा प्रखंड के मोहनपुर पंचायत के शामपुर गांव में 49.84 लाख रुपए की लागत की आईटीडीए परियोजना के तहत जाहेर स्थान घेराबंदी व धुमकुड़िया स्थान का शिलान्यास किया। अपने पहले शिलान्यास के दौरान विधायक ने कहा कि आदिवासी गांव में पेयजल, बिजली व सड़क की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। मौके पर बीडीओ जयंत कुमार तिवारी, मुखिया भैया किस्कू, प्रखंड अध्यक्ष ताजरुद्दीन, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष बसंती हांसदा, किन्नू सोरेन, इब्राहिम, नेहरू इस्लाम सहित अन्य मौजूद थे। इधर श्रीधर दियारा स्थित स्वामी विवेकानंद उच्च विद्यालय में विधायक को प्रबंधन समिति का पदेन अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उनकी अध्यक्षता में हुई बैठक में विद्यालय विकास को लेकर कई प्रस्ताव लिए गए।
प्राथमिकी आरोपी गिरफ्तार
राजमहल/संवाददाता। थाना अंतर्गत पत्थर चट्टी गांव से पुलिस ने मारपीट मामले के प्राथमिकी आरोपी किशोर कुमार मंडल को छापामारी कर गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी गुलाम सरवर ने बताया कि उसके विरुद्ध राजमहल थाना में कांड संख्या 38/24 के तहत प्राथमिकी दर्ज थी। आरोपी फरार चल रहा था। शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
34वें विश्वविद्यालय स्थापना दिवस पर हुई प्रतियोगिता
राजमहल/संवाददाता। सिद्धू-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका के 34वें स्थापना दिवस व हिंदी दिवस पर मुंडली स्थित मॉडल कॉलेज में कई प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। वहीं विश्वविद्यालय के इतिहास के संदर्भ में भी जानकारी दी। मौके पर हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ अमित कुमार, डॉ रमजान अली, डॉ विवेक महतो, डॉ. अरविंद कुमार पाण्डेय, कर्मी मोहन, करमू, सुमित, बबलू, प्रकाश व अन्य थे।
बिजली विभाग का छापा, 23 पर केस और जुर्माना
साहिबगंज/संवाददाता। विद्युत अधीक्षण अभियंता नत्थन रजक के निर्देशन में शुक्रवार को बिजली विभाग की टीम ने सदर अस्पताल परिसर स्थित क्वार्टरों व निर्माणाधीन क्रिटिकल भवन सहित अन्य इलाकों में छापामारी की। विद्युत कार्यपालक अभियंता शंभूनाथ चौधरी ने प्रेस को बताया कि कुल 23 उपभोक्ताओं पर बिजली चोरी का केस करते हुए उन्हें 03 लाख, 13 हजार रुपए जुर्माना भी किया गया है। टीम में एमआरटी कार्यपालक अभियंता नीतीश कुमार, सहायक अभियंता सत्यदेव कुमार, कनीय अभियंता नीलगगन, ग्रामीण कनीय अभियंता दीपक कुमार सिंह व अन्य शामिल थे।
डीएस ने की इस्तीफे की पेशकश
साहिबगंज/संवाददाता। सदर अस्पताल के प्रशासनिक उपाधीक्षक डॉ. मुकेश के इस्तीफे के बाद शुक्रवार को डीएस डॉ. मोहन मुर्मू ने भी इस्तीफे के लिए भी सीएस के नाम आवेदन सौंपा है। मिली जानकारी के अनुसार डॉ. मोहन मुर्मू ने सीएस को दिए आवेदन में पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है। फिलहाल सीएस डॉ. प्रवीण कुमार संथालिया के छुट्टी पर रहने के चलते अभी उनका इस्तीफा कबूल नहीं हुआ है। बताया जाता है कि सीएस सोमवार को साहिबगंज पहुंचेंगे। इसके बाद ही इस पर कोई निर्णय लिया जा सकता है।
68वीं राष्ट्रीय विद्यालय अंडर-14 एथलेटिक्स में जिले के चार खिलाड़ी करेंगे प्रदर्शन
साहिबगंज/संवाददाता। स्कूल फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आगामी 11 से 14 जनवरी तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय विद्यालय अंडर-14 एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में जिले के सिद्धू- कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु संतोष मुर्मू लंबी कूद, इमानुएल किस्कू 80 मीटर हर्डल्स व 4 गुणा 100 मीटर रिले, अश्विन नागदुआर 200 मीटर व 4 गुणा 100 मीटर रिले, जमादार करई ऊंची कूद में प्रशिक्षक योगेश यादव के नेतृत्व में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रतियोगिता के आयोजन में जिले से अशोक साहनी एवं निमाई चौधरी तकनीकी पदाधिकारी का दायित्व निभा रहे हैं।
आग लगने से ट्रैक्टर, बाइक और अन्य सामान जल कर राख
साहिबगंज/संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभनपुर पत्थर घाट रोड किनारे स्थित बथान में गुरुवार की रात्रि आग लग गई। जिससे बथान सहित पशु, वाहन, नकदी, ट्रैक्टर, बाइक व अन्य सामान जलकर राख हो गया। बथान मालिक ब्रह्मानंद यादव (72) ने अपने भाई पर आग लगा देने का शक जताते हुए मुफस्सिल थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दिए आवेदन में उन्होंने बताया कि आग में झोपड़ी, पुआल, दो छोटी गाय, एक ट्रैक्टर जेएच 17 बी 0536, दो मोटरसाइकिल जेएच 18 के 7333 और बीआर 39 वी 9347, नकदी 80 हजार रुपए, अनाज व अन्य सामान जल कर राख हो गया।
टोटो पलटने से वृद्ध घायल
साहिबगंज/संवाददाता। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के लोहंडा के निकट शुक्रवार को टोटो पलटने से मिर्जाचौकी, फौजदारी निवासी नागेश्वर मुसहर (72) घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उन्होंने बताया कि लोहंडा स्थित दीप आई केयर अस्पताल में मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराया था। शुक्रवार को जांच कराने अस्पताल जा रहे थे। तभी टोटो पलटने से घायल हो गए।
लगाया गया विशेष पशु चिकित्सा शिविर
तालझारी/संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत दूधकोल गांव में शुक्रवार को विशेष पशु चिकित्सा शिविर लगाया गया। इस दौरान 70 पशुपालकों के बीच पशु से संबंधित दवाई नि:शुल्क वितरित की गई। मौके पर पंचायत के मुखिया दुर्गा किस्कू, पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अनिवर्ण महतो, अशोक पोद्दार, संतोष कुमार ठाकुर सहित अन्य मौजूद थे।
मुखिया में बांटा कंबल
तालझारी। संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत भतभंगा संथाली पंचायत भवन में शुक्रवार को मुखिया मती बेसरा ने जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया। मुखिया ने बताया कि उन्हें प्रखंड से कुल 100 कंबल वितरण के लिए दिया गया है। आगे भी जरूरतमंदों की बीच कंबल का वितरण किया जाएगा।
बाग पहाड़ में लगा स्वास्थ्य शिविर
तालझारी। संवाददाता। पीएम जन-मन कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को तालझारी प्रखंड अंतर्गत बाग पहाड़ में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बाग पहाड़ के कुल 23 लोगों की जांच कर उन्हें उचित चिकित्सा परामर्श देते हुए दवाई दी गई। मौके पर चिकित्सा पदाधिकारी राहुल राज, एएनएम विद्या कुमारी, सहिया पर्यवेक्षक बीटीटी अवधेश कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
युवक पर मामला दर्ज
तालझारी। संवाददाता। थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर शादी की नियत से भगा ले जाने के आरोप में पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की की माता ने दुधकोल निवासी युवक पर केस दर्ज कराया है। थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
अस्थाई रिवर थाना के लिए जमीन चिन्हित
तालझारी। संवाददाता। डीएसपी विजय कुशवाहा ने शुक्रवार की शाम अस्थाई रीवर थाना को लेकर महाराजपुर में जमीन चिह्नित किया। डीएसपी ने बताया कि जब तक स्थाई रीवर थाना का निर्माण नहीं हो जाता तब तक के लिये महाराजपुर में अस्थाई रीवर थाना बनाकर कार्य किया जायेगा। मौके पर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज सहित पुलिस बल मौजूद थे।