पथरगामा। स्थानीय पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में एक प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पथरगामा थाना कांड संख्या 152/21 के प्राथमिकी अभियुक्त बोहरना निवासी विशाल यादव को पथरगामा पुलिस ने गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया। अभियुक्त पर बाइक चोरी का केस दर्ज था। पथरगामा थाना क्षेत्र के रजौन हाट के पास से पुलिस ने तीन माह पूर्व चोरी गई बाइक को बरामद किया था। पथरगामा थाना एसआई शीतल पासवान पुलिस बल के साथ मोटर वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी बीच एक लाल रंग की हीरो बाइक, जिस पर दो लोग सवार थे, आता हुआ दिखा। जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार बाइक को छोड़कर फरार हो गया। फरार आरोपी का नाम विशाल यादव है, जिसे पुलिस ने तीन माह बाद रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पूर्व में गिरफ्तार सुभाष यादव के निशानदेही पर विशाल यादव की गिरफ्तारी की गई। इस बाबत पुलिस ने कांड संख्या 152/21 धारा 314/34 में सुभाष यादव और विशाल यादव पर प्राथमिकी दर्ज की थी। थाना प्रभारी बलिराम रावत ने बताया कि लगभग तीन माह पूर्व बोहरना ग्राम से बाइक की चोरी हुई थी। जिसको लेकर पथरगामा थाना में कांड दर्ज किया गया था।