बहियार में घास काटने गया था वृद्ध
- महागामा प्रखंड के नरैनी गांव की घटना
हनवारा। संवाददाता स्थानीय थाना क्षेत्र के नरैनी गांव में सोमवार को दोपहर बहियार में घास काटने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया और घटना स्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। परिजनों को जानकारी मिलने के बाद उसे आनन फानन में इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल नरैनी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक हनवारा थाना क्षेत्र के नरैनी गांव निवासी शेख जैनुल की उम्र करीब 65 वर्ष थी।
मृतक की पत्नी सफीदा ने बताया कि सोमवार को दोपहर उनका पति शेख जैनुल घर से यह कह कर निकला कि बोरिंग के पास खेत में घास काटने जा रहे हैं। बहियार में स्थित बोरिंग शेख जैनुल का ही था। खेत में बोरिंग के आसपास बिजली का तार लगाया गया था। घास काटने के दौरान उनका हाथ खेत के किनारे लगे बिजली के तार से स्पर्श कर गया जो मौत का कारण बन गया। परिजनों ने बताया कि घटना की जानकारी पास के बहियार में काम कर रहे लोगों ने दी। जिसके बाद परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए। इधर, मौत की सूचना मिलने के बाद हनवारा थाना के पुलिस सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार उपाध्याय एवं राजेंद्र कुमार महतो ने दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली। जिसके बाद शव का पंचनामा बना कर पोस्टमार्टम कराने गोड्डा सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना से पूरा गांव गमगीन हो गया है।
झामुमो जिला इकाई का किया गया सांगठनिक विस्तार
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता
झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय समिति द्वारा जिला समिति के अध्यक्ष वासुदेव सोरेन द्वारा अनुशंसित सूची की संपुष्टि कर दी गई है। झामुमो के केंद्रीय समिति के महासचिव विनोद कुमार पांडेय के हस्ताक्षर से जारी पत्र के अनुसार, श्रवण मंडल झामुमो के जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किए गए हैं। वहीं महेंद्र उरांव एवं दाऊद अंसारी संगठन सचिव तथा सुनील कुमार राउत, प्रकाश चंद चौधरी एवं मोतीलाल मुर्मू जिला समिति के संयुक्त सचिव बनाए गए हैं। संगठन के विस्तार की अनुशंसा जिला अध्यक्ष वासुदेव सोरेन ने केंद्रीय समिति के अध्यक्ष से की थी। झामुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष सह केंद्रीय समिति के सदस्य राजेश शाह मंडल ने संगठन के विस्तार पर प्रसन्नता का इजहार करते हुए कहा कि इससे झामुमो की जिला इकाई और धारदार होगी।