महेशपुर/संवाददाता। प्रखंड सभागार में मंगलवार को बीडीओ सिद्धार्थ शंकर यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। मनरेगा, अबुआ आवास, 15वें वित्त आयोग, निर्वाचन, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना और अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में बीडीओ ने उपस्थित सभी कर्मियों को झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की विशेष जानकारी देते कहा कि क्षेत्र के 21 से 50 वर्ष उम्र की महिलाओं को एक हजार रुपए पेंशन देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना का लाभ वैसे महिलाओं को दिया जाएगा जो किसी अन्य पेंशन योजना का लाभ नहीं ले रही हो, उन सभी को पेंशन योजना का लाभ दिया जाएगा। बीडीओ ने उपस्थित कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि झारखंड का निवासी हो और जहां आवेदन के साथ सिंगल आधार लिंक, बैंक खाता, वोटर आई कार्ड, आधार कार्ड और दो कलर फोटो के साथ राशन कार्ड की छाया प्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। बैठक में बीपीआरओ प्रसेनजित मंडल, एमओ सुमित मिश्रा, सहायक अभियंता उत्तम बैद्य समेत अन्य कर्मी मौजूद थे।
सेविका चयन के लिए ग्रामसभा आयोजित
हिरणपुर/संवाददाता। प्रखंड के महारो स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में रिक्त पड़े सेविका पद के चयन को लेकर मंगलवार को ग्रामसभा आयोजित हुई। जिसमें सेविका पद पर प्यारी सोरेन का चयन हुआ। उधर मंझलाडीह स्थित आंगनवाड़ी केंद्र की सहायिका पद के चयन प्रक्रिया स्थगित कर दी गई। महारो में आयोजित ग्रामसभा में काफी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं। बीडीओ सह सीडीपीओ टुडू दिलीप ने उपस्थित लोगों के चयन प्रक्रिया को लेकर सरकारी मार्ग निर्देश की जानकारी दी। वहीं उपस्थित लोगों ने अपने इच्छा अनुरूप चयन करने की बात कही। इसे लेकर बीडीओ ने सभी को आश्वस्त करते हुए कहा कि सेविका पद पर आप ही के गांव की महिला का चयन होगा जो बच्चों को पढ़ाने का कार्य करेंगे। इस केंद्र में अप्रैल माह से पद रिक्त पड़ा हुआ है, जिसे जल्द भरा जाना है। इसके बाद इस पद को लेकर सात महिलाओं ने आवेदन जमा किया। जिसमें योग्यता अनुरूप प्यारी सोरेन का चयन किया गया। उधर मंझलाडीह स्थित आंगनवाड़ी केंद्र की सहायिका चयन प्रक्रिया के दौरान कोई भी महिला ने आवेदन जमा नहीं किया। इस कारण से ग्रामसभा को स्थगित कर दिया गया। बागशीशा में सेविका पद के लिए चयन प्रक्रिया अभी तक नहीं हो पाई है। बीते दो बार आयोजित ग्रामसभा स्थगित कर दी गई थी। मौके पर प्रमुख रानी सोरेन, पर्यवेक्षिका मीना हांसदा आदि उपस्थित थीं।
70 कांवरियों की टोली गंगा जल लाने सुल्तानगंज रवाना
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के लिट्टीपाड़ा से 70 कांवरियों की टोली मंगलवार को गंगा जल लाने के लिए सुल्तानगंज रवाना हुए। शिव भक्त अपने घर से बोल बम, बोल बम का नारा लगाते हुए, लिट्टीपाड़ा चौक स्थित बजरंगबली मंदिर पहुंचे। जहां सभी ने बजरंगबली हनुमान का आशीर्वाद लिया। और एक साथ बोल बोम का नारा लगाते हुए सुल्तानगंज के लिए बस से रवाना हुए। शिवभक्तों में विजय मंडल ने कहा कि सुल्तानगंज से जल उठा कर 105 किमी पैदल यात्रा कर देवघर पहुंच कर बाबा भोलेनाथ को जल चढ़ाएंगे। वहीं करुण मंडल, राजकुमार, आदित्य मंडल, श्रवण मंडल, प्रदीप मंडल, अमित मंडल सहित दो दर्जन से अधिक शिव भक्त बाबा को जल चढ़ाने के लिए रवाना हुए।
भाजपा मंडल अध्यक्ष जनता की समस्या से हुए रू ब रू
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। भाजपा मंडल अध्यक्ष शिव प्रसाद पहाड़िया के नेतृत्व में लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत सूरजबेड़ा पंचायत क्षेत्र भ्रमण करने के दौरान गांव कारीपहाड़ी दलानी टोला में आम जनताओं के साथ जन समस्या को लेकर रू ब रू हुए। जिसमें ग्रामीणों ने बताया गांव में चापाकल, कुआं नहीं रहने के कारण पीने का पानी की समस्या का सामना करना पड़ता है। झरना का गंदा पानी पीने के लिए मजबूर हैं। गंदा पानी पीने से विभिन्न तरह की बीमारी उत्पन्न होती है। सड़क की भी समस्या है। मंडल अध्यक्ष ने कहा अगर आने वाला विधानसभा चुनाव में लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी को जिताये ताकि सभी का विकास होगा। भाजपा का मूलमंत्र है सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास। यह सबका विश्वास को लेकर चलने वाली पार्टी है। मौके पर एसटी मोर्चा अध्यक्ष बनेश्वर सोरेन, युवा नेता रायमन मरांडी, सोशल मीडिया सह संयोजक सामयेल पहाड़िया, बूथ कमेटी सदस्य दानिएल पहाड़िया, सदस्य हिरोशील मुर्मू, ग्रामीण शिरील मरांडी, सोमय मरांडी, बेटका मरांडी, पगान हेम्ब्रम, परमेशोल मरांडी, भोंडा मरांडी, झुंका हेम्ब्रम आदि मौजूद हुए।
हिल एसेंबली पहाड़िया महासभा की ओर से किया गया यादगार दिवस समारोह का आयोजन
लिट्टीपाड़ा/संवाददाता। मांझी विजय मरांडी स्टेडियम में मंगलवार को अखिल भारतीय आदिम जनजाति विकास समिति के बैनर तले दामिन स्थापना 201वां यादगार दिवस समारोह का आयोजन हिल एसेंबली पहाड़िया महासभा की ओर से किया गया। इस समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि महेश कुमार मालतो, मोतीलाल सिंह पहाड़िया, राजू पुजहर, बैजनाथ पहाड़िया, कन्हाई देहरी, कमलेश पहाड़िया, डेविड मालतो, बैजनाथ पहाड़िया, धर्मराज पहाड़िया, शिवचरण मालतो ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथियों ने पहाड़िया झंडा का झंडोत्तोलन कर किया। समारोह का मंच संचालन शिवचरण मालतो ने किया। इस दौरान संताल परगना के हजारों की संख्या में दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा जिला के विभिन्न प्रखंडों से पहाड़िया समुदाय के महिला एवं पुरुष यादगार दिवस समारोह में भाग लिए। इस समारोह के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम 13 सूत्री ज्ञापन बीडीओ की अनुपस्थिति में बीपीआरओ को सौंपा गया। वहीं हिल एसेंबली पहाड़िया महासभा के महासचिव शिवचरण मालतो ने कहा कि यहां के आदिम जनजाति पहाड़िया को छलने का काम किया जा रहा है। इसलिए जब तक अलग सौउरिया कंट्री नहीं मिलेगा तब तक पहाड़िया का विकास संभव नहीं है। अंग्रेजों के शासनकाल में 1894 में सौउरिया कंट्री बनाया गया था तब यहां के राजा पहाड़िया हुआ करता था। अंग्रेजों के विरोध में 1771 में पहाड़िया ने ही पहला बिगुल फूंका था। उसी दौरान वारेन हेस्टिंग्स ने 1300 पहाड़िया बटालियन का गठन किया था। वहीं राष्ट्रपति के नाम 13 सूत्री मांगों को लेकर सरकार को अवगत कराया।
राजपत्रित कर्मचारी महासंघ का प्रतिनिधिमंडल मंत्री से मिला
महेशपुर/संवाददाता। कई मांगों को लेकर हड़ताल में डटे राजपत्रित कर्मचारी महासंघ का प्रतिनिधिमंडल राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी से मिले। उन्होंने झारखंड राज्य आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ की उचित मांगों से संबंधित मांग पत्र सौंपा। सदस्यों ने समस्याओं को विस्तार से मंत्री के समक्ष रखा और समाधान करने का अनुरोध किया। समस्या सुनने के बाद मंत्री ने महासंघ को स्पष्ट किया कि आपका वेतन वृद्धि को लेकर स्वीकृति दी जाएगी। मंत्री से आश्वासन मिलने पर महासंघ ने खुशी जाहिर की।
टीम ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण
पाकुड़/संवाददाता। फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल दुमका की टीम ने मंगलवार को राज्य सरकार की ओर से प्रारंभ की गई अस्पताल मेंटरिंग योजना के क्रियान्वयन को लेकर सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। और कई बिंदुओं पर जांच की। मौके पर मौजूद सिविल सर्जन व चिकित्सकों की टीम ने आवश्यक जानकारी भी ली।
पत्थर खदान के निकट शव मिलने से फैली सनसनी
पाकुड़/संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जुगीगढ़िया गांव स्थित एक पत्थर खदान के निकट मंगलवार सुबह शव मिलने से सनसनी फैल गयी। शव मिलने की खबर ग्रामीणों ने मुफस्सिल थाना को दिया। मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीव झा दल बल मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। बताया गया कि पत्थर खदान के पास शव मिलने की खबर सुनकर ग्रामीण उस जगह इकट्ठा हुए। वहीं शव की पहचान सैदुर शेख के 22 वर्षीय पुत्र सामिउल शेख के रूप में किया गया। परिजनों ने बताया कि मृतक ट्रक में खलासी का काम करता है और सोमवार देर रात वह घर लौट रहा था तो जुगीगढ़िया के पास कुछ लोगों ने उसे मोबाइल चोरी के आरोप में पकड़ा था और मारपीट कर रहा था। संभवत: उन लोगों की ओर से उसकी हत्या कर शव को फेंक दिया गया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी संजीव झा ने छानबीन के क्रम में जुगीगढ़िया गांव से अनिल हेंब्रम, सूरज मरांडी तथा बाबूधन मुर्मू को शक के आधार पर हिरासत में ले लिया। वहीं मामले को लेकर मृतक के पिता सैदुर शेख के लिखित शिकायत के आधार पर थाना में कांड संख्या 168/24 दर्ज करते हुए पुलिस छानबीन में जुट गई है।
सांसद निशिकांत के बयान के खिलाफ झामुमो कार्यकर्ताओं ने निकाला विरोध जुलूस
-मामाला यूनियन टेरिटरी बनाने का
पाकुड़/संवाददाता। विगत दिनों लोकसभा में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने झारखंड राज्य के एक अभिन्न अंग संथालपरगना प्रमंडल, बिहार एवं पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों को मिला कर यूनियन टेरिटरी बनाने के संबंध में दिए गए झारखंड विरोधी बयान के विरोध में जिले भर के झामुमो कार्यकर्ताओं ने पार्टी जिलाध्यक्ष श्याम यादव के नेतृत्व में विशाल आक्रोश मार्च निकाला। आक्रोश मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं ने भाजपा के गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे व भाजपा के विरोध में जम कर नारेबाजी की। आक्रोश मार्च का समापन पूरे बाजार क्षेत्र का भ्रमण करने के पश्चात बिरसा चौक के समीप भाजपा सांसद निशिकांत दुबे का पुतला दहन कर किया गया। मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष यादव ने कहा कि भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे ने लोकसभा में झारखंड के अभिन्न अंग संथाल- परगना प्रमंडल, बिहार एवं बंगाल के कुछ हिस्से को मिला कर यूनियन टेरिटरी बनाने के संबंध में बयान दिया। इस बयान से भाजपा की झारखंड विरोधी मानसिकता साफ झलकती है। झारखंड के आदिवासी मूलवासी ऐसे बयान को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। झामुमो कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया है। रैली में जिला सचिव सुलेमान बास्की, जिला उपाध्यक्ष समद अली, जिला उपाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम, जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे, जिप अध्यक्ष जुली खिृस्टमुनी हेंब्रम, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनील टुडू, युवा जिला सचिव उमर फारूक, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जोसेफिना हेम्ब्रम, महिला जिला सचिव सुशीला देवी, अल्पसंख्यक जिल्द हबीबुर्रहमान, जिला सदस्य फिरोज अली, जिला सदस्य मुस्लिम अंसारी, जिला सोशल मीडिया सदस्य प्रकाश सिंह, रहीम अंसारी, साफु शेख, अल्फाज शेख, कौशर शेख, निताई दत्ता, मोबारक हुसैन, इस्माइल शेख, कबिरुल शेख, इस्तखार आलम सहित सभी प्रखंडों व पंचायतों से हजारों कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित थे।
सरकारी सूचक बोर्ड गिरने की आशंका से लोगों में भय
पाकुड़िया/संवाददाता। प्रखंड अंतर्गत गनपुरा पंचायत बाजार में सिद्धू-कान्हू चौक पर लगे सरकारी सूचक बोर्ड जो कि आंधी से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है, उसके गिरने की आशंका से लोग भयभीत हैं। हल्का हवा आने से वह बोर्ड कभी भी गिर सकता है और इससे लोगों की जान को खतरा भी है। आसपास के दुकानदारों ने बताया सरकारी महकमा संज्ञान नहीं ले रहा है। समय रहते इस बोर्ड को दुरुस्त किया जाए या इसे यहां से हटा दिया जाए नहीं तो कभी भी बड़ी घटना घट सकती है। दुकानदारों ने बताया कि यह बोर्ड 2023 में लगाया गया था। लेकिन आंधी आने से यह क्षतिग्रस्त हो चुका है।
विधानसभा के संभावित प्रत्याशी ने चलाया जनसंपर्क अभियान
पाकुड़/संवाददाता। युवा समाजसेवी सह पाकुड़ विधानसभा के संभावित उम्मीदवार अजहर इस्लाम ने मंगलवार को क्षेत्र के सीतेश नगर और काबिलपुर गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया। वहीं उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में पद यात्रा करते हुए ग्रामीणों के घर तक पहुंचे और एक-एक ग्रामीण से उनकी समस्याओं की जानकारी ली। जानकारी लेने के बाद समस्याओं का समाधान करने का उन्होंने आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में उन्हें चुन कर विधानसभा भेजें। आपकी हर मांग पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा क्षेत्र के दु:ख दर्द को बांटने के लिए ही चुनावी मैदान में उतरने वाले हैं। जन भावना का कदर करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा छल, कपट की राजनीति नहीं करेंगे, बल्कि आम आदमी को उनका हक दिलाने का बीड़ा उठायेंगे। अजहर इस्लाम ने कहा जनता के लिए उनका दरवाजा 24 घंटा खुला है। आपके सेवा में वे तत्पर हैं और आगे भी रहेंगे। मौके पर समर्थक मौजूद थे।