- जिला मुख्यालय के बाजार स्थित मकान में छापेमारी के दौरान अवैध मादक पदार्थ बरामद
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता। पुलिस की लाख चौकसी के बावजूद जिला में अवैध मादक पदार्थ का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिला में अनेक स्थानों पर अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़ करने में पुलिस को कामयाबी समय-समय पर मिलती रही है। जिला मुख्यालय में अवैध ढंग से ब्राउन शुगर की बिक्री लंबे समय से हो रही है। बीच-बीच में ब्राउन शुगर के कारोबारियों की धर पकड़ में पुलिस कामयाब भी होती रही है। एक बार फिर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8.14 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देशानुसार गोड्डा पुलिस द्वारा नशेड़ियों एवं नशे के कारोबारियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापामारी अभियान चलाते हुए अवैध मादक पदार्थ के धंधे में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को देर संध्या गश्ती के क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बोआरीजोर प्रखंड अंतर्गत राजाभीठा का एक व्यक्ति अन्य दो-तीन लड़कों के साथ अवैध मादक पदार्थ की खरीद बिक्री करता है, जिन्हें जिला मुख्यालय के मुख्य बाजार स्थित शालीमार होटल के सामने मकान में जाते हुए देखा गया है। वरीय पदाधिकारी के आदेशानुसार छापामारी दल का गठन किया गया। मंगलवार की रात्रि करीब 9 बजे प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक कुमार गौरव के नेतृत्व में छापामारी दल शालीमार होटल के सामने पहुंची, तो पुलिस को देखकर सामने मकान से एक लड़का अंधेरा का फायदा उठाकर भाग गया। बंगाल ज्वेलर्स के ऊपर के मकान में विधिवत छापामारी के दौरान सदानन्द पंडित, उम्र करीब 24 वर्ष, पिता राजकुमार पंडित, ग्राम भदरिया, थाना राजाभीठा, जिला गोड्डा एवं मो रहमत जाफरी, उम्र करीब 26 वर्ष, पिता स्व जफर हसमत, साकिन न्यू मार्केट, गोड्डा, थाना गोड्डा नगर को पकड़ा गया। इन दोनों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को देखकर फरार हुए लड़का का नाम हर्षित कुमार, पिता कुन्दन कुमार, ग्राम लोंगाई, थाना मोतिया ओपी बताया। विधिवत तालाशी के क्रम में सदानन्द पंडित के पास से 4.95 ग्राम ब्राउन शुगर एवं मो रहमत जाफरी के पास से 3.19 ग्राम ब्राउन शुगर, कुल वजन 8.14 ग्राम ब्राउन शुगर एवं कमरे के अन्दर से एक छोटा डिजिटल तौल मशीन बरामद हुआ, जिसे जब्ती सूची बनाकर विधिवत जब्त किया गया। पकड़ाये व्यक्तियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि ये लोग ब्राउन शुगर का सेवन एवं ब्राउन शुगर का अवैध कारोबार करते हैं। इस संबंध में गोड्डा नगर थाना कांड संख्या 185/24, दिनांक 07.08.24, धारा 22/25/27(ए)/29 एनडीपीएस एक्ट दर्ज किया गया है। पकड़ाये दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
ब्राउन शुगर के कारोबारियों की धरपकड़ के लिए गठित पुलिस टीम का नेतृत्व प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक कुमार गौरव कर रहे थे। छापामारी टीम में पुलिस निरीक्षक सह नगर थाना प्रभारी
दिनेश महली, पुलिस निरीक्षक सदर प्रभाग मधुसूदन मोदक, महिला थाना की प्रभारी गुलाब किस्फोट्टा, नगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अशोक कुमार दुबे समेत सशस्त्र बल एवं आईआरबी के जवान शामिल थे।
झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता का निधन
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता झारखंड आन्दोलन के अग्रणी नेता, जेएमएम के सक्रिय कार्यकर्त्ता 80 वर्षीय कृत्यानंद यादव, ग्राम पकड़िया, अंचल व जिला गोड्डा का हृदय गति रुकने से मंगलवार की रात्रि निधन हो गया। झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रेमनंदन कुमार ने बताया कि स्वर्ग यादव वर्ष 1985 से लगातार जेएमएम के सभी कार्यक्रमों में भाग लेते रहते थे। जेएमएम के अध्यक्ष शिबू सोरेन के एक समय में काफी नजदीक रहते थे। उनकी मृत्यु से गोड्डा जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा को काफी क्षति हुई है। वे अपने भरे पूरे परिवार को छोड़ कर गए हैं। बुधवार को उनके घर पकड़िया जाकर जेएमएम के पूर्व जिला अध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय समिति सचिव प्रेम नन्दन कुमार ने जेएमएम के झण्डा में लिपटाकर पुष्प अर्पित कर अन्तिम विदाई दिया। अन्तिम विदाई के अवसर पर जेएमएम के गोड्डा जिला उपाध्यक्ष घनश्याम यादव, प्रखण्ड अध्यक्ष बालमुकुंद महतो, अजय साह, सोम मरांडी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
टीबी मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने अदाणी फाउंडेशन को दिया प्रशस्ति पत्र
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता। अदाणी पावर झारखंड लिमिटेड के सीएसआर विंग अदाणी फाउंडेशन को झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने गोड्डा में टीबी मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए सराहना करते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। यह कार्यक्रम रांची में आयोजित हुआ, जहां अदाणी पावर झारखंड लिमिटेड के स्टेट कॉर्पोरेट अफेयर्स हेड संजीव शेखर और अदाणी फाउंडेशन के अधिकारी संतोष सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री के हाथों प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया।
गौरतलब है कि अदाणी पावर ने प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गोड्डा के 353 टीबी मरीजों को गोद लिया था। सभी मरीजों को जिला प्रशासन के निर्देशानुसार नियमित पौष्टिक आहार पैकेट उपलब्ध कराया गया, जिससे टीबी मरीजों की रिकवरी दर शानदार रही। अदाणी फाउंडेशन के कार्यों को सराहते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार से समाज के कल्याण के लिए काम करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर अदाणी फाउंडेशन ने अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत समुदाय के लिए निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
मासिक गुरु गोष्ठी में हुई शिक्षा विभाग की समीक्षा
हनवारा। संवाददाता। प्रखंड संसाधन केंद्र, महागामा के तत्वावधान में प्रखंड सभागार में मासिक गुरु गोष्ठी का आयोजन बुधवार को दो पालियों में किया गया। गुरु गोष्ठी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी महागामा मृगेंद्र बैरा की अध्यक्षता में एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी मनोज कुमार बालहंस के संचालन में संपन्न हुई। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी मृगेंद्र बैरा ने शिक्षा विभाग की सूक्ष्मता से समीक्षा की। उन्होंने गुरु गोष्ठी में सभी बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित सभी प्रधानाध्यापक को सावित्री बाई फुले योजना का शत प्रतिशत फॉर्म जमा करने का निर्देश दिया। कल्याण विभाग से साइकिल वितरण का उपयोगिता प्रमाण पत्र जमा करने, नव नामांकन का पूर्णरुपेण भरा हुआ प्रतिवेदन जमा करने, प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति को ई कल्याण पोर्टल पर शत प्रतिशत भरने एवं मानक के अनुकूल बच्चों के बीच मध्याह्न भोजन परोसने के लिए सख्ती के साथ निर्देश दिया।
नवोदय विद्यालय से आए हुए प्रतिनिधि मृत्युंजय झा एवं प्रेम लाल यादव ने मलेरिया उन्मूलन के बारे में विस्तार से बताया एवं विद्यार्थियों को दवाई खिलाने का भी तरीका बताया। गुरु गोष्ठी में बीआरपी शमीम इकबाल, ईश्वर मंडल, अभिषेक कुमार, सीआरपी बीआरपी महासंघ के पूर्व जिला महासचिव मो सुलेमान जहांगीर आजाद, शिक्षक प्रतिनिधि राधाकांत साह समेत प्रखंड के सभी सीआरपी, एमआइएस कोऑर्डिनेटर एवं प्रधानाध्यापक शामिल हुए।
महिला पुलिसकर्मी की लाश बरामद
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कार्यरत महिला पुलिसकर्मी मीना मरांडी का शव मंगलवार की रात पुराने पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास के छत पर एक वृक्ष से फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। आशंका जताई जा रही है कि महिला पुलिसकर्मी ने फांसी के फंदे से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। वैसे पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है कि यह मामला आत्महत्या का है या हत्या का? पुलिस दोनों कोण से मामले की जांच कर रही है। इसके लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बुधवार को शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में किया गया। अस्पताल में मृतक महिला पुलिसकर्मी के परिजनों एवं पुलिस कर्मियों की भारी भीड़ थी। अस्पताल परिसर में मृतका के पति ने रोते-रोते बताया कि मंगलवार को शाम में ड्यूटी कर उसकी पुलिसकर्मी पत्नी सिकटिया स्थित पुराने पुलिस लाइन के सरकारी आवास पर पहुंची। उस समय पति एवं बच्चे टीवी देख रहे थे। कुछ समय के बाद मृतका मीना मरांडी छत पर गई। घर में कुछ देर तक उसकी आहट नहीं आने पर परिवारजन खोजबीन करने लगे। घर एवं बाहर उसकी तलाश की गई, लेकिन पता नहीं चल पाया। बाद में छत पर जाने पर वृक्ष की डाली के फंदे से रस्सी के सहारे लटकती हुई महिला पुलिसकर्मी की लाश बरामद की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस के जवान रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गए।
संजीव मिश्रा की अध्यक्षता में भाजपा की जिला समिति का विस्तार
नवगठित समिति में 6 उपाध्यक्ष, दो महामंत्री एवं 6 मंत्री मनोनीत
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता बीती लोकसभा चुनाव से कुछ माह पूर्व भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष बनाए गए संजीव मिश्रा ने पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के अनुमोदन पर नई जिला समिति का गठन कर दिया है। पार्टी की नवगठित जिला समिति में 6 उपाध्यक्ष, दो महामंत्री एवं 6 मंत्री बनाए गए हैं। जिला अध्यक्ष श्री मिश्रा की ओर से जारी सूची के अनुसार, अजय साह, लक्ष्मी चक्रवर्ती, लाल बहादुर सिंह, जय किशोर महतो, लिलसी हेंब्रम एवं बलराम कुशवाहा भाजपा के जिला उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। वहीं कृष्ण मुरारी चौबे एवं राजेश टेकरीवाल जिला महामंत्री मनोनीत किए गए हैं। सांसद डॉक्टर निशिकांत दुबे के काफी नजदीकी समझे जाने वाले कृष्ण मुरारी चौबे तीन जिला अध्यक्ष के कार्यकाल से लगातार महामंत्री पद सुशोभित कर रहे हैं।
वहीं जिला मंत्री पद पर डॉली गुप्ता, निर्भय सिंह, दिनेश सिंह, मुन्ना झा, नितेश सिंह एवं रामनरेश यादव मनोनीत किए गए हैं। वही कोषाध्यक्ष पद पर राजेश भगत का मनोनयन किया गया है। जिला मीडिया प्रभारी का पद दोबारा बिमंत शाह को दिया गया है। जबकि प्रीतम गाडिया एवं अभिषेक मंडल जिला मीडिया सह प्रभारी बनाए गए हैं। जिला सोशल मीडिया प्रभारी राजीव भगत एवं सह प्रभारी कौरव भारती, विक्की शाह एवं ब्रजेश मंडल बनाए गए हैं।