देवघर/नगर संवाददाता। भाजपा देवघर विधानसभा स्तरीय अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा का आयोजन कल 15 जुलाई को स्थानीय बिलासी टाउन शंकर सिनेमा हॉल परिसर में सुबह 11 बजे से किया गया है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पुर्व सांसद डॉ रविन्द्र राय उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में देवघर विधानसभा में निवास करने वाले सभी बूथ कमेटी के सदस्य, शाक्ति केन्द्र के संयोजक, मंडल अध्यक्ष, मंच व मोर्चा के पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, पुर्व विधायक, पुर्व सांसद, विधायक, सांसद सहित भाजपा के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। उक्त जानकारी भाजपा जिला महामंत्री अधीरचंद्र भैया ने दी।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना से वंचित हैं कई किसान
- योजना का लाभ लेना किसानों के लिए टेढ़ी खीर के समान, सुखाड़ और आर्थिक संकट का कर रहे हैं सामना
- प्रखंड सह अंचल कार्यालय के कर्मियों की अनदेखी से बढ़ रही है परेशानी
सुनील झा/देवघर। पीएम किसान निधि योजना के लाभ से अभी भी जिले के विभिन्न प्रखंडों के अंतर्गत प्रखंड के कई किसान अब तक लाभान्वित नहीं हो सके हैं। वहीं कई किसान को पांच से छह किस्त का लाभ मिलने के बाद उनका भी सम्मान राशि रूका हुआ है। इसके बावजूद अंचल व प्रखंड कर्मियों का इस दिशा में ध्यान नहीं है। जिससे किसानों में निराशा और चिंता का माहौल है। सरकार के निर्देशानुसार, अंचल व प्रखंड कर्मियों को वंचित किसानों के घर-घर जाकर उन्हें इस योजना से जोड़ने का कार्य करना था। इसके तहत कर्मचारियों को किसानों से संपर्क कर ई-केवाइसी, एनपीसीआई बैंक खाते से आधार सीडिंग और भूलेख अंकन करना चाहिए था, लेकिन अंचल कर्मियों द्वारा इस आदेश की अनदेखी की जा रही है। किसानों का कहना है कि वे बार-बार प्रज्ञा केंद्र, प्रखंड सह अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन कंप्यूटर ऑपरेटर उन्हें टाल-मटोल कर लौटा दे रहे हैं। केंद्र सरकार जहां किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से इस योजना का संचालन कर रही है। वहीं जिले के देवघर, मोहनपुर, सारवां, सोनारायठाढ़ी, सारठ, पालोजोरी, मधुपुर, करौं, मारगोमुंडा के कर्मियों की लापरवाही के कारण किसान चक्कर काटने को मजबूर हैं। किसान पहले ही सुखाड़ की आशंका से परेशान हैं और अब किसान सम्मान निधि योजना से नाम गायब हो जाने से उनकी चिंताएं और बढ़ गई हैं। इस योजना का लाभ न मिल पाने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति और भी खराब हो रही है। जानकार बताते हैं कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ तीन कारणों से रुक सकता है। पहला कारण ई-केवाइसी, दूसरा बैंक एकाउंट का आधार लिंक और तीसरा लैंड सेंडिंग है। इन तीन कारणों में से किसान दो कारण आसानी से पूरा कर अंचल सह प्रखंड कार्यालय में जमा कर देते हैं। लेकिन लैंड सेंडिंग (जमीन संबंधी कागजात) के मामले में कर्मी आनाकानी करते हैं। जिससे किसानों का पैसा रुक जाता है। इस प्रकार की शिकायतें अक्सर मिलती रहती हैं। लेकिन मामला अंचल कार्यालय से जुड़ा होने के कारण उनके पास सीमित अधिकार हैं। उन्होंने अंचल कर्मियों से अनुरोध किया कि वे किसानों की समस्याओं का समाधान करें और योजना का लाभ सभी योग्य किसानों तक पहुंचाएं।
किसानों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए, सरकार को चाहिए कि वह अंचल सह प्रखंड कर्मियों की जवाबदेही सुनिश्चित करे और उनके कार्यों की नियमित समीक्षा करे। इसके अलावा किसानों के लिए हेल्पडेस्क और सहायता केंद्र स्थापित किए जाएं ताकि वे अपनी समस्याओं का समाधान आसानी से प्राप्त कर सकें।
हर पात्र किसान को मिले योजना का लाभ और बने आत्मनिर्भर : पीएम किसान सम्मान निधि योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनकी स्थिति को सुदृढ़ बनाना है। लेकिन अंचल कर्मियों की लापरवाही और अनदेखी के कारण कई किसान इस योजना से वंचित रह जा रहे हैं। सरकार और संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में त्वरित और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है ताकि हर पात्र किसान इस योजना का लाभ उठा सके और आत्मनिर्भर बन सके।
झामुमो व्यवसायिक मोर्चा जिला कमेटी का हुआ गठन
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय बैजनाथ बिहार के सभागार में झारखंड मुक्ति मोर्चा व्यावसायिक मोर्चा का बैठक जिलाध्यक्ष श्यामाकांत झा के नेतृत्व में की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा एवं केंद्रीय समिति सदस्य सह प्रवक्ता सुरेश साह, अजय नारायण मिश्रा एवं श्री सिंह उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता सुरेश साह ने किया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिला एवं प्रखंड नगर स्तर तक संगठन का विस्तार करना था। जिसमें जिला सचिव प्रभाकर झा, मीडिया प्रभारी सोनू कुमार, संयुक्त सचिव कांग्रेस मेहता, मुख्तार अंसारी, अशोक यादव को बनाया गया।
पालोजोरी प्रखंड अध्यक्ष नागेश्वर शर्मा तथा सचिव सलीम अंसारी, सारवां प्रखंड अध्यक्ष प्रवीण पोद्दार, प्रखंड सचिव नरेश कोल, मार्गोमुंडा प्रखंड अध्यक्ष रमेश कुमार साह, प्रखंड सचिव नुनूलाल टुडू, मधुपुर प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार मंडल, प्रखंड सचिव सरफराज अहमद, महानगर देवघर अध्यक्ष रंजीत केसरी, सचिव राहुल मिश्रा, देवघर प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार यादव, प्रखंड सचिव मोहम्मद अख्तर, देवीपुर प्रखंड अध्यक्ष देशी लक्ष्मण वर्मा, प्रखंड सचिव नौशाद अंसारी, करौं प्रखंड अध्यक्ष नवल सिंह, प्रखंड सचिव प्रखंड सचिव सोयाब अंसारी, सारठ प्रखंड अध्यक्ष छोटेलाल मिश्र, मोहनपुर प्रखंड अध्यक्ष परमेश्वर यादव प्रखंड सचिव मुरारी यादव को बनाया गया।
इस कार्यक्रम में राहुल चंद्रवंशी, दिलीप बरनवाल, महेंद्र यादव, उमेश अग्रवाल, सुनील चौरसिया, महेंद्र यादव, भूषण बरनवाल, लड्डू नरौने, प्रदीप चौधरी, रौनक शांडिल्य, निर्मल कर्म्हे, अब्दुल रहीम, मोहम्मद मकसूद, रोशन सिंह, श्रीकांत यादव, ओंकार बरनवाल राहुल मिश्रा एवं रंजन गुप्ता उपस्थित थे।
इंटक के प्रदेश कोषाध्यक्ष ने कार्यकताओं को दिया होमवर्क
देवघर/वरीय संवाददाता। रविवार को पूजा करने देवघर आए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह झारखंड प्रदेश इंटक के कोषाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने जलसार रोड स्थित देवघर जिला इंटक कार्यालय में जिला इंटक के जिलाध्यक्ष अनंत मिश्रा, झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार, देवघर जिला इंटक के सचिव अभिषेक सिंह एवं प्रभु दास तथा कोषाध्यक्ष आशीष कुमार से मुलाकात की। संजीव श्रीवास्तव के साथ नुबुको सीमेंट यूनियन के कोषाध्यक्ष संजीव सिंह भी उपस्थित थे। मौके पर श्री श्रीवास्तव ने देवघर जिला इंटक के कार्यकलापों के बारे में विस्तृत जानकारी ली तथा साथ ही राज्य में तीन-चार महीने में होने वाले विधानसभा चुनाव में देवघर जिला के अंतर्गत सभी विधानसभा में इंटक की भूमिका को लेकर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव के अंतर्गत गोड्डा लोकसभा में देवघर जिला इंटक की भूमिका की भी सराहना की।
उपचुनाव के नतीजे ने भाजपा की उड़ायी नींद : अजय
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में आए नतीजे से भाजपा की न सिर्फ नींद ही उड़ी है बल्कि परिणामों ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि पूरे देश में भाजपा के खिलाफ माहौल है और अब इस देश की जनता भाजपा के झूठे वादे एवं दावों के झांसे में नहीं आने वाली है।
श्री कुमार ने कहा कि भाजपा भले ही अपने से अपनी लोकप्रियता का गीत गाकर अपने मुंह मियां मिट्ठू बन लें, मगर हकीकत यह है कि उपचुनाव का यह परिणाम इस बात का संकेत है कि तीन-चार महीने में ही होने वाले चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ होने वाला है।
फेडरेशन का इन्वेस्टमेंट एडवाइजरी पोर्टफोलियो कार्यक्रम आयोजित
देवघर/वरीय संवाददाता। फेडरेशन का चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, नरनोलिया मोतीलाल ओसवाल के तत्वावधान में इन्वेस्टमेंट एडवाइजरी पोर्टफोलियो कार्यक्रम रविवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट तथा दुनिया में भारत की बढ़ती आर्थिक क्षमता को इन्वेस्टमेंट के जरिए इन्वेस्टर निवेदक अपने धन को कई गुना कर सकते हैं। यह उनके लिए एक सुनहरा मौका है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि योगेश परशुराम पुरिया ने विस्तृत ढंग से दुनिया की बढ़ती अर्थव्यवस्था में भारत के योगदान और उसमें निवेशकों का योगदान को स्पष्ट किया। कार्यक्रम को दीप जलाकर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉक्टर डी तिवारी, फेडरेशन के अध्यक्ष तारकेश्वर सिंह, शाखा हेड अनूप सिंह, संजय खेतान ,सुरेंद्र सिंघानिया ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर परशुराम पुरिया से अपनी संख्याओं के समाधान की भी बातें पूछी। जिसे उन्होंने स्पष्ट रूप से लोगों के शंका का निवारण किया। फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष संजय खेतान, सुरेंद्र सिंघानिया रमेश बाजला, डीजे टीबड़वाल,आनंद मोदी, मुकेश चौधरी, प्रशांत बाजला, संथाल परगना चैंबर, देवघर चैंबर के सदस्य उपस्थित थे।
सहायक अध्यापक 20 से करेंगे सीएम आवास का घेराव
देवघर/वरीय संवाददाता। एक बार पुन: झारखंड के आंदोलनकारी सहायक अध्यापक ने कमर कस कर मैदान में उतरने को तैयार है। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में रघुवर सरकार को हराने में कोई कसर नहीं छोड़ने वाले पारा शिक्षक पुन: हेमंत सोरेन सरकार से दो दो हाथ करने को तैयार हो चुका है। सहायक अध्यापक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कुमार साह ने कहा कि झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार को स्थापित करने के लिए हर गांव मुहल्ले में पारा शिक्षकों ने अपनी ताकत लगायी थी कि हेमंत सोरेन सरकार बनते ही 3 माह के अंदर पारा शिक्षकों को वेतमान दिया जाएगा। चुनाव पूर्व मुख्यमंत्री संविदा संवाद कार्यक्रम में स्वयं घोषणा किये थे, लेकिन सरकार के लगभग कार्यकाल समाप्त होने को है मात्र दो से तीन माह तक शेष बचा है अभी तक किया गया वादा अधूरा है। वादाखिलाफी के विरोध झारखंड के 62 हजार पारा शिक्षकों में आक्रोश है। 20 जुलाई से मुख्यमंत्री आवास घेराव अनिश्चितकालीन कार्यक्रम में एक-एक पारा शिक्षक लगे हुए हैं। जिला अध्यक्ष अरुण कुमार झा ने सभी प्रखंडों के अध्यक्ष और सचिव को आंदोलन को सफल बनाने का निर्देश दिया।
बरनवाल महिला समिति ने किया पौधरोपण
देवघर/वरीय संवाददाता। बरनवाल महिला समिति देवघर द्वारा पौधरोपण कार्यक्रम का अयोजन किया गया। बरनवाल समाज की महिलाओं द्वारा पर्यावरण की रक्षा के लिए यह कार्यक्रम किया गया क्योंकि जिस तरह धड़ल्ले से शहर में पेड़ काटे जा रहे हैं उससे ऑक्सीजन की कमी हो रही है। बच्चों को खेलने के लिए जगह नहीं मिल रहा है और प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है। वृक्ष लगाकर बरसात के मौसम में कुछ हद तक पर्यावरण को बचाया जा सकता है, इसलिए प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम बरनवाल महिला समिति द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरिता बरनवाल ने किया। मौके पर सहयोग संगठन सचिव मंजू बरनवाल, प्रेमलता बरनवाल, रेखा बरनवाल, सुधा, सरिता, रितु रत्नम, सुनीता, पूनम, रीता और अन्य कार्यकारिणी सदस्य ने इस कार्यक्रम में सहयोग किया।
शहरी क्षेत्र में चोरों का आतंक, दो घरों का ताला तोड़कर लाखों की संपत्ति की चोरी
- जांच में जुटी पुलिस, चोरी की घटना से परेशान हैं शहर के लोग
देवघर/संवाददाता। बीती रात नगर थाना इलाके के सलौनाटांड़ एवं जटाही रेलवे ओवरब्रिज के समीप बेखौफ चोरों के गिरोह ने दो घरों का ताला तोड़कर लाखों रुपए की संपत्ति की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पीड़ितों के मुताबिक रात के करीब दो से ढाई बजे के आसपास पांच से छह: की संख्या में आए चोरों के गिरोह ने मुहल्ले के तीन घरों को अपना निशाना बनाया लेकिन, एक जगह सफलता नहीं मिली। पहली वरादात को बिहार के चांदन थाना अंतर्गत डढ़वा गांव निवासी और चांदन प्रखंड में ही कार्यरत शिक्षक अशोक यादव के घर में अंजाम दिया गया। जहां घर के सामने लगे लोहे के मेन गेट को काटकर भीतर चोर दाखिल हुए और कमरे में रखे अलमीरा और बक्से का ताला तोड़कर नगदी, गहने, बर्तन समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर लिया। वहीं, दूसरी घटना मुहल्ले के ही रहने वाले रिटायर्ड फौजी बबलू सिंह के घर अंजाम दिया गया। पीड़ित ने बताया कि, सभी चोर सलौनाटांड़ पार्क के पीछे से घर के आंगन में दाखिल हुए थे और सभी के पास हथियार भी था। चोरों ने पहले आंगन में लगे आम के पेड़ से गिरे आम को उठाया और फिर घर के बंद दरवाजों को तोड़कर भीतर दाखिल हुए। बबलू सिंह के घर से चोरों ने करीब एक लाख की नगदी, गहने और पीतल के बर्तन समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, उनके घर में लगे सीसीटीवी में पूरी वारदात कैद हो गई है और पुलिस फुटेज लेकर जांच शुरू में जुट गयी है।
रंगदारी मांगने व चाहरदीवारी तोड़ने के मामले में एक आरोपी गया जेल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर रंगदारी मांगने एवं चाहरदीवारी तोड़ने के मामले के एक आरोपी का गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम नगर थाना इलाके के हिन्दी विद्यापीठ बीएन झा पथ निवासी चंदन झा है। बताते चलें कि देवघर कॉलेज के सहायक प्रधानाचार्य सुमन कुमार ने पांच लाख रंगदारी की मांगने एवं चाहरदीवारी तोड़ने को लेकर मामला दर्ज कराया था। मामले में कहा था कि बाइपास रोड स्थित सोरेन पेट्रोल पंप के स्थित अपनी जमीन का चाहरदीवारी का कार्य करा रहे थे। उसी क्रम में कुछ असामाजिक तत्व वहां पहुंचे और कार्य को रोक दिया। 10 जुलाई को कॉल कर पांच लाख रुपए की रंगदारी की मांग की थी नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।
छड़ चोरी कर लिये जाने को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना में छड़ चोरी कर लिये जाने को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला बरमसिया निवासी देव नारायण दास ने दर्ज कराया है। मामले में अज्ञात चोरों को आरोपी बनाया गया है। कहा है कि घर के अंदर छड़ रखा हुआ था। जिसकी कीमत लगभग 12470 रुपए बतायी गयी है। नगर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गयी है।
बिजली चोरी करने के आरोप में पांच पर मुकदमा
देवघर/संवाददाता। नगर थाना में बिजली चोरी कर उपयोग करने के मामले में पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला कनीय अभियंता प्रीति कुमारी ने दर्ज कराया है। जिसमें बंकु महथा, छटू महथा, प्रमोद महथा, सुनील यादव और कृष्णा कुमार सभी सिंघवा निवासी को आरोपी बनाया गया है। नगर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गयी है।
आर्म्स एक्ट का आरोपी गया जेल
देवघर/संवाददाता। जिले के कुंडा पुलिस ने फरार चल रहे एक आर्म्स एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जेल गये आरोपी का नाम आकाश झा है जो रिखिया थाना क्षेत्र के खपरोडीह का रहने वाला है। बताया जाता है कि जनवरी 2024 में कुुंडा थाना क्षेत्र के ठाढ़ीदुलमपुर इलाके में गोली बारी किये जाने की घटना घटी थी। इस मामले के दो आरोपी को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। आरोपी आकाश झा फरार चल रहा था। जिसे कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार को मिली गुप्त सूचना पर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।