- कहा, पाकुड़, साहिबगंज, जामताड़ा और मधुपुर की तेजी से बदल रही है डेमोग्राफी
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर की जनता परिवर्तन के लिए तैयार है। माटी, बेटी, रोटी और साढ़े तीन करोड़ जनता की रक्षा के लिए परिवर्तन जरूरी है। हेमंत सोरेन की सरकार ने तुष्टिकरण की हद को पार कर दिया। हेमंत सरकार पिछले पांच वर्षो में परिवार की पार्टी बन कर रह गयी है। शहर के डॉ श्याम प्रसाद उच्च विद्यालय मैदान में शुक्रवार को परिवर्तन यात्रा को संबोधित कर विधायक भानू प्रताप शाही बोल रहे थे।
बांग्लादेशी घुसपैठी दामाद की तरह संताल परगना क्षेत्र में रह रहे हैं। संथाल परगना के 18 विधानसभा सीट में पाकुड़, जामताड़ा और मधुपुर की डेमोग्राफी तेजी से बदल रही है इसे बचा लीजिए। मधुपुर को बचा लीजिए नहीं तो आने वाले दिन में कोई हिंदू विधायक नहीं बन पाएगा। सभी हिंदू सनातनी एकजुट होकर मधुपुर से भाजपा का कमल खिलाएं। झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार की पार्टी है जो राज्य को लूटने के लिए बैठी है। झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार ने जो वादे जनता से किया वह आज तक पूरा नहीं किया। गरीबों का बालू छीन लिया। अबुआ आवास में रिश्वत की वसूली हो रही है। मधुपुर में कब्रिस्तान के नाम पर सरकारी पैसे से बड़े-बड़े भूखंड की घेराबंदी हो रही है। क्या इस सरकार ने हिंदू के श्मशान घाट की घेराबंदी की है।
हेमंत सरकार तुष्टिकरण की सारे हदे पार कर गई है : अमित मंडल
भाजपा के गोड्डा विधायक अमित मंडल ने कहा हेमंत सरकार सभी मोर्चों पर विफल है। सरकार बनते ही जितनी भी घोषणा हुई एक भी धरातल पर नही उतरा । जनता के बीच परिवर्तन की लहर है। आने वाले दिनों में राज्य में भाजपा की सरकार होगी। चुनाव में जितने वादे किए वह पूरा नहीं किया। चुनाव मंे 5 लाख नौकरी देने वादा किया था। मंईयां सम्मान योजना के नाम पर हेमंत सरकार लॉलीपॉप दिया है। इस योजना से सास बहू के बीच विवाद उत्पन्न हो गया है। 6 माह की विधवा और वृद्धा पेंशन की राशि को एक माह के मंईयां सम्मान योजना में डाल दिया गया है। गरीबों के हरा कार्ड के अनाज की कालाबाजारी हो रही है। झारखंड मुक्ति मोर्चा अब झारखंड मुस्लिम मोर्चा हो गई। राज्य में तुष्टिकरण की राजनीति चरम पर है। पाकुड़, साहिबगंज, जामताडा और मधुपुर की स्थिति भयावह है। संथाल परगना में घुसपैठिया लगातार बढ़ते जा रहे हैं। जात-पात के नाम पर हिंदू समाज को नहीं बंटना है। हिंदू को एकजुट होना होगा तभी मधुपुर में विधायक बनेगा। बंगाल की पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी ने बंगाल में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार और बांग्लादेशी घुसपैठ को विस्तारपूर्वक बताया। कहा ममता बनर्जी और हेमंत सोरेन तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। बांगला देश मंे हिन्दू पर अत्याचार हो रहा है। बंगलादेशी घुसपैठी से बंगाल व झारखंड को खतरा है। झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठ को रोकने के लिए और हिंदुओं के मां, माटी और सम्मान की रक्षा के लिए भाजपा की सरकार बनने पर जोर दिया। झरखंड में भाजपा की सरकार बनते ही बंगाल मंे ताकत लगाना होगा।
हाफिज मियां को खुदा हाफिज करना होगा : राज पलिवार
हेमंत सरकार में माटी, रोटी व बेटी पर संकट गहराता जा रहा है। हमारी रोटी पर डाका तथा जमीन कब्जा किया जा रहा है। उक्त बातें पूर्व मंत्री राज पलिवार ने कही। उन्होंने कहा कि राज्य को हेमंत सोरेन और मधुपुर के लिए हाफिज मियां खतरा है। रोटी, माटी, बेटी पर संकट है। इज्जत आबरू खतरे में है। जब से हाफिज मियां मधुपुर का विद्यायक बना है विकास की धारा को अस्त-व्यस्त कर दिया गया। एक वर्ग और समुदाय का विकास किया जा रहा है। मधुपुर की डेमोग्राफी तेजी से बदली जा रही है। शहरी जलापूर्ति योजना के पुराने पाइप में नया पाइप डालकर उद्घाटन किया जा रहा है। हाफिज मियां को खुदा हाफिज कर दीजिए। एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी को जीताना है। भाजपा नेता गंगा नारायण सिंह ने कहा कि मधुपुर में केवल एक समुदाय का विकास हो रहा है। बालू और गिट्टी के नाम पर यहां लूट मची है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अधीर चंद्र भैया ने किया। मौके पर पार्टी जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, भाजपा नेत्री विशाखा देवी, भाजपा नेता सतीश झा, विकास कुमार,पप्पू यादव, विश्वनाथ रवानी, मालती सिन्हा, सुधीर यादव, गुड्डू दूबे, परमेश्वर मंडल, मनोहर चौधरी, अशोक गौड़, सुनीता जायसवाल, ऐनुल होदा समेत हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।
मुखिया, पंचायत सचिव और वीएलई को मिला प्रशिक्षण
सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड मुख्यालय के सभागार में मनरेगा अंतर्गत संचालित योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए मुखिया, पंचायत सचिव और भीएलई का प्रथम बैच का प्रखंड स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन किया गया। प्रथम बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम 25 सितम्बर से लेकर 27 सितम्बर तक निर्धारित किया गया था, जिसमें विभिन्न पंचायत के प्रतिभागी क्रमश: पथरडा, बसहाटांड़, बगडबरा, बाभनगामा, डिण्डाकोली, पलमा, दुमदुमी, बड़बाद, कैराबांक, कुकराहा और मंझलाडीह पंचायत के कुल 33 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन कुमार सिंह ने बताया कि जिला पंचायत राज पदाधिकारी, देवघर के पत्रांक 540 के आलोक में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित की गई, जिनमें चिह्नित 21 सेवाओं के लिए प्रशिक्षण प्रखंड स्तर पर दो बैच में विभाजित कर किया गया था जिसमें प्रथम बैच का प्रशिक्षण शुक्रवार को समाप्त हुआ तथा द्वितीय बैच का शुभारंभ आज यानि 28 सितम्बर, 30 सितम्बर और 1 अक्टूवर को प्रायोजित है। प्रशिक्षण पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक मास्टर ट्रेनर राजीव रंजन और नीतु कुमारी द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। मौके पर प्रखंड सांख्यिकी पर्यवेक्षक मोहन लाल ठाकुर, बीपीआरओ श्रीकांत मंडल, पंचायती राज के प्रखंड समन्वयक विक्की आनंद समेत मुखिया, पंचायत सचिव और वीएलई मौजूद थे।
बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
सारठ/संवाददाता। सारठ प्रखंड क्षेत्र में तीन दिनों से लगातार वर्षा होने से जन-जीवन अस्त-व्यस्त रहा। बाजारों में लोगों के चहल-पहल में कमी देखी गई। वर्षा के कारण लोगों के लिए आवागमन करने में भी बाधक बना रहा। ठेले पर रोजगार करने वालों के लिए तीसरे दिन भी मंदी के दौर से गुजरना पड़ा। हालांकि शुक्रवार को पूर्वाह्न में धूप होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
बारिश ने कई गरीबों का छीना आशियाना
मारगोमुंडा/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र में तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से लोगों का जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं क्षेत्र में लगातार मूसलाधार बारिश होने से खेतों, तलाबों में लबालब पानी भर गया है। वहीं जयंती नदी से लेकर क्षेत्र के विभिन्न बगडरो नदियों में बाढ़ की स्थिति बना हुआ है। इधर दैनिक मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इधर लगातार बारिश की वजह से कई गांव में कई लोगों के घर एवं चाहरदीवारी गिर गये हैं। लगातार बारिश होने की वजह से पशुपालकों को काफी परेशानी हो रही है बल्कि मवेशियों को भूखा रहना पड़ रहा है। लोगों को अपनी जरूरत की कामों के लिए घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। लगातार बारिश से तरहाटीला गांव निवासी वाहिद मियां का मिट्टी और खपरैल का घर ध्वस्त हो गया है। जिसके चलते परिवार के सदस्यों के समक्ष रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है। वाहिद मियां ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास लिस्ट में नाम है फोटो भी लिया गया है लेकिन आज तक आवास नहीं मिला है। अबुआ आवास के लिए भी आवेदन दिया है पर अबुआ आवास भी नही मिल रहा है। पीड़ित परिजन ने प्रखंड प्रशासन से तत्काल राहत के लिए गुहार लगायी है।
समाज की विषमता दूर करने के लिए महिलाओं को हक अधिकार देना जरूरी : रानी
- महिलाओं को किसान का दर्जा देने की मांग
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय कुण्डूबंगला में संवाद द्वारा आयोजित दो दिवसीय झारखंड महिला किसान सहमिलन का उद्घाटन मुख्य अतिथि रानी, विशिष्ट अतिथि प्राणु सिंह, आभा, डॉ अनीता गुआ हेंब्रम, ऐनी, साल्गे टुडू, सुमित्रा, शीला आदि ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित व नगाड़ा बजाकर किया गया। मौके पर जलवायु संकट और महिला किसान विषय पर साल्गे मार्डी, ऐनी टुडू ने विषय प्रवेश करते हुए कहा कि महिलाएं सदियों से हक अधिकार के लिए लड़ाई लड़ रही है। महिला अधिकार और सुरक्षा के लिए कानून तो बना लेकिन अब कानून को लागू करने की लड़ाई महिलाएं लड़ रही है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में पुरुषों की बराबरी कर रही है फिर भी अधिकार और सम्मान नहीं मिलता है। महिलाओं को किसान का दर्जा आज तक नहीं मिला जबकि महिलाएं खेती-बाड़ी का अधिकांश काम करती है। शिक्षा , रोजगार से वंचित हैं। अंधविश्वास में महिलाएं जकड़ी है। महिला ट्रैफिकिंग झारखंड में बड़ी समस्या है। विकास के नाम पर जंगल को उजाड़ा जा रहा है। झारखंड महिला किसान संगठन के माध्यम से महिलाएं एकजुट होकर अपने हक अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए आगे बढ़ेगी। पर्यावरण रक्षा के लिए जैविक खेती को बढ़ावा दे ना होगा। मुख्य अतिथि रानी ने कहा की मां, माटी, ममत्व का आकलन करना होगा। गांधी, लोहिया, जयप्रकाश की विचारधारा में महिलाओं को आगे बढ़ना होगा। झारखंड में महिला आंदोलनकारियों को उचित सम्मान नहीं मिला। विश्व में महिलाओं के साथ गैर बराबरी का बर्ताव किया जाता रहा है। महिलाएं खुद किसान की पहचान बनाएं। महिलाएं हुनरमंद बने। महिलाओं की एकजुटता से ही महिला किसान का दर्जा मिलेगा। महिलाओं को कृषक मित्र बनाया जाना चाहिए। ग्राम पंचायत विकास योजनाओं में महिलाओं का हस्तक्षेप हो। खेल मैदान, आंगनबाड़ी, बच्चों की जरूरत को विकास योजना में जोड़ें। बाल और महिला विकास की योजना जरूरी है। महिला मुद्दा के प्रस्ताव को ग्राम सभा की बैठक में दर्ज कराएं। जैविक खेती के लिए कृषि प्रशिक्षक के रूप में विभाग में नामित कराएं। पुरुषों से हमारा कोई विरोधाभाष नहीं।महिलाओं के अधिकार और सम्मान की उपेक्षा करते हुए उन्हें वंचित रखा गया है। महिला किसान सशक्तिकरण योजना वर्ष 2011 से चल रही है। यह योजना कृषि और कल्याण विभाग से संचालित है। इन योजनाओं से अधिकांश महिलाएं अनजान हैं। योजनाओं की जानकारी कृषक मित्र से लें। महिलाएं समूह बनाकर कृषि विभाग के अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी लेकर लाभान्वित हों। ग्राम पशु सखी से पशुपालन विभाग की योजनाओं की जानकारी लें। अपने संघर्ष की बदौलत महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। महिलाएं यहां से कुछ सीख कर जाएं। रासायनिक खेती की खामियों को समझें। यह गंभीर बिमारियों की जड़ है। बाड़ी में सब्जी लगाने की परंपरा को बचाएं। जल संरक्षण करें। प्राणु ने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में बराबरी का अधिकार मिले। झारखंड में महिलाओं को किसान का दर्जा मिले। सरकारी जमीन के दस्तावेज में महिलाओं का नाम हो। पलायन रोकते हुए रोजगार की व्यवस्था हो। अपने हक अधिकार और सम्मान के लिए महिलाओं को एकजूट होकर संघर्ष करते रहना होगा। नशापान, दहेज प्रथा, बाल विवाह का विरोध करें। डॉक्टर अनिता ने संताली कहानी के माध्यम से महिलाओं को हर काम करते हुए एकजुटता पर बल दिया। पद्मश्री चामी मुर्मू से पर्यावरण संरक्षण की सीख लेनी चाहिए। आभा ने कहा महिला किसान का दर्जा लेने के लिए कानूनी दिशा में आगे बढ़े। महिलाएं शिक्षित, जागरूक और सशक्त करें। ग्राम सभा में सशक्त महिला भागीदारी हो। कार्यक्रम का संचालन अन्ना सोरेन ने किया। मौके पर सालगे मार्डी, सुमित्रा, शीला देवी, सीमा, नीलम सुनीता, वीणा, सागोरी हेंब्रम, कल्पना, सुनीता, पूर्णिमा, पूजा, श्यामली, कुसुम, फातिमा सहित झारखंड के विभिन्न जिला से आयी महिला किसान शामिल हुई।
टाटा बक्सर एक्सप्रेस के बैटरी बॉक्स से हजारों का कैन बियर बरामद
मधुपुर/संवाददाता। रेलवे सुरक्षा बल को गुप्त सूचना मिली टाटा बक्सर एक्सप्रेस के डी 5 बोगी के बैटरी बॉक्स में लोड कर शराब की तस्करी हो रही है। सूचना मिलते ही ऑन ड्यूटी आरपीएफ ने ट्रेन पहुंचते ही जांच कर बैटरी बॉक्स से दो प्लास्टिक बैग जब्त किया। जिसमें कुल 40 कैन बियर बरामद हुआ है। जिसकी बाजार मूल्य 4200 रुपया बताया। मौके पर किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। आरपीएफ ने जब्त बियर को उत्पाद विभाग देवघर को सौंप दिया है। मामले में आरपीएफ पोस्ट में रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। लगातार बैटरी बॉक्स में शराब तस्करी को रेल प्रशासन गंभीरता से नही ले रहा है। सुरक्षा एजेंसियों की लापरवाही से कभी भी बड़ी रेल हादसा से इंकार नहीं किया जा सकता है।
स्कूली बच्चों ने गांव में चलाया सफाई अभियान
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल के करौं प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय सियाकनारी मे स्वच्छता अभियान को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापिका पुष्पा देवी के नेतृत्व में पूरे गांव में अभियान चलाकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। जिसको लेकर बीते दिनों संपन्न हुए अभिभावक शिक्षा गोष्ठी में ग्रामीणों ने विद्यालय एवं गांव में साफ सफाई अभियान को लेकर जागरूकता अभियान बीच-बीच में चलाने का निर्णय लिया था। इसी आलोक में विद्यालय के प्रधानाध्यापिका के नेतृत्व में पूरे टोले में घूम-घूम कर लोगों से अपने घरों एवं आसपास साफ रखने का संदेश दिया। इस अभियान में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूर्ण रूप से सहयोग दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापिका पुष्पा देवी ने बताया कि साफ सुथरा रहने से लोगों में बीमारी नहीं फैल सकता है और लोग तंदुरुस्त एवं स्वस्थ रह सकते हैं, इसलिए सभी ग्रामीण अपने-अपने घरों सड़कों को हमेशा साफ-सुथरा रखें। सरकार द्वारा सफाई अभियान को लेकर हमेशा तत्पर दिखाया जाता है रहा है, इसलिए सभी ग्रामीण इसको अमल में लाने का कार्य करें।
भाजपा की सरकार बनी तो आधी आबादी के लिए गोगो दीदी योजना लायेंगे : रणधीर
- कुकराहा में भाजपा की परिवर्तन यात्रा कार्यक्रम में बारिश ने डाला खलल
- नहीं पहुंचे एक भी कोई बड़े नेता
- स्थानीय विधायक ने संभाला मोर्चा, परिवर्तन यात्रा कार्यक्रम को किया संबोधित
चितरा/संवाददाता। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को चितरा के कुकराहा स्कूल मैदान में भाजपा की परिवर्तन यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जहां केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के अलावा भोजपुरी सुपरस्टार सह गोरखपुर सांसद रवि किशन, भगवानपुर विधायक भानु प्रताप शाही, गोड्डा विधायक अमित मंडल सहित अन्य नेता हेलीकॉप्टर के माध्यम पहुंचने वाले थे, लेकिन दोपहर दो बजे के बाद मूसलाधार बारिश के कारण घोषणा किए गए एक भी नेता कुकराहा पहुंच नहीं पाए। जिसके बाद कार्यक्रम का कमान स्थानीय विधायक रणधीर सिंह ने अपने हाथों में लेते हुए मुख्य वक्ता के तौर पर लोगों को संबोधित किया। इसके बाद हेमंत सरकार की नाकामियां और केंद्र सरकार की उपलब्धियां उन्होंने गिनाई। विधायक रणधीर सिंह ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार अपने पूरे कार्यकाल के दौरान एक भी चुनावी वादे को पूरा नहीं किया। जिसमें न तो युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिया गया और ना ही बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराया। कहा कि इस वादाखिलाफी सरकार को राज्य से उखाड़ फेंकने के लिए ही भाजपा ने परिवर्तन यात्रा शुरू की है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में झारखंड की गरीब जनता त्राहिमाम कर रही है। खनिज संपदा की लूट मची है, लेकिन किसी गरीब आम आदमी, किसानों को अपने निजी कार्य के लिए बालू नहीं मिल रहा है। विधायक सिंह ने यह भी कहा कि झारखंड में इस बार भाजपा की सरकार बनी तो राज्य के तमाम मां बहनों के लिए गोगो दीदी योजना लाई जायेगी, जिससे प्रति माह 2100 रुपए मां बहनों के खाते में भेजने का काम किया जायेगा। इसके अलावा भाजपा की सरकार बनने पर युवाओं को बेरोजगारी भत्ता, नौकरी, असहायों को पेंशन, किसानों को मुफ्त बिजली देने के साथ-साथ खेतों तक बिजली भी पहुंचाई जाएगी। कहा कि इस बार दुर्गापूजा के पूर्व सारठ विधानसभा क्षेत्र के एक लाख महिलाओं को उपहार स्वरूप साड़ी भेंट किया जायेगा और वह साड़ी हेमंत सरकार द्वारा दी जा रही साड़ी से कई गुणा गुणवत्तापूर्ण होगा।
वहीं कार्यक्रम को भाजपा के जिला महामंत्री पंकज भदौरिया, विधानसभा प्रभारी संजीव जजवाड़े, मीडिया प्रभारी सचिन सुलतानियां, किसान मोर्चा के महेंद्र प्रसाद राणा, मंडल अध्यक्ष अशोक हजारी, रविंद्रनाथ तिवारी, प्रकाश लाल। अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष आलमगीर अंसारी आदि ने भी संबोधित किया। मौके पर रणवीर सिंह, टिंकू सिंह, शेखर राय, विमल सिंह, विक्रम सिंह, जयदेव साह, बलराम साह, आशीष रूज, कुंदन राय, सुनील साह, राजेंद्र मंडल सहित काफी संख्या लोग मौजूद थे। वहीं मंच संचालन सारठ मंडल अध्यक्ष देबू पोद्दार कर रहे थे।
स्काउटस एंड गाइड्स ने चलाया स्वच्छता अभियान
मधुपुर/संवाददाता। भारत स्काउटस एंड गाइड्स की टीम ने शुक्रवार को स्टेशन परिसर मे स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन पर और ट्रेन मे सफर करने वाले यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया । बताया की जहाँ तहाँ गंदगी नही फैलायें। सूखा व गीला कचरा को अलग-अलग डस्टबिन में डाले। रेलवे आपकी सम्पति है। सफाई मे सहयोग कर नये भारत का निर्माण करे। अभियान मे स्टेशन प्रबंधक एस के पाठक समेत टीटीई और अन्य विभाग के कर्मी तथा आरपीएफ व जीआरपी के जवान मौजूद थे।