- पोड़ैयाहाट में कार्यकर्ता अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा आयोजित
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा का आयोजन किया गया। पोड़ैयाहाट प्रखंड मुख्यालय के ब्याहुत धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के अध्यक्षों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि से हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुमका के पूर्व सांसद सुनील सोरेन और विशिष्ट अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री सह छत्तीसगढ़ के प्रभारी बजरंगी यादव थे। मालूम हो कि बीते लोकसभा चुनाव में पोड़ैयाहाट विधानसभा के 373 बूथ में से 217 बूथ में भाजपा को बढ़त मिली थी। बीते लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी रहे विधायक प्रदीप यादव के राजनीतिक गढ़ में अधिकांश बूथों पर भाजपा को मिली बढ़त से पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आशान्वित है। कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन के लिए विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथों और शक्ति केंद्र के अध्यक्ष, संयोजक, सह संयोजक, बीएलए-2 के पदाधिकारी एवं मंडल समिति के पदाधिकारियों को अंग वस्त्र से सम्मानित किया गया। कार्यकर्ता सम्मान समारोह कार्यक्रम के संयोजक गजाधर सिंह और सह संयोजक लक्ष्मी चक्रवर्ती को बनाया गया था। मौके पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने आगामी विधानसभा फतह करने के लिए संकल्प लिया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता और आदिवासी का बेटा भी एमएलए, मंत्री, एमपी बन सकता है। लेकिन जेएमएम में कोई भी पार्टी का कार्यकर्ता का सम्मान नहीं है। आदिवासी कार्यकर्ता पूरा जीवन सोरेन परिवार यानी हेमंत सोरेन और शिबू सोरेन का झोला ढोने में लगा देते हैं, फिर भी कुछ बनने नहीं देता। अगर आज वे जेएमएम में रहते तो कुछ नहीं बन सकते। कोई भी आदिवासी कार्यकर्ता ज्यादा चकाचक में रहते हैं तो झारखंड मुक्ति मोर्चा में उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है। उनके साथ राजनीतिक सफर में कई वरिष्ठ कार्यकर्ता का जीवन आज भी जेएमएम में रह कर व्यर्थ हो गया है। उन्होंने कहा कि पोड़ैयाहाट विधानसभा में आदिवासियों की बहुसंख्या है, इसलिए उनको प्रभारी बना कर भेजा गया है। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा, महामंत्री कृष्ण मुरारी चौबे एवं कृष्ण कन्हैया, जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य देवेन्द्रनाथ सिंह, जिला मीडिया प्रभारी बिमंत साह, किसान मोर्चा के वरिष्ठ नेता अशोक यादव, सुभाषचंद्र यादव, जिला परिषद सदस्य राघवेंद्र सिंह एवं चुंडा मरांडी, एसटी मोर्चा के जिला महामंत्री सुशील टुडू, भवेशानंद महाराज, अर्जुन राय, राजीव भगत, सिमोन टुडू, मिथिलेश झा, सुशील रूज, विनोद भगत, अनंत राम ठाकुर, अशीष, संतोष भगत आदि उपस्थित थे। मंच संचालन गजाधर सिंह ने और धन्यवाद ज्ञापन मंडल के महामंत्री जनार्दन सिंह ने किया।
प्रोन्नति और पेंशन संबंधी समस्याओं को लेकर विधायक से मिला कॉलेज शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता राज्य सरकार और झारखंड पब्लिक सर्विस कमिशन के पास वर्ष 2008 में नियुक्त असिस्टेंट प्रोफेसर्स के मामले लंबित रहने के संबंध में सिद्धू-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय सेवा शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को पूर्व शिक्षा मंत्री सह विधायक प्रदीप यादव से मिला। वर्ष 2008 में नियुक्त असिस्टेंट प्रोफेसर को अब तक प्रोन्नति नहीं मिली है जो वर्ष 2012 में ही मिल जानी चाहिए थी। 2008 में नियुक्त प्रोफेसर को इस कारण कम वेतन प्राप्त हो रहा है। नया परिनियम बनने के बाद भी यह अब तक लागू नहीं हो पाया है। इसी तरह यूजीसी रेगुलेशन के अनुसार नियुक्ति तिथि के पूर्व पीएचडी या एमफिल प्राप्त असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए प्रोत्साहन भत्ता का लाभ अग्रिम वेतन वृद्धि के रूप में 5/2 एवं सेवाकाल में प्राप्त की गई पीएचडी या एमफिल के लिए अग्रिम प्रोत्साहन भत्ता 3/1 का लाभ मिलना था, किंतु झारखंड सरकार इसे 09 मार्च, 2022 से दे रही है। इसी तरह सहायक प्राध्यापकों को 2012 में ही प्रोन्नति हो जानी थी, जो अब तक नहीं हो पाई है। 12 वर्षों के बाद प्रक्रिया प्रारंभ होने के बाद भी विश्वविद्यालय से स्क्रीनिंग कर झारखंड पब्लिक सर्विस कमिशन में संबंधित कागजात भेजे गए हैं, जो पिछले पांच माह से लंबित हैं। विधायक प्रदीप यादव के समक्ष अपनी बातों को रखते हुए डॉ. विवेकानंद सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार अपने सभी कर्मचारियों को लगभग दो वर्ष पूर्व ही पेंशन संबंधी अधिसूचना जारी कर चुकी है। झारखंड में सरकारी कर्मचारियों को पेंशन देने के लिए हम सभी प्राध्यापक गण हेमंत सरकार के प्रति आभार प्रकट करते हैं। लेकिन कुछ तकनीकी कारणों से विश्वविद्यालय एवं कॉलेज के प्राध्यापकों के लिए पेंशन संबंधी अधिसूचना अब तक प्रसारित नहीं हो सकी है। विधायक प्रदीप यादव से प्राध्यापकों ने अनुरोध किया कि हम आपके माध्यम से सरकार से प्रार्थना करते हैं कि हम कॉलेज शिक्षकों के लिए भी पेंशन संबंधी अधिसूचना अविलंब जारी की जाए। प्रतिनिधिमंडल में डॉ. सरफराज इस्लाम, डॉ. गणेश राम, प्रो. जॉर्ज सैमुअल किस्कू इत्यादि थे। विधायक ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना एवं त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बेथेल मिशन स्कूल के उपप्राचार्य की नेपाल में सड़क दुर्घटना में मौत
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता जिला मुख्यालय के बेथेल मिशन स्कूल के उपप्राचार्य कमल ठाकुर की गुरुवार सुबह नेपाल के झापा में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनके निधन से शैक्षणिक एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। मूल रूप से सदर प्रखंड के लेगड़ाडीह गांव निवासी कमल ठाकुर पिछले करीब 15 वर्ष से बेथेल मिशन स्कूल में शिक्षक पद पर कार्यरत थे। शिक्षण कार्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से उन्हें उपप्राचार्य का दायित्व दिया गया था। वे गणित विषय के प्रतिभाशाली शिक्षक थे। काफी हंसमुख एवं मिलनसार स्वभाव के शिक्षक रहे कमल ठाकुर के दुर्घटना में मौत की खबर मिलते ही शैक्षणिक एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। स्कूल के निदेशक प्रणेश सोलोमन ने अपने सहकर्मी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके निधन से उन्हें एवं विद्यालय परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। सामाजिक कार्यकर्ता प्रीतम गाडिया ने कहा है कि कमल ठाकुर के निधन से शैक्षणिक जगत को काफी क्षति पहुंची है। भारत- भारती स्कूल के निदेशक प्रलय कुमार सिंह ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की है। उनके निधन पर सोशल मीडिया पर संवेदनाओं का तांता लगा हुआ है।
जल जमाव से त्रस्त महिलाएं उतरीं सड़कों पर, किया सड़क जाम
-गोड्डा-भागलपुर पथ में करीब सात घंटे तक आवागमन रहा बाधित
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर-10 स्थित प्रोफेसर कालोनी के नीचे टोला के निवासियों को बरसात के मौसम में जल जमाव की समस्या का गंभीरता पूर्वक सामना करना पड़ रहा है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों के घरों में गंदा पानी घुस जा रहा है। इसके कारण लोगों का जीना दूभर होता जा रहा है। जल जमाव से त्रस्त लोगों ने गुरुवार को गोड्डा-भागलपुर पथ में मिशन चौक पर सड़क जाम कर दिया। खास बात यह देखी गई कि सड़क जाम का नेतृत्व महिलाएं कर रहीं थीं। सड़क जाम के कारण गोड्डा- भागलपुर पथ में करीब 7 घंटे तक आवागमन बाधित रहा। जाम समाप्त कराने के लिए कई दौर की वार्ता चली। अंतत: बारिश में भींग कर थक चुकी महिलाओं ने प्रशासनिक आश्वासन पर जाम समाप्त किया। जाम समाप्त कराने के लिए नगर परिषद के अधिकारी से लेकर अंचल कार्यालय के अधिकारी तक परेशान रहे। जाम समाप्त नहीं होने की स्थिति में पुलिस प्रशासन को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। आश्वासन दिया गया है कि शुक्रवार को जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी। इस मोहल्ले में स्थाई रूप से नाला का निर्माण कराने के लिए अंचल कार्यालय की ओर से जमीन की व्यवस्था कर नगर परिषद को सौंपी जाएगी। वार्ता में मोहल्ला के नागरिकों समेत नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपी कृष्ण, अंचल अधिकारी अनिल रविदास, नगर थाना दिनेश मोहली, सदर इंस्पेक्टर मधुसूदन मोदक, विधायक प्रतिनिधि गप्पू सिन्हा आदि शामिल रहे।
अफवाह फैलाने वालों पर की जाएगी कार्रवाई
- मोहर्रम को लेकर ठाकुरगंगटी थाना में शांति समिति की बैठक संपन्न
मेहरमा। संवाददाता ठाकुरगंगटी थाना परिसर में मोहर्रम को लेकर बीडीओ सह प्रभारी सीओ विजय कुमार मंडल की अध्यक्षता में गुरुवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ दोनों समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण मनाएंगे। थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बैठक में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से मोहर्रम पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार का अफवाह सोशल मीडिया पर नहीं फैलाएंगे। डीजे पर पूरी तरह रोक रहेगा। पूर्व से निर्धारित मार्ग और अखाड़ा पर कला का प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर अशोक सिंह, पुस्तम शंकर प्रमाणिक, अवधेश प्रसाद सिंह, महतो, मुखिया मोफिल अंसारी, विनीत कुमार, गोपाल यादव, शेख वाहिद, ताहिर अंसारी, युसूफ मंसूर, नजरुल मंसूर,अजमल अंसारी, तनवीर आलम, मुनेश्वर मंडल, जवाहरलाल यादव, गनौरी साह, कुर्बान अली कासमी, बबलू पासवान, विजेंद्र पासवान, सुबोध पासवान समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।