गोड्डा/संवाददाता। जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में गांधी मैदान गोड्डा में आयोजित रितेश मेमोरियल स्कूल लीग के तीसरे क्वॉर्टर फाइनल में भारत- भारत पब्लिक स्कूल ने पारा माउंट इंटरनेशनल स्कूल को 70 रनों से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत-भारती पब्लिक स्कूल ने 35 ओवर में 09 विकेट के नुकसान पर 216 रनों का स्कोर खड़ा किया। प्रशांत सिंह ने शानदार 76 रन और गौरव पांडेय ने 39 रनों की पारी खेली। साहिल अंसारी 03 और अभिनव ने 02 विकेट प्राप्त किया। जवाब में पारा माउंट इंटरनेशनल स्कूल की टीम 146 रन पर ऑल आउट हो गई। आदिल अंसारी ने सर्वाधिक 44 रनों एवं आशिक अंसारी ने 25 रनों की पारी खेली। प्रशांत सिंह ने 03 विकेट एवं पियूष ने 02 विकेट प्राप्त किया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रशांत सिंह को जिला क्रिकेट संघ के आजीवन सदस्य दिव्यप्रकाश की ओर से दिया गया। अंपायर की भूमिका में प्रभुनाथ साह एवं सूरज कुमार और स्कोरर की भूमिका में मनीष कुमार थे। इस अवसर पर क्रिकेट संघ के संयोजक संजीव कुमार, कोषाध्यक्ष सनोज कुमार, मुकेश मंडल सहित अन्य सदस्य एवं मनीष सिंह (पांडू दा)उपस्थित थे।
20वीं झारखंड राज्य सब जूनियर वुशू प्रातियोगिता संपन्न
गोड्डा/संवाददाता। सिल्ली में आयोजित 20वीं झारखंड राज्य सब जूनियर वुशू प्रातियोगिता संपन्न हो गई। सब जूनियर वुशू राज्य प्रातियोगिता का आयोजन द विलेज रिसोर्ट सिल्ली में 23 और 24 को प्रारंभ हुआ। जिसमें झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों के 300 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। आयोजन का विधिवत उद्घाटन संत माइकल स्कूल के डायरेक्टर डॉ. रूपेश कुमार और राकेश कुमार ने किया। इस अवसर पर उन्होंने झारखंड के लोकप्रिय खेल और खिलाड़ियों की उपलब्धि के बारे में उद्गार व्यक्त किया। चैंपियनशिप में दो खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन कर गोड्डा को गौरवान्वित किया। उदयकांत महतो ने 36 केजी भार में गोल्ड मेडल और ईसा कुमारी ने 48 केजी भार में गोल्ड मेडल प्राप्त किया। कोच मिनी हांसदा जिला वुशू संघ के सभी पदाधिकारी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।
नई सरकार में होगी संथालपरगना की प्रभावशाली भागीदारी
-संथाल से मुख्यमंत्री समेत चार-पांच मंत्री हो सकते हैं नई सरकार का हिस्सा
-2024 के विधानसभा चुनाव में संथालपरगना में इंडिया खेमे को मिली एकतरफा जीत
गोड्डा। अभय पलिवार
2024 के विधानसभा चुनाव में संथालपरगना प्रमंडल में झारखंड मुक्ति मोर्चा समेत इंडिया खेमे के समर्थन में आंधी चली। इस आंधी में भारतीय जनता पार्टी के अनेक जमे जमाए नेताओं के पैर उखड़ गए। झारखंड मुक्ति मोर्चा का राजनीतिक दुर्ग न सिर्फ सुरक्षित रहा, बल्कि और मजबूत हो गया। भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य केंद्रीय मंत्रियों एवं विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों का चुनावी दौरा पूरी तरह निष्प्रभावी सिद्ध हुआ। इस प्रमंडल की 18 में से 17 सीटों पर विजय दर्ज कर इंडी अलायंस ने इतिहास रच दिया। अब झारखंड की बनने वाली नई सरकार में इस प्रमंडल की प्रभावशाली भूमिका होने वाली है। प्रमंडल से मुख्यमंत्री समेत चार से पांच मंत्री नई सरकार, नई सरकार का हिस्सा हो सकते हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नव निर्वाचित 34 में से 11 विधायक संथाल परगना प्रमंडल के हैं। कांग्रेस के नव निर्वाचित 16 विधायकों में से चार विधायक इसी प्रमंडल से चुनाव जीते हैं। राष्ट्रीय जनता दल के नव निर्वाचित चार विधायकों में से दो संथालपरगना का प्रतिनिधित्व करते हैं। जाहिर है झारखंड मुक्ति मोर्चा के कुल एक तिहाई विधायक, कांग्रेस के एक चौथाई विधायक एवं राजद के 50 फीसदी विधायक संथालपरगना प्रमंडल से चुनाव जीतने में कामयाब रहे हैं। झारखंड की नई सरकार 28 नवंबर को शपथ ग्रहण करेगी। नई सरकार में फिर से एक बार संथालपरगना का दबदबा रहने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। पिछले विधानसभा के कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री एवं झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष संथालपरगना का ही प्रतिनिधित्व करते थे। एक बार फिर हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री की कुर्सी पर विराजमान होंगे। सोरेन संथालपरगना के बरहेट विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार निर्वाचित हुए हैं। कांग्रेस कोटा से बनने वाले तीन से चार मंत्रियों में दो संथालपरगना के हो सकते हैं। हेमंत सोरेन की पिछली सरकार के दौरान कांग्रेस कोटा के दो मंत्री संथालपरगना क्षेत्र से थे। हेमंत सोरेन की जेल यात्रा से पहले उनकी सरकार में पाकुड़ के विधायक आलमगीर आलम एवं जरमुंडी के विधायक बादल पत्रलेख कांग्रेस कोटा से मंत्री थे। जेल से निकलने के बाद मुख्यमंत्री पद पर दोबारा सोरेन की ताजपोशी के बाद उनके मंत्रिमंडल में संथालपरगना से कांग्रेस कोटा के मंत्री जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी एवं महागामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह बनाए गए थे। हेमंत सोरेन की अगुवाई में 28 नवंबर को नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस कोटा के मंत्री इरफान अंसारी एवं दीपिका पांडेय सिंह ही रहेंगी या चेहरे में बदलाव होगा? यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है।
नए मंत्रिमंडल में सामाजिक एवं क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने में करनी पड़ सकती है माथापच्ची
इंडी अलायंस के लगभग एक तिहाई विधायक संथालपरगना के विभिन्न विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए हैं। इस गठबंधन के निर्वाचित कुल 56 विधायकों में से 17 संथालपरगना से ही हैं। विधायकों के आंकड़ों के हिसाब से लगभग एक तिहाई मंत्री पद संथालपरगना के हिस्से में आ सकता है। ऐसी स्थिति में नए मंत्रिमंडल के गठन के क्रम में सरकार के मुखिया को सामाजिक एवं क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने के क्रम में घटक दलों के साथ काफी माथापच्ची का सामना करना पड़ सकता है। सरकार के मुखिया की कोशिश होगी कि मंत्रिमंडल में सूबे के सभी क्षेत्र एवं सभी प्रमुख जाति एवं प्रतिनिधित्व हो।
दीपिका, प्रदीप, संजय में से किसी एक का मंत्री बनना लगभग तय
-मंत्री पद की रेस में गोड्डा जिला के तीनों विधायक शामिल
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता 2024 का झारखंड विधानसभा चुनाव कई मामलों में ऐतिहासिक रहा। झारखंड बनने के 24 वर्ष के सफर में पहली बार किसी सरकार ने प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा सत्ता में वापसी की। हेमंत सोरेन की अगुवाई में झारखंड की नई सरकार 28 नवंबर, 2024 को शपथ ग्रहण करेगी। नई सरकार में मंत्री बनने की रेस में गोड्डा जिला के तीनों विधायक प्रदीप यादव, दीपिका पांडेय सिंह एवं संजय प्रसाद यादव शामिल हैं। 2024 के चुनाव में जिला के तीनों विधानसभा सीट से इंडिया ब्लॉक के प्रत्याशी भारी बहुमत से निर्वाचित हुए हैं। इनमें से दो पोड़ैयाहाट से प्रदीप यादव एवं महागामा से दीपिका पांडेय सिंह कांग्रेस पार्टी के टिकट पर एवं गोड्डा से संजय प्रसाद यादव राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर निर्वाचित हुए हैं।
कांग्रेस के दोनों विधायक मंत्री पद के प्रबल दावेदार
कांग्रेस कोटा से निर्वाचित दोनों विधायक दीपिका पांडेय सिंह एवं प्रदीप यादव राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं। महागामा की कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय सिंह, हेमंत सोरेन सरकार की पिछली कैबिनेट में कृषि मंत्री थीं। अल्पकाल के लिए मंत्री बनीं दीपिका ने अपने विभाग के कार्यों को तेज रफ्तार दी। कांग्रेस के घोषणा पत्र के अनुरूप किसानों का दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ करवाने में कृषि मंत्री के रूप में उन्होंने अहम भूमिका निभाईं। झारखंड में इंडी अलायंस की दूसरी बार सत्ता में भारी बहुमत से वापसी में एक महत्वपूर्ण फैक्टर किसानों का कर्ज माफी भी रहा।
खांटी कांग्रेसी एवं टीम राहुल की सदस्य हैं दीपिका
झारखंड की निवर्तमान कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने राज्य की राजनीति में एक तेज तर्रार नेत्री के रूप में बहुत ही कम समय में अपनी पहचान बनाने में कामयाबी पा ली है। दीपिका खांटी कांग्रेसी हैं। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय समिति के सचिव से अपनी राजनीतिक कैरियर की शुरूआत करने वालीं दीपिका टीम राहुल गांधी की महत्वपूर्ण सदस्य रहीं हैं। इनकी सांगठनिक क्षमता से प्रभावित होकर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने इन्हें पार्टी का राष्ट्रीय सचिव भी मनोनीत किया था। कई राज्यों में कांग्रेस के सह प्रभारी के रूप में अपनी भूमिका निर्वाह कर चुकी हैं। कांग्रेस कोटा से उनके मंत्री बनने की प्रबल संभावना है। उनके मंत्री बनने से महिला कोटा, ओबीसी कोटा और सवर्ण कोटा भी पूरा हो सकता है।
प्रदीप यादव भी मंत्री पद की रेस में गंभीरता से शामिल
पोड़ैयाहट विधानसभा क्षेत्र से प्रदीप यादव ने लगातार छठी बार जीत दर्ज की है। कांग्रेस के टिकट पर पहली बार निर्वाचित हुए यादव इस क्षेत्र से दो टर्म भाजपा टिकट पर एवं तीन टर्म झारखंड विकास मोर्चा टिकट पर चुनाव जीतकर अपनी सांगठनिक क्षमता एवं क्षेत्र की जनता के बीच अपनी पकड़ का लोहा मनवा चुके हैं। 2019 के चुनाव में झारखंड विकास मोर्चा से निर्वाचित होने के बाद यादव कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस में शामिल होने के बाद यादव कांग्रेस नेतृत्व के प्रियपात्र भी बन गए। यही कारण है कि उन्हें झारखंड में कांग्रेस विधायक दल का उपनेता बनाया गया था। कुछ समय के लिए विधायक दल के नेता भी रहे। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने पहले गोड्डा लोकसभा क्षेत्र से दीपिका पांडेय सिंह को उम्मीदवार घोषित किया था। लेकिन बाद में उनके स्थान पर प्रदीप यादव को उम्मीदवार बना दिया गया था। यादव झारखंड की पहली बाबूलाल मरांडी सरकार एवं दूसरी अर्जुन मुंडा सरकार में भी महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रह चुके हैं। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि दीपिका पांडेय सिंह एवं प्रदीप यादव में से किसी एक का मंत्री बनना लगभग तय है। हो सकता है दोनों मंत्री बन सकते हैं।
संजय की राह का रोड़ा बन सकते हैं संजय!
राजनीतिक गलियारे में चर्चा है कि हेमंत सोरेन सरकार की नई कैबिनेट में पांच विधायक पर एक मंत्री पद दिया जा सकता है। राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर चार विधायक निर्वाचित हुए हैं, जिनमें से एक का मंत्री बनना तय है। राजद कोटे से गोड्डा के विधायक संजय प्रसाद यादव प्रबल दावेदार हैं। लेकिन उनकी राह में रोड़ा हुसैनाबाद के नव निर्वाचित राजद विधायक संजय कुमार सिंह यादव हो सकते हैं। दोनों यादव नेता में से किसी एक को राजद कोटे से मंत्री बनाना लगभग तय माना जा रहा है। हुसैनाबाद के राजद विधायक संजय कुमार सिंह यादव जहां प्रदेश राजद के अध्यक्ष हैं, वहीं गोड्डा के राजद विधायक संजय प्रसाद यादव प्रदेश राजद के प्रधान महासचिव हैं। गोड्डा के विधायक राजद राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एवं उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी तेजस्वी प्रसाद यादव के प्रिय पात्र माने जाते हैं। देखना यह है कि दोनों संजय में से किसे हेमंत सोरेन की नई कैबिनेट में जगह मिल पाती है।
चोरों ने घर का ताला तोड़ नकदी सहित लाखों के सामान पर किया हाथ साफ
मेहरमा/संवाददाता। ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरडीहा गांव में देर रात चोरों ने ताला तोड़ कर गौरी साह के घर से करीब दो लाख की संपत्ति चोरी कर ली है। चोरों ने दो लाख रुपये का सामान सहित 15 हजार रुपये नकद की चोरी कर ली। इस संबंध में गौरी साह ने बताया कि 12 नवंबर को उनके पुत्र दिनेश कुमार साह की शादी हुई थी जिसमें दहेज के रूप में लगभग दो लाख रुपये का सामान मिला था। इसमें सोना-चांदी का जेवरात, चांदी की तीन पीस अंगूठी, चांदी का दो पीस कीया, चांदी की हाथ पौची, मिक्सर मशीन, कांसा का बर्तन, लहंगा, पांच पीस नया साड़ी की चोरी कर ली। गौरी साह ने बताया कि वे रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। उनका पुत्र दिनेश कुमार साह एवं उनकी पत्नी गांव स्थित पुराने घर में खाना बनाने के उपरांत सो गयी थी। नया घर एक महीना पहले ही बनाकर पुत्र की शादी भी नये घर से ही किया था, शादी में मिला सारा उपहार नया घर पर ही रखा हुआ था। गौरी साह का भतीजा ने बताया कि रात के लगभग दो बजे उनकी पत्नी मीरा देवी ने नींद से जगाया, तब जाकर पता चला कि चोरी हो गयी। थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह को पूछे जाने पर बताया कि पूरे मामले का पता लगाया जा रहा है।