गोड्डा/संवाददाता। डीसी जिशान कमर की अध्यक्षता में शुक्रवार को भू-अर्जन से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक हुई। डीसी ने भू-अर्जन से संबंधित अद्यतन प्रगति प्रतिवेदन, भूमि की विवरणी, कुल परियोजना, भू-अर्जन पूर्ण परियोजना सहित अन्य बिंदुओं पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को विशेष अभियान चला कर सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन, आंकडों का सत्यापन, हंसडीहा से महागामा और महागामा से एकचारी रेलवे लाइन निर्माण योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए अधिग्रहित की गई। भूमि के मामले में चर्चा कर हितबद्ध व्यक्तियों को नोटिस निर्गत कर त्वरित गति से कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। मौके पर डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर पवन वाघ, अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रितेश जायसवाल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला नजारत उपसमाहर्ता श्रवण राम, नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष कुमार सहित भू-अर्जन कार्यालय के कर्मीगण मौजूद थे।
डीसी ने लाइफ लाइन एक्सप्रेस, पोड़ैयाहाट की तैयारियों के संबंध में की समीक्षा बैठक
गोड्डा/संवाददाता। डीसी जिशान कमर की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय में लाइफ लाइन एक्सप्रेस, पोड़ैयाहाट की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की गई। स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत सुविधाएं, पेयजल, बिजली, शौचालय, चिकित्सकों और रोगियों के रहने के लिए बेड और दवा की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली गई। समीक्षा के क्रम में डीसी ने डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर पवन वाघ के नेतृत्व में जिला नजारत सह उपसमाहर्ता श्रवण राम, नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष कुमार को लाइफ लाइन एक्सप्रेस, पोड़ैयाहाट की तैयारियों का जायजा लेने के लिए निर्देशित करते हुए सभी कार्यों को 10 जनवरी से पूर्व पूर्ण कराने का निर्देश दिया। प्राप्त निर्देश के अनुपालन में संबंधित पदाधिकारियों की ओर से स्थल निरीक्षण किया गया। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. अनंत कुमार झा, पोड़ैयाहाट प्रखंड विकास पदाधिकारी फूलेश्वर मुर्मू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, इंपैक्ट इंडिया फाउंडेशन के अधिकारीगण उपस्थित थे।
श्रम मंत्री ने गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के बीच किया कंबल वितरण
-मानव सेवा से बड़ा कोई सेवा नहीं : संजय
गोड्डा/संवाददाता। श्रम, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास सह उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने गुरुवार की रात्रि जिला मुख्यालय स्थित पुराना समाहरणालय, आश्रय गृह और हटिया चौक में गरीब, असहाय और दिव्यांग लोगों के बीच कंबल वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा तीन-चार दिनों से चल रहे शीत लहरी के कारण ठंड से परेशान लोगों को राहत देने के लिए यह पहल की गई है। मानव सेवा से बड़ा कोई सेवा नहीं है। कंबल पाकर गरीब और असहाय लोगों के चेहरे पर मुस्कान देखने को मिली। उन्होंने मंत्री एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। जिले के सभी प्रखंडों में प्रशासन की देखरेख में जरूरतमंद व्यक्तियों को बढ़ते ठंड से बचने के लिए कंबल वितरण करने एवं अलाव की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला नजारत उप समाहर्ता सह श्रवण राम, नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी गोड्डा आशीष कुमार समेत सामाजिक सुरक्षा विभाग एवं नगर परिषद के कर्मीगण मौजूद थे।
नेटबॉल के पूर्व अध्यक्ष को दी गयी श्रद्धांजलि
गोड्डा/संवाददाता। जिला नेटबॉल संघ की ओर से शुक्रवार को गोड्डा गांधी मैदान में नेटबॉल के पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार शाह को श्रद्धांजलि दी गई। 09 जनवरी, 2000 को उनका देहांत हो गया था। नेटबॉल के सभी सदस्य एवं खिलाड़ियों ने नम आंखों से उन्हें याद किया। उनके बारे में विभिन्न प्रकार के संस्मरण को याद किया गया। मौके पर दर्जनों खिलाड़ी उपस्थित थे। संघ के अध्यक्ष अजीत सिंह, उपाध्यक्ष बैद्यनाथ देहरी, कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र महतो सौरभ सुमन, संघ के सदस्य निधि सिंह, रीना सेन, साकेत सिंह, जाय सिंह और राष्ट्रीय खिलाड़ी सह राष्ट्रीय कोच मोनालिसा कुमारी, चिराग साथी समेत दर्जनों खिलाड़ी उपस्थित थे।
प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक सह नव वर्ष अभिनंदन समारोह का आयोजन
-झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एंप्लाइज फेडरेशन के सदस्य हुए धनबाद रवाना
गोड्डा/संवाददाता। प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक सह नव वर्ष अभिनंदन समारोह, 2025 कार्यक्रम में भाग लेने के लिए झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड एंप्लाइज फेडरेशन (झारोटेफ) जिला इकाई के अध्यक्ष डॉक्टर सुमन कुमार और जिला सचिव सुभाष चंद्र के नेतृत्व में जिला कोषाध्यक्ष विद्यानंद प्रसाद, मीना सोरेन, जाहिदा खातून, प्रिती प्रिया, मुरारी प्रसाद शर्मा, रीतेश रंजन प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेने के लिए धनबाद रवाना हुए जहां झारोटेफ के दो दिवसीय कार्यशाला में भाग लेंगे। बैठक में पूर्व वित्तीय वर्ष की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में कई कैबिनेट मंत्री के साथ-साथ मुख्यमंत्री के भी आने का कार्यक्रम निर्धारित है। प्रांतीय समिति, झारोटेफ और जिला समिति झारोटेफ, धनबाद संयुक्त रूप से आयोजक है।
नगर पंचायत क्षेत्र में अभी भी मूलभूत सुविधाओं का है अभाव
महागामा/संवाददाता। नगर पंचायत क्षेत्र में अभी भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। महागामा नगर के चंदन कुमार, ध्रुव कुमार, रोबिन रविदास, जयंत झा, मनोज कुमार अमरेंद्र कुमार ने कहा कि शहरी क्षेत्र के विकास के लिए सड़क और नाला निर्माण जैसे कार्य किया जा रहा है। लेकिन बस स्टैंड, कॉम्प्लेक्स, सार्वजनिक बाथरूम व पेयजल की व्यवस्था अब तक नहीं की गई है। बसुआ चौक, मोहनपुर चौक जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर राहगीरों के लिए न तो बैठने की उचित व्यवस्था है और न ही बाथरूम या शौचालय जैसी सुविधाएं, जिससे महिलाओं को इन सुविधाओं की कमी के चलते विशेष रूप से कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है और इधर-उधर चाय की दुकानों पर बैठने के लिए विवश हैं। नगर वासियों ने मांग की है कि बसुआ चौक के समीप बस स्टैंड, दुकानें, रैन बसेरा, पानी की सुविधा, शौचालय सहित अन्य जगहों पर निर्माण हो। नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार ने कहा महागामा शहरी विकास की कई योजनाएं तैयार की जा रही है, जिसमें विकास के कई कार्य देखे जाएंगे। उन्होंने कहा सभी के सहयोग से आने वाले समय में महागामा नगर पंचायत को आदर्श नगर पंचायत की तरह विकसित किया जाएगा।
ललमटिया-बोआरीजोर मुख्य मार्ग पर सड़क दुघर्टना में एक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
-ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू
गोड्डा/संवाददाता। जिले के ललमटिया-बोआरीजोर मुख्य मार्ग पर बोआरीजोर थाना क्षेत्र स्थित तलबड़िया में सड़क दुघर्टना में मोटरसाइकिल सवार दो युवक ट्रैक्टर मोड़ते समय उसके चपेट में आ गए। जिससे मौके पर ही एक की मौत हो गई। वहीं दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं इस घटना की सूचना मिलने पर बोआरीजोर थाना प्रभारी ध्रुव कुमार के निर्देश पर पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंची और मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। ट्रैक्टर काफी रफ्तार में टनिंर्ग ले रहा था। उसी दौरान बाइक सवार उसके चपेट में आ जाने से यह घटना घटित हुई जहां प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोआरीजोर लाया गया। जिसके बाद सहचालक अरुण ठाकुर को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरा घायल चालक विजय ठाकुर को प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। दोनों युवक साहेबगंज जिला के गंगपुरा गांव का रहने वाला है जो कि वह अपनी बहन के मृत्यु होने पर ललमटिया थाना क्षेत्र स्थित सिमड़ा से राजमहल अंतिम संस्कार के लिए जा रहा था। इसी क्रम में ट्रैक्टर की चपेट में आने से अरुण कुमार की मौत हो गई। वहीं दूसरा विजय ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पुलिस पहुंच कर ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
स्थापना दिवस रजत जयंती के अवसर पर ज्ञान स्थली में कार्यक्रम का हुआ आयोजन
-छात्रों ने साइंस प्रदर्शनी में लिया भाग
गोड्डा/संवाददाता। स्थानीय ज्ञान स्थली पब्लिक स्कूल की स्थापना के 25 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजन किए गए। इस दौरान स्कूली छात्रों ने नृत्य, संगीत, नाटक, फैंसी ड्रेस, साइंस एक्जीविशन, आर्ट एंड क्राफ्ट आदि कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य अजय कुमार अलमस्त, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजीत कुमार महात्मा, विभिन्न खेल संघों के सचिव सुरजीत झा, विद्यालय के संस्थापक एवं प्रशासक समीर कुमार दुबे, विद्यालय के सलाहकार रवि रोशन दुबे आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में नन्हें-मुन्नें बच्चों ने एकल गान, समूह गान, एकल नृत्य, समूह नृत्य, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, नाटक आदि की प्रस्तुति कर बैठे दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में भारी संख्या में बच्चों का अभिभावक, पूर्ववर्ती छात्र, जिला के विभिन्न क्षेत्र के गणमान्य मौजूद हुए। इसके अलावा छात्रों ने साइंस प्रदर्शनी का भी आयोजन किया। जिसमें छात्रों ने एक से बढ़ कर एक साइंस के मॉडल की प्रस्तुति की। कक्षा दसवीं के छात्रों ने ऑटोमेटिक कार बनाई। जो कि वॉइस कंट्रोल और ऑब्जेक्ट कंट्रोल से संचालित होती थी। इसके अलावा इको फ्रेंडली गार्डन, पहाड़ व पठार पर आधारित भारत का मानचित्र आदि विभिन्न प्रकार के प्रोजेक्ट बना कर अपनी प्रतिभा के बारे में जानकारी दी। विद्यालय के संचालक समीर दुबे ने बताया कि विद्यालय को शुरू से इस मुकाम तक लाने में पूरे विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों का भरपूर सहयोग रहा है। हमारे विद्यालय से निकलने वाले छात्र आज कई मुकाम हासिल कर चुके हैं। पूर्ववर्ती छात्र जो किसी मुकाम पर है वह प्रेरणा है। आने वाले दिनों में भी ज्ञानस्थली से बेहतर छात्र निकल के देश के अलग-अलग कोने में नाम रोशन करेंगे।