जामताड़ा। संवाददाता। समाहरणालय स्थित मनरेगा कर्मियों के हड़ताल के 9वें दिन जामताड़ा के पूर्व विधायक फुरकान अंसारी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास सचिव के निवासन के साथ बैठकर स्थायीकरण एवं ग्रेड पे पर चर्चा हुई, जिसमें यह कहा गया कि भारत के अन्य राज्य राजस्थान, उड़ीसा, हिमाचल, मणिपुर की तरह मनरेगा कर्मियों को स्थाई करते हुए ग्रेड पे सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलना उचित है। इस पर सरकार को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। अभी के वर्तमान सरकार के पास बहुत कम समय है। इसलिए स्थायीकरण करना सम्भव नहीं है, परंतु ग्रेड पे सामाजिक सुरक्षा लाभ एवं विभिन्न प्रकार के लाभ देने पर सहमति ग्रामीण विकास सचिव ने जताया है। वहीं ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी ने कहा है कि बहुत जल्द स्थायीकरण पर भी हमारी सरकार गंभीरता से कार्य करेगी। आगे कहा कि मुख्यमंत्री एवं मनरेगा टीम के साथ सरकार बैठक कर जल्द सहमति बनाई जाएगी। मौके पर मनरेगा कर्मी जिलाध्यक्ष नरेश कुमार सिन्हा समेत अन्य उपस्थित थे।
पति के दीर्घायु की कामना को लेकर सुहागिनों ने किया मधुश्रावणी व्रत
माता पार्वती ने ही इस व्रत की शुरुआत की थी
नाला। संवाददाता। पति के दीर्घायु की कामना के लिए नव विवाहिता द्वारा 14 दिनों तक सात्विक भोजन और पूरे नियम निष्ठा के साथ हर-गौरी की पूजा उपासना ही मधुश्रावणी व्रत के नाम से जाना जाता है। पूजा अर्चना और भगवान महेश को प्रसन्न करने के लिए सावन माह को अति पवित्र माना जाता है। वर्षा ऋतु में चारों ओर हरियाली से मानो प्रकृति ने भी श्रृंगार के साथ तैयार है। उक्त सुसज्जित धरा पर सावन में ही नव विवाहिता द्वारा मधुश्रावणी व्रत रखा जाता है।
पौराणिक कथा के अनुसार, माता पार्वती ने ही इस व्रत की शुरुआत की है, तब से नव विवाहिता द्वारा काफी श्रद्धा और भक्ति भाव से इस परंपरा को निभाया जाता है। गौरतलब है कि मूलरूप में यह व्रत मिथिलांचल में सावन के कृष्ण पक्ष के पंचमी तिथि यानी नाग पंचमी से चौदह दिन तक बखूबी मनाया जाता है। लेकिन जामताड़ा जिला में उस क्षेत्र के रहने वाले मैथिल ब्राह्मण परिवार में इन दिनों यह व्रत काफी श्रद्धा भाव से मनाया जा रहा है। इस पर्व के दौरान नव विवाहिता सोलह श्रृंगार से सज-धजकर हर गौरी एवं नाग-नागिन स्थापित कर फल, फूल, नैवेद्य आदि से पूजा किया जाता है। ध्यान देने योग्य बात यह भी है कि इस पूजा व्रत अनुष्ठान संपादन करने के लिए अलग से आचार्य पुरोहित की जरूरत नहीं होती है। सुहागिनों के बीच से ही धार्मिक पूजन विधि का निष्पादन किया जाता है। पूजा के लिए मिट्टी, चांदी या अन्य धातु से नाग देवता की मूर्ति बनाया जाता है। धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य रूप से धान का लावा, दूध, मेवा मिष्ठान से जहां भोग अर्पण किया जाता है, वहीं सुबह और शाम आरती भी की जाती है। व्रति यानी नव विवाहिता को इस पर्व के दौरान बिना नमक के ही 14 दिन तक सात्विक भोजन के साथ नियम का पालन करना होता है। अन्य विशेषता यह भी है कि हर रोज पूजा अर्चना के मौके पर मधुश्रावणी से संबंधित अलग-अलग कथा श्रवण किया जाता है। अगले सात अगस्त यानी शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि तक जारी इस व्रत पूजा के प्रत्येक गतिविधि में मधुर गीत प्रस्तुत किया जाता है। आसपास के सुहागिनों द्वारा प्रस्तुत गीत के माध्यम से वर्षों पुरानी संस्कृति और परंपरा की झलक स्पष्ट दिखाई देती है।
शिव मंदिर व दुर्गा मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा सम्पन्न
नाला। संवाददाता। नाला प्रखंड के देवजोड़ गांव स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर एवं शिव मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए मंगलवार को भक्तिमय वातावरण में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस धार्मिक अनुष्ठान के लिए अहले सुबह दुर्गा मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। मां का जयकारा लगाते हुए गाजे बाजे के साथ निकली इस भव्य कलश यात्रा में गांव स्थित कदमा तालाब से कलश में जल संग्रह किया गया। मंगलध्वनि के साथ सभी श्रद्धालु मां के मंदिर पहुंचे, जहां वैदिक रीति रिवाज से पुरोहित दीपक भट्टाचार्य ने कलश स्थापना करवाया। इस दौरान पूजा, हवन, आरती सहित सभी वैदिक कर्मकांड पूरा किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में गांव के लोगों के साथ साथ मालडीहा, कुरलजोरिया, रघुनाथचक, केवलजोरिया, मथुराडीह आदि गांवों से भी सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। पूजा-अर्चना के बाद उनके बीच खिचड़ी भोग वितरण किया गया। मालूम हो कि देवजोड़ गांव स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में सन 1864 से वैष्णवी रीतिरिवाज से दुर्गापूजा की जाती है। वहीं यहां बाबा पातालेश्वर शिवालय भी अवस्थित है जो स्वयंभू हैं। प्राचीन मंदिरों को मरम्मत कर मार्बल टाइल्स अन्य सजावट के समान लगाकर मंदिरों का आधुनिक पुनर्निर्माण कराया गया है जो आसपास क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बन गया है। इस अवसर पर मोहन भट्टाचार्य, कृपासिंधु भट्टाचार्य, सेवक भट्टाचार्य, बलराम भट्टाचार्य, भजन चक्रवर्ती, सौगत भट्टाचार्य, सोमनाथ चक्रवर्ती, हेमंत गोराई, मृण्मय माजी, तापस भट्टाचार्य, असित भट्टाचार्य, पप्पू मुखर्जी, गौर भट्टाचार्य, कैलाश दास आदि उपस्थित थे।
बीडीओ ने विकास योजनाओं को लेकर किया बैठक
जामताड़ा। संवाददाता। प्रखण्ड सभागार में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी प्रवीण चौधरी की अध्यक्षता में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक किया गया। इस दौरान बीडीओ ने मनरेगा योजना में मनरेगा कर्मी के हड़ताल में जाने से कार्य बाधित न हो ये सुनिश्चित करने को लेकर सभी पंचायत सचिव को निदेशित किया गया। साथ ही, कम वर्षा को देखते हुए मजदूर को कार्य उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया गया। मौके पर उपस्थित सभी मुखिया एवं पंचायत सचिव को कैलेंडर के अनुरूप मनरेगा में नया योजना लेने के लिए सभी को निदेशित किया गया। वही अबुआ आवास योजना के लाभुकों का जाति प्रमाण पत्र जिन लाभुकों का अपलोड नहीं हो पाया है, उन लाभुकों का ऑफ लाइन जाति निर्गत करवाने के लिए सभी पंचायत सचिव को पूर्व में निर्देश दिया गया था, जिनका पालन नही होने से संबंधित पंचायत के मुखिया एवं पंचायत सचिव को विशेष ध्यान देकर बनवाने का निर्देश दिया गया। पंचायती राज के समीक्षा के क्रम में निर्देश दिया गया कि सभी पंचायत में आवंटित 15वे वित्त आयोग के पैसा को नियामानुसार अविलंब खर्च किया जाए। सभी मुखिया को डिजिटल हस्ताक्षर अपने पास सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया। पंचायती राज के अंतर्गत स्थापित ज्ञान केंद्र को सुचारू रूप से क्रियाशील करने का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर सभी मुखिया स्टेनशीला हेम्ब्रम, अशोक चौधरी, प्रखण्ड समन्वयक राकेश महतो, इंद्रजीत मंडल, पंचायत सचिव इंदु शेखर पोद्दार, दिनेश्वर रजक, महादेव पोद्दार, सनाऊल सहित कई पंचायत सचिव उपस्थित थे।
झामुमो ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे खिलाफ किया धरना प्रदर्शन
जामताड़ा। संवाददाता। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा ने गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन अनुमंडल कार्यालय परिसर के धरना स्थल पर किया। धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता परेश यादव ने की, जहां कार्यकर्ताओं ने निशिकांत दुबे के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया। बताते चलें कि कुछ दिन पूर्व लोकसभा में सांसद निशिकांत दुबे ने मांग किया था कि झारखण्ड के संथाल परगना, बिहार के कुछ जिले और पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों को मिलाकर केंद्र शासित प्रदेश बना दिया जाय। इसी मांग को लेकर झारखण्ड मुक्ति मोर्चा ने निशिकांत दुबे के खिलाफ मोर्चा खोला है। धरना प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान जेएमएम के जिला सचिव परेश यादव ने कहा कि निशिकांत दुबे की यह मांग जायज नही है। झारखण्ड में भाजपा अपना अस्तित्व खो चुकी है, उसी को बचाने के लिए निशिकांत दुबे इस तरह की बात कर रहे हैं। लेकिन उनका उद्देश्य झारखण्ड में पूरा नही होगा, विधानसभा चुनाव में इस बार उनका बेड़ा गर्क हो जायेगा। वहीं जेएमएम के जिला प्रवक्ता देवाशीष मिश्रा ने कहा कि निशिकांत दुबे ने जिस प्रकार से लोकसभा में भाषण दिया है कि झारखण्ड के संथाल परगना को झारखण्ड से अलग कर दिया जाय, यह गलत है। इसके अलावा उन्होंने बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों को अलग कर केंद्र शासित प्रदेश बना दिया जाय। इस मांग का हमलोग विरोध करते हैं और निशिकांत दुबे से मांग करते हैं कि अपनी मांग को लेकर माफी मांगें।
भाजपा ने सुखाड़ घोषित करने को लेकर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
फतेहपुर। संवाददाता। झारखंड के राज्यपाल को प्रखण्ड विकास पदाधिकारी प्रेम कुमार के माध्यम से सात सूत्री मांग पत्र भाजपा प्रतिनिधि मंडल की ओर से सौंपा गया, जिसमें मुख्य मांग जामताड़ा जिले में कृषि योग्य वर्षा नहीं होने के कारण जामताड़ा जिला को सुखाड़ क्षेत्र घोषित किया जाय तथा किसानों को दिया गया। किसान क्रेडिट कार्ड के तहत बैंकों द्वारा भुगतान ऋण को अविलंब माफ किया जाय, बेरोजगारों को लेकर प्रत्येक गांव में मनरेगा योजना के तहत बेरोजगार युवकों को योजना के माध्यम से 100 दिन का काम दिया जाय, सरकारी स्कूलों में कार्यरत झारखंड के 2.47 हजार रसोईया/ संजोजिका को मनरेगा योजना के तहत न्यूनतम मजदूरी राशि 257 के तर्ज पर वेतनमान भुगतान किया जाय, सरकारी स्कूलों में कार्यरत पर शिक्षकों को स्थाईकरण करते हुए वेतनमान में विलंब वृद्धि किया जाए, चौकीदारी बहाली में पारदर्शिता बहाल करते हुए पूर्व के बहाल चौकीदारों का मामला का निष्पादन अविलंब किया जाए। जामताड़ा जिले के आदिवासी बहुल इलाकों के सुदूर क्षेत्र गांवों में जल मीनार को दुरुस्त करते हुए अविलंब पेयजल की व्यवस्था किया जाए। मौके पर जिला मंत्री सह नाला विधानसभा नेता मनोज गोस्वामी ने इस संदर्भ में कहा कि विगत 3 वर्षों से आंशिक वर्षा के कारण जामताड़ा जिले में किसानों के सामने भयावह की स्थिति उत्पन्न हो गई है। क्योंकि जामताड़ा जिला कृषि पर आत्मनिर्भर है और इस क्षेत्र को अविलंब सुखाड़ क्षेत्र घोषित करने के लिए राज्यपाल के नाम बीडीओ को प्रतिनिधि मंडल ने मिलकर मांग पत्र सौंपा, जिसमें भाजपा के बिंदापाथर मंडल के मंडल अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव, फतेहपुर मंडल के मंडल महामंत्री निवास यादव, संजय मंडल, शिबू पंडित, रंजीत दास, पंकज मंडल, प्रकाश सिंह आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
दो साइबर अपराधी गिरफ्तार, 11 मोबाइल, 16 फर्जी सिम कार्ड सहित अन्य सामग्री बरामद
सभी को न्यायिक अभिरक्षा में मंडल कारा जामताड़ा भेजा गया
जामताड़ा। संवाददाता। एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान के नेतृत्व में अन्य पुलिसकर्मी को शामिल करते हुए टीम गठित की गई। टीम ने नारायणपुर थानान्तर्गत ग्राम समलापुर के अजय कुमार मंडल के घर में साईबर अपराधियों के विरूद्ध छापामारी कर साईबर अपराध की घटना को अंजाम देते हुए साईबर अपराधकर्मी रंजीत कुमार महतो, अजय कुमार मंडल को 11 फर्जी मोबाईल, 16 सिम, एक एटीएम कार्ड, दो आधार कार्ड, दो पैन कार्ड के साथ पकड़ा गया।
उक्त जानकारी देते हुए मंगलवार को थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान ने बताया कि इस संबंध में इनके विरूद्ध जामताड़ा साईबर अपराध थाना में कांड संख्या 46/24 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने कई कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है। पुलिस उनसे बरामद मोबाइल एवं सिम कार्ड को खंगालने में जुट गई है। वही सभी का मेडिकल जांच करवा कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में मंडल कारा जामताड़ा भेज दिया गया है। बताया कि क्रेडिट, डेबिट कार्ड बंद होने की बात बताकर एवं लोगों को झांसा में लेकर उनके मोबाईल में स्क्रिन सेयरिंग एप जैसे एनीडेस्क, टीम व्यूअर्स डाउनलोड करवाकर क्रेडिट, डेबिट कार्ड का सभी तरह का गोपनीय जानकारी प्राप्त कर साईबर ठगी करता था।
पाकुड़ में छात्रों पर हुई लाठीचार्ज को लेकर निकाला आक्रोश मार्च
जामताड़ा। संवाददाता। विगत 26 जुलाई को आधी रात पाकुड़ में केकेएम कॉलेज हॉस्टल के आदिवासी छात्रों के साथ हुई पुलिस की बर्बरता पूर्ण मारपीट करना शर्मनाक कार्य है, जिसने हमारे समाज के अंधेरे पहलू को उजागर किया, यह सत्य है कि पुलिसकर्मी बिना किसी डर के निर्दोष छात्रों को पीट सकते हैं तो हमारे आदिवासी समुदाय द्वारा सामना किया जाने वाले सिस्टमिक उत्पीड़न की एक स्पष्ट याद दिलाती है। हम छात्रों के लिए सभी सामाजिक संगठनों की ओर से पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हैं। जो भी इस घृणित कार्य के लिए जिम्मेदार है, हम आदिवासी समुदायों के लिए सुरक्षा और पुलिस अत्याचारों के खिलाफ विरोध करते हैं तथा छात्रों के ऊपर पुलिस द्वारा झूठा मुकदमा दर्ज किया गया है, उसे सरकार वापस करें। विरोध मार्च गांधी मैदान जामताड़ा से निकलकर टावर चौक होते हुए स्टेशन रोड इंदिरा चौक मुख्य बाजार होते हुए सुभाष चौक पुन: गांधी मैदान में समाप्त की गई। विरोध मार्च में मुख्य रूप से युवा आदिवासी दल के प्रमुख अमरजीत हेंब्रम, मांझी परगना सरदार महासभा के जामताड़ा जिला अध्यक्ष सुनील कुमार हंासदा, सिद्धू कान्हु सेवा समिति के अध्यक्ष आनंद टुडू, आदिवासी बादोली क्लब के देवव्रत सोरेन, आदिवासी युवा संगठन के संदीप मुर्मू, विनोद बिहारी स्मारक समिति के मंतोष कुमार महतो, जिप सदस्य जिमोली बास्की अमिता टुडू, विश्वजीत मरांडी, विकास मरांडी, आलोक सोरेन, बिरमा बेसरा, आशीष कुमार टुडू, आतिश कुमार टुडू, बृजेश रावत, राज शंकर, कृष्णा मरांडी, मंगल सोरेन, बलदेव मुर्मू, सुखेंद्र टुडे, कमलजीत मुर्मू, जगन्नाथ हेंब्रम, निर्मल सोरेन, कृष्ण टुडू, विलियम सोरेन, आनंद अभिषेक हांसदा, सत्य बेसरा, फिलीमन मुर्मू आदि शामिल थे।
थाना परिसर में लगाया गया जनता दरबार, कई लोगों की सुनी समस्याएं
कुंडहित। संवाददाता। मंगलवार को थाना दिवस के अवसर पर कुंडहित थाना परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार का आयोजन थाना प्रभारी विनय कुमार यादव की अध्यक्षता में की गई। जनता दरबार में कई लोगों की समस्या को सुनी गई। कई समस्या लंबित रहने के कारण आगामी मंगलवार को निष्पादन करेंगे।मौके पर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को थाना परिसर में जनता दरबार लगाया जाएगा। जहां क्षेत्र की लोगों को कानूनी सलाह एवं उनकी समस्याओं का निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने थाना क्षेत्र वासियों को कहा कि अगर आप लोगों पर कोई मामला, कोई समस्या या कानूनी जानकारी लेनी हो तो अवश्य जनता दरबार में भाग ले। मौके पर एएसआई निताई दास के अलावे ग्रामीण जन उपस्थित थे।