गिरिडीह। संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के बीबीसी रोड कुम्हार टोली निवासी एक महिला ने अपनी ननद के पति के ऊपर छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को महिला ने पुलिस से दोषी बजरंगी पंडित को गिरफ्तार करने की मांग की है। महिला ने बताया कि धनबाद जिला के भूली थाना अंतर्गत पाड़ंगपल्ला कुम्हार टोली निवासी बजरंगी पंडित के साथ मेरी ननद का विवाह हुआ है। दोनों में विवाद रहने के कारण ननद मायके में ही रहती है। बताया कि एक दिन हम अकेले अपने घर में थे, तभी नंदोषी बजरंगी पंडित अकेले का फायदा उठाकर मेरे साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। साथ ही, मेरा हाथ पकड़ कर फोटो भी खींच लिया। हल्ला करने के बाद बजरंगी पंडित मेरे हाथ को छोड़ दिया। कुछ दिन के बाद वह मुझे प्रताड़ित करने लगा और सोशल मीडिया पर हमारी फोटो को एडिट कर अश्लील तरीके से अपलोड कर दिया। सोशल मीडिया पर देखने के बाद डिलीट करने को कहा, तब गंदी-गंदी गाली देने लगा और कहा कि अभी और वायरल करना बाकी है। पीड़ित महिला ने इस मामले को लेकर नगर थाना में आवेदन दी। कोई कार्रवाई नहीं होने पर इन्होंने पुलिस अधीक्षक से भी न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने सकारात्मक आश्वासन दिए हैं। महिला ने पुलिस से दोषी बजरंगी पंडित को गिरफ्तार करने की मांग की है।
एसडीएम ने की आदर्श आचार संहिता को लेकर बैठक
इंटरमीडिएट स्ट्रांग रूम, वल्नेरेबल मैपिंग, क्रिटिकल एंड नॉन क्रिटिकल को लेकर दिया निर्देश
गिरिडीह। संवाददाता। सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विस्पुते ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ झारखण्ड विधानसभा आम निर्वाचन, 2024 के निमित्त आदर्श आचार संहिता का दृढ़ता से अनुपालन करने तथा इंटरमीडिएट स्ट्रांग रूम, वल्नेरेबल मैपिंग, क्रिटिकल एंड नॉन क्रिटिकल से संबंधित अन्य विषयों की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। इसके अलावा सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने मतदान केन्द्रों पर निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मापदंडों के तहत किये जा रहे कार्यों की अद्यतन स्थिति की सूक्ष्मता से जानकारी ली। साथ ही, मतदान केन्द्रों पर दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने क्रिटिकल और वलनरेबल बूथों के चिह्नितीकरण कार्य पर गति लाने का निर्देश दिया। साथ ही, बूथों के चिह्नांकन के तय मानको के आधार पर कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही बूथों पर एएमएफ के बुनियादी सुविधाओं यथा बिजली, पानी, शौचालय, रैंप की सुविधा को सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की फेक न्यूज या फेक वीडियो पर निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सभी थाना प्रभारी, गिरिडीह अनुमंडल क्षेत्र व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
विकास भगत की मृत्यु के उपरांत आश्रिता को मिला 15 लाख का चेक
गिरिडीह। संवाददाता। जिला निर्वाचन पदाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा व पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार की ओर से 28 मार्च 2024 को प्राधिकृत अनि (स) सुबल चन्द्र राय, आईआरबी 09, गिरिडीह के उचित पहचान पर लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 के लिए विधि व्यवस्था संधारण के लिए गठित इक्को-68 के आरक्षी 365 विकाश भगत के मृत्यु के उपरांत उनके आश्रिता पत्नी रेणु कुमारी, ग्राम बरनाग, थाना-किस्कों, जिला लोहरदगा को अनुग्रह अनुदान राशि के रूप में पन्द्रह लाख रूपये का चेक उपलब्ध कराया गया है। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचन शाखा के प्रधान लिपिक समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
चित्रगुप्त पूजा को लेकर केंद्रीय चित्रगुप्त पूजा महापरिवार समिति की बैठक
100 वर्षों से पूजा का रहा है गौरवपूर्ण इतिहास: अजय सिन्हा
गिरिडीह। संवाददाता। आगामी चित्रगुप्त पूजा को देखते हुए शुक्रवार गिरिडीह केंद्रीय चित्रगुप्त पूजा महापरिवार समिति की बैठक गिरिडीह जिला अधिवक्ता भवन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ अधिवक्ता निरंजन प्रसाद व संचालन विशाल आनंद ने की। आज की बैठक में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी धूमधाम से चित्रगुप्त पूजा मनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक के दौरान पिछले वर्ष पूजा से संबंधित आय व्यय का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया। बताया गया कि समिति के पास बचत कोष से सात परिवारों के सदस्य को गंभीर बीमारी में ईलाज के लिए एवं दो व्यक्तियों के मृत्यु के पश्चात संस्कार क्रिया एवं अन्य आवश्यकता पर परिवारजन को सहायता प्रदान किया गया। इस दौरान अधिवक्ता अजय सिन्हा मंटू ने कहा कि यहां चित्रगुप्त पूजा का लगभग 100 वर्षों का गौरवपूर्ण इतिहास रहा है। इसी परम्परा का आज भी निष्ठापूर्वक अनवरत निर्वहन किया जा रहा है। चित्रगुप्त पूजा की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाली शोभायात्रा के बारे में उन्होंने बताया कि विधानसभा के चुनाव की तिथि आ गई और आचार संहिता भी लग चुकी इसको देखते हुए इस बार शोभायात्रा का कार्यक्रम स्थगित किया गया है। आज की बैठक में पूजनोत्सव के सफल आयोजन के लिए पूजा समिति का पुनर्गठन किया गया, जिसमें पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया, जिसमें अध्यक्ष प्रकाश सहाय, सचिव अजय कुमार सिन्हा मंटू, कोषाध्यक्ष ज्योतिष कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष नित्यानंद प्रसाद एवं शिवेंद्र सिन्हा, सह सचिव टिंकू सिन्हा, सिंकु सिन्हा, सह कोषाध्यक्ष सुनील सिन्हा, संरक्षक मंडली चंद्र मोहन प्रसाद, निरंजन प्रसाद, विजय कुमार सिन्हा, चुन्नू कांत, शंभूनाथ सहाय, विनय बक्शी समेत कार्यकारिणी के सदस्यगण उपस्थित थे।
महेशलुंडी पंचायत में लगा फाईलेरिया जांच शिविर
मुखिया शिवनाथ साव की भूमिका रही सराहनीय
गिरिडीह। संवाददाता। जिला भीबीडी पदाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को स्वास्थ्य उपकेंद्र महेशलुंडी में रात्रि रक्तपट संग्रह कैंप का महेशलुंडी मुखिया शिवनाथ साव ने किया, जिसमें 20 वर्ष के उपर के 290 लोगों ने फाईलेरिया की जांच करवायी। फाईलेरिया की जांच रात्रि 8 बजे से 12 तक की गयी। बताया गया कि महेशलुंडी पंचायत में फाईलेरिया के मरीज काफी संख्या में पाए गए हैं। इसे देखते हुए भीबीडी पदाधिकारी के निर्देश पर उक्त जगह का चयन किया गया है, जिसमें पिरामिल फाउंडेशन के पदाधिकारी भी उपस्थित थे। स्वास्थ्य विभाग से एमपीडब्लू रंधीर कुमार, अजय पासवान, परवेज अंसारी, सुबोध सिंह, विशाल गौरव, अजीत कुमार सिन्हा, राजेंद्र वर्मा, सहिया उर्मिला देवी, सुनीता देवी, बीटीटी रामाशंकर शर्मा, एलटी रंजन कुमार, अभिषेक कुमार, मुखिया शिवनाथ साव, पंचायत के प्रतिनिधि आदि मौजूद थे।
पुलिस ने नष्ट किया जावा, भट्ठियों को किया ध्वस्त
डुमरी। संवाददाता। डुमरी थाना क्षेत्र के करिहारी में शुक्रवार को छोटे बड़े 17 जरकिन में लगभग 340 किलो जावा महुआ जो जमीन में गाड़कर एवं अलग से रखा गया था, को डुमरी पुलिस ने जब्त करते हुए नष्ट कर दिया। साथ ही, शराब बनाने वाले भट्टी को भी नष्ट कर दिया। वहीं निमियाघाट थाना के ग्राम केंदुआडीह में अवैध महुआ शराब के विरुद्ध छापामारी की गई। छापामारी में आनंद साव, तारा साव (दोनों के पिता सागर साव) एवं बिनोद साव (पिता टकेश्वर साव) घर के पीछे के करकेट एवं झोपड़ी के पुराना मकान में 03 ड्रम एवं 02 एल्युमिनियम का बड़ा तसला में कुल 300 किलो जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे जब्त करने के पश्चात नष्ट कर दिया गया। साथ ही, महुआ शराब भट्ठी को भी नष्ट कर दिया गया। बता दें कि उपरोक्त स्थानों के साथ साथ करिहारी जमुनिया नदी के किनारे, नगलो घुटवाली, बेलदारी टोला, धनहारा आदि कई स्थानों पर अवैध महुआ शराब की चुलाई की जाती है।
आरएसएस ने श्रद्धा के साथ मनाया शारदीय पूर्णिमा
बिरनी। संवाददाता। प्रखण्ड के पलौंजिया स्थित रामनगर में गुरुवार शाम को आरएसएस ने श्रद्धा के साथ शारदीय पूर्णिमा मनाया। कार्यक्रम का नेतृत्व विभाग कुटुंब प्रबोधन प्रमुख जयनारायण मोदी ने किया तथा मुख्य अतिथि बतौर जिला कार्यवाह वीर प्रताप शिव उपस्थित रहे। जानकारी देते हुए विभाग कुटुंब प्रबोधन प्रमुख जयनारायण मोदी ने बताया कि शरद पूर्णिमा संघ के उत्सवों में शामिल है, जिसमें सभी स्वयंसेवक एकत्रित होकर चांद की रौशनी में खीर पकाते हैं तथा पके हुए खीर को खुली आसमान के नीचे छोड़ देते हैं। ऐसा माना जाता है कि शरद पूर्णिमा के दिन चांद से अमृत बरसता है तथा उस खीर को खाने से विभिन्न प्रकार की बिमारियां नष्ट होती है। इस दौरान मुख्य शिक्षक नयन राज ने स्वयंसेवकों को विभिन्न प्रकार के खेल खेलवाया तथा मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित जिला कार्यवाह वीर प्रताप शिव ने संघ के कार्यक्रमों एवं देश-दुनियां में हिंदुओं के साथ हो रहे दुर्व्यवहार के बारे में चर्चा किया। कहा कि इन घटनाओं से भी हिन्दू समाज सीख नही लेगा तो कल ऐसी घटना हमारे-आपके गांव एवं घरों तक पहुंच जाएगी। संघ शाखा के माध्यम से व्यक्तित्व का निर्माण करती है जो समाज में बदलाव लाने का प्रयास करते हैं। इस दौरान शाखा कार्यवाह सुरेंद्र सोनी, प्रार्थना प्रमुख सात्विक-सुमन मोदी, सचिदानन्द बर्णवाल, सागर कुमार, लक्की कुमार, अतुल वैष्णव, प्रवीण कुमार, मनु कुमार, कृष्णा कुमार, प्रेमचंद कुशवाहा, रोहित कुमार, महेश मोदी, अमित कुमार, आयुष कुमार, जयकुमार सोनी समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
भाजपा को अलविदा कर केदार हाजरा ने बांधी झामुमो की हरी पगड़ी
रांची में हेमंत और कल्पना ने करायी सदस्यता ग्रहण
जमुआ। संवाददाता। आरक्षित जमुआ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर तीन बार विधायक बनने वाले केदार हाजरा ने शुक्रवार को भाजपा को अलविदा कह दिया। विधायक हाजरा एकबार फिर टिकट के लिए रांची से दिल्ली की दौड़ लगाने के बाद यह कदम उठाया। बताया जाता है कि आसन विधानसभा चुनाव में केदार हाजरा को पुन: टिकट देने के बजाय भाजपा ने हाल ही में भाजपा में शामिल हुई कांग्रेस नेत्री मंजु कुमारी को टिकट देने का मन बनाया, इसबात की भनक लगते ही केदार रांची से लेकर दिल्ली तक भाजपा के बड़े नेताओं का दरवाजा खटखटाया पर बात नहीं बनी। आखिरकार केदार ने भाजपा को ही अलविदा कह दिया। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि क्या झामुमो केदार को जमुआ से उम्मीदवार बनाती है अथवा नहीं। हालांकि केदार के करीबी बताते हैं कि केदार को झामुमो जमुआ से उम्मीदवार घोषित करेगी।
गिरिडीह में तीन सीट पर लड़ेगी सपा : जिलाध्यक्ष
जमुआ। संवाददाता। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश वर्मा ने शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण के क्रम में हीरोडीह थाना क्षेत्र के सिंहोडीह में पत्रकारों से कहा कि उनकी पार्टी गिरिडीह में तीन सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहा गिरिडीह, जमुआ और धनवार सीट से प्रत्याशी देनी है। कहा कि इस संदर्भ में वे लखनऊ जाकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष बात रख चुके हैं और पार्टी आलाकमान ने तीन सीटों पर गिरिडीह में चुनाव लड़ने की इजाजत दिया है। कहा कि बगोदर, गांडेय सीट पर भी बात चल रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में सपा 40 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है यदि अच्छे और मजबूत प्रत्याशी मिले तो। रमेश वर्मा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष राजन यादव, मुख्य महासचिव मुमताज अली जिला महामंत्री कमीला हंसदा जिला महामंत्री जिला उपाध्यक्ष मंटू कुमार स्वर्णकार जिला महासचिव रेशमा बेगम के साथ मिलकर झारखंड में विधानसभा चुनाव की रणनीति बनाई गई। कहा कि गांडेय छोड़कर गिरिडीह की हर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी उतारने को तैयार है। बगोदर से शिवशंकर मंडल, जागेश्वर वर्मा, धनवार से डॉ बालमुकुंद अगवाल, मो वाजिद अंसारी ने प्रत्याशी के तौर पर पार्टी को आवेदन दिया है। उनके आवेदनों पर विचार किया जा रहा है।
मर्डर केस में फरार आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
बेंगाबाद। संवाददाता। बेंगाबाद पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। बेंगाबाद थाना से मिली जानकारी के अनुसार, बीते साल सितम्बर 2023 से आरोपी फरार चल रहा था। वादी के आवेदन के आलोक में बेंगाबाद थाना में कांड संख्या 232/2023 के तहत अभियुक्त विशाल दास, पिता चंद्रिका दास गांव धोबनी के निवासी बहुत दिनों के बाद कलकत्ता से सुबह सुबह अपने घर वापस आया था। बताया गया की आरोपी घटना के बाद जो करीब एक वर्ष से फरार चल रहा था, पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ने पहुंचा तो आरोपी पुलिस को देख भागने लगा, तब जाकर गांव के ही धान खेत में आरोपी को दौड़ाकर एवं सशस्त्र बलों के सहयोग से घेरकर पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय से वारंट प्राप्त हुआ था। इसी क्रम में आरोपी को गिरफ्तार कर गिरिडीह जेल भेज दिया गया है।
विधानसभा चुनाव में पेड न्यूज पर रखी जायेगी नजर: अपर समाहर्ता
वरीय पदाधिकारी मीडिया कोषांग ने बैठक कर दिये कई निर्देश
संबंधित अधिकारियों व कर्मियों की कार्य प्रणाली व कार्य दायित्वों के संबंध में हुई चर्चा
गिरिडीह। संवाददाता। वरीय पदाधिकारी (मीडिया कोषांग)-सह-अपर समाहर्ता बिजय सिंह बिरुआ की अध्यक्षता में मीडिया कोषांग के अधिकारियों व कर्मियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान वरीय पदाधिकारी, मीडिया कोषांग की ओर से सभी अधिकारियो व कर्मियों को उनके दायित्वों और कर्तव्यों से अवगत कराया गया। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति आदर्श आचार संहिता के प्रभावी रहने के दौरान किसी राजनीतिक दल अभ्यर्थी द्वारा अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अन्य मामलों की गतिविधियों के संचालन एवं निगरानी का कार्य करेगी। बैठक के दौरान वरीय पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की कार्य प्रणाली एवं कार्य दायित्वों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव 2024 के निमित्त सोशल मीडिया, समाचार पत्र, टीवी चैनल आदि पेड न्यूज पर निगरानी रखनी होगी। नियमित समाचार पत्र की कतरन करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही, उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह फेक न्यूज, चुनावी पोस्ट, वीडियो आदि की भी जांच करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में उपरोक्त के आलावा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सहायक नगर आयुक्त समेत जिला जनसंपर्क कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित थे।