चमेली देवी सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुनी गई
नारायणपुर। संवाददाता। नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के दक्षिणीडीह राम सीता जानकी सह हनुमंत मंदिर प्रांगण में 9 दिवसीय यज्ञ के सफल संचालन के लिए रविवार को समाजसेवी चमेली देवी की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें श्री श्री 1008 नौ दिवसीय मारुतिनंदन रुद्र महायज्ञ दक्षिणीडीह का सर्वसमिति से चमेली देवी को अध्यक्ष चुना गया। वहीं संयोजक प्रदीप कुमार चौधरी, उपाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह एवं सच्चिदानंद सिंह, कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, जय किशोर सिंह, मंत्री रामदेव प्रसाद सिंह, पिंटू कुमार, श्यामलाल महतो, सत्यनारायण सिंह, रंजीत यादव, प्रफुल्ल राय, मंच संचालक कुणाल किशोर एवं अजीत कुमार सिंह एवं मीडिया प्रवक्ता उदय किशोर सिंह को बनाया गया। इस दौरान यज्ञ को लेकर कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। साथ ही, यज्ञ को भव्य रूप से आयोजन करने का निर्णय लिया गया।
बता दें कि 2 मार्च को रूद्र महायज्ञ को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाला जाएगा। 3 मार्च से 11 मार्च 2025 तक 9 दिवसीय कथा, हवन, प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। मौके पर प्रदीप राय, गोकुल तुरी, शेखर तुरी, पिंटू सिंह, कुंदन किशोर, चंदन कुमार, अरुण सिंह, मुरली सिंह, विनोद सिंह, विनोद पंडित सहित अन्य उपस्थित थे।
तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ
जिले में कुल 01 लाख 2,90,112 बच्चों को दवा खिलाने का है लक्ष्य
डीडीसी, अपर समाहर्ता व सिविल सर्जन ने बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाया
जामताड़ा। पंच टीम। जिले भर में तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का रविवार को शुभारंभ किया गया। इस दौरान जामताड़ा सदर अस्पताल परिसर में डीडीसी निरंजन कुमार, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, सिविल सर्जन आनंद मोहन सोरेन सहित अन्य लोगों ने दीप जलाकर तथा बच्चों को पोलियो रोधी दवा खिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान डीसी ने कहा कि पहले दिन बूथ पर तथा 2 दिन घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। वहीं सिविल सर्जन ने पल्स पोलियो अभियान कार्यक्रम को लेकर किए जाने वाले कार्यों के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। उन्होंने बताया कि जामताड़ा जिले में कुल 01 लाख 290112 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य है, जिसमें प्रयास किया जाएगा की प्रथम दिन बूथ पर 90 प्रतिशत बच्चों को दवा पिला दिया जाए। कहा कि सभी प्रखंडों में मॉनिटरिंग की जा रही है और निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक दिन शाम को प्रखंड व जिला कार्यालय को रिपोर्ट भेजा जाए, ताकि समय पर रिपोर्ट राज्य कार्यालय को भेजा जा सके। इस दौरान एसीएमओ कालिदास मुर्मू, डॉ निलेश कुमार, डॉक्टर डीसी मुंशी, अंतैस कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।
कुंडहित संवाददाता के अनुसार, रविवार को मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जिप सदस्या रीना मंडल एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा ने संयुक्त रूप से फीता काट कर पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा, जिप सदस्य रीना मंडल, पूर्व जिला परिषद सदस्य भजहरि मंडल एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ उपलेन मरांडी ने स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई। इस दौरान पूर्व जिला परिषद सदस्य भजहरी मंडल ने कहा कि पूरे भारतवर्ष में पल्स पोलियो अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद पिलायी जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार पल्स पोलियो को जड़ से मिटाने के लिए जो अभियान चलाया है, वह एक सराहनीय अभियान है। उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो हमारे देश में काफी मात्रा में फैला हुआ था, जो सरकार एवं सभी स्वास्थ्य कर्मी के प्रयास से यह महामारी बीमारी को जड़ से मिटाने में हम सब सफलता हासिल किए हैं। उन्होंने सभी प्रखंड वासियों को आग्रह करते हुए कहा कि 0 से 5 साल के बच्चे को जरूर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। वही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ उपलेन मरांडी ने कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 8 दिसंबर से 10 दिसंबर तक चलाया जाएगा। इस दौरान पूर्व निर्धारित 155 बूथों में 18,030 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य मिला है। उन्होंने कहा कि अभियान में 308 वैक्सीनेटर तथा 29 सुपरवाइजर अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान 3 दिन तक चलाया जाएगा, जिसमें 8 दिसंबर को बूथ में बच्चों को पल्स पोलियो पिलाया जा रहा है। वही 9 एवं 10 दिसंबर को डोर टू डोर छूटे हुए बच्चों को पल्स पोलियो पिलाया जाएगा। मौके पर आयुष चिकित्सक डॉ तापस मंडल, बीपीएम सलीम खान, एमपीडब्ल्यू निर्मल फौजदार, सुपरवाइजर, वैक्सीनेटर के अलावे स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।
नाला संवाददाता के अनुसार, नाला प्रखंड क्षेत्र में तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ हुआ। प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में रविवार को ब्लॉक प्रमुख कलावती मुर्मू ने दीप जलाकर इस कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। नौनिहालों को पोलियो रोधी ड्रॉप भी पिलाई गई। मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ लियाकत अंसारी ने कहा है कि क्षेत्र के 20 हजार 618 लक्ष्य वर्ग को दवा पिलाने के लिए कुल 218 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पोलियो बूथ में दो -दो स्वास्थ्य कर्मी प्रतिनियुक्त किए गए हैं तथा पदाधिकारी एवं पर्यवेक्षक की टीम लगातार अनुश्रवण कर रहे हैं। बताया गया है कि आज दवा से वंचित शिशुओं को उसके घर घर जाकर दवा पिलाई जाएगी। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिया गया है। इस मौके पर चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रामकृष्ण, बीपीएम जितेंद्र कुमार, पप्पू के अलावा स्वास्थ्य कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
नारायणपुर संवाददाता के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में रविवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी मुरली यादव, प्रखंड प्रमुख अंजना हेंब्रम एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अमरेंद्र कुमार सिंह ने बच्चों को दवा पिलाकर पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर एके सिंह ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान की सफलता को लेकर नारायणपुर प्रखंड में 250 पोलियो बूथ एवं 13 सब डिपो बनाया गया है। जिसमें 52 सुपरवाइजर एवं 499 वैक्सीनेटर को नियुक्त कर 0 से 5 वर्ष तक के 41 हजार 551 बच्चों-दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। मौके पर बीपीएम अखिलेश कुमार सिंह, बीडीएम मुकेश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।
विधायक रविंद्र नाथ महतो के पिता का निधन से क्षेत्र में शोक की लहर
अंतिम यात्रा में शामिल हुए हजारों लोग
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक
बिंदापाथर। संवाददाता। झारखंड विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और नवनिर्वाचित विधायक रविंद्र नाथ महतो के पिता गोलोक बिहारी महतो 90 साल का रविवार सुबह को हृदयगति रुक जाने से निधन हो गया है। वह अपने पीछे दो पुत्र, एक रविंद्र नाथ महतो जो नाला विधानसभा से विधायक हैं, दुसरा संजीव कुमार महतो जो नाला महाविद्यालय के प्रोफेसर हैं तथा पोता कुणाल कंचन व कुंदन कुमार तथा पोती एवं परपोता सहित भरा-पुरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन होने से पैतृक गांव पाटनपुर समेत आसपास क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। इस खबर को सुनते ही परिजन, स्थानीय लोगों के साथ-साथ शुभचिंतकों आना प्रारंभ हो चुका है। मालूम हो की सेवानिवृत्त शिक्षक स्वर्गीय गोलोक बिहारी महतो मृदुभाषी, कर्तव्यनिष्ठ एवं शैक्षणिक कार्य के साथ-सथ विकास कार्य के लिए हर वक्त तत्पर रहते थे। सभी प्रकार के सामाजिक कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। उनके अचानक चले जाने से संपूर्ण समाज शोकाकुल है। उनका अंतिम संस्कार मोहजोड़ी के शीला नदी घाट पर किया गया। शवयात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस दौरान उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, अनुमण्डल पदाधिकारी अनन्त कुमार सहित गणमान्य लोग उनके पैतृक गांव पहुंच कर श्रद्धांजलि दी। शवयात्रा के दौरान पाटनपुर, बाघमारा, डाड़, बड़वा, सिमलडुबी, खमार, मोहजुड़ी आदि गांव के सड़क के दोनों ओर सैकड़ों की संख्या में लोग अपने प्रिय नेता के पिता का अंतिम दर्शन के लिए खड़े थे। शवयात्रा मोहजुड़ी शीला नदी घाट पर पहुंची, जहां पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। घाट पर अंतिम यात्रा में शामिल होने आए लोगों ने माल्यार्पण किया। मुखाग्नि बड़े पुत्र सह विधायक रविंद्र नाथ महतो ने दी। अंतिम संस्कार के दौरान राजनीतिक दलों के नेता, समाजसेवी एवं काफी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक :
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्व स्पीकर रवींद्र नाथ महतो के पिता के निधन पर शोक जताते हुए उन्होंने अपने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया। झामुमो के वरिष्ठ नेता और नाला से विधायक रवींद्रनाथ महतो के पिता गोलक बिहारी महतो के निधन की दु:खद सूचना मिली। मरांग बुरु दिवगंत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दु:ख की यह विषम घड़ी सहन करने की शक्ति और साहस दें।
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 15 लाभुकों के बीच सूकर वितरण
नारायणपुर। संवाददाता। प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय चैनपुर में रविवार को सुकर वितरण किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत नारायणपुर उपप्रमुख मीना देवी, बीएचओ डा सुनील प्रसाद सिंह एवं टीभीओ डॉ सुशील टुडू ने संयुक्त रूप से 15 लाभुकों के बीच सूकर का वितरण किया, जिसमें नारायणपुर प्रखंड के 3 लाभुकों को 90 प्रतिशत तथा 12 लाभुकों को 75 प्रतिशत अनुदान में प्रति यूनिट एक नर तथा 4 मादा सूकर उपलब्ध कराया। मौके पर प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ सुनील प्रसाद सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार का एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसमें मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत लाभुकों को अनुदान पर सूकर का उपलब्ध कराया गया है। लाभुक इस योजना का लाभ लेकर सूकर का पालन कर अपना आय को बढ़ा कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। बीएचओ डॉ सुनील प्रसाद सिंह ने लाभुकों को सूकर में होने वाले बीमारी तथा उसके रोकथाम के उपाय बता कर बेहतर ढंग से सूकर पालन करने की जानकारी दिया। मौके पर पूर्व उपप्रमुख दोलगोबिंद रजक, पान मरांडी आदि मौजूद थे।
ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत
मिहिजाम। संवाददाता। ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत रविवार की सुबह हो गई। मृतक की पहचान मेन रोड कानगोई निवासी राजकुमार पंडित के रूप में हुई। घटना चितरंजन रेलवे स्टेशन से करीब 1 किलोमीटर दूर पूर्व दिशा जनजातीय कॉलेज के समीप रेलवे लाइन पर घटी है। इसकी सूचना मिलने पर चितरंजन रेलवे स्टेशन के आरपीएफ तथा मिहिजाम की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है। पुलिस ने शव को डाउन रेलवे लाइन के पोल संख्या 235/32 के पास से उठाया है, जहां शव पड़ा हुआ था। घटना की सूचना लोगों को सुबह-सुबह उस वक्त मिला, जब रेलवे लाइन को लोग पार कर रहे थे। इसी बीच मृत अवस्था में राजकुमार पंडित की लाश को देखकर एक दूसरे को बताया, जहां लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गयी। तत्पश्चात लोगों ने इसकी खबर पुलिस को दिया। वही पुलिस कागजी प्रक्रिया पूरा करने के बाद छानबीन में जुटी है। घटना किस ट्रेन के चपेट में आने से हुई है। इसका पता नहीं चल पाया है। वही घटना के बाद से परिजन का रो रो कर बुरा हाल था।
पक्के मकान का सपना अब भी अधूरा
दूसरी किस्त के राशि के लिए भटक रहे हैं लाभुक
फतेहपुर। संवाददाता। गरीब एवं असहायों के अधूरे सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत पहाड़िया जाति के लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना चलाई जा रही है, जिसके माध्यम से ऐसे गरीब-असहाय जिनके पास अपना पक्का मकान नहीं है और निर्धनता के कारण अपना आवास बनाने में असमर्थ रहे हैं। उनको इस योजना का लाभ देकर गरीबों का आवास का सपना साकार करने के उद्देश्य से दिया जाता है। लेकिन फतेहपुर प्रखंड में 64 पहाड़िया परिवारों को पीएम जन मन योजना का हाल बेहाल है। ऐसा इसलिए क्योंकि वर्ष 2023 में शुरू हुई इस योजना का लाभ लोगों को मिला तो है लेकिन योजना अब तक सफल नहीं हो पाई है। दरअसल पीएम जन मन योजना जनजातीय गौरव दिवस पर वर्ष 2023 के नवंबर माह में लांच की गई थी। इस योजना के तहत फतेहपुर प्रखंड में भी निर्धन पहाड़िया आदिम जनजाति के लोगों को आवास योजना का लाभ मिला है लेकिन आवास अब तक अधूरा पड़ा है। बता दें कि फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत गुलूडुमरिया गांव के पहाड़िया टोला में ऐसी तस्वीर साफ दिखाई देती है, जहां लगभग 10 पहाड़िया लाभुकों को पीएम जन मन योजना के तहत आवास उपलब्ध कराया था। इसके तहत पहली किस्त तीस हजार प्रत्येक लाभुकों को दी गई। इसके बाद लाभुकों ने डीपीसी तक ढलाई भी की लेकिन उसके बाद राशि नहीं मिल पाने के कारण ये सभी आवास अधर में लटके पड़े हैं। दरअसल देखा जाए तो पहाड़िया आदिम जनजाति बेहद ही गरीब होते हैं और ये खुद की कमाई से एक घर भी बनाने में सक्षम नहीं हो पाते हैं। ऐसे में दूसरी किस्त नहीं मिलने के कारण इन लोगों की स्थिति काफी खराब है। अब देखना बाकी होगा कि कब तक ऐसे निर्धन लोगों को आवास की दूसरी किस्त नसीब हो पाती है या नहीं।