पथरगामा। संवाददाता। प्रखंड के चिलरा पंचायत अंतर्गत घाट बलिया ग्राम में रविवार को सुबह मिट्टी की दीवाल ढहने से एक महिला एवं एक मवेशी की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह जुलेखा बीवी, पति मोहम्मद जमीर अपना मवेशी को खुंटा में बांध रही थी। इसी दौरान अचानक मिट्टी की पुरानी दीवाल गिर गई। दीवाल के नीचे जुलेखा और मवेशी दब गए। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दीवाल गिरने की आवाज सुनकर मृतका की बेटी पहुंची। अपनी मां को मिट्टी की दीवाल की ढेर में दबा देखकर उसने हल्ला करना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हुए और मिट्टी की दीवाल के नीचे दबी जुलेखा को निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने मिट्टी में दबे मवेशी को भी निकाला, लेकिन मवेशी भी जिंदा नहीं था।
घटनास्थल पर मौजूद कांग्रेस के संगठन मंत्री रामजीवन सिंह एवं ग्रामीण मदन सिंह ने मामले की सूचना पथरगामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद एवं अंचल अधिकारी, पथरगामा कोकिला कुमारी को दी। सूचना मिलते ही पथरगामा थाना के एएसआई नारद कुमार एवं विनोद बैठा दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा भेज दिया।
इधर घटना सूचना मिलते ही चिलरा पंचायत की मुखिया शांति मुर्मू, पंचायत समिति सदस्य संजू सोरेन, मुखिया प्रतिनिधि राजेश राज टुडू, पंचायत समिति प्रतिनिधि किरानी टुडू ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की सारी जानकारी ली। पंचायत की मुखिया शांति मुर्मू ने मुआवजा को लेकर आवेदन अंचलाधिकारी पथरगामा को देने की बात कही। घटनास्थल पर शेख साजन, शेख जबीर, शेख इस्लाम, शेख कलाम, शेख माजिद, शेख सज्जाद, शेख कलाम, शेख नासिर आदि मौजूद थे। मामले की जानकारी मिलने पर अंचल अधिकारी कोकिला कुमारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर वस्तु स्थिति का जायजा लिया।
झारोटेफ ने मनाया ओपीएस बहाली की दूसरी वर्षगांठ
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता झारखंड में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू होने की दूसरी वर्षगांठ पर सरकारी कर्मियों ने बैठक कर खुशी का इजहार किया। रविवार को जिला मुख्यालय के मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, गोड्डा के सभागार में झारखंड ऑफिसर्स टीचर एम्प्लॉय फेडरेशन की ओर से पेंशन बहाली की दूसरी वर्षगांठ मनाया गया। पेंशन बहाली की दूसरी वर्षगांठ पर झारोटेफ के जिला संयोजक सुभाष चंद्र ने कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि पेंशन बहाली की इस यात्रा में बहुत सी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। किंतु कर्मचारियों की मजबूत चट्टानी एकता को देखते हुए सरकार ने पेंशन की बहुप्रतीक्षित मांग को माना, जिससे राज्य के लाखों एनपीएस कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ मिलना शुरू हुआ। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे इस दिन सपरिवार भी जश्न मनाएं। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि चार्टर ऑफ डिमांड के महत्वपूर्ण बिंदुओं, जिसमें कर्मचारियों के लिए सेवानिवृत्ति की उम्र हर हाल 62 साल करने, परिवहन भत्ता, शिक्षकों के लिए एमएसीपी जैसी मांगों को सरकार से मनवाने के लिए एक बार फिर से एकजुट होना पड़ेगा। इस अवसर पर झारोटेफ के जिला कोषाध्यक्ष विद्यानंद प्रसाद, महागामा प्रखण्ड अध्यक्ष अब्दुल मन्नान हाशमी, प्रीति प्रिया, मुरलीधर शर्मा, रितेश रंजन, मीना सोरेन, जहीर आलम, आशुतोष पांडेय, नचिकेता, सज्जाद आलम, अनुज आनंद, अवध किशोर ठाकुर ने पेंशन बहाली के संघर्ष के अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के सैंकड़ों कर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कर्मचारियों ने केक काटकर और लड्डू खिलाकर एक दूसरे को बधाई दी।
झामुमो नेता प्रेमनंदन ने शिविर का किया निरीक्षण
पोड़ैयाहाट। संवाददाता। आपकी योजना-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविर के तीसरे दिन रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय समिति के पूर्व सचिव प्रेम नन्दन कुमार ने पोड़ैयाहाट प्रखंड के लीलादह एवं रतनपुर पंचायत में आयोजित शिविर का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों को लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में काफी संख्या में आवेदक मौजूद थे। कार्यक्रम में सभी विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल पर आवेदकों की भीड़ देखी गई। सबसे ज्यादा भीड़ अबुआ आवास योजना के स्टॉल पर था। लोगों के चेहरे पर काफी खुशी दिखाई पड़ रही थी।
श्री कुमार के अनुसार, उपस्थित लोग कह रहे थे कि हम लोगों ने पिछले ऐसे कार्यक्रम में जो आवेदन दिया था, बड़ी आसानी से उसकी स्वीकृति हुई थी। लोग विश्वास पूर्वक कह रहे थे कि इस बार भी हम लोग जो आवेदन दे रहे हैं, वह निश्चित रूप से स्वीकृत होगा। मौके पर श्री प्रेमनंदन ने ग्रामीणों से कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पिताजी झारखंड आंदोलन के नायक शिबू सोरेन के नेतृत्व में झारखंड राज्य का गठन हुआ और इस राज्य को सजाने और संवारने का काम हेमंत सोरेन कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने इस प्रदेश में लगभग 18 वर्षों तक छल कपट से अपनी सरकार बनाने का काम किया, लेकिन गरीबों के लिए एक फूटी कौड़ी का भी काम नहीं किया। भारतीय जनता पार्टी केवल और केवल लोगों को कभी अगड़े-पिछड़े के नाम पर, कभी मंदिर-मस्जिद के नाम पर, कभी बाहरी- भीतरी के नाम पर, कभी राष्ट्रवाद के नाम पर, तो कभी मॉब लिंचिंग के नाम पर और अभी बांग्लादेशी घुसपैठ के नाम पर हम लोगों को बरगलाने का काम कर रही है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता ने दावा करते हुए कहा कि शिविर में आए हुए लोगों का कहना था कि हम जनता अब कभी भी भारतीय जनता पार्टी के झांसे में आने वाले नहीं है। हम लोग हेमंत सोरेन पर अपनी आस्था और विश्वास जताते हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में यहां हेमंत सोरेन का जादू चलेगा एवं ईवीएम से जिन्न निकलेगा। भारतीय जनता पार्टी का हम लोग मिलकर इस राज्य से सफाया कर देंगे। मौके पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य पुष्पेंद्र टुडू, प्रखंड अध्यक्ष अवध किशोर हांसदा, बालमुकुंद महतो, बीस सूत्री सदस्य श्याम हेंब्रम, उपाध्यक्ष युसूफ अंसारी, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजीव मिर्धा सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता थे।
झामुमो नेताओं ने शिविर में जनता का किया सहयोग
पोड़ैयाहाट। संवाददाता। झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष सह केंद्रीय समिति सदस्य घनश्याम यादव ने रविवार को पार्टी के अन्य सहयोगियों के साथ पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सरैयाहाट प्रखंड के पंचायत चंदूबथान एवं बरमानिया के पंचायत भवन में आयोजित आपकी योजना-आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में पहुंच कर जनता की समस्याओं को सुनकर समाधान करने का प्रयास किया। इस दौरान श्री यादव के साथ मुख्तार अंसारी, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष सरैयाहाट, राजेश चौधरी जिला कमेटी सदस्य, दुमका, विष्णु भंडारी, पंचायत अध्यक्ष चंदुबाथन, सुखलाल बास्की, पंचायत सचिव, चंदुबथान राजकुमार मंडल, दिनेश सिंह आदि मौजूद थे।
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संगठन ने निकाला शांति यात्रा
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार रविवार सुबह 9:30 बजे स्थानीय कारगिल चौंक से शहीद स्तंभ तक स्वतंत्रता सेनानी संगठन, गोड्डा के बैनर तले शांति यात्रा का आयोजन हुआ। यात्रा में स्वतंत्रता सेनानी नंदकिशोर मांझी, स्वतंत्रता सेनानी के परिजन सर्वजीत झा “अंतेवासी”, दिवाकान्त झा, जगधात्री झा, आशुतोष कुमार वैद्य, दीपक कुमार झा, प्रियव्रत परमेश, कुंतेश कुमार झा, ओम प्रकाश मांझी, संतोष कुमार वैद्य, अनीता देवी, सुनील कुमार झा, पुष्पलता देवी, दिलीप साह, चौधरी रविदास, रामदा मरांडी, रोजमेरी मुर्मू, किरण देवी, देवनारायण खां, कुंदेंदु शेखर झा, अनीत कुमार झा, जीवकांत भारती, दिव्यांशु कुमार, मिथिलेश कुमार झा, दिनेश प्रसाद मंडल, दाता झा, मोतीलाल मुर्मू, दिलीप साह, अनोज कुमार किस्कू, जयप्रकाश मंडल, बबिता देवी आदि शामिल थे। यात्रा के समापन पर परंपरानुसार दस बजे, दस मिनट अपने पूर्वजों के नाम कार्यक्रम का आयोजन कर सभी उत्तराधिकारियों ने अपने स्वतंत्रता सेनानी पूर्वजों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
उत्पाद सिपाही भर्ती की दौड़ के दौरान मृतक के परिजनों को 20 लाख मुआवजा दे सरकार: संजीव
- भाजपा जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में मृतक के परिजनों से मिलने पहुंचे पूर्व विधायक
- वर्तमान विधायक सह मंत्री के पति ने भी शोक संतप्त परिजनों को बंधाया ढांढ़स
- उत्पाद सिपाही भर्ती की दौड़ में मृतक अभ्यर्थी के घर पर पसरा है मातमी सन्नाटा
गोड्डा/मेहरमा। पंच टीम झारखंड उत्पाद सिपाही बहाली प्रक्रिया के दौरान पलामू में ठाकुरगंगटी प्रखंड के ग्राम रुंजी गांव निवासी शंभू प्रसाद साह के पुत्र प्रदीप कुमार साह की दौड़ में सफल होने के बाद हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई थी। मृतक के घर पर मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लोगों का पहुंचना जारी है। रविवार को महागामा विधानसभा के पूर्व भाजपा विधायक अशोक कुमार भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार मिश्रा के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शोकाकुल परिवार से मिलकर परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। शोक की इस घड़ी में क्षेत्रीय विधायक सह झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के पति रत्नेश कुमार सिंह एवं अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भी शोक संतप्त परिवार से मिलकर सांत्वना दी।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर झारखंड सरकार से यह मांग की है कि झारखंड उत्पाद सिपाही बहाली प्रक्रिया में पूरे राज्य में जितने भी अभ्यर्थियों की मृत्यु हुई है, उनके आश्रितों को राज्य सरकार कम से कम 20 लाख रुपए मुआवजा दे और उन्हें एक उचित सम्मान मिले और उनके परिजन में किसी एक को सरकारी नौकरी दी जाए। क्योंकि अब तक इस बहाली प्रक्रिया में जितनी भी जान गई है, झारखंड सरकार की गलती के कारण गई है।
श्री मिश्र ने कहा है कि किसी दौड़ केंद्र पर स्वास्थ्य सुविधा की कोई व्यवस्था नहीं है। कोई इमरजेंसी ट्रीटमेंट का व्यवस्था नहीं है। दूर दराज के अस्पताल में भी ठीक-ठाक से व्यवस्था नहीं किया गया और आनन-फानन में बहाली की प्रक्रिया को पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि हेमंत सरकार की मंशा नौकरी देने की नहीं है। उनकी मंशा सिर्फ और सिर्फ इस बहाली के नाम पर यहां के युवाओं को बरगलाने की है और यहां के युवाओं की जान लेने की है। वर्तमान में हेमंत सोरेन की इस नीति के कारण कई माता की गोद सूनी हो गई है। भारतीय जनता पार्टी की सभी माता के प्रति अपनी गहरी संवेदना है। मौके पर भाजपा पिछड़ी जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष सह अधिवक्ता दीपक कुमार शाह, मंडल अध्यक्ष गोपाल यादव, रूंजी पंचायत समिति सदस्य इंद्रजीत मंडल, पूर्व मुखिया एतवारी कुमार शाह, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि उमेश प्रसाद शाह, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता प्रमोद सुमन, नरेश कुमार मंडल, राकेश रंजन, राकेश मंडल, विजय शाह, गणेश प्रसाद शाह उपस्थित थे।
ठाकुरगंगटी प्रखंड के ग्राम पंचायत रूंजी गांव निवासी प्रदीप कुमार साह का उत्पाद सिपाही बहाली प्रक्रिया के दौरान हुई मौत की सूचना पर मृतक के परिजन एवं शोकाकुल परिवार से कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के पति रत्नेश सिंह और ठाकुरगंगटी प्रखंड के बीस सूत्री अध्यक्ष सह चंदा पंचायत के मुखिया अवधेश ठाकुर के साथ-साथ दर्जनों कार्यकर्ता के साथ मिलने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढ़स बंधाया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
तेली समाज ने महागामा विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवारी का ठोंका दावा
- समाज के नेताओं ने कहा, भाजपा का वोटर रहने के बावजूद तेली समाज के किसी नेता को भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण पद पर नहीं रखा गया
मेहरमा संवाददाता। प्रखंड के मैनाचक विवाह भवन के रविवार को तेली समाज की एक बैठक आयोजित की गयी। बैठक में समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने मुख्य रूप से समाज की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बात की। समाज के लोगों ने महागामा विधानसभा क्षेत्र पर उम्मीदवारी का दावा ठोका। खास बात यह रहेगी इस बैठक में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े अनेक लोग शामिल थे।
तेली समाज के लोगों ने बैठक में दावा किया कि महागामा विधानसभा में सबसे अधिक वोटर तेली समाज के हैं। इसके बावजूद आज तक एक बार भी विधानसभा में तेली समाज को नेतृत्व करने का अवसर नहीं मिला है। वक्ताओं में इस बात को लेकर भी असंतोष था कि तेली समाज के शत प्रतिशत भारतीय जनता पार्टी के वोटर होने के बावजूद पिछले दिनों हुए संगठन विस्तार में भी पूरी तरह से तेली समाज की अनदेखी की गई। किसी भी उचित जगह पर भारतीय जनता पार्टी में तेली समाज को स्थान देने का काम नहीं किया गया। महागामा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत 6 मंडल अध्यक्ष में से एक भी मंडल अध्यक्ष तेली समाज से नहीं बनाया गया और ना ही पूरे जिला में एक भी तेली समाज से मंडल अध्यक्ष बनाया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि विधानसभा के तेली समाज को एकजुट करके अपनी आवाज को बुलंद किया जाए और अपनी हिस्सेदारी की मांग की जाए। अब महागामा विधानसभा में तेली समाज को भी नेतृत्व करने का अवसर मिले। तेली समाज में भी क्षमतावान युवा हैं, जो विधानसभा का नेतृत्व कर सकते हैं। इस बैठक में मुख्य रूप से संजय साह, श्यामसुंदर साह, पवन साह, रामचंद्र निराला, प्रमोद सुमन, एतवारी साह समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।
शैलेंद्र भगत हत्याकांड का एक अभियुक्त गिरफ्तार
- पुलिस कप्तान बदलते ही पोड़ैयाहाट की पुलिस हुई रेस
- करीब 5 माह बाद हत्याकांड के अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता पुलिस कप्तान बदलने के साथ ही जिले की पुलिस की कार्यशैली भी बदलने लगी है। थाना प्रभारी विभिन्न आपराधिक कांडों के निष्पादन एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रति रेस हो गए हैं। नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी के रुख को भांपते हुए राजनीतिक दबाव की परवाह किए बगैर थाना प्रभारी अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रति गंभीर हो गए हैं। इसी कड़ी में पोड़ैयाहाट पुलिस ने चर्चित शैलेंद्र भगत हत्याकांड के सिलसिले में करीब पांच माह बाद एक अपराधी को गिरफ्तार कर जेल की सीखचों के पीछे भेज दिया है। मालूम हो कि 4 अप्रैल 24 को संध्या करीब 6.15 बजे पोड़ैयाहाट बाजार स्थित पंचमुखी बजरंगबली मंदिर के समीप अपराधियों ने शैलेन्द्र भगत के पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर गोली मार कर हत्या कर दी थी। ईलाज के क्रम में शैलेन्द्र भगत की मृत्यु हो गयी। घटना के संबंध में मृतक के पुत्र वादी उद्देश्य राज उर्फ अतुल, ग्राम व थाना पोड़ैयाहाट के आवेदन के आधार पर पोड़ैयाहाट थाना कांड संख्या- 41/24, दिनांक 05.04. 24, धारा 302/120(8) / 34 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। अनुसंधान के उपरान्त अप्राथमिकी अभियुक्त उज्जवल यादव, उम्र करीब 19 वर्ष, पिता विजय यादव, साकिन बरमसिया, थाना बौंसी, जिला बांका (बिहार) एवं अन्य छह अभियुक्तों के विरूद्ध कांड सत्य पाया गया है। 01 सितंबर 24 को अभियुक्त उज्जवल यादव को गिरफ्तार किया गया। अपने स्वीकारोक्ति बयान में उसने अपने सहयोगियों के साथ घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार किया है।
हत्याकांड के अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापामारी दल में पोड़ैयाहाट के थाना प्रभारी विनय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार, मनोज कुमार निराला एवं पोड़ैयाहाट थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।