- कहा,नारी सशक्तीकरण के लिए उनकी सरकार प्रतिबद्ध
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि नारी सशक्तीकरण उनकी सरकार की प्रतिबद्धता है। झारखंड की महिलाएं काफी मेहनतकश हैं। वे घर-परिवार भी चलाती हैं और आमदनी के लिए काम भी करती हैं। ऐसे में हमारी सरकार राज्य की महिलाओं एवं बहन-बेटियों के लिए पहले से ही कई योजनाएं चला रही हैं। इसी क्रम में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना नाम से एक और ऐतिहासिक कड़ी आज से जुड़ रही है। इस योजना के तहत महिलाओं और बहन-बेटियों को हर वर्ष 12 हजार रुपए सम्मान राशि मिलेगी। रविवार को जिला के बोआरीजोर प्रखंड अंतर्गत राजाभीठा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि राज्य की बच्चियां रुपए के अभाव में पढ़ाई से वंचित न रहे, इसके लिए उन्हें सावित्री बाई किशोरी समृद्धि योजना के तहत 40 हजार रुपए दिया जा रहा है। इस योजना के अब तक 09 लाख से ज्यादा बच्चियां जोड़ी जा चुकी हैं। वहीं, 50 वर्ष से अधिक की महिलाओं को भी पेंशन योजना का लाभ दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार हर चेहरे पर मुस्कान लाने का काम कर रही है। सरकार की अनेकों योजनाएं हैं, जिससे जुड़कर लोग स्वावलंबी बन रहे हैं। हमारी सरकार सर्वजन पेंशन योजना लागू कर सभी बुजुर्गों, एकल महिलाओं और दिव्यांगों को आर्थिक सुरक्षा कवच दे रही है। वहीं, किसानों के दो लाख रुपए तक का लोन माफ किया जा रहा है। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत स्वरोजगार के इच्छुक नौजवानों को 25 लाख रुपए तक की आर्थिक मदद दी जा रही है, ताकि वे खुद के साथ दूसरों को भी रोजगार दे सकें। बड़े पैमाने पर खाली पड़े पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया तेज गति से चल रही है। इसके साथ सभी श्रेणी के सरकारी कर्मियों के हित में कई अहम निर्णय लिए गए हैं। सरकारी कर्मियों को बुढ़ापे की लाठी के रूप में पुरानी पेंशन योजना दी गयी है। अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारियों की सेवा शर्तों में सुधार के साथ मानदेय में बढ़ोतरी की गई है। आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका जैसे अन्य कर्मियों को सम्मानजनक प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। सरकार के निर्णयों से राज्य भर में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 187 करोड़, 15 लख रुपए की 151 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। योजनाओं के उद्घाटन, शिलान्यास एवं लाभुकों के बीच परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में झारखंड सरकार की कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह समेत श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, समाज कल्याण मंत्री बेबी देवी, विधायक प्रदीप यादव, कल्पना सोरेन, डीसी जिशान कमर, एसपी नाथू सिंह मीणा, डीडीसी स्मिता टोप्पो, अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा बैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी, महागामा राजीव कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोड्डा जेपीएन चौधरी, जिला परिवहन पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया, नजारत उप समाहर्ता श्रवण कुमार, कार्यपालक दंडाधिकारी सह जिला समाज कल्याण पदाधिकारी मोनिका बास्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी आदि मौजूद थे।
अंतर प्रांतीय सीमा क्षेत्र में अवैध कारोबार का बाजार गर्म
-हनवारा चेक पोस्ट होकर अवैध खनिजों की तस्करी धड़ल्ले से जारी
हनवारा। संवाददाता झारखंड एवं बिहार का सीमावर्ती क्षेत्र अवैध कारोबार की मंडी बनता जा रहा है। अवैध ढंग से शराब एवं खनिजों की तस्करी एवं परिवहन धड़ल्ले से जारी है। चर्चा है कि अंतर प्रांतीय सीमा क्षेत्र में स्थित हनवारा चेक पोस्ट अवैध कारोबार का प्रवेश द्वार एवं निकास द्वार बन गया है। रात के अंधेरे की तो बात ही छोड़िए, दिन के उजाले में भी हनवारा चेक पोस्ट होकर अवैध ढंग से ओवरलोडेड खनिज लदे वाहन बिहार की सीमा में प्रवेश कर जाते हैं। लोगों में चर्चा है कि परिवहन विभाग, खनन विभाग एवं पुलिस विभाग की मिली भगत से इस सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध धंधा का कारोबार तेजी से परवान चढ़ता जा रहा है। महागामा अनुमंडल क्षेत्र में अवैध खनिजों की तस्करी थमने का नाम नहीं ले रही है। यहां छर्री लोड ओवरलोडिंग वाहनों का परिचालन धड़ल्ले से किया जा रहा है। एक अनुमान के मुताबिक, प्रतिदिन एक सौ से अधिक गिट्टी लोड हाइवा का परिचालन महागामा-हनवारा क्षेत्र से होकर हो रहा है। अधिकांश हाइवा ओवरलोड रहता है। ओवरलोड हाइवा की जांच न तो परिवहन विभाग करता है और न ही खनन विभाग कर रहा है। पुलिस प्रशासन की ओर से सड़क पर दोपहिया वाहनों की जांच में खूब पसीना बहाया जाता है, लेकिन ओवरलोड़ हाइवा की जांच नहीं हो रही है। महागामा एवं हनवारा थाना क्षेत्र होकर साहिबगंज और पाकुड़ जिले से गिट्टी बिहार सहित देश के अन्य राज्यों में भेजा जाता है। इसमें ओवरलोड और बिना माइनिंग चालान के भी खनिजों की तस्करी की जाती है। इसके अलावा राजमहल कोयला परियोजना, ललमटिया से बड़े पैमाने पर कोयला की तस्करी भी इसी रास्ते से होती है। वहीं बालू माफियाओं की ओर से हाइवा से अवैध बालू ढोया जाता है। महागामा एवं हनवारा क्षेत्र में अवैध खनिजों की तस्करी पर जिला टास्क फोर्स की कार्रवाई नहीं होने से लोगों में रोष है। यही नहीं ओवरलोडिंग के इस आड़ में पासिंग गिरोह भी सक्रिय हो चुका है। लोगों का कहना है कि तत्कालीन महागामा अनुमंडल पदाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां के कार्यकाल के दौरान ओवरलोड गिट्टी हाइवा और अवैध बालू के परिचालन पर अंकुश लगा था। उनके कार्यकाल में अवैध रूप से ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर अंकुश लगाने के लिए छापेमारी की जाती थी। वाहन मालिक ओवरलोड गिट्टी लेकर चलने से परहेज करने लगे थे। लेकिन भुवानियां के स्थानांतरण के बाद फिर एक बार ओवरलोडिंग का खेल धड़ल्ले जारी है।
मांगों को लेकर 23 को रांची में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में शामिल होंगे माध्यमिक शिक्षक
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारणी की बैठक रविवार को जिला मुख्यालय के शिक्षक संघ भवन में संपन्न हुई। बैठक में 23 अगस्त को राजभवन रांची में प्रस्तावित धरना एवं प्रदर्शन में भाग लेने के मुद्दे पर चर्चा हुई। मुख्य मांगों पर शिक्षक संघ के नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किया। शिक्षक संघ की मुख्य मांगों में एमएसीपी की शिक्षकों को लाभ देना, प्रधानाध्यापक पद पर प्रोन्नति एवं उत्कृष्ट विद्यालयों एवं आदर्श विद्यालयों में शिक्षकों के पदस्थापन में विसंगति को दूर करना शामिल है। बैठक में 23 अगस्त को प्रस्तावित रांची के धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में इस जिला से शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। प्रत्येक प्रखंड से 15 माध्यमिक शिक्षकों की सूची जिला अध्यक्ष एवं सचिव को 20 अगस्त तक उपलब्ध कराने के लिए प्रखंड कार्यकारिणी को निर्देश दिया गया। इसके अलावा संघ भवन के जीर्णोद्धार के लिए शिक्षकों से आग्रह किया गया कि वार्षिक सदस्यता शुल्क से अतिरिक्त यथासंभव सहयोग राशि देना सुनिश्चित करें। भवन निर्माण के लिए भी कमेटी का गठन जिला अध्यक्ष एवं जिला सचिव की देखरेख में संपन्न हुआ। बैठक में झारोटेफ के गोड्डा जिला अध्यक्ष डॉक्टर सुमन कुमार ने जिला अध्यक्ष शम्स परवेज को दस हजार, एक सौ एक रुपए का चेक संघ भवन के निर्माण के लिए प्रदान किया। बैठक में जहीर, कन्हाई सिंह, दिनेश बेसरा, अवध किशोर ठाकुर, अनिल यादव, भक्ति सुमन, कमलदेव साह, राजकिशोर पंडित, शिव प्रसाद एवं चंदशेखर पंडित मौजूद थे।
भाजपा के नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष का किया गया स्वागत
गोड्डा। संवाददाता पथरगामा पश्चिमी के बिसाहा मंडल भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह का रविवार को कार्यकर्ताओं ने जोरदार तरीके से स्वागत किया। नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। इस पार्टी में बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान दिया जाता है, जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने कहा कि बिसाहा मंडल भारतीय जनता पार्टी इकाई सशक्त तरीके से कार्य करेगी। बूथ स्तर तक पार्टी के वरिष्ठ से लेकर नए कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर निवर्तमान महामंत्री नरेंद्र कुमार मंडल, विपुल दुबे, उपाध्यक्ष ललन कुमार, सोशल मीडिया प्रभारी आशुतोष चौधरी, सुबोध राणा, एससी मोर्चा अध्यक्ष रोहित मिर्धा,पंकज साह, सुबोध राय, हलधर राय, निकेश यादव आदि मौजूद थे।
प्रशिक्षु डॉक्टर के हत्यारे को फांसी दो
-कोलकाता के मेडिकल कॉलेज की प्रशिक्षु डॉक्टर की हत्या के विरोध में होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने किया प्रदर्शन
गोड्डा। कार्यालय संवाददाता कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की प्रशिक्षु डॉक्टर के साथ दुष्कर्म एवं हत्या के विरोध में राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, परसपानी, गोड्डा के छात्रों ने एकजुट होकर जिला मुख्यालय में रविवार को कारगिल चौक से लेकर सदर अस्पताल तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने कहा कि चिकित्सक की हत्या ने पूरे शिक्षा समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। होम्योपैथिक कॉलेज के छात्रों ने इस घटना के प्रति अपना विरोध और दु:ख व्यक्त करने के लिए यह प्रदर्शन किया। जूनियर डॉक्टर के साथ हुए अन्याय के विरुद्ध शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया गया। मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन कर घटना के प्रति अपने रोष का इजहार किया। सबने एक स्वर में अपराधियों को फांसी की मांग की एवं सरकार से चिकित्सा क्षेत्र के बचाव के लिए कड़े कानून बनाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने मोमबत्तियां जलाकर और पोस्टर लेकर शांति से अपनी मांगें रखीं। वे इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। छात्रों का कहना है कि यह केवल एक छात्रा की मौत का मामला नहीं है, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि वे इस मामले को गंभीरता से लें और शीघ्र न्याय सुनिश्चित करें। प्रदर्शनकारियों में निखिल, अमित, तौसीफ, कामरान, शशि, अरशद, राजीव, इमरान, सुधांशु, साहिर, सना, सहला, नाजिया, शुभांगी, प्रभा, मौसमी, आशीष, अचिंत, अजय, अनंत, पूजा, अंजलि ,स्नेह, स्मृति आदि शामिल थे।