बातिल के आगे सर ना झुकाया हुसैन ने…
मुहर्रम को लेकर जिले भर में विभिन्न जगहों में अखाड़ा का आयोजन
गिरिडीह। पंच टीम। त्याग व बलिदान का पर्व मुहर्रम की दसवीं बुधवार को गिरिडीह में बड़े ही एहतराम व अकीदत के साथ मनायी गयी। शहर के विभिन्न करबला व इमामबाड़ा पर मुस्लिम धर्मावलंबियों के अलावे कई अन्य धर्म के लोगों ने भी श्रद्धापूर्वक माथा टेका। शहर के भंडारीडीह, बुलाकी रोड, मोहनपुर, चैताडीह, बरवाडीह, स्टेशन रोड, मौलाना आजाद चौक, बीबीसी रोड, कोल्डीहा, हुट्टी बाजार, बिशनपुर, बोड़ो, पहाड़ीडीह, नयाधोड़ा, परातडीह, कमलजोर, गुड़किया, बुढ़ियाखाद, डांडीडीह, नीमतल्ला, 16 नंबर, पीकोडीह, श्रीरामपुर, सिहोडीह, माथाडीह, जोगीटांड़, बगलुवाटांड़, खुटवाढाब, धोबीडीह समेत विभिन्न इलाकों में मुहर्रम की नवमी के मौके पर अखाड़ा का आयोजन किया गया। इन अखांड़ों में हैरतअंगेज करतब दिखये गये। वहीं इमामबाड़ा व करबला में फातिया पढ़ने वालों का तांता लगा रहा। या अली या हुसैन के नारे से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। डंके की आवाज से हसन हुसैन के मुरीदों में जोश भरता चला गया। गौरतलब है कि विभिन्न करबला व इमामबाड़ा में मुहर्रम की सातवीं तारीख से ही फरारा (इस्लामी झंडा) फहराया गया। कई जगहों पर जिकरे शहादत का भी आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित उलेमाओं ने इमाम हुसैन व करबला के वाक्या पर रौशनी डाला। करबला के मैदान में हक व बातिल की जंग के बारे में लोगों को जानकारी दी गयी। कहा कि इमाम हुसैन ने अपनी जान की कुर्बानी दे दी लेकिन बातिल के आगे अपना सर नहीं झुकाया। यही वजह है कि आज इमाम हुसैन का डंका पूरे दुनिया में बज रहा है और यजिदियों का नाम तक लेने वाला कोई नहीं है। कुल मिलाकर गिरिडीह में या अली या हुसैन के नारे के साथ पूरे अदम व एहतराम के साथ मुहर्रम पर्व संपन्न हो गया।
मुहर्रम को लेकर थे कड़े सुरक्षा के इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर थे पुलिस बल जवान तैनात
मुहर्रम को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। डीसी नमन प्रियेश लकड़ा व एसपी दीपक कुमार शर्मा पल-पल की गतिविधियों की जानकारी ले रहे थे। कहीं भी किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की नियुक्ति किये गए थे। वहीं पुलिस द्वारा लगातार गश्ती की जा रही थी। एसडीओ श्रीकांत यशवंत विस्पुते, एसडीपीओ विनोद कुमार रवानी, नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो समेत कई पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारी विधि-व्यवस्था का जायजा ले रहे थे।
मुहर्रम को लेकर विभिन्न जगहों में अखाड़ा का आयोजन
जमुआ। संवाददाता। जमुआ थाना क्षेत्र में मुहर्रम को लेकर विभिन्न जगहों में अखाड़ा का आयोजन किया गया। वहीं जगह जगह ताजिया भी निकाला गया। जमुआ चौक पर मगहा कला और कंदाजोर की ओर से अखाड़ा लगाया गया। अखाड़े में साम्प्रादायिक सौहार्द का मिशाल पेश करते हुए जमुआ बीस सूत्री अध्यक्ष जुनैद आलम एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सह बीस सूत्री सदस्य सच्चिदानंद सिंह ने जमकर लाठी खेला। इस दौरान जमुआ प्रमुख प्रतिनिधि संजीत यादव, भाकपा के युवा नेता सह प्रखण्ड शांति समिति अध्यक्ष असगर अली, मगहा कला मुखिया अबुजर नोमानी, मो इकबाल, पंसस बेलाल अंसारी, सुधीर द्विवेदी सहित कई लोगों ने अखाडे में अपना प्रदर्शन किया। इस दौरान विधि व्यवस्था को लेकर जमुआ बीडीओ कमलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार सिंह, जमुआ थाना प्रभारी मणिकांत कुमार, एसआई रोहित कुमार सिंह सहित पुलिस बल मौजूद थे। प्रखण्ड क्षेत्र के केंदुआ, चकमंजो, चितरडीह, बाड़ाडीह, बलैयडीह, कोयलखा सहित कई जगहों पर शांतिपूर्ण मुहर्रम सम्पन्न हुआ।
शांतिपूर्ण माहौल में मुहर्रम का त्यौहार संपन्न
पीरटांड़। संवाददाता। पीरटांड़ में पूरे शांति व्यवस्था के बीच मुहर्रम का त्यौहार संपन्न हो गया। पीरटांड़ के चिरकी, भारतीचलकरी, खरपोका, तुईयो, खुखरा, सोबरनपुर, चिलगा, एजीबाद, जमदहा, महेशलिटी, मंझलीडीह, दंतेलवा, कर्माटांड़, पंदनाटांड, के अलावे कई जगहों पर मुहर्रम की ताजिया व जुलुस निकाली गई। इस मौके पर युवाओं एवं बच्चों, बुजुर्गों ने कला का करतब दिखाया। युवाओं ने एक से बढ़कर एक कला का प्रदर्शन किया। इस बाबत पुलिस प्रशासन चौकस दिखी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए रैप व जिला बल के जवान चौक चौराहो पर तैनात दिखे। मुहर्रम के बाबत अतिथियों को इमाम (पगड़ी) बांधकर स्वागत किया गया।
मुहर्रम पर निकाला गया आकर्षक ताजिया व अखाड़ा
डुमरी। संवाददाता। हजरत इमाम हसन हुसैन की शहादत में मनाया जाने वाला मोहर्रम बुधवार को डुमरी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में शांतिपूर्ण और सौहार्द के वातावरण में मनाया गया। प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में अखाड़ा कमेटी के लोग आकर्षक तजिया व अखाड़ा जुलूस निकाला। इस दौरान मुहर्रम अखाड़ा समिति के सदस्य अपनी कला का प्रदर्शन किया। वहीं विभिन्न क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने धार्मिक स्थलों पर पर्व की परंपराओं का निर्वहन किया। साथ ही, हसन हुसैन के बलिदान को याद किया। त्याग व बलिदान के इस पर्व में कहीं कोई खलल नहीं पड़े, इसके लिए सभी सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, संवेदनशील एवं अति संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जबकि अनुमण्डल कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित की गई थी। जहां प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी घंटे दर घंटे क्षेत्र की खैरियत प्रतिवेदन जिला प्रशासन को प्रेषित कर रहे थे। इधर एसडीएम मो शहजाद परवेज, एसडीपीओ सुमित प्रसाद, एलआरडीसी जीतराय उरांव, पुलिस इंस्पेक्टर मनोज कुमार, बीडीओ अन्वेषा ओना, सीओ शशिभूषण वर्मा ,डुमरी थाना प्रभारी प्रिनन, निमियाघाट थाना प्रभारी राणा जंग बहादुर सिंह सदलबल क्षेत्र में भ्रमण कर वस्तुस्थिति का जायजा लेते रहे। समाचार भेजे जाने तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं थी। मुहर्रम को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट मोड पर था।
द ब्लैक पैंथर जिम का हुआ भव्य शुभारंभ
जिप सदस्य कुमारी प्रभा वर्मा ने फीता काटकर किया उद्घाटन
गिरिडीह। संवाददाता। सिंहोडीह स्थित वृंदावन कॉलोनी बैंक ऑफ इंडिया के बगल गली में ”द ब्लैक पैंथर” जिम का शुभारंभ किया गया। जिम का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य प्रभा देवी ने फीता काटकर किया गया। इस बाबत जिम के संचालक शिवकुमार वर्मा ने बताया कि आज के आधुनिक युग में स्वास्थ्य को बेहतर ढंग से फिट रखने के लिए आधुनिक तकनीकी से लैस जिम का शुभारंभ किया गया है। जिम में कई प्रकार के आधुनिक मशीनों और बेहतर ट्रेनर के माध्यम से लोगों को ट्रेनिंग दी जायेगी। मौके पर जिम के डायरेक्टर मदन वर्मा, कुशवाहा संघ के अध्यक्ष इंद्र नारायण वर्मा, मनोज वर्मा, वार्ड पार्षद अशोक राम, प्रोफेसर छोटू प्रसाद, अधिवक्ता संघ के संयुक्त सचिव दशरथ प्रसाद, सामाजिक कार्यकर्ता चुनमुन राम, प्रमोद स्वर्णकार, मनदीप शर्मा, दिनेश वर्मा, रविंद्र शर्मा, मालती देवी, चिंता देवी, रेखा देवी, सुनीता देवी, बेबी वर्मा सहित कई लोग मौजूद थे।
खोरीमहुआ अनुमंडल के पांचों प्रखंड में जल्द करें सर्वे कार्य: उमेश राणा
गिरिडीह। संवाददाता। जमुआ प्रखंड के हरला पंचायत सचिवालय में विश्वकर्मा समाज का बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता रवि कुमार राणा ने किया। बैठक में मुख्य रूप से झारखंड युवा एकता मंच दिल्ली के मुख्य संरक्षक उमेश राणा उपस्थित थे। बैठक का उद्देश्य अनुमंडल खोरीमहुआ में हो रहे जाति सर्वे समीक्षा किया जाना था। समीक्षा के दौरान सर्वे में लगे समाज के लोगों को निर्देश दिया गया कि एक सप्ताह के अंदर सर्वे का कार्य पूर्ण कर लें। क्योंकि विधानसभा चुनाव किसी भी वक्त हो सकता है, विधानसभा के पूर्व विश्वकर्मा समाज का एक बृहद बैठक होना है। उमेश राणा ने बताया कि समाज के जरूरतमंद लोगों को हर संभव मदद करना है ताकि समाज के लोगों को फायदा मिल सके।
गिरिडीह के द रंग की टीम ने बिखेरा जलवा
धनबाद में आयोजित डांस व नाटक प्रतियोगिता में पाया दूसरा स्थान
गिरिडीह। संवाददाता। काला हीरा धनबाद की ओर से आयोजित 8वां ऑल इंडिया डांस एंड नाटक प्रतियोगिता में गिरिडीह के द रंग टीम के बच्चों ने अपना जलवा बिखेरा है। द रंग टीम के बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गिरिडीह का नाम रौशन किया है। द रंग टीम के क्रिश चौरसिया, श्रुति सिन्हा, स्नेहा कुमारी, काजल कुमारी, रुद्र कुमार, सचिन दास, पुरषोत्तम कुमार ने अलग अलग प्रतियोगिताओं में दूसरा और तीसरा स्थान लाया है। बच्चों की इस सफलता पर द रंग टीम में खुशी की लहर है। बताते चलें कि धनबाद में आयोजित प्रतियोगिता में देश के अलग अलग प्रांतों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें द रंग की टीम भी शामिल थी।
पीड़ित परिवारों को गिरिडीह विधायक ने सौंपा 18 लोगों को 10-10 हजार रूपये का चेक
पीरटांड़। संवाददाता। पीरटांड़ प्रखंड के कुड़को एवं बदगांवा पंचायत में पीड़ित परिवारों को सहायता राशि मिली है। बता दें कि पिछले दिनों जंगली हाथियों ने कुडको एवं बदगांवां में जम कर उत्पात मचाया था। जंगली हाथियों ने कई ग्रामीणों के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया था। साथ ही, घर में रखे अनाज और खेत में लगे फसल को नष्ट कर दिया था। इसी दौरान हाथियों द्वारा उत्पात से हुए नुकसान पर गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने तीन दिनों के भीतर सीएसआर मद से दस दस हजार राशि का चेक कुल 18 लोगों को दिया। बता दें कि विगत दिनों कुड़को एवं बदगांवा पंचायत के पहाड़पुर गांव के कमार टोला एवं नावाटांड़ में जंगली हाथियों के झुंड ने दर्जनों घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। साथ ही, घर में रखे अनाज को चट कर गया था, जिसके बाद विधायक ने पहुंचकर सभी पीड़ित परिवार को एक एक क्विटल अनाज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। विधायक ने वन विभाग को भी जल्द मुआवजा देने का निर्देश दिया है। कमार टोला में विद्यालय के पाकशाला को हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है जिसे अपने विधायक निधि से पंद्रह दिन के अंदर बनवा देने का आश्वासन विधायक ने दिया। मौके पर बीडीओ मनोज मरांडी, मंटू मुर्मू, घनश्याम महतो, अविनाश कुमार, ताज हुसैन, आर्यन कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।
अखाड़ा समाप्त होने के बाद करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
जमुआ। संवाददाता। जमुआ थना क्षेत्र के चकमंजो में मुहर्रम का अखाड़ा समाप्त होने के बाद चकमंजों के रहने वाले मो. ताजुद्दीन का 20 वर्षीय पुत्र मो हैदर बांस ले जाने के क्रम में 11 हजार विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक की शादी 2 माह पूर्व हुई थी। घटना के बाद परिजनों को रो-रो कर बुरा हाल है। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।
करंट लगने से एक प्रवासी मजदूर समेत दो युवकों की मौत
पूर्व विधायक ने मृतक के घर पहुंचकर किया शोक व्यक्त
घटना से दोनों गांवों में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर है बुरा हाल
बिरनी। संवाददाता। प्रखण्ड के जरीडीह पंचयात अंतर्गत हेमा अहरी में मंगलवार शाम को एक युवक को करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जिसकी पहचान हेमा अहरी निवासी 49 वर्षीय बिरेन्द्र वर्मा के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए ग्रामीण सुरेन्द्र महतो बताया कि मंगलवार शाम लगभग 5 बजे वह खेत जा रहा था, तभी बिजली पोल में करंट आने से उन्हें झटका लगा और जमीन पर गिर गया। स्थानीय लोगों ने यह देख कर बचाने के लिए दौड़े और आनन फानन में समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनी ले गए परन्तु डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डेगनारायण महतो ने बताया कि मृतक जरीडीह अंतर्गत हेमाअहरी निवासी देवकी वर्मा का बड़ा बेटा था, उसे एक लड़की एवं 2 लड़का है। मृतक वीरेंद्र वर्मा घर का इकलौता कमाऊ व्यक्ति था। उनके असमय मौत से पूरा परिवार सदमे में है तथा पूरे गांव में मातम पसर गया। मृतक अपने पीछे माता-पिता, पत्नी एवं दो पुत्र व एक पुत्री को छोड़कर गुजर गए। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल गिरिडीह में कराकर शव का अंतिम संस्कार किया गया। घटना की सूचना पाकर बगोदर के पूर्व विधायक नागेंद्र महतो मृतक के घर पहुंचकर घर शोक व्यक्त किया एवं परिजनों को ढांढस बंधाया और हर सम्भव मदद करने की बात कही। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा, सांसद प्रतिनिधि प्रेमचंद प्रसाद कुशवाहा, अरारी मुखिया प्रतिनिधि सुनील वर्मा, चंदन बजरंगी, सुरेंद्र महतो, राजकुमार वर्मा, मुकेश वर्मा, बंधन महतो, मनोज वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।
वहीं दूसरी ओर मंगलवार को बिरनी के एक युवक की मेरठ में करंट लगने से मौत हो गई जिसकी पहचान मंझिलाडीह पंचायत अंतर्गत विशुनपुर निवासी 30 वर्षीय रंजीत यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना पाकर कोडरमा सांसद सह केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने घटना पर शोक व्यक्त किया और स्थानीय प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने की बात कही।