- 23 को रांची में आयोजित होने वाले विशाल युवा आक्रोश रैली को लेकर बनी रणनीति
पाकुड़/संवाददाता। भाजपा जिला कार्यालय में भाजयुमो जिला अध्यक्ष दीपक साहा की अध्यक्षता में रविवार को कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में मुख्य अतिथि गोड्डा विधायक अमित मंडल एवं प्रमंडलीय प्रभारी रविन्द्र तिवारी उपस्थित हुए और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। मौके पर जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय, पूर्व जिला अध्यक्ष विवेकानन्द तिवारी एवं जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी ने भी मोर्चा के कार्यकर्ताओं को अहम बातों की जानकारी दी। बैठक में आगामी 23 अगस्त को रांची में आयोजित होने वाले विशाल युवा आक्रोश रैली को लेकर रणनीति तय की। विधायक अमित मंडल ने कहा कि 23 अगस्त को भाजयुमो के बैनर तले आयोजित युवा आक्रोश रैली के माध्यम से हेमंत सरकार को आईना दिखाने का काम करेंगे। हेमंत सोरेन ने 05 लाख युवाओं को रोजगार देने एवं नहीं दे पाने पर बेरोजगारी भत्ता देने एवं ऐसा नहीं करने पर राजनीति से सन्यास ले लेने का झूठे वादे कर सत्ता हासिल कर युवाओं को ठगने का काम किया है। युवा मोर्चा के बैनर तले रांची में युवा आक्रोश रैली निकाली जाएगी। विधायक मंडल ने कहा पाकुड़ से भी हजारों युवा मोर्चा कार्यकर्ता युवा आक्रोश रैली में भाग लेंगे। भाजपा की सरकार बनने पर युवाओं के समुचित विकास और विकसित झारखंड का मार्ग प्रशस्त होगा। मौके पर जिला महामंत्री रूपेश भगत, जिला कार्यालय मंत्री रवि शंकर झा, जिला मीडिया प्रभारी बिक्रम कुमार मिश्रा, मंडल अध्यक्ष सोहन मंडल, सुशांत कुमार घोष, युवा मोर्चा कोषाध्यक्ष जीतु सिंह, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष रतन भगत, संजीव भगत आदि अनेकों कार्यकर्ता मौजूद थे।
ब्याहुत कलवार सेवा समिति प्रधान कार्यालय को किया गया सम्मानित
पाकुड़/संवाददाता। बोलबम सेवा शिविर महासंघ की ओर से रविवार को ब्याहुत कलवार सेवा समिति प्रधान कार्यालय पाकुड़ को बिहार के बांका जिला के कटोरिया के तरपतिया में 18 वर्षों से सेवा कार्य चलाने को लेकर सम्मानित किया गया। समिति के अध्यक्ष विश्वनाथ भगत ने कोषाध्यक्ष प्रदीप भगत, मालदा प्रभारी अरुण भगत, महेशपुर के रामनारायण भगत, पाकुड़ नगर के पवन भगत, कपिल केशवाणी, मुकेश वीरानी, गुड्डू भगत, सुरेंद्र यादव के साथ स्मृति चिन्ह ग्रहण किया। बताया गया कि पिछले 18 वर्षों से ब्याहुत कलवार सेवा समिति के तत्वावधान में कांवरियों के लिए सेवा कार्य चलाया जा रहा है। वहीं उनके इस सेवा कार्य को देखते हुए सेवा शिविर महासंघ के अध्यक्ष हनुमान जैन की अध्यक्षता में समिति को सम्मानित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि पूर्णिया के मेयर विभा कुमारी ने ब्याहुत कलवार सेवा समिति प्रधान कार्यालय पाकुड़ को सम्मानित किया। समिति के अध्यक्ष विश्वनाथ भगत ने बताया कि सुल्तानगंज से देवघर मार्ग के सभी शिविर में सेवा उत्कृष्ट करने के लिए स्व. नथमाल अग्रवाल सेवा सम्मान का स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि कांवरियों की सेवा में वे लोग हमेशा ही तत्पर रहे हैं और आगे भी रहेंगे।
लोजपा ने डॉक्टर की गेंग रैप हत्या पर जताया दु:ख
पाकुड़/संवाददाता। बीते दिनों कोलकाता में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की कथित गेंग रैप हत्या पर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह ने दु:ख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घटना की पार्टी कड़ी निंदा करती है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी घटना की जिम्मेवार हैं। एक महिला मुख्यमंत्री के रहते एक महिला डॉक्टर को मौत का घाट उतारा गया। दिवंगत महिला डॉक्टर की आत्मा को भगवान शांति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का शुभारंभ कर राज्य की बहनों की दी बड़ी सौगात
-मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत अब झारखंड की 21 से 50 वर्ष की सभी पात्र बहनों को हरेक वर्ष मिलेेंगे 12 हजार रुपये सम्मान राशि
पाकुड़/महेशपुर/संवाददाता। जिला के महेशपुर प्रखंड अंतर्गत गायबथान गांव में रविवार को जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मौके पर मौजूद राज्य के मंत्री सत्यानंद भोक्ता, दीपिका पांडेय सिंह, बेबी देवी, विधायक दिनेश मरांडी, कल्पना सोरेन के साथ कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मंच से मंईयां सम्मान योजना का शुभारंभ करते हुए रिमोट का बटन दबा कर डीबीटी के माध्यम से पाकुड़ जिले की 81 हजार से अधिक महिलाओं के बैंक खाते में सम्मान राशि भेजा।
योजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने मंच से 105.8015 करोड़ रुपए की 215 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। इसमें 32.877 करोड़ रुपए की 14 योजनाओं का उद्घाटन और 72.9244 करोड़ रुपए की 201 योजनाओं की आधारशिला रखी। मौके पर मुख्यमंत्री ने कुल 65,948 लाभुकों के बीच 126.1593 करोड़ रुपए की परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।
रक्षाबंधन त्योहार पर बहनों को दिया गया तोहफा
मौके पर उमड़ी जन सैलाब को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि आज का दिन विशेष कर राज्य की बहन-बेटियों के लिए शुभ और ऐतिहासिक दिन है। राज्य की आधी आबादी को उनकी सरकार इस रक्षाबंधन त्योहार के पावन अवसर पर “झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” की सौगात दे रही है। इस योजना के तहत अब 21 से 50 वर्ष की उम्र तक की पात्र महिलाओं को राज्य सरकार डीबीटी के माध्यम से प्रत्येक माह के 15 तारीख तक 01 हजार रुपए सम्मान राशि उनके बैंक खाते पर भेजेगी। सभी पात्र महिलाओं के बैंक खाते में हरेक वर्ष 12 हजार रुपए भेजे जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैसे तो उनकी सरकार गांव, गरीब, किसान, मजदूर सहित सभी वर्ग-समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई हैं, जिसका लाभ गांव-गुरबा के लोग बखूबी ले रहे हैं, लेकिन राज्य की नारी शक्ति के उत्थान के लिए एक विशेष योजना की जरूरत थी जिसे “झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” के रूप में आज पाकुड़ जिला की इस धरती से आपसभी लोगों की गरिमामयी उपस्थिति में शुभारंभ किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सोरेन ने कहा कि रक्षाबंधन त्योहार पूरे देश में उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस दिन हमारी बहन-बेटियों को अनेक उपहार मिलते हैं। रक्षाबंधन के दिन भाई भी अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेता है। आज हमारी सरकार भी राज्य की बहन-बेटियों के सम्मान, रक्षा एवं उनके विश्वास पर खरा उतरने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरुआत से ही हमारी सोच रही है कि राज्य की आधी आबादी जो हमेशा अनेक चुनौतियों से गुजरते हैं, उनके सर्वांगीण विकास के लिए विशेष काम किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि “झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना” प्रारंभ करने से पहले कई प्रकार की चुनौतियों को मद्देनजर रखते हुए कई बाधाओं को निपटाया गया। इस योजना के संचालन की एक-एक पहलुओं को ध्यान में रखकर अंतत: रविवार को नारी शक्ति से जुड़ी इस महत्वाकांक्षी योजना की विधिवत शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के किसानों के उत्थान के लिए समर्पित है। राज्य सरकार ने अब निर्णय लिया है कि यहां के कृषकों की ओर से लिए गए कृषि ऋण के रूप में सिर्फ 50 हजार रुपए ही नहीं बल्कि 02 लाख रुपए तक की राशि माफ की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में खेल एवं खिलाड़ियों के विकास को लेकर समर्पित भाव से काम किया है। राज्य के सरकारी स्कूलों में अध्यनरत छात्राओं को सावित्री बाई फुले समृद्धि योजना का लाभ मिल रहा है। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए मॉडल स्कूल का संचालन किया जा रहा है। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री का स्वागत डीसी मृत्युंजय कुमार बर्णवाल, एसपी प्रभात कुमार के साथ जिला के वरीय पदाधिकारी की ओर से किया गया। वहीं कार्यक्रम में विशेष कर जिला परिषद अध्यक्ष के साथ-साथ पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव मनोज कुमार, संथालपरगना प्रमंडल आयुक्त लालचंद डाडेल समेत झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष, पार्टी के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।