-निषाद संघ की बैठक सह संकल्प सभा का आयोजन
साहिबगंज। संवाददाता। शहर के कॉलेज रोड स्थित मछुआ सोसाइटी सभागार में रविवार को निषाद संघ की बैठक सह संकल्प सभा का आयोजन हुआ। अध्यक्षता निषाद संघ जिला अध्यक्ष अनिल कुमार सरकार ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दल अगर निषाद समाज से प्रत्याशी नहीं बनाती है तो निषाद समाज अपने समाज का प्रत्याशी मैदान में उतारेगी और मजबूती से चुनाव लड़ाएगी। जिला अध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार सरकार ने कहा कि निषाद समाज की दिशा और दशा बदलने के लिए एकजुट होकर अपने ही समाज के उम्मीदवार के पक्ष में आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान करेंगे। कार्यकारी अध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि निषाद समाज के स्वाभिमान पर चोट पहुंचा कर वोट लेने का प्रयास हुआ तो निषाद समाज वैसे लोगों को चुनाव में मुंहतोड़ जवाब देते हुए अपने सम्मान की रक्षा करेगी। राजीव चौधरी ने बताया कि इस बार निषाद समाज किसी हाल में कोई समझौता नहीं करेगी। मौके पर उदय कुमार मंडल, राम नरेश मंडल, वरुण कुमार मंडल, नरेश चंद्र मंडल, हुलास चौधरी, रामसागर चौधरी, रमेश मंडल, देवेंद्र कुमार चौधरी, हरिदास मंडल, अमरदीप सिंह, दीप नारायण मंडल, अशोक कुमार मंडल, गंगा प्रसाद सिंह, कृपानाथ मंडल, सुनील कुमार चौधरी, अमित कुमार मंडल, सरवन कुमार मंडल, निहार रंजन मंडल, बादल मंडल, रामसेवक मंडल, शिव गोविंद चौधरी, निरंजन मंडल सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।
भोजपुरी जगत के हास्य सुपर स्टार अभिनेता आनंद मोहन का हुआ अभिनंदन
साहिबगंज। संवाददाता। भोजपुरी जगत के हास्य सुपर स्टार अभिनेता आनंद मोहन के साहिबगंज पहुंचने पर शहर के पुरानी साहिबगंज स्थित आदर्श पुस्तकालय में अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति सम्मान से सम्मानित महेंद्र नाथ ओझा व विशिष्ठ अतिथि के रूप में दीना नाथ ओझा ने शिरकत की। वार्ड पार्षद कौशल किशोर ओझा ने स्वागत भाषण दिया। इस दौरान शॉल और बुके देकर आनंद मोहन का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आनंद मोहन ने बताया कि बड़े, बुजुर्गों के आशीर्वाद व अपनी माटी से प्रेम ने उन्हें यहां तक पहुंचाया है। बताया कि पुरानी साहेबगंज ओझा टोली के दामाद हैं। उनकी पत्नी का यहां ननिहाल है। यहां बराबर आना-जाना लगा रहता है। लेकिन व्यस्तता के चलते लोगों से मिलना नहीं हो पाता। उन्होंने अपनी फिल्म के कई डायलॉग बोल कर लोगों को खूब हंसाया। मंच संचालन शैलेन्द्र ओझा ने किया। समापन भाषण श्रीकांत ओझा ने दिया। मौके पर प्रेम प्रकाश ओझा, श्रीकांत ओझा, जयप्रकाश ओझा, रामावतार ओझा, संजीव ओझा, पीयूष घोष, प्रेम शंकर तिवारी, पंकज त्रिपाठी, अंबर पांडेय, अरविंद ओझा, शौर्य ओझा, देव कुमार ओझा, निरंजन यादव सहित अन्य मौजूद थे।
सांढ़ ने वृद्ध महिला को मारी टक्कर, मौत
साहिबगंज। संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ी कोदरजनना में शनिवार की देर शाम मीनी देवी (71) को सांढ़ ने टक्कर मार दी। जिससे वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने महिला का किसी निजी अस्पताल में इलाज कराया। पुलिस के अनुसार इलाज के बाद सुधार होने पर उसे घर लाया गया। लेकिन देर रात वृद्ध महिला की मौत हो गई। इधर मुफस्सिल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। शव का पोस्टमार्टम डीएस डॉ. मोहन मुर्मू ने किया है। जिसके बाद पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
इंजीनियरिंग का कमाल, 120 जैक लगा कर 03 फीट ऊपर उठाई मस्जिद
-बिहार के टेक्नीशियन सूरज पंडित, कृष्ण देव पंडित और उनकी टीम का कमाल
राजमहल। संवाददाता। जिला में संभवत: पहली बार किसी भवन को जैक लगा कर लिफ्ट कराया गया है। इससे लोगों में इंजीनियरिंग के इस कमाल से कौतुहल है। दरअसल राजमहल प्रखंड अंतर्गत प्राणपुर पंचायत क्षेत्र के आलमपुरा गांव स्थित वर्षों पुरानी एक मस्जिद को जैक लगाकर 03 फीट लिफ्ट कर दिया गया। मस्जिद के इमाम आजम ने बताया कि पीसीसी सड़क बन जाने से मस्जिद काफी नीची हो गई थी। बारिश का पानी मस्जिद के अंदर प्रवेश कर जाता था। जिससे 1 से 2 फीट जल भराव हो जाता था और नमाज अदा करने में परेशानी होती थी। नए सिरे से मस्जिद बनवाने में काफी खर्च था। गांव के जानकार लोगों ने बिहार के नौगछिया से टीम बुलाई। टीम को हरियाणा से कार्य का अनुभव है। कंपनी ने 03 लाख, 15 हजार रुपए खर्च लिया। मैटेरियल खर्च अलग से है। मस्जिद के लिफ्ट कराने के बाद अब इसकी नींव में ईंट, सीमेंट-कंक्रीट का जोड़ लगाया जाएगा। मस्जिद को ऊंचा करने वाली टीम में टेक्नीशियन सूरज पंडित, कृष्ण देव पंडित और मजदूर केदार मंडल, गौरव यादव, संजय कुमार एवं नितेश कुमार सहित अन्य लोग शामिल हैं। 15 सितंबर से इस टीम ने काम करना शुरू किया है। 120 जैक लगा कर तय ऊंचाई तक मस्जिद को उठा दिया गया। पूरी प्रक्रिया अगले 15 दिनों में पूरी हो जाएगी।
जमकर हुई मारपीट में तीन घायल
राजमहल। संवाददात। थाना अंतर्गत नपं क्षेत्र के नयाबजार में शनिवार की देर रात्रि मारपीट की घटना में सपन मंडल (17), कन्हाई मंडल (28) और शिवरतन मंडल (32) घायल हो गए। बाद में उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों ने बताया कि कुछ लोगों ने आपसी विवाद के बाद आक्रोशित होकर मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों ने घायलों का इलाज किया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
दर्जनों मजदूरों ने ली मजदूर संघ की सदस्यता
राजमहल। संवाददाता। गुणिहारी पंचायत के नागेश्वर बाग में शिव मंदिर के निकट पीपल पेड़ के नीचे झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक के केन्द्रीय महामंत्री राजकुमार यादव की अध्यक्षता में सदस्यता अभियान को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान जमुना राय, दुर्योधन, साह समीर शेख, अजय राय, वासुदेव साह, रीना देवी, सुष्मिता कुमारी, जगरनाथ साह सहित कई मजदूरों ने संघ की सदस्यता ग्रहण की। राजकुमार यादव ने कहा कि झारखंड सरकार मजदूरों को रोजगार देने में एवं विस्थापन जैसी विकराल समस्या को दूर करने में असफल रही है। मौके पर रवि घोष, फूल कुमारी सहित अन्य उपस्थित थे।
पूर्व सीएम चंपाई ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से ग्राम प्रधानों को किया संबोधित
-बरहेट के भोगनाडीह में मांझी परगना महासम्मेलन का आयोजन
-बोरियो के पूर्व विधायक लोबिन ने की शिरकत
साहिबगंज। संवाददाता। बरहेट के भोगनाडीह में रविवार को मांझी परगना महासम्मेलन का आयोजन हुआ। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन इस कार्यक्रम में आना था। लेकिन अचानक बीमार होने की वजह से चंपाई सशरीर शिरकत नहीं कर सके। हालांकि उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग से ग्राम प्रधानों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संथालपरगना में बांग्लादेश घुसपैठ से समाज का अपमान हुआ है। घुसपैठी आदिवासियों का शोषण कर रहे हैं। समाज की बेटी से शादी कर आदिवासी की जमीन हड़प रहे हैं। चंपाई ने कहा कि मांझी परगना के माध्यम से संथालपरगना का सुधार किया जा सकता है। आदिवासी समाज के पिछड़ापन को दूर किया जा सकता है। झारखंड बने वर्षों बीत गए लेकिन आदिवासी समाज अंधकार में जीवन यापन कर रहा है। वर्तमान सरकार ने आदिवासी समाज को और भी पीछे धकेल दिया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बोरियो के पूर्व विधायक लोबिन हेंब्रम ने कहा कि हेमंत की सरकार ने झारखंड के आदिवासियों के साथ धोखा किया है। हेमंत सोरेन ने चुनाव में वादा किया था कि एसपीटी एक्ट, सीएनटी एक्ट को मजबूती से लागू करेंगे एवं स्थानीय नीति, पेसा एक्ट से आदिवासी समाज को बचाएंगे। लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने मुद्दे से हटकर मुसलमानों को वोट बैंक बनाया और उसकी हित की बात करती है। सम्मेलन को गमालियल हेंब्रम सहित अन्य ने भी संबोधित किया। मौके पर ग्राम प्रधान बेटका मुर्मू, बड़का टुडू, यूनिकी मुर्मू, ईश्वर मरांडी, चंद्र मोहन टुडू, शिवचरण मालतो, सीमोन मालतो, रविंदर टुडू, सुनील बेसरा, सनी मरांडी सहित सैंकड़ों ग्राम प्रधानों, गुड़ित नायकी सहित आदिवासी समाज के लोग मौजूद थे।
एसडीपीआई पार्टी की ब्रांच कमेटी का गठन
बोरियो। संवाददाता। रविवार को एसडीपीआई पार्टी की ब्रांच कमेटी का गठन हुआ। सर्वसम्मति से सऊद फैजी को अध्यक्ष, जहांगीर अंसारी को उपाध्यक्ष, अफजाल अंसारी को महासचिव, सद्दाम अंसारी को सचिव और इस्माइल को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। मौके पर जिला अध्यक्ष ताहमीदुर रहमान और जिला महासचिव उमर फारूक मौजूद थे।
बाढ़ पीड़ितों के बीच सामाग्री का वितरण
तालझारी। संवाददाता। बराजमहल प्रखंड क्षेत्र के गदाई दियारा, घाटजमनी, मोकिमपुर पंचायत के विभिन्न गांवों में रविवार को झामुमो नेता एमटी राजा ने अपने निजी खर्चे से लगभग 900 बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण कराया। मौके पर झामुमो प्रखंड युवा मोर्चा अध्यक्ष विकास यादव, प्रखंड सचिव सुदर्शन पासवान, अजय दास, श्रवण मंडल, गोपाल मंडल, गौरंगो मंडल, अनिल मंडल, विष्णु मंडल, जितेंद्र यादव, सकलदीप मंडल सहित अन्य कार्यक्रता मौजूद थे।
झामुमो बूथ अध्यक्ष बने हरि मंडल और सचिव रोहन
तालझारी। संवाददाता। राजमहल प्रखंड क्षेत्र के मोकिमपुर पंचायत के कमलैन बगीचा गांव में बूथ संख्या 124 में रविवार को झामुमो युवा बूथ कमेटी की बैठक रामगोपाल मंडल की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से हरि मंडल को बूथ अध्यक्ष, रोहन प्रमाणिक को सचिव व अन्य को सदस्य मनोनीत किया गया। मौके पर झामुमो प्रखंड युवा मोर्चा अध्यक्ष विकास यादव, श्रवण मंडल, गोपाल मंडल, जितेंद्र यादव, प्रकाश मंडल, लोरेस मंडल, बेचन महालदार, छेदन मंडल, सुधीर मंडल, विनोद मंडल, सुजीत मंडल, शिबू मंडल, मिथुन सरकार व अन्य मौजूद थे।