साहिबगंज। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर रविवार को जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं ने अंत्योदय दिवस मनाया। नगर मंडल के बूथ संख्या-112 में बूथ अध्यक्ष विनोद चौधरी की अध्यक्षता में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई गई और प्रधानमंत्री की मन की बात कार्यक्रम को सुना गया। कार्यक्रम में राजमहल विधायक अनंत ओझा मौजूद रहे। विधायक अनन्त ओझा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उपस्थित लोगों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद विधायक ने स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम सुना। मौके पर विधायक ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े सभी नागरिकों के समग्र विकास के संकल्पना को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार पूर्ण कर रही है। मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि मन की बात सुनना हमेशा हम सभी के लिए प्रेरणात्मक रहता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि त्योहारों के महीने में घरेलू कारीगरों और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देते हुए लोकल में बना चीजों का ज्यादा से ज्यादा खरीदारी करें। कहा पंडित उपाध्याय का स्पष्ट मत था कि हमारी योजनाओं का आधार समाज के संपन्न नहीं, अंतिम पायदान का व्यक्ति होना चाहिए। आज उनका यह सपना साकार हो रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हर गरीब को आवास, शौचालय, हर गरीब महिला को ऊर्जा के लिए ग्रीन एनर्जी के रूप में मुफ्त एलपीजी गैस कनेक्शन, हर गरीब को आयुष्मान योजना से पांच लाख रुपये तक स्वास्थ्य सुरक्षा कवर जैसी अनेक योजनाओं का लाभ मिल रहा है। देश के सभी लोगों को मुफ्त में वैक्सीन दिया जा रहा है। मौके पर भाजपा जिला मंत्री गौतम यादव, सेवानिवृत्त शिक्षक रामलाल परिहार, गौतम पंडित सहित अन्य मौजूद थे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया पंडित उपाध्याय की जयंती
साहिबगंज/संवाददाता। नगर के सभी बूथों पर रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती भाजपा के बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं ने मनाई। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी बूथों पर एक प्रभारी भी नियुक्त की गई। बताया गया कि राजमहल विधायक अनंत ओझा, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीनिवास यादव, नगर परिषद उपाध्यक्ष रामानंद साह, गणेश प्रसाद तिवारी, धर्मेंद्र कुमार, पंकज चौधरी, गरिमा शाह, राजीव चौधरी, प्रमोद पांडेय सहित अन्य को बूथ प्रभारी बनाया गया है।