सचिव विवेश जालान ने महिला कर्मी से मांगी माफी
चेयरमैन ने कहा : कार्यकारिणी समिति की बैठक कर लिया जायेगा निर्णय
गिरिडीह। संवाददाता। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी गिरिडीह शाखा के सचिव विवेश जालान पर रेड क्रॉस की ही एक महिला कर्मी ने दुर्व्यवहार व प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर बुधवार को रेड क्रॉस भवन में सचिव व महिला कर्मी के बीच काफी देर तक तूतू-मैंमैं हुई। हालांकि मामला की सूचना मिलते ही रेड क्रॉस के चेयरमेन अरविंद कुमार तुरंत वहां पहुंचे और दोनों को समझा बुझाकर मामला शांत करवाया। महिला कर्मी काफी गुस्से में थी। मौके की नजाकत को समझते हुए सचिव विवेश जालान ने महिला कर्मी से माफी मांगी। इस बाबत महिला कर्मी रजनी ने बताया कि रेड क्रॉस के सचिव विवेश जालान आए दिन उन्हें प्रताड़ित करते हैं और उनके साथ दुर्व्यवहार करते हैं। दुर्व्यवहार काफी दिनों से करते आ रहे हैं। कहा कि सचिव विवेश जालान की शिकायत कई बार रेड क्रॉस के पदाधिकारियों से भी की है। इस बाबत रेड क्रॉस के सचिव विवेश जालान से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे यहां सेवा भाव से जुड़े हुए हैं। महिला कर्मी रेड क्रॉस में बेहतर तरीके से अपने कार्यों का अंजाम नहीं देती है। बिना बताए यहां से चली जाती है, जिससे रेडक्रॉस का काम प्रभावित होता है। आज भी बिना किसी को कुछ बताए यहां से चली गई। जब उनसे इस बाबत पूछा गया तो वे बेवजह उनसे उलझ गई और दुर्व्यवहार व प्रताड़ना का आरोप लगा रही है। इस बाबत रेड क्रॉस के चेयरमैन अरविंद कुमार ने कहा कि उन्हें सूचना मिली कि रेड क्रॉस के सचिव व एक महिला कर्मी के बीच किसी बात को लेकर बहस हो रही है। वे तुरंत वहां पहुंच कर मामला को शांत करवाया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि महिला ने सचिव पर जो गंभीर आरोप लगाए हैं, उसको लेकर जल्द ही वे रेड क्रॉस के कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर आगे का निर्णय लिया जायेगा। बहरहाल सच्चाई क्या है यह तो जांच का विषय है। फिलहाल रेड क्रॉस के सचिव पर वहां की महिला कर्मी ने जो आरोप लगाया है, वह शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जिप की बैठक में छाया रहा जल-नल योजना समेत कई मामले
जिला परिषद के रेवेन्यू को लेकर 6 एजेंडे हुए पारित
एक ही प्रखंड में 5 वर्षों से जमे जनसेवक हटेंगे
गिरिडीह। संवाददाता। जिला परिषद सभागार में बुधवार को एक सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी कर रही थी। मौके पर डीडीसी स्मिता कुमारी जमुआ विधायक मंजू कुमारी, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, डुमरी विधायक प्रतिनिधि अन्य विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधि सांसद प्रतिनिधि के साथ-साथ प्रमुख उप प्रमुख और जिला परिषद सदस्य सहित सभी विभाग के अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद थे। मौके पर स्वास्थ्य, जल नल योजना, शौचालय जैसी तमाम बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस सामान्य बैठक के दौरान जिला परिषद का फंड कैसे बढ़े और रेवेन्यू अधिक से अधिक कैसे प्राप्त हो, इसको लेकर भी विचार विमर्श किया गया। इस बाबत जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी ने कहा कि आज की बैठक में विकास योजनाओं को लेकर कई बातों का चर्चा की गई। कहा कि जल नल योजना बहुत बड़ी महत्वाकांक्षी योजना है। ज्यादातर स्थानों में संवेदक ने काम को जैसे-तैसे छोड़ दिया है, इसको लेकर भी निर्णय लिया गया है। डीडीसी स्मिता कुमारी ने कहा कि इस बैठक में जिला परिषद का वसूली बढ़े इसको लेकर 6 एजेंडा पर प्रस्ताव पारित किया गया। बताया कि निखर होटल के बगल में जिला परिषद की जमीन पर विवाह भवन का निर्माण करवाया जाएगा, एक ही प्रखंड में 5 वर्षों से काम कर रहे जनसेवक को स्थानांतरित किया जाएगा। जिला परिषद के जितने भी अचल संपत्ति है, वहां बोर्ड लगाया जाएगा। साथ ही, गिरिडीह जिले के बस स्टैंड है, उसका क्लब बनाकर डाक करवाया जाएगा ताकि रेवेन्यू जिला परिषद को प्राप्त हो। वही जमुआ विधायक मंजू कुमारी ने अपने क्षेत्र की समस्या से अवगत कराया ताकि सुधार किया जाए। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए जिला परिषद सदस्य मौजूद थे।
50 सदस्य बनाने के बाद ही मिलेगी सक्रिय सदस्य की मान्यता: विकास
सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा ने लगाया कैंप
गिरिडीह। संवाददाता। टावर चौक पर भारतीय जनता पार्टी नगर कमेटी की ओर से संगठन महापर्व के निमित्त सदस्यता अभियान को लेकर कैंप लगाया गया। इस अभियान की शुरुआत नगर अध्यक्ष हरमिंदर सिंह बग्गा जी ने की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रवासी प्रभारी सह प्रदेश के उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, गिरिडीह के निवर्तमान महापौर सुनील पासवान, जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, जिलामहामंत्री संदीप डंगईच, नगर महामंत्री सिंकु सिन्हा, अरुण गुप्ता, ज्योति शर्मा, आदित्य कुमार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। सदस्यता अभियान में विकास प्रीतम ने कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को रेफरल लिंक के द्वारा 50 सदस्य बनाने अनिवार्य है। 50 सदस्य बनने के उपरांत ही उन्हें सक्रिय सदस्य बनाया जाएगा। सक्रिय सदस्य बनने वाले व्यक्ति ही या तो बूथ अध्यक्ष या मंडल के पदाधिकारी या जिले के पदाधिकारी बनने के योग्य होंगे, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता की जवाबदेही है कि प्रत्येक बूथ पर तीन-तीन व्यक्ति को सक्रिय सदस्य अवश्य बनाएं। नगर अध्यक्ष हरमिंदर सिंह बग्गा ने कहा कि उनके द्वारा लगातार जीतोड़ मेहनत करके शहरी क्षेत्र में भाजपा को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। कहा कि आने वाले समय में 50 हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है जिसे हर हाल में पूरा किया जायेगा।
महापुरुषों को जातियों में न बांटे, वे पूरा मानव जाति के हैं: केदार
शेख भिखारी व टिकैत उमरांव सिंह का 168वां शहादत दिवस मनाया गया
जमुआ। संवाददाता। शहीद शेख भिखारी अंसारी एवं टिकैत उमराव सिंह के 168वां शहादत दिवस मदरसा मैदान नौआशेर में बुधवार को समारोह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में जिलेभर की नामचीन हस्तियां मौजूद हुई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जमुआ के विधायक केदार हजारा ने अपने संबोधन में कहा कि कोई भी महापुरुष हुए वे महान इसलिए बने कि उन्होंने सबके लिए काम किया। कहा कि शेख भिखारी और टिकैत उमराव सिंह ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ जंग का ऐलान किया। विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक मो निजामुद्दीन ने कहा कि जंगे आजादी में जिन रण बांकुरों ने शहादत दिया उन्हें मुल्क कभी भुला न सकेगा। जमुआ के प्रमुख प्रतिनिधि संजीत यादव ने कहा कि शेख भिखारी और टिकैत उमराव के शहादतों को देश भुला न सकेगा। कहा कि हम सब मिलकर देश में मोहब्बत का पैगाम फैलाएं और नफरत के कीटाणुओं को पांव पसारने न दें। जिप प्रतिनिधि दिगम्बर प्रसाद दिवाकर, डॉ कलीम अंसारी, प्रो मंजूर अंसारी, अनिल चौधरी, ओम प्रकाश महतो, मौलाना अनवर, डॉ हनीफ,मंजूर अंसारी, मुस्लिम अंसारी, अलाउद्दीन अंसारी, कलाम अंसारी, डॉ कलाम अंसारी, जाकिर हुसैन, असगर अली, मनीर अंसारी, शहीद अंसारी, रोजन अंसारी, शहाबुद्दीन अंसारी, सब्बीर अंसारी, मुस्तकीम अंसारी सहित कई वक्ताओं ने कार्यक्रम में विचार रखे। आयोजन अंसारी महापंचायत की ओर से किया गया। अध्यक्षता स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि मुस्तकीम अंसारी ने किया। संचालन उप प्रमुख रब्बुल हसन रब्बानी ने किया।
वार्ड नंबर 3 में लगा भाजपा का सदस्यता अभियान कैंप
गिरिडीह। संवाददाता। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 में संगठन महापर्व के तहत भाजपा का सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रवासी प्रभारी के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, पूर्व महापौर सह भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता सुनील पासवान, भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद सदानन्द प्रसाद वर्मा आदि मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान अधिक से अधिक लोगों को भाजपा से जोड़ने को लेकर चर्चा की गई। कैंप में कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की। बताया गया कि यह कार्यक्रम 14 जनवरी तक चलेगा। मौके पर बृजेश कुमार, रमेश कुमार दास, महादेव दास, विनोद दास, विनोद दास, कामेश्वर प्रसाद, अजय पांडे, कैलाश तुरी, पंकज वर्मा आदि मौजूद थे।
भाजपा नेत्री प्रो विनीता के नेतृत्व में चलाया गया सदस्यता अभियान
प्रत्येक शक्ति केंद्र बूथ स्तर पर पहुंचकर कार्यकर्ता बनाएं सदस्य: विनीता
गिरिडीह। संवाददाता। गिरिडीह विधानसभा अंतर्गत सभी मंडलों में भाजपा का सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। पूर्वी भाग मंडल सदस्यता अभियान प्रभारी प्रो विनीता कुमारी के नेतृत्व में मोहनपुर, गादी श्रीरामपुर, पूरनानगर में यह अभियान चलाया गया। प्रो विनीता कुमारी ने कहा कि प्रत्येक शक्ति केन्द्र एवं बूथ स्तर तक पहुंच कर प्रत्येक कार्यकर्ता को पहले भाजपा का प्राथमिक सदस्य बनना है और इसके बाद 50 सदस्य बनाकर सक्रिय सदस्य बनना है। प्रत्येक कार्यकर्ता को कम से कम 50 सदस्य बनाना है। जिला पदाधिकारी को 500 सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला है और मंडल पदाधिकारी को 250 सदस्य का लक्ष्य। प्रत्येक जिले को 4 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला है। संगठन महापर्व का सदस्यता अभियान 15 जनवरी तक रहेगा। 5 लाख के लक्ष्य के साथ सदस्यता अभियान तीव्र गति से चल रही है। सार्वजनिक स्थानों पर सदस्यता अभियान चलाकर सभी लोगों से 8800002024 पर मिस्ड कॉल कराकर लिंक पर क्लिक कराना है फिर भाजपा की सदस्यता आनलाइन ग्रहण करानी है। मौके पर मंडल महामंत्री प्रदीप राय, सीताराम वर्मा, जिला उपाध्यक्ष किसान मोर्चा अनुप सिन्हा, जिला प्रभारी महिला मोर्चा नीतु शंकर, महामंत्री सावित्री भारती, अमित आर्या, सुरेश गुप्ता, विनोद राम, उदय चंद्रवंशी, प्रद्युम्न यादव आदि उपस्थित रहे।
चोरों ने मीना देवी के घर सहित विद्यालय में की चोरी
डुमरी। संवाददाता। डुमरी थाना क्षेत्र के करिहारी निवासी मीना देवी पति राजू विश्वकर्मा के घर 07 जनवरी की रात्रि चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर नगदी एवं जेवरात की चोरी कर घर में रखे हुए डिस्टील वाटर का सैकड़ों बोतलों में आग लगा दिया। घटना में लाख रूपये से अधिक का नुकसान हुआ है। बताया जाता है कि मीना देवी जार में पेयजल में पानी की बिक्री करने के लिए प्लांट लगाई है। बताया कि चोरों ने घर के बगल के छत से मेरे घर घुसा और ड्रावर में रखे नगदी 28 हजार एवं 30 हजार रुपये की मंगलसूत्र तथा 15 सौ रुपये की ब्रासलेट की चोरी कर लिया। साथ ही, जाते हुए करीब 45 हजार रुपये की कीमत की डिस्टील वाटर का बोतल में आग लगा दिया। बताया कि आग लगने से बोतल जलने की आवाज सुनकर उठी तो घटना की जानकारी हुई। घटना की जानकारी थाना को देने की बात कही है।
इधर प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक गुरुगोविन्द हांसदा ने बुधवार को निमियाघाट थाना में आवेदन देकर कहा है कि अज्ञात चोरों ने विद्यालय में लगे सोलर पैनल प्लेट की तार चोरी कर लिया है। लिखा है कि विद्यालय में 25 दिसंबर से 5 जनवरी 2025 तक विभाग की ओर से शीतकालीन अवकाश घोषित था। जब अवकाश के उपरान्त 7 जनवरी को विद्यालय पहुंचे तो देखा की विद्यालय में लगा हुआ सोलर प्लेट का तार काट कर अज्ञात चोर ले गया है।
रक्तदान शिविर में पदाधिकारी सहित कर्मियों ने किया 42 यूनिट रक्तदान
डुमरी। संवाददाता। गिरिडीह रक्त अधिकोष में रक्त की कमी एवं अधिकोष में नियमित रूप से रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देशानुसार सदर अस्पताल गिरिडीह की ओर से बुधवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 42 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। शिविर गिरिडीह सदर अस्पताल के डॉ सोहेल अख्तर के नेतृत्व में हुआ जिनके सहयोग के लिए एलटी संत कुमार एलटी उज्जवल मंडल, एलटी विनिता मराण्डी, एमएसडबल्यू आनंद सिंह व डीओ सुधीर कुमार कर रहे थे। शिविर में मुखिया सुबोध यादव, निशांत, संतोष महतो, उमेश ठाकुर, नीतीश,नरेश कुमार, आनंद कुमार, विक्रम कुमार, आदित्य कुमार आदि ने रक्तदान कर अन्य लोगों को भी प्रेरित किया। शिविर का मॉनिटरिंग सीओ डुमरी शशिभूषण वर्मा बीडीओ अन्वेषा ओना डुमरी रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ राजेश महतो कर रहे थे। कार्यक्रम में रेफरल अस्पताल के बीपीएम पूजा कुमारी, बीएएम राम प्रवेश, बीटीटी मानिकचन्द महता,े प्रखण्ड कार्यालय के हेमंत कुमार आदि दर्जनों लोग उपस्थित थे।
5 घरों से 50 हजार नगदी समेत 10 लाख की चोरी
बिरनी। संवाददाता। प्रखण्ड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र अंतर्गत गुरहा गांव में मंगलवार देर रात को चोरों ने 5 घरों में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने तीन सगे भाईयों एवं दो अन्य लोगों के घरों में जमकर चोरी की है। दो सेवानिवृत शिक्षक भागीरथ विश्कर्मा एवं केदार विश्वकर्मा हैं तथा नारायण विश्वकर्मा के साथ-साथ जिसमें दो सेवानिवृत शिक्षक के घर से 50 हजार नगदी समेत लगभग 10 लाख की संपति ले उड़े। भागीरथ विश्वकर्मा एवं केदार विश्वकर्मा दोनों सेवानिवृत शिक्षक हैं। वहीं नारायण विश्वकर्मा शिक्षक हैं तथा सहदेव महतो एवं हरिहर यादव के घर में भी चोरों ने चोरी की है। चोरों ने सभी के बन्द घरों में ताला तोड़कर घटना को अंजाम दिया तथा आलमीरा में 4 रखे लाख के जेवर एवं 50 हजार रुपए नगदी व कई कीमती सामग्री समेत 6 लाख की संपति पर हाथ साफ किया है। वहीं सेवानिवृत शिक्षक केदार विश्वकर्मा के घर से कांसा-पीतल का बर्तन जिसकी कीमत लगभग 70-80 हजार रुपए होगी तथा शिक्षक नारायण विश्वकर्मा के घर के प्रथम तल्ला के एक मकान का ताला तोड़कर लगभग 2 लाख का जेवर समेत 30 हजार के बर्तनों पर हाथ साफ किया। इसके अलावा हरिहर यादव के घर से 50 हजार के दो सेट का कांसा-पीतल के बर्तन को ले उड़े। वहीं दिल्ली में सपरिवार रहने वाले सहदेव महतो के घर का ताला तोड़कर बक्से में रखे चांदी के जेवर, पीतल एवं कांसा के बर्तन की भी चोरी की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 70-80 हजार रुपए बताया जा रहा है। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही भरकट्टा पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। बता दें कि भागीरथ विश्वकर्मा सपरिवार कहीं गए हुए थे। इसी बीच चोरों ने घर सुना पाकर चोरी को अंजाम दिया। दूसरी ओर ग्रामीणों की मानें तो चोर करीब 11-12 बजे के बीच आए थे। इसी दौरान दो दिनों से इसी समय को द्वारपहरी पावर हाउस से बिजली काट दी जाती है, जिससे लोगों में आशंका जताई जा रही है कि कहीं न कहीं उक्त चोरी की घटना में विद्युत कर्मियों का भी हाथ हो सकता है। वैसे मामला जो भी हो जांच का विषय है। हालांकि इस संबंध में विद्युत कर्मीयों से बात करना चाहा तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं बढ़ते अपराध को देखते हुए भाजपा जिला मंत्री देवनाथ ने पुलिस पर सवाल करते हुए कहा जिले में रोज अपराध की घटनाएं हो रही है और अपराधियों के आगे पुलिस भी नतमस्तक है। उन्होंने कहा पुलिस हर मोर्चे पर विफल हो रही है और अपराधी सफल नजर आ रहे हैं जिससे आम लोगों में भी दहशत है।
16 जनवरी को जिलास्तरीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन
पीरटांड़। संवाददाता। गिरिडीह स्थित झंडा मैदान में आगामी 16 जनवरी को जिला स्तरीय किसान मेला-सह फसल प्रदर्शनी का आयोजन किया जाना है। जिसे लेकर बुधवार को पीरटांड़ तकनीकी प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि आगामी 16 जनवरी को किसान मेला का आयोजन गिरिडीह में किया गया है, जिसमें पीरटांड़ प्रखंड क्षेत्र के सभी किसान मित्र 5-5 किसान के साथ कार्यक्रम में भाग लेना सुनिश्चित करेंगे। वही उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के बाद कार्यक्रम स्थल के पास ही किसान मित्रों के साथ एक मीटिंग भी होगा, जिसमें सभी किसान मित्रों को उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि किसान मेला-सह फसल प्रदर्शनी में सभी किसान को रबी मौसम में होने वाले फल, फूल, सब्जी व अनाज लेकर आना है। आगे उन्होंने कहा कि पीरटांड़ से लगभग 60 किसान को इस कार्यक्रम में भाग लेना है।