व्यवहार न्यायालय में हुआ राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
18 सौ मामलों का निष्पादन व 125 करोड़ 36 लाख राजस्व की वसूली
गिरिडीह। संवाददाता। गिरिडीह व्यवहार न्यायालय में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया, जिसमें उच्च न्यायालय के आंचलिक न्यायाधीश राजेश शंकर शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार प्रसाद, डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश के साथ व्यवहार न्यायालय परिसर में लगे लोक अदालत का उद्घाटन संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर व फीता काटकर किया। इस दौरान व्यवहार न्यायलय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। मौके पर न्यायिक अधिकारी यशवंत प्रकाश, आनन्द प्रकाश, राजेश बग्गा, सीजेएम संदीप गौतम और जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव सोनम विश्नोई, सदर एसडीएम श्रीकांत यशवंत, उप नगर आयुक्त विशालदीप खालको, डीएसपी कौसर अली, बार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष प्रकाश सहाय, महासचिव चुन्नूकांत, अंकिता राय समेत कई अधिवक्ता और पक्षकार शामिल हुए। मौके पर आंचलिक न्यायाधीश राजेश शंकर ने लोक अदालत को देश और समाज हित में न्यायिक पर्व बताते हुए कहा कि लोक अदालत में किसी भी मामले में निष्पादन होने के बाद किसी भी पक्ष को कही और सुनवाई का कोई मौका नहीं मिलता है। इसलिए सुविधाओं के साथ लोक अदालत में कई मामले निपटाए जाते है। लोगांे को जागरूक होकर लोक अदालत का लाभ लेने के लिए शामिल होना चाहिए। ताकि लोगों को वक्त पर न्याय मिल सके। इधर राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 10 पीठों का गठन कर खबर लिखे जाने तक एक हजार 772 पेंडिग केस निपटाए गए। जिसमें सिविल वाद से जुड़े 213 केस के साथ एनआई एक्ट से जुड़े 72 मामले और बिजली विभाग से जुड़े 280 केस के साथ मामूली अपराध से जुड़े 1058 मामले शामिल थे। वहीं अलग अलग विभागों से जूड़े विभिन्न मामलों में 125 करोड़ 36 लाख राजस्व की वसूली भी की गई है।
प्रजनन स्वास्थ्य व परिवार नियोजन विषय पर कार्यशाला का आयोजन
गिरिडीह। संवाददाता। इंजेंडर हेल्थ की ओर से नेहरू युवा केंद्र गिरिडीह के सहयोग से प्रजनन स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन विषय पर शनिवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टीम लीडर इंजेंडर हेल्थ डॉ मनोज पाल, राज्य परियोजना प्रबंधन रतीश मांझी, जिला युवा अधिकारी रवि मिश्रा, राज्य कन्सल्टेंट मुकेश तिवारी, लेखापाल नैयर परवेज आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नेहरू युवा केंद्र से संबंध ज्वाला युवा मंडल, मानव विकासालय बुढ़ियाखाद, नारी उत्थान मंच सरिया, गांव घर कल्याण संस्था भंडारीडीह आदि के 38 युवाओं ने भाग लिया। डॉ मनोज पाल ने युवाओं को प्रजनन स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। इंजेंडर हेल्थ टीम की ओर से युवाओं को परिवार नियोजन के संदर्भ में प्रचलित विभिन्न विधियां उनके प्रभाव एवं दुष्प्रभाव के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। रतीश मांझी ने युवाओं से इस संदर्भ में अपने-अपने क्षेत्र में प्रचार प्रसार करने के लिए आग्रह भी किया गया। कार्यक्रम में चंचल, कौशिक, दिवाकर कुमार, रोशन कुमार, बबली कुमारी, वर्षा आदि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना अंतर्गत बीपीएल लाभुकों को किया गया रवाना
गिरिडीह। संवाददाता। झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड पर्यटन विभाग के सौजन्य से संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत शनिवार को ईसाई धर्मावलंबियों के लिए बीपीएल श्रेणी के लाभुकों को गोवा तीर्थ दर्शन के लिए रवाना किया गया। सभी लाभुकों को समाहरणालय से हटिया स्टेशन के लिए बस के माध्यम से भेजा गया। बस को रवाना जिला खेल पदाधिकारी सह जिला पर्यटन नोडल पदाधिकारी अर्जुन बारला ने हरी झंडी दिखाकर किया। मौके पर मुस्तहिब खान, जिला स्तरीय पर्यटन विशेज्ञ एवं कार्यालय कर्मी मौजूद रहे।
कस्तूरबा बालिका विद्यालय में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुई केंद्रीय मंत्री
उपायुक्त ने अंगवस्त्र व पौधा देकर किया स्वागत
गिरिडीह। संवाददाता। कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय में शनिवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी शामिल हुई। कार्यक्रम के प्रारंभ में उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने मंत्री को अंगवस्त्र एवं पौधा देकर स्वागत किया। इस दौरान मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने विद्यालयों की बच्चियों से मुलाकात कर उनके पठन पाठन समेत विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों की जानकारी प्राप्त की तथा बच्चियों को मन लगाकर पढ़ने के प्रति प्रोत्साहित किया। मौके पर उप विकास आयुक्त दीपक दुबे, अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विस्पुते के अलावे जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत कई लोग मौजूद थे।
संदेहास्पद स्थिति में विवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
पति समेत ससुराल के अन्य सदस्य फरार, जांच में जुटी पुलिस
गिरिडीह। संवाददाता। मुफ्फसिल थाना इलाके के बरवाडीह में संदेहास्पद स्थिति में एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। मृतका श्यामसुंदर रजक की बेटी और उमेश रजक की पत्नी लक्ष्मी देवी है। घटना को लेकर मृतका के पिता श्यामसुंदर रजक ने मुफ्फसिल थाना में लिखित आवेदन देकर दहेज की खातिर बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मामले की सूचना पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल करते हुए उपस्थित लोगों से पूछताछ किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद से आरोपी पति उमेश रजक समेत उसके परिवार के लोग घर से फरार बताए जा रहे हैं। घटना को लेकर निवासी मृतका की मां अंजू देवी ने बताया कि आज सुबह 8 बजे दामाद ने फोन कर जानकारी दिया कि बेटी ने फांसी लगा लिया है, जिसके बाद वे सभी मौके पर पहुंची। बताया कि दामाद और ससुरालवालों के द्वारा पहले से उनकी बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। मां ने आरोप लगाया कि दामाद और ससुराल वालों ने गाड़ी और घर बनाने के लिए 6 लाख रूपये दहेज मांगा था, जिसे देने में उन्होंने असमर्थता जताई थी, जिसके बाद लगातार बेटी को जान से मारने की धमकी दामाद और उसके घरवाले दे रहे थे। मृतका की मां के आवेदन पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई।
सड़क हादसे में मां बेटी की मौत, पिता व पुत्र गंभीर रूप से घायल
शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था पूरा परिवार
गिरिडीह। संवाददाता। तोपचांची स्थित मदयडीह के पास हुई सड़क दुर्घटना में मां-बेटी की मौत हो गई। जबकि पिता व पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को धनबाद एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि सरिया प्रखण्ड अंतर्गत कुबाडीह निवासी दुलारचंद राणा पत्नी सुमन देवी सहित दो बच्चों के साथ शादी में शामिल होने कतरास जा रहे थी। इसी क्रम में तोपचांची स्थित मदईडीह के समीप पानी पीने के लिए सड़क के किनारे रुके हुए थे। इसी दौरान पीछे से एक तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टककर मारा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला लगभग 5 मीटर दूर जा गिरी, जिससे मौके पर महिला सुमन देवी की मौत हो गयी। जबकि घायल बेटी को इलाज के लिए जाते हुए रास्ते में ही मौत हो गयी। दुलारचंद राणा एवं उसका पुत्र को अशर्फी हॉस्पिटल धनबाद में भरती कराया गया है। दोनों गंभीर रूप से घायल है। घटना की सूचना मिलते ही जिप सदस्य अनूप कुमार पाण्डेय पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। मौके पर आजसू नेता बीरेंद्र यादव, दीपू यादव, चंद्र शेखर यादव एवं सुभाष राणा उपस्थित थे।
मनरेगा संघ की बैठक में हड़ताल की बनी रणनीति
सरकार के वादाखिलाफी के खिलाफ मनरेगा कर्मियों का हड़ताल 18 जुलाई से
जमुआ। संवाददाता। झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ रांची के आह्वान पर मनरेगा संघ की एक बैठक शनिवार को जमुआ में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष सुरेश वर्मा ने की। बैठक में आगामी 18 जुलाई से 20 जुलाई तक पूरे राज्य में सांकेतिक हड़ताल और 22 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल को सफल बनाने पर चर्चा हुई। उक्त बैठक में मनरेगा के बीपीओ, सहायक अभियंता, लेखा सहायक, कम्प्यूटर सहायक, कनीय अभियंता एवं रोजगार सेवक मुख्य रूप से उपस्थित हुए। मौके पर संघ के अध्यक्ष सुरेश वर्मा एवं सचिव याकूब अंसारी ने संयुक्त रूप से कहा कि झारखंड राज्य में ग्रामीण विकास विभाग की अति महत्वाकांक्षी योजना मनरेगा के क्रियान्वयन में राज्य के हम मनरेगा कर्मी विगत 17 वर्षों से अल्प मानदेय में राज्य के उत्थान के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। मौके पर बीपीओ राजकुमार हेम्ब्रम, सहायक अभियंता आकाश गुप्ता, अध्यक्ष सुरेश वर्मा, सचिव याकूब अंसारी, के अलावे लेखा सहायक उमेश विश्वकर्मा, कम्प्यूटर ऑपरेट बिनय कुमार, कनिये अभियंता शशांक सौरभ, मेहताब आलम, नरेश कुमार, उत्तम कुमार, खुर्शीद अंसारी, गिरधारी महतो के अलावे रोजगार सेवक राजेश साहू, मोइन अंसारी, सरफुद्दीन अंसारी, नेहाल उद्दीन, मो. इकबाल, अकबर अंसारी समेत कई मनरेगा कर्मी उपस्थित थे।
मधुबन में मोक्ष कल्याणक महोत्सव का आयोजन
पीरटांड़। संवाददाता। जैनियों के विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मधुबन के पारसनाथ पर्वत स्थित टोंक पर तीर्थंकर नेमीनाथ भगवान का मोक्ष कल्याणक महोत्सव विधि-विधान के साथ मनाया गया। प्रात: काल पर्वत में तीर्थंकर नेमीनाथ भगवान के टोंक का साफ-सफाई कर टोंक में विराजमान प्रभुजी के चरणपादुका का जल व पंचामृत से प्रक्षाल व अभिषेक कर पूजा-विधान किया गया एवं शांतिधारा का भी पाठ कर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर टोंक का परिदक्षणा देते हुए नमन व वंदन किया गया। इस अवसर पर भगवान नेमीनाथ गिरनार जी पर्वत पर उर्जयन्त टोंक से प्रदोष काल, चित्रा नक्षत्र में पांच सौ छत्तीस मुनिराज के साथ मोक्ष पद को प्राप्त किया था। बता दें कि आज ही के दिन आषाढ़ शुक्ल सप्तमी को तीर्थंकर नेमीनाथ भगवान मोक्ष को प्राप्त किया था। भगवान के आठ हजार आठ सौ मुनिराजों ने मोक्ष को प्राप्त किया। कहते हैं कि इस कुट से शम्बु, प्रदुम्न, अनिरुद्ध इत्यादि बहत्तर करोड़ सात सौ मुनि सिद्ध हुए। इधर मधुबन के अन्य जिनालयों में भी मोक्ष कल्याणक महोत्सव का आयोजन किया गया। वही कार्यक्रम में उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए पुजारी व विधानकर्ता ने बताया कि पारसनाथ पर्वत पर 20-20 तीर्थंकरों को मोक्ष प्राप्त हुआ है। बाकी अन्य चार तीर्थंकरों का अन्य तीर्थ स्थल में मोक्ष प्राप्त हुआ है। मौके पर दर्जनों श्रद्धालु उपस्थित थे।
गांडेय विस में आयोजित अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा में केन्द्रीय मंत्री ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
विधानसभा चुनाव को लेकर तैयार रहने का किया आह्वान
कहा : हेमंत सरकार के झूठे दावे और वादों से उब चुकी है जनता
गिरिडीह। संवाददाता। भाजपा की ओर से शनिवार को झूपो देवी इंटर कॉलेज गांडेय विधानसभा के कार्यकर्ताओं में जोश भरने और उनका उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा का आयोजन किया गया। अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा में केन्द्रीय बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, गोड्डा विधायक अमित मंडल, गांडेय विस प्रत्याशी दिलीप वर्मा, अध्यक्ष महादेव दुबे, प्रर्देश उपाध्यक्ष प्रणव वर्मा, कार्यसमिति सदस्य नुनूलाल मंराडी सहित कई भाजपाई शामिल हुए। मौके पर विजय संकल्प सभा में कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय मंत्री को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि हेमंत सरकार के कार्यकाल की पोल खोल चुकी है। अब बोलने वालों को भी मूक-बधिर बताकर हेमंत सरकार जनता की हमदर्दी बटोरने में लगी हुई है। इससे अधिक भद्दा मजाक दिव्यांगो के साथ नहीं हो सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब चुनाव का वक्त आ चुका है इसलिए वे तैयार रहे, क्योंकि हेमंत सरकार के झूठे दावे और झूठे वादों से अब जनता उब चुकी है। कहा कि विजय संकल्प सभा भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए आयोजित किया गया है। ऐसे में एक-एक कार्यकर्ता अपने उत्साह को लोस चुनाव की तरह जोश में रखे। सभा को भाजपा विधायक अमित मंडल और प्रणव वर्मा सहित कई भाजपाईयों ने संबोधित किया।