गिरिडीह विधानसभा के निर्दलीय उम्मीदवार डॉ बरनावस हेम्ब्रम ने चलाया जनसंपर्क
गिरिडीह। संवाददाता। गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार डॉ बरनावस हेंब्रम ने चलाया जनसंपर्क अभियान , पीरटांड़ के खुखरा, चिरकी, मंजरा, चिलगा गांव का दौरा किया और लोगों से समर्थन मांगा। जनसंपर्क के दौरान डॉ हेंब्रम ने कहा कि गिरिडीह विधानसभा पीरटांड़ में आदिवासियों, दलित, अल्पसंख्यकों, पिछड़ों का स्थिति बहुत खराब है। यहां लोगों को रंगीन सपना दिखा कर नेताओं ने सिर्फ वोट लेने का काम किया है। आज भी यहां के कई गांव टापू के समान है। वहां जाने के लिए रास्ता, पुल, पुलिया नहीं है स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है। गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने आदिवासियों को ठगने का काम किया है। गिरिडीह सोलर सिटी के नाम पर सरकारी राशि का दुरुपयोग और बंदरबांट करने का काम किया है। पीरटांड़ की जनता इस बार इसका जवाब देगी। उनके साथ सुंदर राम हेंब्रम, रीतलाल सोरेन, बीरबल किस्कू, रीतलाल चांदोलाल सोरेन, छोटेलाल हांसदा, विजय सोरेन, शिवलाल टुडू, सुरेश हांसदा, रविंद्र टुडू, दीपक हांसदा, जयराम हांसदा, अबुन टुडू आदि मौजूद थे।
जनता के लिए बेहतर सोचने वालों के पक्ष में करें मतदान: विश्वबंधु
लोकतंत्र बचाओ अभियान व भारत जोड़ो अभियान की बैठक संपन्न
गिरिडीह। संवाददाता। लोकतंत्र बचाओ अभियान एवं भारत जोड़ो अभियान की एक बैठक मकतपुर स्थित ईश्वर स्मृति भवन में हुई। बैठक का उद्देश्य लोकतंत्र, धर्म-निरपेक्षता एवं संवैधानिक अधिकार के तहत लिए जन अंदोलन अभियान भाजपा-आजसू का आदिवासी, दलित, पिछड़ा व अल्पसंख्यक विरोधी चेहरा उजागर करना है। बैठक की अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता रामदेव विश्वबंधु ने की। उन्होंने कहा कि बुलडोजर सरकार न्याय प्रणाली को ध्वस्त करने के लिए तथा जनता के जनतांत्रिक अधिकारों पर हमला कर बुलडोजर के माध्यम से ध्वस्त कर रही है। इस बुलडोजर सरकार के खिलाफ अपने मताधिकार से जनविरोधी विचारधारा के खिलाफ अपने मत का प्रयोग करना चाहिए। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सतीश कुंदन ने की तथा संचालन रामदेव विश्वबंधु ने की। कार्यक्रम में भारत जोड़ो अभियान के प्रवीर पीटर, धरम बाल्मीकि, नितिन मुंडा, बद्रीदास, राजेश सिन्हा, मो. सैफी, दिलीप कुमार, सुशील दास, सुनील भुषण, कुलदीप कुमार, प्रथा कृष्ण मुरारी शर्मा, वजीर दास, सिराज इमाम समेत कई लोग मौजूद थे।
झारखंड में किसी सूरत में कॉर्पोरेट का कब्जा नहीं होने दिया जायेगा: जनार्धन
भाकपा माले ने जारी किया घोषणा पत्र
गिरिडीह। संवाददाता। भाकपा माले ने शनिवार को गिरिडीह में पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया। पार्टी ने इसमें विकास, स्थानीयता, रोजगार, झारखंडियों के मूल अधिकार, जन अधिकारों के साथ ही झारखंडी हितों पर अपने वादों को जनता के समक्ष रखा। भाकपा-माले पोलित ब्यूरो के सदस्य गिरीडीह जिलासचिव जनार्दन प्रसाद ने कहा कि पार्टी ने कभी जनहित से समझौता नहीं किया। अलग झारखंड राज्य के लिए काफी संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की करारी पराजय तय है। झारखंड पर कॉरपोरेट का कब्जा नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि वाम नेताओं ने कभी भी जनता के हितों के साथ किसी सरकार या पूंजीपति से समझौता नहीं किया। माले के विधायक या सांसद या पार्टी के कार्यकर्ता संघर्षों में हमेशा साथ रहे हैं। भाजपा ने झारखंड को इडी, सीबीआइ की प्रक्रियाओं के जाल में बंधक बनाये रखा है। बीजेपी झारखंड को अडानी के हाथों सौंप देना चाहती है। गोड्डा के बाद अब वह हजारीबाग के बड़कागांव के जंगल और गांव को कोल माइंस के जरिये हड़प रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में माले के गिरिडीह विधानसभा प्रभारी राजेश सिन्हा ने कहा कि माले अपना गठबंधन बखूभी निभाया है। इतिहास गवाह है आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। गठबंधन भी माले के जैसा ही तमाम सीटों के बेहतर कार्य करें यह एक दोस्ताना अपील है। मौके पर जिला कमिटी सदस्य प्रीति भास्कर, इंकलाब नौजवान सभा से अखिलेश राज, श्रीरामपुर कमिटी के सनातन साहू, वरिष्ठ माले नेता शंकर पांडे, शहर कमिटी से मजहर अंसारी चुन्नू, एकराम अंसारी आदि मौजूद थे।
शिलान्यास का दिखावा कर लोगों को किया गया है भ्रमित: शाहाबादी
भाजपा प्रत्याशी निर्भय शाहाबादी ने किया चुनावी कार्यालय का उद्घाटन
विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जनसंपर्क अभियान
गिरिडीह। संवाददाता। गिरिडीह के सदर प्रखंड के टुंडी रोड मोहनपुर मोड़ में गिरिडीह विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी निर्भय शाहाबादी ने पूर्वी मंडल चुनावी कार्यालय का उद्घाटन शनिवार को किया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी निर्भय कुमार शाहाबादी ने मोहनपुर, गादी श्रीरामपुर, चतरो और मंझलाडीह गांव का भ्रमण कर वहां के ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान निर्भय शाहाबादी ने कहा कि हेमंत सरकार पूरे 5 सालों में केवल घोषणाओं वाली सरकार के रूप में स्थापित हुई है। इसका प्रभाव गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में भी देखने को मिल रहा है। यहां केवल शिलान्यास का दिखावा कर लोगों को भ्रमित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग जिन विकास कार्यों का उद्घाटन हुआ है, वह सभी पिछली भाजपा सरकार की योजनाएं थीं। कहा कि क्षेत्र में कोई विकास का कार्य नहीं हुआ है। इसको लेकर यहां के ग्रामीण काफी आक्रोशित है। यहां पर अभी तक कोई विकास का कार्य नही हुआ है जिसको लेकर यहां के ग्रामीण काफी आक्रोशित हैं। मौके पर गिरिडीह विधानसभा प्रभारी संजीव अग्रवाल, विस्तारक मुन्नू उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष राजेश गुप्ता के अलावे दीपक पंडित, सीता राम वर्मा, अनूप सिन्हा, रोहित चौबे, सौरभ तिवारी, रोहित चौबे, संगीता सेठ, उज्जवल तिवाारी, मणीलाल साव, रामेश्वर यादव, गोखुल राम, अनिल साब, विनोद राम, उज्वल तिवारी, अजीत शर्मा, टिंकू साब, बबलू साव, रामेश्वर राणा समेत कई लोग मौजूद रहे।
कल्पना सोरेन ने किया झामुमो के प्रधान चुनावी कार्यालय का उद्घाटन, कहा
जनता को आपस में बांटने वाली भाजपा को जनता देगी करारा जवाब
गिरिडीह। संवाददाता। गांडेय विधानसभा की झामुमो प्रत्याशी कल्पना मुर्मू सोरेन ने हरसिंगरायडीह स्थित हर्ष उपवन में गांडेय विधानसभा के प्रधान चुनावी कार्यालय का उद्घाटन फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य के मुखिया हेमंत सोरेन के प्रति लोगों में काफी उत्साह है। कहा कि फिर से राज्य की जनता राज्य में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने को लेकर उत्सुक है। कहा कि जनता को आपस में बांटने वाली भाजपा को इस बार राज्य की जनता करारा जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में गांडेय क्षेत्र में प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। पांच माह में ही उन्होंने कई जनहित से कार्यों का निष्पादन किया है। कहा कि इस बार उनके पास कई विजन है जो क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा किये गए कार्यों को देखकर आए दिन लोग भाजपा छोड़ झामुमो का दामन थाम रहे हैं। कहा कि यह सरकार यहां के महिला, किसान, युवा, मजदूर और सभी वर्ग को साथ लेकर चल रही है। सरकार ने सभी को सम्मान देने का काम किया। जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि गिरिडीह जिले में इंडिया गठबंधन की बयार बह रही है। कहा कि प्रधान चुनावी कार्यालय खुलने से कार्यकर्ताओं को सहुलियत मिलेगी। मौके पर राज्यसभा सांसद डॉ सरफराज अहमद, जिलाध्यक्ष संजय सिंह, जिला सचिव महालाल सोरेन, जिला उपाध्यक्ष शहनवाज अंसारी, हीरालाल मुर्मू, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सतीश केडिया, शोभा यादव समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। इधर प्रत्याशी कल्पना सोरेन ने बेंगाबाद और कोवाड़ मोड़ में भी चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया।
हेमंत सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाएं: अन्नपूर्णा
भाजपा है वट वृक्ष, लोगों का आना-जाना लगा रहता है
गांडेय विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुई केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा
गिरिडीह। संवाददाता। सिहोडीह स्थित आशीर्वाद रिजॉर्ट में बनाए गए गांडेय विधानसभा के प्रधान चुनावी कार्यालय में शनिवार को कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी भाजपा प्रत्याशी मुनिया देवी, दिलीप वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष यदुनंदन पाठक, उषा देवी समेत गांडेय विधानसभा क्षेत्र से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे हुए थे। मौके पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने सभी कार्यकर्ताओं का हौसला अफजाई करते हुए पूरी तत्परता से कार्य करने को कहा। साथ ही, केंद्र सरकार की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने और झारखंड सरकार की नाकामी को बताने का कार्य कहने को कहा। कहा की कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी मजबूती है और कार्यकर्ता के बदौलत ही जीत हासिल होता है। कहा कि निश्चित तौर पर गांडेय विधानसभा चुनाव एनडीए की झोली में जाएगी। क्योंकि यहां के एक-एक कार्यकर्ता जान चुके हैं कि हेमंत सोरेन की नेतृत्व वाली सरकार ने जनता को ठगने और छलने का काम किया है। मीडिया को संबोधित करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और कार्यकर्ता इस वट वृक्ष का एक-एक शाखा हैं। इन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि राजनीतिक में लोगों का आना-जाना लगा रहता है। इस सम्मेलन में कई पार्टियों को छोड़कर नेताओं ने भाजपा का दामन थामा, जिसे पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। वही मौके पर भागीरथ मंडल, बैद्यनाथ वर्मा, विश्वनाथ वर्मा, रामप्रसाद यादव, प्रवीण चौधरी, केदार हाजरा, कालेश्वर वर्मा, मनीष वर्मा, पिंकी देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
सज धज रहा है राजधनवार छठ घाट
भव्य व आकर्षक सजावट को लेकर राज्य में अलग है पहचान
गिरिडीह। संवाददाता। राजधनवार राज छठ घाट में अलौकिक सजावट की तैयारी जोर शोर से चल रही है। बंगाल व झारखंड से आए कारीगरों द्वारा दिन रात कार्य किया जा रहा है। छठ महापर्व को लेकर प्रदेश प्रसिद्ध राजधनवार के एतिहासिक राज छठ घाट में आकर्षक व अलौकिक सजावट की जा रही है। यहां पर अलौकिक सजावट के साथ-साथ तीन दिवसीय छठ मेले का आयोजन भी किया जाता है। यहां की अलौकिक सजावट की भव्यता तथा मेले का आनंद उठाने के लिए राज्य के कोने-कोने से लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार राज छठ घाट नदी पर वंदे भारत ट्रेन आकार का पुल, साउथ मंदिर के तर्ज पर बना भव्य सूर्य मंदिर तथा राज परिवार के आवास के सामने रामायण में वर्णित लंका के कई दृश्य उकेरी जा रही है जिसमें रावण का महल, अशोक वाटिका आदि चीजों को दर्शया जा रहा है जो आकर्षण का मुख्य केन्द्र होगा। वहीं जगह जगह पर आकर्षक तोरणद्वार, लाईिटंग गेट, विद्युत की साज सज्जा सहित कई कलाकृतियां उकेरी जा रही है। वहीं मेला की भव्यता प्रदान करने के लिए मीना बाजार, इलेक्ट्रिक झुला आदि चीजें लगाया जा रहा है। वहीं दीवान टोला छठ घाट नदी पर मोर आकार का पुल, चलंत मुर्ति, कई तरहों की प्रतिमाएं, आकर्षक लाइट गेट सहित आदि कई चीजें बनाई जा रही है जो छठ घाट में चार चांद लगाने का काम करेगा। छठ घाट के साथ-साथ राजधनवार के सभी मार्गो को भी आकर्षक विद्युत साज सज्जा से सजाया संवारा जा रहा है। यूं कहें कि खरना से पारण तक छठ घाट सहित पूरा राजधनवार बाजार दुल्हन की तरह सजा रहता है जो यहां आने वाले श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करता है। राज छठ घाट पूजा समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने बताया कि धनवार की जनता के साथ साथ अन्य कई लोगों के सहयोग से यहां की भव्यता होती है। यहां पर विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए छठ पूजा समिति तथा प्रशासन के लोग सहित धनवार की जनता लगे हुए रहते हैं। राज छठ घाट व दीवान टोला छठ को भव्य रूप देने के लिए छठ पूजा समिति के अनुप संथालिया, रोबिन साव, पंकज वर्णवाल, बालेश्वर मोदी, दयानंद साहु, अशोक साव, मुन्ना साव, सुधीर अग्रवाल, अरविन्द साव, प्रवीण कुमार, विकेन्द्र साव, अनमोल कुमार, नीरज कुमार, राहुल कुमार, सुनील पंडित, महेन्द्र वर्मा, शंकर स्वर्णकार, दीपक कुमार सोनी, शंभु रजक, कृष्णा स्वर्णकार आदि कई लोग दिन-रात लगे हुए हैं।
गिरिडीह में भाजपा को लगा जोरदार झटका
दारा हजरा का पार्टी से इस्तीफा, प्रणव हुए झामुमो में शामिल
जमुआ। संवाददाता। जमुआ विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार जोर पकड़ने लगा है। इसी बीच भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। भाजपा के सक्रिय नेता प्रणव वर्मा व दारा हाजरा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। प्रणव वर्मा भाजपा को छोड़ने के साथ ही झामुमो में शामिल हो गए हैं। दारा हाजरा के भी जल्द ही झामुमो ज्वाइन करने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, दारा हाजरा फिलवक्त रांची में मुख्यमंत्री आवास में बैठे हुए हैं। किसी भी क्षण उनके झामुमो का दामन थामने की घोषणा हो सकती है। यहां काबिले गौर है कि प्रणव वर्मा पहले भी झामुमो में रह चुके हैं और झामुमो के टिकट पर कोडरमा लोकसभा सीट से भाग्य भी आजमा चुके हैं। दारा हाजरा विगत 37 वर्षों से भाजपा की राजनीति में सक्रिय थे। जमुआ विधानसभा सीट से डॉ मंजू कुमारी को भाजपा का टिकट मिलने के बाद से वह नाराज चल रहे थे। पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता होने के नाते वह टिकट की घोषणा के बाद भी सब्र किए हुए थे, पर डॉ मंजू कुमारी ने नामांकन के एक सप्ताह बाद भी उन्हें एक बार भी पूछा तक नहीं। उपेक्षा का दंश झेल रहे दारा ने शनिवार को अंतत: पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। मालूम हो कि भाजपा से केदार हाजरा का टिकट कटने के बाद दारा हाजरा जमुआ से टिकट के सबसे सशक्त दावेवार थे। लेकिन पार्टी ने उन्हें दरकिनार कर कांग्रेस नेत्री रहीं डॉ मंजू कुमारी को भाजपा में शामिल कर उन्हें टिकट भी थमा दिया। चुनाव से ठीक पहले दो वरिष्ठ नेताओं के पार्टी छोड़ने का खामियाजा भाजपा को भुगतना पड़ सकता है।
चिकित्सक विजिट करने आए एमआर की बाईक हुई चोरी
डुमरी। संवाददाता। रेफरल अस्पताल डुमरी परिसर से शनिवार को चिकित्सक विजिट करने आये एक एमआर की बाइक जेएच 21के 8101 (ग्लैमर) की चोरी हो गई। बताया जाता है कि राजधनवार निवासी सह एमआर सुरज कुमार सिंह अस्पताल के बाहर अपनी बाइक खड़ी कर डाक्टर से विजीट करने अस्पताल के गये। विजीट करने के बाद बाहर आये तो देखा बाइक नहीं है।
समाजसेवी ने किया सैंकड़ों जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण
जमुआ। संवाददाता। समाजसेवी प्रदीप यादव एवं उनके परिजनों झारखंडधाम सहित आसपास के सात गांवों में सैंकड़ों जरूरतमंदों के बीच कम्बल का वितरण किया। सबसे पहले झारखंडधाम में 50 जरूरतमंदों के बीच कम्बल वितरण किया। इसके बाद बजरंगबली मंदिर के पास गरीबों एवं वृद्धजनों के बीच कम्बल का वितरण किया। मौके पर तारा के मुखिया प्रतिनिधि लक्ष्मण महतो, पंसस मनोज पंडा, बदडीहा के मुखिया आशुतोष कुशवाहा, भोला यादव, डूमर यादव, पुष्पा देवी, विवेकानंद सिन्हा, राजेश पंडा, मुकेश मंडल, सुनील कुमार, गौरव कुमार, मनोहर वर्मा, जय नारायण वर्मा, नागो सिंह, संजय पंडित, अकली देवी सहित कई लोग थे। कम्बल झारखंडधाम, तारा, मुरखारी, लेढासेमर, आलोडीह, खिजरसोता, धुरगड़गी सहित सात गांवों में पांच सौ से अधिक गरीबों एवं वृद्ध जनों के बीच कम्बल का वितरण किया गया।
जेएलकेएम प्रत्याशी अभिषेक साहू ने चलाया जनसंपर्क, कहा
धनवार विधानसभा में बदलाव करने का आ गया है समय
तिसरी। संवाददाता। तिसरी प्रखंड के जेएलकेएम के धनवार प्रत्याशी अभिषेक साहू तिसरी प्रखंड के चंदौरी, तिसरी बाजार के दुकानदार ओर जनता से मिले। इन्होंने जनता से अपील किए इस बार धनवार विधानसभा में बदलाव करने का समय आ गया है। जेएलकेएम के प्रत्याशी अभिषेक साहू ने कहा कि हर बार आप सभी पार्टी को एक बार मौका दिए हैं, इस बार मुझे एक मौका देकर देखिए। जो पांच सालों के अंदर कार्य नहीं हुआ, वह एक साल के अंदर कार्य किया जाएगा। इन्होंने कहा धनवार विधानसभा के अंदर समस्याओं का अंबार पड़ा हुआ है। पांच सालों के अंदर झारखंड ही नहीं हमारे धनवार विधानसभा के रोजगार था, जीवन यापन के लिए वह भी छीन लिया गया। अगर इस बार धनवार विधानसभा के जनता मौका देती है तो इस विधानसभा को अलग पहचान दिया जाएगा।
गाय से भरे मैजिक वाहन समेत तस्कर हिरासत में
बिरनी। संवाददाता। प्रखण्ड मुख्यालय गेट के सामने शनिवार संध्या लगभग 4 बजे गाय से भरा एक मैजिक वाहन को स्थानीय लोगों ने पकड़कर बिरनी पुलिस को सौंप दिया। बता दें कि मैजिक वाहन बिना नम्बर प्लेट का था तथा पर्दा से ढका हुआ था। शक के आधार पर स्थानीय लोगों ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ किया, जिसके बाद चालक ने गाय लोड होने की बात कही, जिसमें तीन बड़ी गायें तथा एक बछड़ा पाया गया। वहीं इसकी सूचना बिरनी पुलिस तथा बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय राम को दी गई। सूचना पाकर बिरनी एसआई प्रेम शंकर सिंह अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा पूछताछ किया, जिसमें चालक ने अपना नाम आदित्य बताया तथा बिहार के बिहिया से गाय लोडकर इसरी बाजार ले जाने की बात कही। वहीं बिरनी पुलिस ने वाहन समेत चालक एवं तस्कर को थाना ले गई। इस दौरान दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।