भाजपा का गिरिडीह विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मान समारोह संपन्न
लोकसभा चुनाव में बूथ स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित
गिरिडीह। संवाददाता। गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान समारोह सह अभिनन्दन विजय संकल्प सभा का आयोजन रविवार को बरगंडा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम मुख्य रूप से उपस्थित थे। मौके पर बीते लोकसभा चुनाव में बूथ स्तर पर कार्य करने वाले सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं का सम्मान करने का मुझे जो गौरव प्राप्त हुआ है उससे मैं अभिभूत हूं। कहा कि असल में बूथ स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का अहम रोल लोकसभा चुनाव में रहा। कहा कि पूरे देश भर में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के काम और आप सभी के बदौलत आज नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद पर आसीन हुए हैं। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बूथ को गढ़ने का काम असल में कार्यकर्ता ही करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने काम किया, उसी तरह से विधानसभा चुनाव के लिए काम करना है और भाजपा की सरकार राज्य में स्थापित करना है। मौके पर जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव, नुनुलाल मरांडी, अशोक उपाध्याय, दिनेश यादव, चुन्नूकांत, विनय सिंह, प्रकाश सेठ, विनय शर्मा, मनोज संघई, अनिल वर्मा, संदीप डंगाईच, सुभाष चंद्र सिन्हा, हरमिंदर सिंह बग्गा, सिकंदर हेंब्रम, श्याम कुमार, श्याम प्रसाद वर्मा, नवीन सिन्हा, विवेश जलान महिला नेत्री शालिनी वैश्कियार, प्रो विनीता कुमारी, संजू देवी, उषा देवी, रीना शर्मा, कविता कुमारी, पिंकी सिंह, गुड़िया देवी, सोनिया कौशिक समेत कई भाजपाई कार्यकर्ता व बूथ कार्यकर्ता मौजूद थे।
स्थानीय विधायक से गिरिडीह की जनता त्रस्त: सुरेश साव
गिरिडीह। संवाददाता। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव ने कहा कि अभिनंदन सह संकल्प सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं का जोश देखने को मिला। कहा कि आज के संकल्प सभा में जिस तरह से कार्यकर्ताओं में जोश देखा गया, ऐसे में निश्चित रूप से कहा कि आनेवाला विधानसभा चुनाव में लोक सभा से बेहतर परिणाम होगा। कहा कि गिरिडीह विधानसभा की जनता यहां के स्थानीय विधायक सुदिव्य कुमार सोनू से त्रस्त हो चुकी है, लोगों का विश्वास इनसे टूट चुका है, ये विकास के सिर्फ बड़े-बड़े दावे करते हैं लेकिन इनका विकास सारा खोखला साबित हो चुका है। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी का वे आभार व्यक्त करते हैं कि आज इस संकल्प सभा में शामिल होकर हम सभी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। ऐसे नेताओं के आने से कार्यकर्ताओं में उत्साह दस गुना बढ़ जाता है और हम पूरे जोश खरोश के साथ 2024 का विधानसभा चुनाव को लड़ने वाले हैं। कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में स्थानीय विधायक की जमानत जब्त होगी।
पुरातन शिवालय से धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा
रथ यात्रा में जय जगन्नाथ के जयकारे से गुंज उठा पूरा शहर
गिरिडीह। संवाददाता। शहर के आईसीआर रोड स्थित पुरातन शिवालय से रविवार को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। इस दौरान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और बहन सुभद्रा के विग्रह को सुसज्जित रथ पर बैठा कर नगर भ्रमण कराया गया। रथ यात्रा के दौरान जय जगन्नाथ के जयकारे से पूरा नगर गुंजायमान होता रहा। वहीं काफी संख्या में श्रद्धालु मौके पर मौजूद रहे। नगर भ्रमण के पूर्व पुजारी सतीश मिश्रा ने पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा का पूजन कर विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन मिठाई आदि भोग अर्पित किया गया। इस दौरान भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र, बहन सुभद्रा को श्रद्धालु माथे पर लेकर रथ में बिठाया। नगर भ्रमण के पश्चात भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलराम और बहन सुभद्रा के साथ 7 दिनों तक मौसी बाड़ी अर्थात गांधी चौक स्थित छोटकी काली मंडा में निवास कर भक्तों को दर्शन देंगे, जहां सातों दिन पूरे विधि-विधान के साथ पूजन आरती होगी। इसके बाद पंचांग के मुताबिक आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को भगवान वापस मंदिर में प्रवेश करेंगे। कार्यक्रम में सुशील सुराना, राहुल मिश्रा, सुमित मिश्रा, प्रदीप सिन्हा, राजेंद्र लाल बर्णवाल, उज्जवल मिश्रा, अजीत मिश्रा समेत कई लोगों का सराहनीय योगदान रहा। रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। जगह जगह पुलिस कर्मी तैनात थे। वहीं नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद, यातायात प्रभारी राजेंद्र प्रसाद महतो दल बल के साथ मौजूद थे।
झारखंड राज्य पंचायत सचिव संघ की बैठक संपन्न
2400 ग्रेड-पे के साथ 2 सूत्री मांगों की प्राप्ति को लेकर बनायी आंदोलन की रणनीति
गिरिडीह। संवाददाता। झारखंड राज्य पंचायत सचिव संघ जिला शाखा गिरिडीह की एक बैठक महासंघ भवन में जिलाध्यक्ष वशिष्ठ कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसका संचालन जिला मंत्री लखन प्रसाद रजक ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में महासंघ के प्रदेश महामंत्री अशोक सिंह नयन, महासंघ के जिलाध्यक्ष अमर किशोर प्रसाद सिन्हा, मुख्य संरक्षक रूपलाल महतो समेत संघ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए संघ के जिला मंत्री सह प्रदेश अध्यक्ष लखन प्रसाद रजक ने कहा कि 2400 ग्रेड पे के साथ 2 सूत्री मांगों को लेकर 19 जुलाई को सभी प्रखंड मुख्यालयों में धरना, 31, जुलाई 2024 को उपायुक्त के समक्ष सभी जिलों में धरना व 22 अगस्त को मुख्यमंत्री के समक्ष रांची में धरना में सभी पंचायत सचिव शामिल होंगे। बैठक के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी डुमरी एवं प्रखंड समन्वयक अबुआ आवास राजकुमार द्वारा पंचायत सचिवों के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार की घोर निन्दा की गई। सरकार तथा उपायुक्त से मांग किया गया कि अविलंब उक्त दोनों पर शीघ्र कार्रवाई की जाए। बैठक में अन्य कई निर्णय लिये गए, जिसमें नवनियुक्त पंचायत सचिवों को प्रथम वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ शीघ्र देने, अकारण प्रताड़ित करने के उद्देश्य से वेतन रोकने, वेतन काटने एवं प्रपत्र भरने की धमकी पर रोक लगाने, पंचायत सचिवों का अकारण काटी गई वेतन को अविलंब भुगतान करने, माह की अंतिम तारीख को सभी पंचायत सचिव को वेतन सुनिश्चित करने, सभी प्रखंडों में जिला संघ द्वारा दौरा कर प्रखंड शाखा को पुर्नगठित करने, संघ के कोष को मजबूत करने पर बल देने की बात कही गई है। बैठक में रूपलाल महतो, साजेब अहमद, मिथिलेश कुमार मोदी, नीरज वर्मा, शंभु शरण यादव, मोतीराम महतो, इंद्रजीत महतो, नुनूराम हेम्ब्रम, दशरथ प्रसाद, मोबीन अहमद, राजेंद्र पंडित, अशोक दास, इस्टीफन मरांडी, अंजली उरांव समेत कई पंचायत सचिव मौजूद थे।
तीन दिनों से चल रहे अनुष्ठान का हुआ समापन
कन्या पूजन, हवन और प्रसाद के साथ हुआ कार्यक्रम संपन्न
जमुआ। संवाददाता। अस्थाई रूप से बने मंडप में मां भगवती को स्थापित किए जाने के साथ ही जमुआ मंडप में बीते तीन दिनों से चल रहा अनुष्ठान संपन्न हो गया। आचार्य जयकृष्ण पांडेय, श्रीकांत पांडेय, संजय पांडेय और आदर्श कुमार पांडेय ने पूरे विधि विधान से पूजा संपन्न करवाया। कुंवारी कन्या पूजन और हवन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। मंडप निर्माण समिति के लोगों ने बताया कि प्राचीन मंडप में स्थापित भगवती की प्रतिमा को बनाए गए नए अस्थाई मंडप में स्थापित किया गया है। इस दौरान ढोल और शंखनाद के बीच बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाएं देवी गीत का गायन कर रही थी। बताया कि प्राचीन मंडप को तोड़कर अब यहां पर भव्य नए मंडप का निर्माण कराया जायेगा। 22 जुलाई को नए मंडप की आधारशिला रखी जायेगी। शनिवार रात में प्रवचन के दौरान आचार्य जयकृष्ण पांडेय ने मां दुर्गा द्वारा किए गए महिषासुर वध का वर्णन किया। कार्यक्रम में जयनारायण राय, महेश राय, बैकुंठ राय, गिरीश राय, हाकिम राय, प्रयाग राय, मंडप निर्माण समिति के अध्यक्ष राजेंद्र राय, सचिव भागवत राय, कोषाध्यक्ष प्रवीण कुमार, सुरेश राय, अबोध राय, शेखर राय, नरेश राय, प्रमोद राय, प्रदीप राय, अजीत राय, रामप्रवेश कुमार, कृष्णदेव राय, लगनदेव राय, मनोज राणा, हकीम राय, मोहन यादव समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे।
कार्यकर्ताओं से मिल भाजपा नेता ने जताया आभार
डुमरी। संवाददाता। भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार रविवार को प्रखंड के ससारखो मंडल के खुद्दीसार, जीतकुण्डी, नागाबाद एवं ससारखो पंचायत के भाजपा कार्यकर्ताओं से भेंट कर लोकसभा में एनडीए प्रत्याशी चन्द्रप्रकाश चौधरी को पुन: सांसद बनाने व नरेंद्र मोदी को तीसरी बार पीएम बनाने के लिए सबों का आभार व्यक्त किया। साथ ही, अपील किया कि झारखंड की भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए डुमरी विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी को विधायक बनाने के लिए अभी से ही तैयारी में लग जाइए। साथ ही, सबों को पंचायत के हर घर जाकर उस परिवार को मोदी जी को वोट देकर तीसरी बार पीएम बनाने के लिए उन्हें आभार व्यक्त कीजिये। इस दौरान खुद्दीसार पंचायत के सयोजक योगेन्द्र वर्मा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष रोहित मंडल, मुखिया पति नागाबद शशि कुमार, मीडिया प्रभारी पिंटू राय, उदय सिंह, योगेंद्र वर्मा, शनि अनजाना, चंदन मंडल, अशोक वर्मा, राजदेव यादव, पीके सिंह, मनोज, कैलाश दास, रंजीत वर्मा आदि दर्जन लोग उपस्थित थे।
किसान यूनियन की बैठक में पंचायत कमिटी गठित
डुमरी। संवाददाता। झारखंड एकता किसान मजदूर युनियन की एक बैठक रविवार को ठाकुरचक में हुई, जिसकी अध्यक्षता रजिया खातून व संचालन मुन्नी खातून ने किया। बैठक में मुख्य रूप से यूनियन कें केन्द्रीय अध्यक्ष गंगाधर महतो, शाहिद अंसारी, रोहित शर्मा, नुनुचंद महतो, रवीन्द्र कुमार उपस्थित हुए। वहीं उपस्थित लोगों को यूनियन के केन्द्रीय अध्यक्ष गंगाधर महतो ने युनियन के नीति सिद्धांतों एवं कार्यों कीं जानकारी देते हुए कहा कि किसानों मजदूरों एवं बेरोजगारो की समस्याओं को लेकर मुखर आवाज उठाने के लिए युनियन का गठन किया गया है। इधर बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि ठाकुरचक पंचायत जाने वाले रास्ते के समीप हड्डी पिसाई मील से लगा देने और उससे निकलने वाला दुर्गन्ध से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। इस दौरान यूनियन की महिला मोर्चा की पंचायत कमिटी गठित की गई। बैठक में जाफर अंसारी, खलील अंसारी, मदन मोहली, सुभाष पंडित, मोहन कुमार महतो, शहबाज खान, अहमद अंसारी, मुर्तजा अंसारी, धनेश्वर महतो आदि उपस्थित थे।
देवघर से रांची लौटने के क्रम में मुख्य न्यायाधीश पहुंचे मधुबन
भगवान भोमिया बाबा की पूजा-अर्चना कर राज्य की खुशहाली की किया कामना
पीरटांड़। संवाददाता। झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश विद्युत रंजन सारंगी रविवार को देवघर से रांची लौटने के दौरान पीरटांड़ के मधुबन पहुंचे, जहां मधुबन स्थित गेस्ट हाउस में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, जहां उनका स्वागत गिरिडीह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, सदर एसडीपीओ बिनोद रवानी, बीडीओ मनोज कुमार मरांडी, मधुबन थाना प्रभारी जगन्नाथ पान सहित कई आला अधिकारियों ने किया। मुख्य न्यायाधीश को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। कुछ देर वहां विश्राम करने के बाद उनका काफिला मधुबन स्थित भोमिया बाबा का दरवार पहुंचा, जहां उन्होंने भगवान भोमिया बाबा का पूज अर्चना कर राज्य की खुशहाली की कामना की, जिसके बाद जैन श्वेतांबर सोसायटी के पदाधिकारियों द्वारा मुख्य न्यायाधीश को भोमिया बाबा का मोमेंटो देकर उनका सम्मान किया गया। भोमिया बाबा का दर्शन के बाद मुख्य न्यायाधीश का काफिला रांची के लिए रवाना हो गया।
संदेहास्पद स्थिति में मिला भाई-बहन का शव
मां और आठ माह का बच्चा गायब, जांच में जुटी पुलिस
पीरटांड़। संवाददाता। पीरटांड़ थाना क्षेत्र के विशुनपुर पंचायत स्थित धावाटांड़ के जंगल में एक नाले से एक ही परिवार के सगे भाई-बहन का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी है। घटना की बात जंगल में आग की तरह पूरे गांव में फैल गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। इसके बाद घटना की सूचना पीरटांड़ थाना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पीरटांड़ पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में कर लिया। वहीं मृतकों की पहचान बिशनपुर पंचायत के धावाटांड़ निवासी सुखलाल सोरेन के 10 वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी और 7 वर्षीय पुत्र सचिन सोरेन (दोनों भाई -बहन) के रूप में किया गया है। जबकि ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद मां और एक आठ माह का बच्चा गायब है। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद पीरटांड़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही, गायब महिला और आठ माह के बच्चे की तलाश में जुट गई है। वही दोनों भाई-बहन की मौत कैसे हुई है, इसकी जानकारी इकट्टा करने में पुलिस जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी है और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है। मौके पर मौजूद भीड़ हत्या की आशंका जता रही है। खबर लिखे जाने तक मां और आठ माह के बच्चे का पता नही चल पाया है। हालांकि बच्चों के पिता सुखलाल सोरेन के आवेदन पर पीरटांड़ थाना में मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
नशा है जीवन का सर्वनाश, नशापान से रहें दूर : सुनील जैन
डुमरी। संवाददाता। आधुनिक चकाचौंध में एक बार का शौक लोगों को नशा का आदी बना देता है। नशा परिवार और समाज के आर्थिक, सांस्कारिक और नैतिक मूल्यों की जड़ों को खोखला कर देता है। उक्त बातें पीएनडी जैन हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक व एनसीसी पदाधिकारी सुनील कुमार जैन ने नशामुक्ति पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत बच्चों को संबोधित करते हुए कहा। विद्यालय में एनसीसी विंग की ओर से नशामुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। विद्यालय में नशामुक्ति पखवाड़ा मनाते हुए किशोर किशोरियों को किसी भी प्रकार के व्यसन से दूर रहने की सलाह दी गई। शिक्षक संजीव कुमार जैन ने अपने वक्तव्यों से बच्चों को नशा न करने की सलाह दी एवं इसके दुष्परिणामों की चर्चा की। विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण एम्बेसडर देवेश कुमार देव ने कहा जिस घर में एक भी व्यक्ति शराबी हो, उस घर में क्लेश अवश्य होता है। वरिष्ठ शिक्षिका संगीता जैन, वरीय शिक्षक डॉ श्याम कुमार सिंह, प्रमोद कुमार यादव, विज्ञान शिक्षक सह विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण एम्बेसडर देवेश कुमार देव, रजत जैन, सुब्रत कुमार सामंत, दयानंद कुमार, डॉ विवेक जैन, वैभव रानी, रवि कुमार, एतवारी महतो, रवीन्द्र कुमार, धनेश्वर महतो आदि उपस्थित थे।
विषैले खुखड़ी खाने से तीन आदमी बीमार, हॉस्पिटल में भर्ती
जमुआ। संवाददाता। विषैले खुखड़ी खाने से जमुआ के तीन आदमी शनिवार को बीमार हो गए। आनन फानन में उन्हें नजदीक के अस्पताल में भर्ती किया गया। खुखड़ी खाकर बीमार पड़ने वालों में सूरज कुमार, कैलाश साव और सपना देवी हैं। ये लोग आसपास झाड़ियों के नीचे उगे खुखड़ी को सब्जी बनाकर खाए थे। तीनों को पेट में मरोड़, दस्त, उल्टी एवं बेचौनी की शिकायत थी। सामाजिक कार्यकर्ता मोती कुमार साहा, बद्री यादव एवं रामदेव सोनी ने तीनों बीमार व्यक्ति को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। रविवार को भी वे हॉस्पिटल में थे। हालांकि उनकी हालत में सुधार हो रही थी। डॉक्टर ने कहा कि फूड प्वॉइजनिंग का केस है। फिलहाल तीनों की हालत सुधर रही है। लेकिन ऐसे मामले में 48 घण्टे के बाद ही कुछ स्पष्ट रूप से कहा जा सकता है।