मिहिजाम। संवाददाता। आसन्न विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मिहिजाम के डॉ नागेन्द्र सिन्हा विद्यालय में मतदाता जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर विद्यालय के सचिव नंदलाल शर्मा, प्राचार्या चंदा मिश्रा और उप प्राचार्या सीमा राऊत ने विद्यार्थियों को मताधिकार के महत्व को समझाते हुए मतदाता जागरुकता रैली निकाली। रैली विद्यालय प्रांगण से होकर स्थानीय मुहल्ला और मिहिजाम, रुपनारायणपुर मुख्य मार्ग के पेट्रोल पंप तक निकाली गई। इस रैली में मतदाता जागरुकता से संबंधित नारे लगाकर लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय की प्राचार्या चंदा मिश्रा ने अपने संदेश में कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने विद्यालय के बच्चों को अपने माता-पिता को वोट देने के लिए अनुरोध करने को कहा। विद्यालय के सचिव नंदलाल शर्मा ने कहा कि मताधिकार के प्रयोग के संदेश को अपने गांव पड़ोस और मोहल्ले तक पहुंचाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग अपने घरों से निकलकर 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव में मताधिकार का प्रयोग कर भारतीय लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करें।
उप प्राचार्या सीमा राऊत ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने पर बल देते हुए पहले मतदान फिर जलपान जैसा संदेश अपने छात्रों के माध्यम से अभिभावकों और स्थानीय मतदाताओं को दिया। नर्सरी शिक्षिका सीमा कुमारी ने देश तरक्की तभी करेगा, हर वोटर जब वोट करेगा, सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो जैसे नारे लगाए। इस अवसर पर शिक्षिका बबीता कुमारी, अनिता कुमारी, गणित शिक्षिका बबीता कुमारी, नीतू ठाकुर, रिया शर्मा, निकिता वर्मा, सुप्रिया कुमारी, निशा मिश्रा सहित अन्य मौजूद थे।
भाजपा के जनसभा में फिल्म अभिनेता मिथुन के डायलॉग से मोहित हुए लोग
नाला। संवाददाता। नाला प्रखंड के नतूनडीह मैदान में आयोजित चुनावी सभा के माध्यम से नाला सीट से कमल खिलाने के लिए नेता कार्यकर्ताओं ने आवाज बुलंद किया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता सिने स्टार मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि इस बार इस राज्य में बदलाव की जरूरत है। अगर बदलाव होता है तभी इस राज्य के लोगों का सपना पूरा होगा और राज्य प्रगति की ओर जाएगा। उन्होंने नाला सीट से माधव चंद्र महतो को भारी मतों से जीताने की अपील किया। इस दौरान उन्होंने बांग्ला और हिंदी अलग अलग भाषा में मारबे एखाने मत पड़बे सेखाने आदि फिल्मी डायलॉग के माध्यम से भी लोगों का मनोरंजन करते हुए मतदान के प्रति प्रोत्साहित किया। इससे पहले हेलीकॉप्टर से उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। फिल्म स्टार का नजदीक से एक झलक पाने के लिए लोग एक जगह से दूसरी जगह तक आते जाते रहे। मौके पर भाजपा नेता सह पार्टी प्रत्याशी माधव चंद्र महतो ने कहा है कि राज्य में सुशासन कायम करने, भ्रष्टाचार रोकने तथा चारों ओर व्याप्त अराजकता की स्थिति में बदलाव लाने के लिए भाजपा को सत्ता में लाना काफी जरूरी हो गया है। बदलाव के लिए माहौल भी तैयार हो गया है। उन्होंने कहा कि नाला विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी समस्या बरकरार है और सरकार की ओर से किया गया 5 लाख नौकरी देने का वायदा छलावा साबित हुआ है। इस निकम्मी सरकार ने यहां के पढ़े लिखे शिक्षित बेरोजगार के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने डूबते सूरज की ओर ध्यान कम देने तथा उगते सूरज की ओर ध्यान देते हुए नाला से कमल खिलाने के लिए अपने एवं अन्य को प्रोत्साहित करना है।
मौके पर पश्चिम बंगाल के विधायक अरुप साहा, भाजपा के वरीय नेता सह पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा (बाटुल) के अलावा विष्णु मंडल, तारा प्रसन्न महतो, अभय कुमार सिंह, दिलीप कुमार हेंब्रम, रंजीत कुमार तिवारी, प्रभास हेंब्रम, प्रमोद गोस्वामी, अजय कुमार मंडल, जितेन राउत, गिरिधारी ठाकुर, किशन मुर्मू, सुभाष राय, ओम प्रकाश यादव, काजल बाउरी समेत हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता समर्थक उपस्थित थे।
विधानसभा चुनाव को लेकर हुई सेक्टर दंडाधिकारी की बैठक
कुंडहित। संवाददाता। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शनिवार को कुंडहित में सभी सेक्टर दंडाधिकारियों की विशेष बैठक हुई। बैठक में मौजूद प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा एवं अंचल अधिकारी अमित किस्कू उपस्थित थे। मौके पर बीडियो जमाले राजा ने सेक्टर मजिस्ट्रेटो के साथ चुनाव की चल रही तैयारी की समीक्षा की। इस दौरान मुख्य रूप से मतदान केंद्रों पर आधारभूत सुविधाओ की उपलब्धता, रूट चार्ट आदि मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही साथ स्वच्छ मतदान के लिए प्रचार प्रसार करने तथा कर्तव्य एवं दायित्व पालन के लिए निर्देश दिया गया। अधिकारियों के साथ हुई बैठक के दौरान विशेष कर मतदान केंद्र पर आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर चर्चा की गई। मौके पर सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित थे।
कैंप लगा कर कुष्ठ रोग का किया गया जांच
जामताड़ा। संवाददाता। प्रखंड के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामताड़ा में संभावित कुष्ठ रोगी जांच के लिए कैंप लगाया गया, जिसके माध्यम से 53 कुष्ठ संभावित लोगों का जांच एमपीडब्ल्यू मनोज तिवारी ने किया। जांच कराने आए हुए लोगों को कुष्ठ संबंधित कई दिशा निर्देश दिए गए एवं उन्हें यह बतलाया गया कि कुष्ठ बीमारी का यदि हम समय पर उपचार प्रारंभ करते हैं तो यह बीमारी पूरी तरह ठीक हो सकता है। आगे चलकर होने वाली विकलांगता से भी बचता है। बस इस बीमारी में हमें जागरूक रहने की आवश्यकता है। समय पर संपूर्ण दावा का खुराक खाना अनिवार्य है। इसका सारा इलाज एवं दवा बिल्कुल ही मुक्ति दिया जाता है। साथ ही साथ कुष्ठ संबंधित रोगी को उनके पोषाहार के लिए 500 प्रतिमाह तब तक दिया जाता है, जब तक उनका दावा चलता है। सहिया को भी बतलाया गया कि वह प्रत्येक माह कुष्ठ संबंधित रोगी के घर जाकर उनका मॉनिटरिंग करना सुनिश्चित करेंगे। स्वास्थ्य विभाग के टीम में एमपीडब्ल्यू रूपेश कुमार, कालीपद दास एवं कई सहिया मौजूद थी।
स्वीप के तहत सरकारी कर्मियों ने ली शपथ
कुंडहित। संवाददाता। मतदान हमारा दायित्व नहीं बल्कि अधिकार भी है। क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा मतदान हो, इसके लिए सभी लोग आगे आएं और सब परिवार वोट करें। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्वीप के तहत जिला प्रशासन के निर्देश पर शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी जमाले राजा, अंचलाधिकारी सीताराम महतो ने प्रखंड के तमाम सरकारी कर्मियों को मताधिकार की शपथ दिलाई। इस दौरान अधिकारियों ने सरकारी कर्मियों को स्वयं मताधिकार का प्रयोग करने और क्षेत्र के लोगों को जागरूक करने की अपील की। ताकि क्षेत्र में शत प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। मौके पर अधिकारियों ने कहा कि लोगों को इस बात के लिए जागरूक करना होगा कि मताधिकार हमारा दायित्व ही नहीं बल्कि अधिकार भी होता है। शपथ कार्यक्रम में उक्त अधिकारियों के अलावे प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ विनय कुमार सहित तमाम सरकारी कर्मी गण उपस्थित थे।
भाजपा की सरकार आते ही घुसपैठियों को चुन – चुन कर भगाने का काम किया जायेगा : हिंमता
नारायणपुर के मोहनपुर मैदान में भाजपा प्रत्याशी सीता मुर्मू के पक्ष में चुनावी जनसभा को किया संबोधित
जामताड़ा। संवाददाता। असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा ने शनिवार को जामताड़ा विस क्षेत्र के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत मोहनपुर मैदान में भाजपा प्रत्याशी सीता मुर्मू के पक्ष में चुनावी जनसभा किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में हिंदुओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। इरफान और आलमगीर आलम जैसे विधायक रामनवमी, दुर्गा पूजा और सरस्वती पूजा के दौरान बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। यह चुनाव प्रतिष्ठा और अस्मिता बचाने के लिए बहुत जरूरी है। चुनाव जीतने के बाद ही इरफान और आलमगीर आलम दोनों को गंगा मैया में डुबो कर सर्विसिंग करूंगा और वापस लाऊंगा, तब जाकर यह सुधरेंगे। कहा कि कल्पना और हेमंत सोरेन एक दूसरे की तारीफ कर रहे हैं। यहां हिंदी फिल्म की तरह पाठ कथा चल रही है। जनता को यह बात जानने की जरूरत है। अगर जामताड़ा से फिर इरफान अंसारी जीतते तो आपकी बहन बेटियों की अस्मिता सुरक्षित नहीं रहेगी। झारखंड सरकार यहां की खनिज संपदाओं को लूट रही है। लव जिहाद और लैंड जिहाद चरम सीमा पर है। कहा कि अगर झारखंड में रोटी, माटी और बेटी के अस्तित्व को बचाना है तो इस विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रचंड जीत दिलानी होगी। बांग्लादेश से घुसपैठ हो रहा है और यह सीधा कांग्रेस का वोट बैंक बन रहा है। इससे देश और राज्यों की सुरक्षा पर खतरा है। वहीं सीएम हिमंता विस्वा सरमा ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा सरकार आते ही सहारा में लोगों को डूबे हुए सारे पैसे सूद समेत वापस करूंगा। घुसपैठियों को चुन चुन कर बाहर निकालूंगा।
प्रतियोगिता से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है : प्राचार्य
डीएवी में अंतर विद्यालय प्रतियोगिता आयोजित
जामताड़ा। संवाददाता। सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, जामताड़ा में अंतरविद्यालय प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्य डॉ विजय कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके पश्चात छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। तत्पश्चात जयश्री, रुषिका और वंशिका ने सत्यम शिवम सुंदरम गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया गया। इस प्रतियोगिता में मेजबान विद्यालय के अलावा संत जोसेफ स्कूल, संत एंथनी स्कूल, द मिशन स्कूल एवं ज्ञान रेणु पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें चित्रांकन, भाषण एवं सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में डीएवी को प्रथम, संत जोसेफ को द्वितीय एवं संत एंथनी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। चित्रांकन प्रतियोगिता के समूह अ में आद्या प्रथम, कुसुम निधि द्वितीय एवं अरविंद पात्र तृतीय स्थान पर रहे। समूह ब में रिंती रक्षित प्रथम, माहम हुसैन खान द्वितीय एवं अविनाश महतो तृतीय स्थान पर रहे। समूह स में श्रेया भारती प्रथम, तन्मय मिश्रा द्वितीय एवं प्राची मिश्रा और राधा कुमारी तृतीय स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता के षष्ठम से अष्टम वर्ग समूह में खुशी कुमारी और देवजीत पाल प्रथम, सौविक कुमार मंडल द्वितीय एवं खुशी अग्रवाल तृतीय स्थान पर रहे। वर्ग नवम से द्वादश समूह में चंचला गोराई प्रथम, सृजा शांभवी द्वितीय एवं अनमोल अग्रवाल तृतीय स्थान पर रहे।
प्राचार्य डॉ विजय कुमार ने विजेताओं को बधाई एवं पुरस्कार देते हुए कहा कि समय-समय पर इस तरह का आयोजन होते रहना चाहिए। इससे विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उनके कौशल को निखारने का अवसर मिलता है। आपसी मेलजोल विश्व बंधुत्व की भावना को बढ़ावा देता है। मंच संचालन सृष्टि किशोर और दिव्या रंजन ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एस के दास, प्रदीप्तो दास, भोला महतो, एस पी दुबे, कमलेश प्रसाद, संतोष कुमार, डॉ रीता नाग, शांतनु चक्रवर्ती, अभिषेक दुबे आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कांग्रेस उम्मीदवार इरफान अंसारी के विरोध में नारायणपुर थाना में दिया गया आवेदन
जामताड़ा। संवाददाता। कांग्रेस उम्मीदवार इरफान अंसारी और उसके अंगरक्षक के खिलाफ नारायणपुर थाना में आवेदन। हथियार के बल पर जाति सूचक गाली गलौज करने और जान मारने की धमकी देने का है आरोप। दरअसल चुनाव प्रचार के दौरान कुछ समय पहले ही कांग्रेस छोड़ बीजेपी में आने वाली सुभाष बास्की ने आरोप लगाया है, जिसमें मनोज मुर्मू के साथ राजश्री सोरेन के स्वागत की तैयारी कर रही थी। तभी मंत्री का काफिला मौके पर पहुंचा। आवेदन में बताया गया है कि 15 नवंबर साढ़े चार बजे नारायणपुर थाना के पहाड़पुर स्कूल के पास बताया गया है। जहां पहले मंत्री ने अपने पक्ष में प्रचार करने को कहा। बात नहीं बनने पर धमकी मिला। फिर वीडियो बनाने पर मोबाइल छीन कर डाटा उड़ाने का आरोप लगाया है। आवेदन में बताया गया है कि मनोज मुर्मू को अंगरक्षक ने कालर पकड़ जाति सूचक भाषा प्रयोग करने जैसी बात लिखी है। अलबत्ता पुलिस को दिए गए आवेदन पत्र की पुलिस पुष्टि नहीं कर रही है। इसे लेकर आवेदनकर्ता ने पीसी कर जानकारी दी है।
नाला प्रखंड सह अंचल कार्यालय में मतदाता शपथ कार्यक्रम आयोजित
नाला। संवाददाता। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त की ओर से दिए गए निर्देश के आलोक में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नाला प्रखंड सह अंचल कार्यालय में मतदाता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अकांक्षा कुमारी ने सभी कर्मियों को संकल्प प्रतिज्ञा पाठ कराई। इस दौरान सबों ने प्रतिज्ञा पाठ करते हुए कहा हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मौके पर अंचलाधिकारी मो कयूम अंसारी, निर्वाचन कार्यालय के राजेन्द्र बेसरा, श्रवन मरांडी, निमाई चंद्र देवांशी, जेई रामजतन मुर्मू, उत्तम शर्मा, राजकुमार सहित अंचल एवं प्रखंड कर्मी मौजूद थे।
उपायुक्त ने जारी किया एडवाजरी
जामताड़ा। संवाददाता। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी कुमुद सहाय ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन के क्रम में जामताड़ा जिला के सम्पूर्ण क्षेत्र में 20 नवंबर सुबह 07 बजे 05 बजे शाम तक के 48 घंटे पूर्व अर्थात 18 नवंबर के शाम 05 बजे से 20 नवंबर के शाम तक निषेधाज्ञा लागू है। मतदान दिवस के दिन अभ्यर्थी, राजनीतिक दल, आम नागरिक के द्वारा निम्नांकित प्रावधान का पालन किया जाएगा।
इन प्रावधानों का करना होगा अनुपालन:
लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 के अनुसार मतदान के दिन तथा मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व सार्वजनिक सभा आयोजित किया जाना वर्जित है। मतदान केन्द्रों के 200 मीटर के परिधि के अंदर आवश्यक सेवाओं अथवा निर्वाचन से सम्बद्ध वाहनों के सिवाय कोई प्राइवेट वाहन प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सेल्युलर फोन, कॉर्डलेस फोन इत्यादि का प्रयोग मतदान केन्द्र के 100 मीटर के परिधि में नहीं किया जा सकेगा। सिवाय मतदान दलों व निर्वाचन कार्य से सम्बद्ध कर्मियों के मतदान केन्द्र के 100 मीटर के परिधि में प्रचार संबंधी कोई पोस्टर, बैनर, ध्वनि विस्तारक यंत्र इत्यादि का प्रयोग नहीं होगा, सिवाय मतदान दलों की ओर से उपयोग के लिए।
सम्पूर्ण जामताड़ा जिला क्षेत्र में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 135सी के तहत दिनांक 18.11.2024 के अपराह्न 05:00 बजे से मतदान समाप्ति तक अर्थात 48 घंटे पूर्व से मतदान समाप्ति तक मद्य निषेध लागू रहेगा। इसके अधीन किसी होटल, भोजनालय, मधुशाला दुकान में अथवा किसी अन्य निजी अथवा सार्वजनिक स्थान में कोई भी मादक लीकर या वैसे ही प्रकृति का अन्य पदार्थ न तो विक्रय किया जाएगा, न वितरित किया जाएगा।
अभ्यर्थी राजनीतिक दल की ओर से वितरित किये जाने वाले मतदाता पर्ची पर अभ्यर्थी / पार्टी का नाम या किसी प्रकार का संकेत चिन्ह अंकित नहीं रहेगा। किसी व्यक्ति के साथ संलग्न सुरक्षा कर्मी का मतदान केन्द्र के 100 मीटर के दायरे में प्रवेश वर्जित रहेगा।
स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को किया जा रहा है जागरूक
जामताड़ा। संवाददाता। जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार विधानसभा आम चुनाव के निमित्त जिले में शत प्रतिशत मतदान को लेकर स्वीप के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिला से लेकर प्रखंड तक के सभी सरकारी कार्यालयों में स्वीप के तहत मतदाता शपथ का आयोजन किया गया। इस दौरान संबंधित कार्यालयों के प्रधान की ओर से अपील कर कहा गया कि सभी मतदाता सजग होकर 20 नवंबर को अवश्य मतदान करें। मतदान हमारा दायित्व ही नहीं अपितु अधिकार भी है। जिले में ज्यादा से ज्यादा मतदान हो, इसके लिए सभी लोग आगे आएं एवं सपरिवार वोट करने जाएं।
जन सेवा पार्टी की बैठक आयोजित
मिहिजाम। संवाददाता। मिहिजाम के न्यू कॉलोनी पोखर तल्ला में जन सेवा पार्टी का मीटिंग जन सेवा पार्टी कार्यकर्ता संजय यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस मीटिंग में स्थानीय लोगों ने राकेश लाल को समस्याओं से अवगत कराया, लोगों ने बताया कि आज भी यहां दर्जनों घरों के लोग पानी, सड़क और नाली की मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं, यहां के लोगों को मजबूरन गंदे नाले के पानी में पैर रख कर, कीचड़ भरे रास्ते का उपयोग करना पड़ रहा है। ना रास्ता, ना ही नाली है और ना ही सप्लाई पानी कि व्यवस्था है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले कई नेताओं को इस समस्या से अवगत कराया गया, मगर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया। हम सभी लोगों को अब राकेश लाल जी से उम्मीद है कि ये जरुर हमारी समस्याओं का निदान करेंगे। मौके पर लोगों ने राकेश लाल जी का गर्म जोशी से स्वागत किया एवं एकसाथ जन सेवा पार्टी से जुड़ने की बात कही। इस अवसर पर जन सेवा पार्टी के कार्यकर्ता नीरेन दास, संजय यादव, कार्तिक मंडल के अलावे काफी संख्या में महिला पुरुष उपस्थित रहे।
मिहिजाम में अज्ञात शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी
मिहिजाम। संवाददाता। थाना क्षेत्र के मुर्गाटोना में एक अज्ञात व्यक्ति का शव डैम किनारे से बरामद किया गया है। मिहिजाम थाना प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर तहकीकात शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन की ओर से शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का पता चल सके। मुर्गाटोना के स्थानीय निवासियों ने बताया कि शव को डैम किनारे से बरामद किया गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने इलाके के लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अपने परिचित के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराना चाहता है, तो वह मिहिजाम थाना में संपर्क करें। मामले की जांच चल रही है और पुलिस अधिकारी जल्द ही इसकी जानकारी देंगे।
मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया
फतेहपुर। संवाददाता। शनिवार सरस्वती शिशु विद्या मंदिर विद्यालय में लोकतंत्र के महापर्व मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस के तहत विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक पथ संचलन निकालकर, पहले मतदान फिर जलपान, पहले राष्ट्र फिर कास्ट जैसे स्लोगन द्वारा फतेहपुर वासियों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। साथ ही, जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में लोगों को बिरसा मुंडा जयंती एवं देश के प्रति उनके योगदान को बताया गया। इस कार्यक्रम में समिति के सचिव रंजीत कुमार मंडल, प्रधानाचार्य आनंद कुमार मिश्रा, आचार्य मनोज झा, देवाशीष माजी, मदन मोहन पंडित, विवेकानंद मंडल, सुबोध कुमार महतो सहित अन्य मौजूद थे।
विधानसभा चुनाव की तैयारी में जिला प्रशासन
जामताड़ा। संवाददाता। नोडल पदाधिकारी परिवहन कोषांग सह जिला परिवहन पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि 20 नवंबर को जामताड़ा जिले में विधानसभा आम चुनाव के लिए मतदान की तिथि निर्धारित है। जिसके लिए मतदान दल के कर्मियों का 19 नवंबर को डिस्पैच सेंटर समाहरणालय परिसर जामताड़ा तक विभिन्न प्रखंडों से उनके आगमन की सुविधा के लिए बस 18 नवंबर को प्रखंडों में भेजी जा रही है।
कहा कि संबंधित पोलिंग पार्टी के सदस्यों को सूचित किया गया है कि 19 नवंबर को प्रात: 05 बजे प्रखंड मुख्यालय परिसर से प्रस्थान होने वाली बसों का उपयोग करते हुए जिला मुख्यालय जामताड़ा आना सुनिश्चित करेंगे। प्रखंड मुख्यालय से अंतिम बस सुबह 06 बजे प्रस्थान करेगी।
देख रेख के अभाव में चित्तरंजन के ज्यादातर मैदान जंगल में हो रहे तब्दील
मैदान की कमी के कारण बच्चों के खेल और मनोरंजन पर पड़ रहा असर
मिहिजाम। संवाददाता। रेल नगरी चित्तरंजन के खेलकूद मैदान का देख-रेख के अभाव में बुरा हाल हो रहा है। खेलकूद को लेकर चितरंजन शहर में आधे दर्जन से अधिक बड़े मैदान बनाए गए थे। जहां बच्चों को खेल कूद सिखाया जाता था। यहां अब अधिकतर एरिया में खेल के मैदान धीरे-धीरे खेल कूद के नायक नहीं रह गए एरिया सिक्स के पास 25 नंबर क्रॉसिंग सहित अन्य खेल मैदाने की हालत काफी खराब है बरसात के बाद इन जगहों पर घना जंगल और असमतल जमीन बन गया है जिससे बच्चों को यहां खेलने में भारी परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने कहा कि इन मैदाने का देखभाल कर इन्हें खेलने कूदने योग्य बनाया जाए ताकि फिर से यहां खेल का एक माहौल चालू हो और अच्छे खिलाड़ी यहां से निकल सके। कई स्टेडियम की स्थिति भी जहां तहां जर्जर हो रही है उनके देखभाल की भी जरूर स्थानीय लोग बता रहे हैं।