नारायणपुर/संवाददाता। जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने नव निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को ईमानदारी से क्षेत्र के विकास एवं जनसेवा के कार्य करने को कहा। अंसारी ने कहा कि पंचायत भारतीय समाज की बुनियादी व्यवस्थाओं में से एक रहा है। 2 अक्टूबर, 1959 को पंचायतीराज की मजबूत नींव देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने रखी थी। सम्मान समारोह में कुल 57 लोगों को विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में नारायणपुर प्रखंड के प्रमुख अंजना हेंब्रम, उप प्रमुख दल गोविंद सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष वीरबल अंसारी व अन्य लोग उपस्थित थे।
सेतु शिक्षा केन्द्र का निरीक्षण
फतेहपुर/संवाददाता। महिला बाल विकास एवं समाजिक सुरक्षा विभाग झारखण्ड सरकार के महिला विकास समिति द्वारा संचालित तेजस्विनी परियोजना फतेहपुर के तहत चार सेतु शिक्षा केन्द्र संचालित हो रही है। जिसमें अध्ययनरत चयनित किशोरी युवतियां के शिक्षण के गुणवत्ता का निरीक्षण करने मंगलवार जिला क्रियान्वयन इकाई जामताड़ा के मास्टर ट्रेनर पार्थ प्रतिम मंडल पहुंची। बैठक में सेतु शिक्षा केन्द्र खामारबाद, चापुड़िया, जामजोरी एवं फतेहपुर अधययन केन्द्र में चयनित 217 किशोरियों का शत-प्रतिशत उपस्थिति कराने, गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा, यातायात के साधन आदि पर चर्चा की गयी।
शिव चर्चा आयोजित
फतेहपुर/संवाददाता । प्रखंड के पालाजोरी गांव में नारी शक्ति द्वारा शिव चर्चा आयोजित की गई। शिव चर्चा होने से महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिला। मौके पर महिलाएं रीता कुमारी, रूबी देवी, अस्टमा देवी, कल्याणी देवी, जानकी देवी आदि महिलाएं शामिल थीं।
जनजाति टोला में होगा मंदिर निर्माण : तरुण
नारायणपुर/संवाददाता । प्रखंड के ग्राम-पंचायत बोरवा में आदिवासी धर्म गुरु रामेश्वर हांसदा, ग्राम प्रधान बिशेश्वर हांसदा, रंजन सोरेन, धर्म गुरु चांद लाल हांसदा, लॉबीन टुडू, शिव चरण टुडू, सीताराम हांसदा की उपस्थिति में बजरंगबली मंदिर भूमि पूजन कार्यक्रम में आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव तरुण गुप्ता उपस्थित हुए। आदिवासी विधि-विधान के साथ धर्मगुरु रामेश्वर हांसदा ने पूजा-अर्चना के साथ मंदिर का विधिवत शुभारंभ किया। तरुण गुप्ता ने ईंट रख कर और नारियल फोड़ कर मंदिर निर्माण की शुरूआत की। मौके पर आदिवासी महिलाएं ढोल, नगाड़ा और नृत्य के साथ गुप्ता का स्वागत किया। तरुण गुप्ता ने कहा आजसू पार्टी का एक ही लक्ष्य है कि मूलवासी, आदिवासी और नौजवान हैं उनको झारखंड में कैसे सम्मान से जीने का मौका मिले उसके लिए प्रयासरत हैं। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष बासुदेव गोस्वामी, पबिया मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मंडल, अर्जुन मंडल समेत अन्य उपस्थित थे।
बीडीओ ने मुखिया और पंचायत समिति सदस्यों के साथ की बैठक
कुंडहित/संवादादता । कुंडहित प्रखंड सभागार में मंगलवार को बीडीओ श्रीमान मरांडी ने नव निर्वाचित मुखिया एवं पंचायत सचिवों के साथ बैठक की। उन्होंने प्रखंड और पंचायत कार्यालयों के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान मनरेगा 15वें वित्त आयोग, पेंशन, खाद्य सुरक्षा जैसे योजनाओं के कार्यान्वयन के तौर तरीकों की जानकारी दी। साथ ही इन योजनाओं में मुखिया की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा आप सभी का मुख्य दायित्व अपने-अपने क्षेत्र के जरूरतमंदों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसलिए आप सभी को तमाम विकास योजनाओं उनके कार्यान्वयन के तौर तरीके की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी जानकारी के लिए कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। बैठक में अन्य विकास योजनाओं पर चर्चा करते हुए विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं पंचायत सचिवों के साथ चल रहे विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में प्रखंड के सभी पंचायत के नव निर्वाचित मुखिया तथा पंचायत सचिव के अलावा मनरेगा के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी प्रदीप टोप्पो, 15वें वित्त आयोग के प्रखंड समन्वयक अनुप मंडल आदि उपस्थित थे।