-हूल दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक
साहिबगंज। संवाददाता। समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार को हूल दिवस की तैयारी को लेकर बैठक हुई। अध्यक्षता डीसी हेमंत सती ने की। डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आपसी सामंजस्य बनाते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले ही सुनिश्चित कर लें। डीसी ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर वाटर प्रूफ पंडाल लगवाएं। हूल दिवस पर मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन का कार्यक्रम निर्धारित है। डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री के उद्घाटन और शिलान्यास की जाने वाली योजनाओं से संबंधित सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बरहेट प्रखंड के भोगनाडीह पार्क की साफ-सफाई कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने विभिन्न विभागों को स्टॉल लगा कर शत-प्रतिशत लाभार्थियों को स्टॉल पर ही लाभ देने का निर्देश दिया। डीसी ने पेयजल, टेंट, पंडाल, एलईडी स्क्रीन, लाभार्थियों के लिए व्यवस्थाएं, वीर शहीद सिद्धू-कान्हू के वंशजों को दी जाने वाली सुविधाएं, विधि व्यवस्था व अन्य व्यवस्था संबंधित आवश्यक निर्देश दिया। मौके पर डीएफओ मनीष तिवारी, डीडीसी सतीश चंद्रा, एसी राजमहेश्वरम, सीएस डॉ. अरविंद कुमार, सदर एसडीओ अंगारनाथ स्वर्णकार, राजमहल एसडीओ कपिल कुमार, डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा, डीडब्ल्यूओ प्रमोद आनंद, डीएओ प्रमोद एक्का, डीएसडब्ल्यूओ डॉ. सुमन गुप्ता, डीटीओ विष्णुदेव कच्छप, डीपीआरओ जयवर्धन कुमार, जिला परियोजना पदाधिकारी अनूप कुमार, डीएसओ झुनू कुमार मिश्रा, सभी बीडीओ व अन्य मौजूद थे।
पांच बच्चे अपने परिवार को आवासित, एक दत्तक ग्रहण केंद्र गया
साहिबगंज। संवाददाता। बरहेट के कुंडली स्थित मिशनरी ऑफ चैरिटी में आवासित पांच बच्चे गुरुवार को अपने परिवार को सुपुर्द किए गए। पिछले दो वर्षों के भीतर जन्म देने के बाद देहांत कर गई माताओं के बच्चों को बाल कल्याण समिति कार्यालय में उनके परिवार को सौंपा गया। बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि विकट परिस्थितियों के नवजात बच्चों को मिशनरी ऑफ चैरिटी में आवासित किया गया था। अब बच्चे अच्छी स्थिति में थे। परिवार जनों ने उन्हें प्राप्त करने के लिए आवेदन दिया था। उनमें से चार बच्चों को उनके परिवार जनों को सौंप दिया गया और एक बच्चे को देवघर स्थित विशेष दत्तक ग्रहण केंद्र को सौंपा गया। इस बच्चे के पिता ने बच्चे के लालन-पालन में अपनी असमर्थता जाहिर की और इसके लिए उसने समिति को आवेदन दिया था। 60 दिनों तक बालक विशेष दत्तक ग्रहण केंद्र में रहेगा। इसके बाद इसे लीगली फ्री किया जाएगा। इसके उपरांत बालक दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया में चला जाएगा। विशेष दत्तक ग्रहण केंद्र से आई टीम बच्चे को प्राप्त कर अपने साथ ले गई है। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य दिनेश शर्मा, सुधा कुमारी, पीएलवी प्रेमलता टुडू, मार्था मरांडी उपस्थित थे।
मादक पदार्थों की रोकथाम से संबंधित जागरुकता रथ रवाना
साहिबगंज। संवाददाता। समाहरणालय परिसर से गुरुवार को मादक पदार्थों की रोकथाम से संबंधित जागरूकता रथ रवाना किया गया। डीसी हेमंत सती व अन्य ने रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। डीसी ने बताया कि उक्त रथ 26 जून, 2024 तक मादक पदार्थों के विरुद्ध जिला में जागरूकता फैलाएगा।
जागरूकता अभियान में स्थानीय लोगों को जोड़ें : डीसी
डीसी ने मादक पदार्थों के दुरुपयोग को समाप्त करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम से संबंधित बैठक की। डीसी ने कहा कि जागरुकता अभियान के साथ-साथ मादक पदार्थ की रोकथाम में जिलावासियों को भी आगे आना होगा। कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के सौ मीटर परिधि में नशीले पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध है। ऐसे पदार्थ की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने जिला में अवैध अफीम, भांग की खेती और नशे के खतरे को नियंत्रित करने के लिए किए गए उपायों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि जिला में मादक पदार्थों की तस्करी एवं खेती दोनों किसी भी सूरत में नहीं होनी चाहिए। डीसी ने संबंधित पदाधिकारियों से जिला के सभी प्रखंडों में संबंधित क्षेत्रों के स्थानीय लोगों को शामिल करते हुए बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।
मोबाइल दुकान में चोरी का असफल प्रयास
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत गोदारा घाट गली, निबंधन कार्यालय के समीप स्थित एक मोबाइल दुकान में बुधवार की रात्रि अज्ञात चोरों ने ताला काट कर चोरी करने का असफल प्रयास किया। घटना का पता तब चला जब दुकानदार गुरुवार की सुबह दुकान का ताला टूटा हुआ और शटर टेढ़ा पाया। घटना को लेकर पुलिस से शिकायत की गई है। इस संबंध में पीड़ित दुकानदार नीलकोठी निवासी दिपांकर बढ़ाल ने बताया है कि बुधवार की रात्रि 09 बजे अपने दुकान के शटर का ताला बंद करके घर चला गया था। प्रतिदिन की तरह जब गुरुवार की सुबह दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो पाया कि दुकान के शटर का एक तरफ का ताला लगा हुआ नहीं है। साथ ही शटर तोड़ने का प्रयास किया गया है। किसी के आ जाने की वजह से शायद चोर अपने मनसूबे में कामयाब नहीं हो पाया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल जा रहा है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
फसल चराने के विवाद में मारपीट
राजमहल। संवाददाता। थाना अंतर्गत खुटहरी गांव में एक परिवार के लोगों ने मिलकर एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित सुमन मंडल ने पुलिस को बताया कि अपने खेत में धान का बीज बोया था। गांव के ही दो भाई अपने बकरियों को खुले में चरने के लिये छोड़ देते थे। बुधवार को उसने फसल को नुकसान पहुंचा रही बकरियों में से एक बकरी को पकड़ कर अपने घर में बंद कर रख दिया था, ताकि इसकी शिकायत कर सके। इधर उक्त लोगों ने दरवाजा तोड़ कर बकरी निकाल लिया और वहां रखे स्प्रे मशीन, पंपिंग सेट भी चोरी कर ली। उसके घर जाकर इस बात की जानकारी मांगी तो उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
आठ वर्षीय बच्ची का शव बरामद, परिजनों ने दुष्कर्म की जतायी आशंका
-डॉग स्क्वॉयड और पुलिस ने की जांच-पड़ताल
साहिबगंज। संवाददाता। बरहरवा थाना क्षेत्र के रानीग्राम बागती टोला में एक 08 वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर देने का मामला प्रकाश में आया है। वारदात की सूचना मिलते ही राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, बरहरवा इंस्पेक्टर सुधीर कुमार पोद्दार, सीओ संजय शुक्ला, रांगा थाना प्रभारी अरुण कुमार सिंह, कोटालपोखर थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान, बरहरवा थाना अवर निरीक्षक अमित कश्यप, एएसआई सुबोध कुमार यादव, कविंद्र मिश्रा, रामानुज यादव, रामप्रवेश दास ने दल बल के साथ वहां पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल की। डॉग स्क्वॉयड टीम को बुलाया गया। डॉग स्क्वॉयड ने घटना स्थल व आसपास के इलाकों की पड़ताल की। मृतक बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि बुधवार की संध्या बरहरवा हाट गई थी। लौटने पर संध्या तकरीबन साढ़े सात बजे बच्ची को खेलते हुए देखी थी। इसके उपरांत उक्त बच्ची पुन: घर नहीं लौटी। उन्होंने आसपास में पूछताछ भी की। लेकिन बच्ची का अता-पता नहीं चल सका। गुरुवार की सुबह गांव की महिलाओं ने जीवन बागती के अर्ध निर्मित मकान में बच्ची का शव होने की सूचना दी। उन्होंने आशंका जताई कि उनकी बच्ची के साथ अज्ञात लोगों ने दुष्कर्म कर उसे जान से मार कर उसका शव जीवन बागती के अर्ध निर्मित मकान में छुपा कर फरार हो गए होंगे। इधर घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान व 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास ने मौके पर पहुंच कर मामले का अतिशीघ्र उद्भेदन कर हत्यारे को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने का आश्वासन दिया। मामले को लेकर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार पोद्दार ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दिया जाना प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के उपरांत ही मामले का खुलासा हो पायेगा।
कैदी वार्ड से बंदियों को फरार होने में सहयोग करने वाला देसी कट्टा के साथ धराया
-हथकड़ी काटने के लिए दी थी आरी पत्ती
साहिबगंज। संवाददाता। पिछले दिनों सदर अस्पताल स्थित कैदी वार्ड से दो बंदियों को फरार होने में सहयोग करने वाले बदमाश को जिरवाबाड़ी थाना पुलिस ने हथियार के साथ दबोचने में सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी अनीश कुमार पांडेय ने बताया कि एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापामारी कर कबूतरखोपी, ढालू टोला निवासी धर्मेंद्र यादव (26) को देसी कट्टा के साथ दबोच लिया। पूछताछ में उसने बताया कि 07 जून, 2024 को सदर अस्पताल के कैदी वार्ड से उसने बंदी समीर उर्फ तैमुद्दीन अंसारी व अमीर अंसारी को आरी पत्ती खरीद कर दी थी और दोनों को भागने में सहयोग किया था। पुलिस के अनुसार सिपाही को गोली मारने के मामले में धर्मेंद्र जेल में था। इस दौरान उसकी दोस्ती समीर उर्फ तैमुद्दीन अंसारी से हुई थी। जेल से छूटने के बाद धर्मेंद्र अस्पताल गया था। जहां उसने समीर से भेंट की थी। धर्मेंद्र यादव का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसने 2020 में बबलू मंडल, विष्णु मंडल व दीपक रविदास के साथ मिलकर सिपाही रजनीश कुमार चौबे को गोली मारी थी। उसके ऊपर बोरियो थाना में कांड संख्या 231/19, 238/19, 148/20 व 8/22 भी दर्ज है। छापामारी दल में पुअनि अमर कुमार मिंज, लव कुमार, सअनि संजय कुमार, आरक्षी सकल मुर्मू, महेंद्र यादव शामिल थे।
15 में छह गंगा घाटों की हुई डाक बंदोबस्ती
-एक लेसी होने के चलते नहीं हुआ साहिबगंज-मनिहारी अंतर्राज्यीय फेरी सेवा का डाक
साहिबगंज। संवाददाता। साहिबगंज मनिहारी अंतर्राज्यीय फेरीघाट सहित सदर प्रखंड, तालझारी, राजमहल व उधवा प्रखंड क्षेत्र के 14 गंगा घाटों की डाक बंदोबस्ती गुरुवार को समाहरणालय स्थित अपर समाहर्ता के कार्यालय कक्ष में गुरुवार को हुई। इस दौरान 15 गंगा घाटों में सिर्फ छह गंगा घाटों की बंदोबस्ती हुई। सात गंगा घाट में किसी लेसी ने टेंडर नहीं डाला। जबकि साहिबगंज-मनिहारी अंतर्राज्यीय फेरी सेवा व अम्बाडीहा खूंटागड़ाई गंगा घाट के लिए एक-एक लेसी होने के चलते दोनों घाटों की डाक नहीं हो पाई। वहीं सदर प्रखंड क्षेत्र के हरप्रसाद रामपुर मलाही घाट की डाक धर्मेंद्र यादव ने 03 लाख, 80 रुपया की बोली लगाकर प्राप्त की। उधवा प्रखंड क्षेत्र के पलासगाछी पियारपुर फेरीघाट अशरफुल हक ने 62 लाख की बोली लगा कर प्राप्त की। राजमहल प्रखंड क्षेत्र के सुकसेना फेरीघाट खलील अंसारी ने 46 हजार, 500 रुपया की बोली लगाकर अपने नाम की। तालझारी प्रखंड क्षेत्र के महाराजपुर खूंटा गड़ाई फेरीघाट खलील अंसारी ने एक लाख, चार हजार, पांच सौ रुपया की बोली लगा कर अपने नाम की। वहीं लक्ष्मण मंडल ने तालझारी प्रखंड क्षेत्र के बांसकोला खूंटा गड़ाई फेरीघाट का एक लाख, 12 हजार व बांसकोला अम्बाडीहा फेरीघाट 03 लाख, 33 हजार में अपने नाम की। सभी लेसी को जल्द से जल्द राशि जमा कर परवाना लेते हुए घाट में नियमसंगत फेरी सेवा शुरू करने का निर्देश दिया गया।
15 दिनों बाद पुन: निकलेगा टेंडर: एडीसी
साहिबगंज-मनिहारी अंतर्राज्यीय फेरी सेवा सहित कुल नौ गंगा घाटों की डाक पुन: 15 दिनों के बाद निकाली जाएगी। एडीसी राजमहेश्वरम ने बताया कि जिला के छह गंगा घाटों की बंदोबस्ती हुई। साहिबगंज-मनिहारी अंतर्राज्यीय फेरी सेवा व अम्बाडीह खूंटा गड़ाई गंगा घाट में एक-एक लेसी रहने के चलते डाक नहीं हुआ। सदर, तालझारी, उधवा व राजमहल के सात गंगा घाटों में किसी ने भी टेंडर नहीं डाला। बचे हुए घाटों के लिए 15 दिनों के बाद पुन: टेंडर निकाला जाएगा। टेंडर प्रक्रिया के दौरान डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया गया था। मौके पर डीटीओ विष्णुदेव कच्छप, जिला सहकारिता पदाधिकारी राम कुमार प्रसाद, मजिस्ट्रेट, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट प्रतिनिधि सहित अन्य थे।
तालाब बना तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन परिसर
तीनपहाड़। राजमहल। संवाददाता। मानसून की पहली बारिश से लोगों को और किसानों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। वहीं तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन परिसर में बारिश का पानी भर गया। जिससे की यात्रियों को भारी मशक्कत का सामना करना पड़ा। पानी की निकासी नहीं होने से स्टेशन परिसर तालाब में तब्दील हो गया। इधर राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र की गली, मोहल्लों एवं मुख्य सड़क पर जल-जमाव से लोग परेशान हो गए। नया बाजार मोड़ से लेकर मुख्य बाजार तक सड़क पर जगह-जगह जल जमाव से आवागमन कर रहे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
राजमहल विधायक ने सड़क मरम्मत कार्य का किया शिलान्यास
साहिबगंज। संवाददाता। राजमहल विधायक अनन्त ओझा की अनुशंसा पर 04 करोड़, 39 लाख की लागत से सदर प्रखंड की तीन जर्जर सड़क की मरम्मत होगी। गुरुवार को राजमहल विधायक अनंत कुमार ओझा ने मरम्मत कार्य का शिलान्यास किया। विधायक ने बताया कि शुकर बाजार से रामपुर इंग्लिश तक 1.82 किलोमीटर सड़क 01 करोड़, 09 लाख की लागत से बनेगी। नाड़ी दियारा से नयाटोला तक 1.85 किलोमीटर सड़क 01 करोड़, 3 लाख की लागत से बनेगी। एनएच-80 से डिहारी तक 4.2 किमी सड़क 02 करोड़, 27 लाख की लागत से बनेगी। मौके पर संजय मंडल, मनोज यादव, अरविंद गुप्ता, शिवशंकर यादव, मनोज ओझा, गंगा दयाल यादव, अजय मिश्रा सहित अन्य मौजूद थे।
चार पहिया वाहन पलटने से दो घायल
साहिबगंज। संवाददाता। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत जिलेबिया घाटी में गुरुवार को फोर व्हीलर पलटने से राजमहल करबला निवासी मैसून शेख व इस्मत बीबी घायल हो गए। राहगीरों की मदद से 108 एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में डॉ. तबरेज आलम ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर रुप से घायल महिला इशमत बीबी को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि मैसून शेख व इस्मत बीबी सूर्या नसिंर्ग होम में इलाज करवाने आई हुई थी। वापस राजमहल लौटने के क्रम में दुर्घटना हो गई।
योग दिवस की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम
राजमहल। संवाददाता। मॉडल कॉलेज में केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, दुमका के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर योग जागरूकता, सामुदायिक भागीदारी के लिए चित्रांकन, रंगोली एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें दर्जनों छात्रों ने भाग लिया। निबंध लेखन में 62, चित्रांकन में 17 एवं रंगोली में 04 छात्रों ने यानी 125 छात्रों ने भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक प्रवीण कुमार सिंह, सीबीसी, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार दुमका इकाई के खुर्शीद आलम, आनंद कुमार, मोहन कुमार, सुमित कुमार, प्रकाश, बबलू, श्याम लाल और लकी कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इधर राजमहल के सूर्य देव गंगा घाट पर संध्या 5:30 बजे से मॉडल कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं स्थानीय लोगों ने योगाभ्यास किया। प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि योग दिवस पर गुरुवार को मॉडल कॉलेज में पदयात्रा एवं योगाभ्यास सुबह 08 बजे से किया जाएगा।
विद्युत करंट लगने से छात्रा बेहोश
राजमहल। संवाददाता। नया बाजार स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा के समीप गुरुवार को विद्युत करंट की चपेट में आकर एक किशोरी बेहोश हो गई। अचेतावस्था में उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 05 दिग्घी तालाब निवासी मुन्ना रजक की 14 वर्षीय पुत्री जिया कुमारी, नया बाजार से ट्यूशन पढ़ कर सहेलियों संग पैदल घर जा रही थी। इसी दौरान बैंक के पास बारिश से भींगे बिजली पोल में करंट दौड़ रहा था। जिसका असर आसपास सड़क पर हो रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही जिया करंट की चपेट में आ गई और गिर कर मूर्छित हो गई।
अंगिका भाषा को मान्यता के लिए धरना
साहिबगंज। संवाददाता। समाहरणालय के समीप गुरुवार को अंगिका समाज ने अंगिका भाषा को संवैधानिक मान्यता देने को लेकर प्रो. सुरेंद्र प्रसाद यादव के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि अंगिका भाषा को संवैधानिक मान्यता न होने के चलते आज करोड़ों लोगों को भाषायी अवदमन का शिकार होकर सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक, प्रशासनिक एवं राजनैतिक शोषण से ग्रसित होना पड़ रहा है। मौके पर सचिन बास्कीनाथ यादव, प्रभाकर कुमार, अतिथि भुवनेश्वर मंडल, आनंद कुमार रितेश कुमार, पूजा कुमारी, सुभश्री कुमारी, प्रगति देवी, रिंकू देवी, बेबी देवी सहित अन्य मौजूद थे।
दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला का आयोजन
साहिबगंज। संवाददाता। श्रम नियोजन प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के निदेेश पर जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर के तत्वावधान में गुरुवार को सिद्धू-कान्हू सभागार में दत्तोपंत ठेगड़ी रोजगार मेला-2024 का उद्घाटन डीसी हेमंत सती ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान रोजगार मेला में कुल 16 नियोजक उपस्थित हुए। जिसमें कुल 09 निजी क्षेत्र के नियोजक जिले से संबंधित थे। मेले में उपस्थित नियोजकों ने विभिन्न पदों पर कुल 569 रिक्तियों के विरुद्ध 46 अभ्यर्थियों का चयन किया गया एवं 227 अभ्यर्थियों को शॉटलिस्टेड भी किया गया। वहीं शॉटलिस्टेड अभ्यार्थियों में से कुल 07 अभ्यर्थी को अंतिम रूप से चयनित कर ऑफर लेटर भी प्रदान किया गया। मौके पर जिला नियोजन पदाधिकारी पंकज कुमार झा सहित अन्य मौजूद थे।