चकाई। संवाददाता। चकाई निरीक्षण भवन के प्रांगण में शुक्रवार को सरपंच संघ की एक बैठक प्रखंड अध्यक्ष नरसिंह पासवान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संघ की मजबूती सहित अन्य विषयों पर उपस्थित सदस्यों के बीच विस्तार से चर्चा की गई। जानकरी देते हुए नरसिंह पासवान ने बताया कि बैठक में आगामी 28 जनवरी को पटना में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन में अधिक से अधिक सदस्यों के पहुंचने का निर्णय लिया गया। इस दौरान सरकार एवं पदाधिकारियों के ग्राम कचहरी के प्रति उदासीन रवैया पर आपत्ति जताते हुए ग्राम कचहरी के सभी अधिकार व्यवहारिक रूप से लागू करने की मांग की गई। साथ ही, सरकार से ग्राम कचहरी के सभी जनप्रतिनिधियों के बकाया मानदेय अविलम्ब मुहैया कराने की मांग की गई। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त बैठक में ग्राम कचहरी के लिए प्रहरी नियुक्त करने की मांग सर्वसम्मति से की गई। बैठक में सरपंच जलंधर प्रसाद, रिनी देवी, कृष्ण कुमार गुप्ता, संतोषी देवी, श्रीधर पंडित, तालो मुर्मू, ठाकुर यादव, परमानंद राय, गोपाल शर्मा, संझली बास्के, जासो देवी, सिंहेश्वर पंडित, फुलवती पांडेय, गंगा कुमारी सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।
प्रखंड प्रमुख ने किया कंबल का वितरण
चकाई। संवाददाता। प्रखंड में बढ़ते ठंड को देखते हुए प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी ने शुक्रवार को पेटापहाड़ी पंचायत के चड़री एवं बाराटांड़ गांव में 50 जरूरतमन्द लोगों के बीच कंबल का वितरण किया। प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी ने कहा कि ठंड को देखते हुए जरूरतमंदो के बीच कंबल का वितरण किया जा रहा है। कहा कि असहायों के सहयोग में सभी को आगे आने की जरूरत है, तभी सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। मौके पर प्रमुख प्रतिनिधि अमित दास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
बढ़ी हुई ठंड से गेंहू, सरसों समेत रबी फसलों को फायदा
धान की अच्छी फसल के बाद रबी की लहलहाती फसल देख किसान खुश
अलीगंज। संवाददाता। लगातार बढ़ रही ठंड के बीच खेतीबारी के सीजन में सभी रबी फसलों को फायदा हो रहा है। एक जनवरी के पहले अपेक्षित ठंड का किसानों को इंतजार था। गर्मी रहने के चलते गेंहू का बेहतर अंकुरण व वानस्पतिक वृद्धि नही हो रही थी। वहीं अब वृद्धि देखा जा रहा है। किसान खुश हैं। धान की अच्छी खेती के बाद रबी की भी अच्छी खेती की गुंजाइश बनी हुई है। किसान बहमदेव सिंह ने बताया कि अलीगंज प्रखंड क्षेत्र के इलाकों में किसानों ने 100 प्रतिशत रबी की फसलों की बुआई कर दी है। खेतों में अंकुरण से हरियाली नजर आने लगी है। दिन रात के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है और ठंड ने भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। खेतों में अब हरा भरा मखमली रूप दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में किसान खेतों में पहला पानी दे रहे हैं। खेतों में अंकुरण के साथ हरियाली छाने लगी है। ठंड से रबी की फसलों को अब वृद्धि में लाभ होगा। जनवरी के पहले दिन से ही कड़ाके की ठंड पड़ने के साथ फसलों को भी लाभ मिल रहा है। किसान शरण सिंह बताते हैं कि पत्तियों पर जमीं ओस से पौधे कुछ भाग में पानी अवशोषित करते हैं। हालांकि बड़ी मात्रा में उन्हें जड़ों से पानी मिलता है लेकिन ओस से अब शोषित पानी से पौधों में नमी बनी रहती है। अभी का मौसम रबी फसल के लिए अच्छा है। किसान स्वरूप यादव बताते हैं कि किसानों ने रबी फसल की खेती की है। अभी ठंड से पर्याप्त नमी मिल रही है। इसका लाभ हो रहा है।
अमीर बनने का सपना पाले साइबर बदमाश पहुंच रहे हवालात
खपरैलनुमा घर तुरंत बन जा रहा आलिशान बंगला
अलीगंज। संवाददाता। साइबर अपराध की दुनिया में आने वाले नौजवान अपना जीवन बनाने से पहले ही बर्बादी की राह चुन ले रहे हैं। रातोरात धनी बनने का सपना पालने वाले नौजवान एक दो घटनाओं को अंजाम देने से पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आकर हवालात पहुंच रहे हैं। वहां से कोर्ट के जरिए जेल जाकर स्वयं का व अपने परिवार का नाम बदनाम कर रहे है। ऐसे में हरेक परिवार को सोचने और समझने की जरूरत है। हाल के दिनों में पुलिस की सख्ती और उनके कारनामे जगजाहिर हो चुके हैं।
जमुई जिले के अलीगंज प्रखंड चन्द्रदीप थाना इलाके के कई गांव पिछड़ा हुआ है हिलसा, अलीगंज, दरखा, राधानगर यहां लोग किसानी व मजदूरी कर अपना परिवार के पालन पोषण करते हैं लेकिन इधर हाल के दिनों में बहुत कुछ बदलाव देखने को मिला है। गलत राह पर चलकर नवयुवकों ने साइबर की दुनिया को भले ही चुना हो लेकिन प्रबुद्धजन उसे अच्छा नही मानते। गलत तरीके से झांसा देकर कमाए गए रूपये से कई खपरैलनुमा घर अब आलीशान दिखने लगे हैं। इन साइबर लुटेरों के पास बड़ी गाड़ियां आ गयी है। यह सब महज एक साल में बदलाव देखने को मिल रहा है। यही बदमाश अपने आसपास के नासमझ युवाओं को भटकाकर साइबर की अपराध से जोड़ लेते हैं, जिसके बाद उनका भी भविष्य गलत राह पर चल पड़ता है। ऐसे में जरूरत इस बात की है कि समाज के लोग अपने बच्चों का सही मार्गदर्शन करें। साइबर अपराध की दुनिया में जाने से पहले रोकें ताकि उनका और पुरे परिवार का भविष्य सुरक्षित हो।
जदयू प्रखंड अध्यक्ष की पत्नी का निधन, लोगों ने जताया शोक
चकाई। संवाददाता। चकाई जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी प्रखंड अध्यक्ष अजय कुमार सिंह की पत्नी रेखा देवी का गुरुवार की देर रात्रि को ह्रदय गति रुक जाने के कारण निधन हो गया। वे 55 वर्ष की थी। स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात्रि में एकाएक उनकी तबीयत बिगड़ गई तथा निधन हो गया। वे अपने पीछे दो पुत्र एवं एक पुत्री छोड़ गई हैं। इधर उनके निधन की खबर मिलते ही विधायक प्रतिनिधि राजीव रंजन पांडेय, मिथिलेश राय, दीपक पांडेय, रोहित राय, पंचानंद राय, अनुज सिंह, वरुण यादव, सुरेश पंडित सहित बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे तथा श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए राजीव रंजन पांडेय ने कहा कि हम सभी ने आज अपने परिवार के एक सदस्य को खो दिया है। घटना काफी दु:खद है। दु:ख की इस घड़ी में हम सभी शोक संतप्त परिजन के साथ खड़े हैं। इधर उनके निधन पर जदयू जिला उपाध्यक्ष रंजीत राय, पिंटू चौधरी, मुखिया पंकज साह, कांग्रेस दास, कारू राय, चन्द्रमोलेश्वर राय सहित अन्य लोगों ने भी गहरी शोक संवेदेना व्यक्त की है।
दिव्यांग, वृद्ध महिलाएं, जरूरतमंदों को कंबल, जैकेट, शॉल, मिठाई व बच्चों को चॉकलेट बांट कर मनाया स्थापना दिवस
जमुई। संवाददाता। जिले के बरहट के मलयपुर के बजरंगबली मंदिर के परिसर में शेषनाथजी, हरेराम सिंह, रणधीर कुमार, संजय कुमार, राहुल सिंह के अगुआई में सामाजिक कार्यकर्ता कुमार सुदर्शन सिंह के मार्गदर्शन में जरूरतमंदों वृद्ध को दिव्यांग संघ के संतोष पांडे, नवीन कुमार, शंभू पांडे, दशरथ जी उपस्थिति में सैकड़ों महिला बुजुर्गों लाचारों को इस कड़ाके के ठंड में कंबल, चादर, जैकेट, शॉल देकर उनकी जिंदगी में थोड़ी ही सही मगर राहत एवं खुशी पहुंचाने का काम किया। मौके पर साइकिल यात्रा के सदस्यों ने कहा कि 470वां सप्ताह से लगातार जमुई जिले भर में पेड़ लगाकर पर्यावरण को बचाने अभियान अनवरत चला आ रहा है। हम सबों का प्रयास है कि समाज में पर्यावरण को लेकर सभी जागरूक हो एवं समाज के जरूरतमंदों के लिए प्रयास करते रहना चाहिए जिससे समाज में एक अच्छा सन्देश पहुंचता रहे। मौके पर उपस्थित कमला देवी, कारी देवी, फुलवा, मोती मांझी, श्री महतो, सहदेव रावत, महेश महतो, अयोध्या राव, राजेश दुबे, लक्ष्मण पासवान, साजन सिंह, साबो देवी, खुशबू कुमारी, राजीव तांती सहित सैकड़ों लोग रहे।
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए बैठक 20 को
चकाई। संवाददाता। चकाई प्रखंड उप प्रमुख के विरुद्ध पंचायत समिति सदस्यों की ओर से दिए गए अविश्वास प्रस्ताव के आवेदन पर चर्चा के लिए आगामी 20 जनवरी को पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई है। जानकारी देते हुए बीडीओ कृष्ण कुमार ने बताया कि चकाई प्रखंड अंतर्गत कुल 28 पंचायत समिति सदस्यों में से 18 पंचायत समिति सदस्यों ने बीते 7 जनवरी को सामान्य बैठक के उपरांत उप प्रमुख धान्ति देवी के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव के लिए हस्ताक्षरित आवेदन प्रखंड प्रमुख को दिया गया था, जिसके बाद प्रखंड प्रमुख ने इस विषय पर 20 जनवरी को विशेष बैठक बुलाने के संदर्भ में निर्देश दिए है। ऐसे में प्रमुख के निर्देश के आलोक में उप प्रमुख धान्ति देवी के विरुद्ध बिहार पंचायती राज अधिनियम 2006 की धारा 44 की उपधारा (3) (प) के तहत 20 जनवरी को विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।
अशोक बने अंग प्रदेश असंगठित मजदूर यूनियन के जिला अध्यक्ष
चंद्रमंडी। संवाददाता। चकाई प्रखंड के नावाडीह शिलफरी पंचायत अंतर्गत दुधानिया निवासी मजदूर नेता अशोक रावत को अंग प्रदेश असंगठित मजदूर यूनियन का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। अंग प्रदेश असंगठित मजदूर यूनियन के बिहार प्रदेश अध्यक्ष शिवनंदन मंडल ने उन्हें मनोनयन का पत्र जारी करते हुए कहा है कि आपके कार्य कुशलता एवं मजदूरों के प्रति आपके समर्पण को देखते हुए आपको दायित्व दिया जाता है। ताकि मजदूर के हितों में सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजना एवं जनहित में हुए अन्य उपलब्धियां को श्रमिकों के बीच जाकर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। पत्र की प्रतिलिपि जिला पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक को भी दी गई। इधर अशोक रावत ने दायित्व दिए जाने पर संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया है।
नहीं रहे माधोपुर के प्रमुख गल्ला व्यवसाई महादेव साह
चंद्रमंडी। संवाददाता। विनम्र स्वभाव के धनी और प्रखंड के माधोपुर बाजार के प्रमुख गल्ला और कपड़ा व्यवसाई महादेव साह का 62 वर्ष की उम्र में गुरुवार देर रात निधन हो गया। उनके पुत्र संजीव साह ने बताया कि वे पिछले एक सप्ताह से बीमार चल रहे थे। स्वजनों ने उन्हें इलाज के लिए एंबुलेंस से चंडीगढ़ ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन का समाचार मिलते ही प्रखंड के व्यवसाई एवं अन्य लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। वे अपने पीछे दो पुत्र, दो पुत्री, पत्नी, मां सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गए है। उनके असामयिक निधन से पूरे परिवार के सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है। इधर बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचकर शोक जता रहे हैं। पूर्व विधायक सावित्री देवी, राजद नेता विजय शंकर यादव, पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद, पूर्व मुखिया रामचंद्र पासवान, भगवान पासवान, राजू मोदी, बबलू दुबे, समर यादव, चुन्ना दुबे, डीपलिश यादव आदि ने महादेव साह के निधन को पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त किया।
नव पदस्थापित थाना प्रभारी से कर्मचारी महासंघ प्रतिनिधि मंडल ने की मुलाकात
चंद्रमंडी। संवाददाता। अनुसूचित जाति जनजाति थाना जमुई के नव पदस्थापित थाना प्रभारी ज्योति प्रकाश से बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ गोप गुट के जिला अध्यक्ष धर्म चंदन रजक एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के प्रधान लिपिक विजय प्रकाश के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान संघ के दोनों अधिकारियों ने नव पदस्थापित थाना प्रभारी ज्योति प्रसाद को जिलेवासियों की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। साथ ही, जिले में विधि व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए उनके द्वारा किए जाने वाले प्रयासों के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष धर्म चंदन रजक ने बताया कि थाना प्रभारी ज्योति प्रसाद ने आश्वासन दिया कि वे जिले में शांति, सुरक्षा और न्याय के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे और जिलेवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। यह मुलाकात जिले में प्रशासन और जनता के बीच समन्वय और सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।
ईसीएल सोनपुर बाजारी क्षेत्र में मना विश्व हिंदी दिवस
पांडवेश्वर। आसनसोल। संवाददाता। ईसीएल सोनपुर बाजारी क्षेत्र में महाप्रबंधक आनंद मोहन की उपस्थिति में शुक्रवार को विश्व हिंदी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने सभी उपस्थित अधिकारियों कर्मियों को विश्व हिंदी दिवस पर शुभकामना देने के साथ हिंदी के विकास यात्रा पर चर्चा करते हुए कहा कि आज ही के दिन दस जनवरी वर्ष 1975 में महाराष्ट के नागपुर में विश्व हिंदी सम्मेलन का आयोजन हुआ था, जिसमें तीस देशों के 122 प्रतिनिधि शामिल हुए थे। इस ऐतिहासिक सम्मेलन का उद्देश्य हिंदी भाषा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देना था। उसी दिन से हमलोग दस जनवरी को विश्व हिंदी दिवस मना रहे हैं। क्षेत्र के एजीएम राजकिशोर सिंह ने हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी एक ऐसी भाषा है जो सभी भाषाओं को एक धागे में पिरोकर रख सकती है। उन्होंने हिंदी की विकास यात्रा का भी जिक्र किया। विश्व हिंदी दिवस कार्यक्रम में परियोजना के कार्मिक प्रबंधक मनीष गुप्ता, सहायक कार्मिक प्रबंधक राजेश कुमार मिश्रा, विमलेश कौशल एवं पंचराम ने भी हिंदी भाषा पर अपना विचार व्यक्त किया। क्षेत्र के महाप्रबंधक ने ऐसा कार्यक्रम का आयोजन को लेकर कार्मिक विभाग को धन्यवाद दिया।
बंद बर्न स्टेण्डर्ड कंपनी में सीआईएसएफ की छापेमारी में भारी मात्रा में कोयला जब्त, मचा हड़कंप
कुमारधुबी। संवाददाता। गलफरबाड़ी स्थित बंद बर्न स्टैण्डर्ड कंपनी में गुप्त सूचना पर शीतलपुर की सीआईएसएफ टीम ने बीती रात करीब 11 बजे छापेमारी कर भारी मात्रा में कोयला जब्त किया गया। सीआईएसएफ की टीम जब गलफरबाड़ी पहुंची तो अवैध खनन देख अचंभित हो गए। दर्जनों की संख्या में कुआंनुमा गड्डा कर अवैध खनन कर किया जा रहा है। अनुमान है की जब्त कोयला लगभग पांच सौ टन था। मगर दर्जनों की संख्या में स्थानीय लोगों ने अंधेरे का लाभ उठा कोयला लूट ले भागे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए कापासारा प्रबंधक ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी की बर्न स्टेण्डर्ड कंपनी में अवैध खनन कर कोयला का निकासी किया जा रहा है, जिसे लेकर दो दिन पूर्व उक्त स्थल की जांच कर भराई कराई गई थी। आज सीआईएसएफ शीतलपुर की टीम ने छापेमारी की है। सभी जब्त कोयले को राजपुरा कोलियरी के डिपो में जमा कराया जा रहा है।
बीडीओ ने ठंढ से ठीठुर रही विक्षिप्त महिला को दिया कंबल
चकाई। संवाददाता। पिछले कई सालों से जयप्रकाश चौक के पास अपना स्थायी ठिकाना बनाकर रह रही एक विक्षिप्त महिला को चकाई बीडीओ कृष्णा कुमार सिंह ने मौके पर जाकर ठिठुरते विक्षिप्त महिला को कंबल देकर राहत प्रदान किया। वहीं ठंड के कारण गर्म कपड़ा के अभाव में विक्षिप्त महिला ठंड से थर थर कांप रही थी, जिसकी सूचना स्थानीय लोगों ने बीडीओ को दी। वहीं बीडीओ ने खुद मौके पर जाकर ठंड से बुरी तरह प्रभावित विक्षिप्त महिला को कंबल प्रदान किया और भोजन भी करवाया। मालूम हो कि यह महिला पिछले कई सालों से इसी स्थान पर रह रही है। वह तमिल भाषा में बात करती है जिसे लोग समझ नही पाते हैं। वहीं बीडीओ ने एक और अन्य भीख मांग कर गुजर बसर कर रहे भीम राम को भी कंबल दिया। उन्होंने लोगों से कहा कि अगर ऐसे असहाय लोग कहीं दिख जाये तो फोरन उन्हें सूचित करें कंबल के अलावे भी उनसे जो बन पड़ेगा सहयोग करेंगे।
पूर्व मंत्री स्व. अर्जुन मंडल की स्मृति में पार्क निर्माण का मंत्री ने दिया निर्देश
जमुई। संवाददाता। पूर्व पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री स्व अर्जुन मंडल की स्मृति में जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत जीतझिंगोई पंचायत स्थित उनके पैतृक गांव प्रधानचक में पार्क का निर्माण जल्द कराया जाएगा। इसके लिए जिला वन पदाधिकारी को भूमि चिन्हित कर जल्द से जल्द प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया है। बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डा प्रेम कुमार ने बताया कि सर्वजन कल्याण सेवा समिति जमुई के प्रमुख डा विभूति भूषण और वरिष्ठ सदस्य कृष्ण कुमार चंद्रवंशी ने संयुक्त रूप से पूर्व मंत्री अर्जुन मंडल की स्मृति में पार्क निर्माण कराने जीतझिंगोई पंचायत के हरदीमोह प्रधानचक चौखटिया और निजुआरा गांव में वृहद पौधारोपण और गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय में शिक्षाविद् दयानंद झा की स्मृति में औषधीय वाटिका का निर्माण कराने को लेकर मांग पत्र सौंपा गया है। इसी मांग पत्र के आलोक में जिला वन पदाधिकारी जमुई तेजस जायसवाल को पार्क निर्माण के लिए यथाशीघ्र प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, पौधारोपण और औषधीय वाटिका का निर्माण को लेकर स्थल प्रतिवेदन देने को कहा गया है ताकि इस दिशा में विभागीय स्तर पर जल्द से जल्द सभी कार्रवाई पूरा किया जा सके।
समाज के लिए कोढ़ है बाल श्रम : जिलाधिकारी
बाल श्रम उन्मूलन, विमुक्ति व पुनर्वास को लेकर गठित जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आहूत
जमुई। संवाददाता। जिला कलेक्टर अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में बाल श्रम उन्मूलन, विमुक्ति एवं पुनर्वास को लेकर गठित जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। इस बैठक में जिले में बाल श्रमिकों की पहचान, विमुक्ति, पुनर्वास एवं बाल श्रम के उन्मूलन के लिए कृत कार्रवाई पर गंभीरतापूर्वक विचार किया गया। डीएम ने कहा कि बाल श्रम समाज के लिए कोढ़ है। यह कानूनी अपराध भी है। जो बाल श्रमिक विमुक्त कराये जाते हैं उनका फॉलो-अप किया जाए ताकि वे पुन: बाल श्रम की ओर न लौटें। विमुक्त बाल एवं किशोर श्रमिकों का नामांकन विद्यालय में कराएं ताकि उन्हें मुफ्त पाठ्य पुस्तक, मध्याह्न भोजन, छात्रवृति, साइकिल एवं पोशाक उपलब्ध हो सके और वे मुख्य धारा से जुड़ सकें। विमुक्त बाल एवं किशोर श्रमिकों तथा उनके माता-पिता को प्राथमिकता के आधार पर नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इन्हें स्वास्थ्य कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि उपलब्ध कराया जाए। बाल श्रमिक के सुपात्र अभिभावकों को बिहार भवन एवं कर्मकार कल्याण बोर्ड में निबंधित कराएं ताकि उन्हें आर्थिक लाभ मिल सके और वे अपने बच्चों को शिक्षित बना सकें।
श्रम अधीक्षक रतीश कुमार ने बैठक में बाल श्रम उन्मूलन के लिए राज्य कार्य योजना 2017 की की चर्चा की और वांछित प्रतिवेदन उपस्थापित किया।
एसपी मदन कुमार आनंद, डीडीसी राकेश कुमार सिंह, डीपीआरओ वीरेंद्र कुमार, डीईओ राजेश कुमार सिंह, बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक सूरज कुमार आदि नामित पदाधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
धेमोमेन स्कूल में सुलभ शौचालय का उद्घाटन व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित
आसनसोल। संवाददाता। शुक्रवार को इस्को इस्पात संयंत्र, बर्नपुर के सीएसआर के अंतर्गत और गैर सरकारी संस्था सुलभ इंटरनेशनल सोशल आर्गेनाइजेशन के सहयोग से धेमोमेन कोलियरी हिन्दी जूनियर हाईस्कूल के प्रांगण में नव निर्मित सुलभ शौचालय का उद्घाटन उमेन्द्र पाल सिंह, सीजीएम प्रभारी मानव संसाधन, सेल आइएसपी ने किया।
इस अवसर पर बिनोद कुमार, सीजीएम प्रभारी, नगर सेवाएं एवं सीएसआर, जितेन्द्र कुमार, सीजीएम मानव संसाधन, भाष्कर कुमार, जीएम (एलएंडए, पीआरसीओसी), राकेश रौशन, एजीएम (नगर सेवाएं), दिनेश कुमार, सीनियर मैनेजर (सीएसआर) और स्कूल के संस्थापक टीम के सदस्य मनोहर भाई पटेल, शारदा बेन पटेल आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यालय में हुए वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आए छात्र-छात्राओं के बीच पुरस्कार वितरण किया गया। कार्यक्रम के अध्यक्षीय उद्बोधन में उमेन्द्र पाल सिंह ने कहा कि विद्यालय प्रांगण में सुलभ शौचालय के निर्माण से विद्यालय के बच्चों, शिक्षकों विशेषकर महिला शिक्षिकाओं और छात्राओं को काफी सहूलियत होगी और इससे उनके निजता, स्वास्थ्य एवं सम्मान की रक्षा की जा सकेगी।
सी एस आर विभाग प्रमुख बिनोद कुमार ने समाज के उपेक्षित एवं आर्थिक रूप से गरीब बच्चों को समुचित शिक्षा प्रदान करने के लिए विद्यालय प्रबंधन की मुक्त कंठ से सराहना की और कहा कि शौचालय के निर्माण से बच्चों को विद्यालय में ड्रॉपआउट होने से रोका जायेगा।
जेपी के नैतिक उत्तराधिकारी नीतीश: हरिवंश
पटना। संवाददाता। जगजीवन राम संसदीय अध्ययन एवं राजनीतिक शोध संस्थान, पटना में रामवृक्ष बेनीपुरी द्वारा संपादित पुस्तक ”जयप्रकाश की विचारधारा” का लोकार्पण संपन्न हुआ।
राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने अपने संबोधन में कहा कि देश के अनूठे विशिष्ट लोगों में से थे बेनीपुरी जी। उन्होंने जयप्रकाश की विचारधारा का संपादन किया और उनके साथ रहकर समाज को नई दिशा देने का काम किया। जेपी जातीय, आर्थिक, लैंगिक संतुलन के पुरोधा थे। जेपी आंदोलन से बहुत लोग निकले लेकिन नीतीश जी आज भी उनके अनुयायी बने हुए हैं। जेपी इंसान को बदलने की राजनीति करते थे। उन्होंने कभी चुनाव नहीं लड़ा। कभी सदन नहीं गए। वे नये समाज बनाने के राही थे। उन्होंने कभी किसी की आलोचना नहीं की और आपको बता दूं आंदोलन एक दिन में नहीं होता। जेपी युवाओं को आगे लाये ताकि बेहतर इंसान बन सके और बेहतर इंसान ही अच्छी सोसाईटी का निर्माण कर सकती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में जातीय, आर्थिक, लैंगिक न्याय का जो संतुलन बनाया उसका परिणाम बिहार निरंतर विकास कर रहा है। बिहार में जहां जेपी के गांव से पटना आने के लिए दो-दो दिन लग जाया करते थे। आज संपूर्ण बिहार से लोग आसानी से कम समय में पटना पहुंच जाते हैं। वैसे तो जेपी का पटना ही कर्मभूमि रहा लेकिन देश के विभिन्न हिस्सों में आज भी जेपी प्रासंगिक है। इस पुस्तक के पुनर्प्रकाशन के लिए मैं संस्थान के निदेशक को हार्दिक बधाई देता हूं।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय पासवान, सचिव शिक्षा विभाग बैजनाथ यादव, निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. रेखा कुमारी, उप निदेशक उच्च शिक्षा, शिक्षा विभाग दीपक कुमार सिंह सहित कई बुद्धिजीवी, साहित्यकार एवं पत्रकार उपस्थित रहे।