-सिकल सेल एनीमिया अनुवांशिक और घातक बीमारियों में से एक
गोड्डा। संवाददाता राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन गोड्डा के तत्वावधान में बुधवार को स्थानीय भारत-भारती स्कूल और ज्ञान आलोक पब्लिक स्कूल में विश्व सिकल सेल एनीमिया दिवस के मौके पर सिकल सेल जांच सह जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सिकल सेल के बारे में बताते हुए चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आकाश ने बताया कि सिकल सेल एनीमिया ऐसा रक्त विकार है जिसमें लाल रक्त कोशिकाएं जल्दी टूट जाती हैं। इस कारण एनीमिया और अन्य जटिलताएं वेसो ओक्लुसिव क्राइसिस, फेफड़ों में संक्रमण, एनीमिया, गुर्दे और यकृत की विफलता, स्ट्रोक आदि की बीमारी और यहां तक की पीड़ित की मौत तक की आशंका रहती है। अक्सर जनजातीय समुदाय की मौतें एनीमिया सिकल सेल के कारण भी हो जाती है। लोगों में मलेरिया से बचाव के लिए आरबीसी का आकार गोल के स्थान पर हांसिये के आकार का हो जाता है। संक्रमित लोगों के शरीर में रक्त की कमी, लकवा, नसें बंद होने और मस्तिष्क में रक्त का थक्का न बनने की समस्या होती है। सिकल सेल एनीमिया अनुवांशिक और घातक बीमारियों में से एक है। वास्तविकता को स्वीकार करते हुए विवाह करते समय सुनिश्चित करें कि विवाह करने वाले महिला-पुरुष में सिकल सेल वाहक या सिकल रोग न हो। शादी से पूर्व जांच कराएं। अगर दोनों में से कोई एक सिकल सेल वाहक है या फिर सिकल सेल बीमारी है तो बच्चे सिकल सेल बीमारी से दूर रहेंगे। वह वाहक हो सकते हैं। बड़े होने पर वाहक साथी होने पर उनके बच्चे पीड़ित होंगे। अगर पति-पत्नी दोनों वाहक या फिर दोनों बीमारी से पीड़ित हैं तो ऐसे दंपती बच्चे पैदा करने से अच्छा है कि बच्चों को गोद लें, ताकि विस्तार रोका जा सके। आज के इस जांच शिविर में कुल 643 बच्चों की जांच की गई। मौके पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक लोरेंट्स तिर्की, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर, बीटीटी प्रहलाद कुमार, शिक्षक मनीष सिंह, अभिषेक सरकार आदि उपस्थित थे
किसान टकटकी लगाये जोह रहे हैं बारिश की बाट
-बारिश नहीं होने से किसानों में मायूसी
हनवारा। संवाददाता गोड्डा जिला सहित महागामा प्रखंड क्षेत्र में सूखती नदी, घटती बिजली आपूर्ति, बारिश की कमी और नहर में पानी की कमी तथा निरंतर गिरता जल स्तर और पथरीली जमीन देखकर किसान गिड़गिड़ा रहे हैं। बारिश के इंतजार में किसानों की आंखें पथरा सी गई है। पूजा-पाठ सहित किसान आसमान की तरफ टकटकी लगाए हुए हैं। दरअसल बात यह है कि इस बार जून गुजरने वाला है पर अब भी बारिश नहीं होने से किसानों में मायूसी देखी जा रही है। वर्षा के अभाव के कारण किसान खेती कार्य आरम्भ नहीं कर पा रहे हैं। अगर जल्द ही बारिश नहीं होती है तो इस साल भी अन्न दाताओं की मुश्किलें बढ़ सकती है। सरकार ने जिले में हजारों हेक्टेयर भूमि में धान रोपने का लक्ष्य रखा है। विभाग की ओर से किसानों को बीज तो उपलब्ध कराया जा रहा है। लेकिन इस बात पर शफीक, अफजल, अरविंद, पवन सिंह, अकरम सहित कई किसानों ने कहा कि वर्षा का नहीं होना हम सभी किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। पिछले वर्ष भी यहां के किसानों का उपज सही तरीके से नहीं हो पाया था। इस वर्ष भी खेती को लेकर भविष्य अच्छा नहीं दिख रहा है। किसानों का कहना है कि पहले कई किसान जून में धान का बिचड़ा डालते थे। रोहिणी नक्षत्र में भी खेतों में धान का बिचड़ा डाला जाता था और इस वर्ष तो अब मृगशिरा नक्षत्र गुजरने लगा पर खेती को लेकर अभी तक किसान धान का बिचड़ा भी नहीं डाल पाए हैं। वर्षा के अभाव के कारण पूरी की पूरी जमीन बंजर सी पड़ी हुई है। आग उगलती गर्मी के कारण खेतों से भी भाप निकल रहा है। जिससे घास भी जल कर समाप्त हो रही है जो पशुओं के लिए भी परेशानी का कारण बन गया है। महागामा प्रखंड क्षेत्र में लोगों के लिए धान, गेहूं की खेती ही जीने का सहारा है। अगर इस बार भी अकाल होता है तो अपना भूखे पेट भरने पर लोग मजबूर हो जाएंगे तो फिर मवेशियों को चारा कहां उपलब्ध हो पाएगा। ज्ञात हो कि वर्षा के कारण यहां के किसानों को पिछले वर्ष भी भयंकर सुखाड़ का सामना करना पड़ा था। पिछले वर्ष खेती नहीं होने से किसान अपने साथ-साथ मवेशियों के भोजन को लेकर भी चिंतित रहे। उन्हें इस वर्ष अच्छी खेती की उम्मीद थी पर इस वर्ष भी मौसम की बेरुखी ने धान की खेती को लेकर अन्नदाताओं को चिंता में डाल रखा है। किसान टकटकी लगाए बारिश की बाट जोह रहे हैं।
क्या कहते हैं किसान
-इस समय में खेत में धान का बीज गिराते थे और 15 दिन बाद लगभग बिचड़ा तैयार हो जाता था। लेकिन इस बार बारिश की वजह से खेत भी तैयार नहीं हो सका है। -शेख शफीक, किसान।
-बारिश नहीं होने से हमलोगों को अकाल का डर सता रहा है। आसमान में टकटकी लगाए रहते हैं। कहीं अगले साल की तरह नहीं हो जाए।
-इब्राहिम, किसान।
-मृगिशरा नक्षत्र गुजरने पर है लेकिन खेती को लेकर बिचड़ा भी नहीं डाल पाए हैं। वर्षा के अभाव में पूरी जमीन बंजर सी पड़ी हुई है।
-सदरी पासवान, किसान।
कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़, उनके बिना पार्टी का कोई अस्तित्व नहीं : संजीव
मेहरमा। संवाददाता भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा ने विगत लोकसभा चुनाव में जी तोड़ मेहनत एवं अथक परिश्रम की बदौलत जीत हासिल करने पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए अभी से ही विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। मिश्र ने कहा कि कार्यकर्ताओं के मेहनत का ही नतीजा रहा कि महागामा में लगभग सर प्लस किया जा सका। अब जरूरत है थोड़े से और मेहनत की, ताकि विधानसभा में भी पार्टी का परचम लहरा सके। वैसे गोड्डा जिले के अन्य विधानसभा सीटों गोड्डा एवं पोड़ैयाहाट में पार्टी ने अपना अच्छा प्रदर्शन करते हुए निर्णायक बढ़त बनाई है। महागामा में केवल 121 वोटों से पीछे रह गई। हालांकि विगत विधानसभा चुनाव की तुलना में पार्टी का वोट बढ़ा है और मार्जिन घटा है। परंतु जरूरत है एक निर्णायक बढ़त की जो केवल समर्पित कार्यकर्ता ही कर सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि इस बार गोड्डा के सभी विधानसभा सीटों पर कमल खिला कर पार्टी को समर्पित करने की मुहिम में अभी से ही जुट जाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया कि उनके अध्यक्षीय कार्यकाल के प्रथम चरण में ही सफलता दिलाई, जो नि:स्वार्थ भाव से कार्य करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं की बदौलत ही संभव हो सका। एक प्रश्न के जवाब में मिश्र ने कहा कि जीत में कई कारक एक साथ काम करते हैं। परंतु संगठन सबसे महत्वपूर्ण है। जिसमें कार्यकर्ता जी तोड़ मेहनत से पार्टी हित में काम करते हैं। कार्यकर्ताओं के बिना पार्टी का कोई अस्तित्व नहीं। एक रीढ़ विहीन व्यक्ति की भांति एक कदम नहीं चल सकती। मिश्र ने पार्टी कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनके सम्मान में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को विरोधियों के दुष्प्रचार में न फंसने की सलाह देते हुए पार्टी हित में जुट जाने की अपील की। देवघर समीक्षात्मक बैठक में हुए विवाद पर कहा कि सांसद, विधायक व कार्यकर्ता सभी अपने हैं। कोई भी ऐसा काम न करें जिससे संगठन बदनाम हो। किसी तीसरे पक्ष के दखल को भाजपा संगठन बर्दाश्त नहीं करेगी।
राहुल गांधी के जन्म दिवस पर फल का वितरण
गोड्डा। संवाददाता जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से जिला अध्यक्ष दिनेश प्रसाद की अध्यक्षता में बुधवार को राहुल गांधी का जन्म दिवस मनाया गया। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से रिक्शा, ठेला वाला के बीच फल वितरण किया गया। जिलाध्यक्ष यादव ने राहुल गांधी को शुभकामना संदेश देते हुए कहा पूरे देश को अपने कदमों से नाप कर न्याय, एकता और मोहब्बत का संदेश देने वाले को जन्म दिन की हार्दिक बधाई। मौके पर उपस्थित राजीव मिश्रा, कुंदन ठाकुर, अमरेंद्र कुमार अमर, राकेश रौशन, मनोहर सिंह, महबूब अंसारी, सोनी सिंह, सुशीला देवी, शिशिर झा एवं कई कांग्रेसी उपस्थित थे।
आम चुनाव में सराहनीय कार्य करने वाले पदाधिकारियों को एसपी ने किया सम्मानित
गोड्डा। संवाददाता जिला में लोकसभा चुनाव-2024 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाने में बेहतर व सराहनीय कार्य व योगदान के लिए एसपी नाथु सिंह मीना ने बुधवार को कार्यालय में सदर एसडीपीओ जेपीएन चौधरी, प्रशिक्षु डीएसपी कुमार गौरव, सदर इंस्पेक्टर मधुसूदन मोदक, नगर थाना प्रभारी दिनेश महली, महागामा इंस्पेक्टर उपेन्द्र महतो, पथरगामा इंस्पेक्टर बीडी चौधरी, बोआरीजोर इंस्पेक्टर वीरेन्द्र पासवान, मेहरमा इंस्पेक्टर हरि किशोर मंडल सहित जिले के सभी थाना प्रभारियों और अन्य को सम्मानित किया।
बाजार में पॉकेट से मोबाइल निकालते नाबालिग धराया
मेहरमा। संवाददाता थाना क्षेत्र के रेशम नगर भगैया में बुधवार शाम मार्केट में सब्जी खरीद रहे एक व्यक्ति के पॉकेट से एक नाबालिग मोबाइल निकाल रहा था। उसी दौरान किसी की नजर नाबालिग पर पड़ गयी। उसे पकड़ कर धुनाई कर दी। इसके बाद वहां भीड़ इकट्ठी हो गई। नाबालिग रोने-बिखरने लगा और बार-बार भीड़ से विनती करने लगा कि भविष्य में कभी भी इस तरह की गलती वह नहीं करेगा। उसके बाद उसे नाबालिग कह कर मुक्त कर दिया। खबर लिखे जाने तक इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। नाबालिग चोर साहिबगंज जिला अंतर्गत तीन पहाड़ गांव का बताया जा रहा था। हालांकि इस तरह की वारदात को अंजाम देने में नाबालिग को ही रखा जाता है। ताकि किसी प्रकार की कानूनी पेंच होने के बाद भी नाबालिग को जल्द से जल्द न्याय मिल जाए।