महेशपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र के रद्दीपुर ओपी अंतर्गत बागमुढ़ा स्थित संचालित पत्थर माइंस में विस्फोट के दौरान बंगाल निवासी मजदूर हसीबुल शेख बुरी तरह से जख्मी हो गया। घटना पिछले 24 अक्टूबर की बतायी जाती है। परिजनों को सूचित करते हुए खदान संचालक के कर्मचारी द्वारा इलाज के लिए कोलकाता पहुंचाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार हसीबुल शेख रोज दिन की तरह ओपी अंतर्गत गौतम सिंह के संचालित पत्थर खदान में विस्फोटक उड़ाने का कार्य कर रहा था और इसी दौरान अचानक विस्फोट हो जाने से वह जख्मी हो गया। वहीं घटना के बाबत रद्दीपुर ओपी प्रभारी सत्येंद्र यादव ने बताया कि घटना की सूचना है और उसका इलाज कोलकता में चल रहा है।
प्रखंड मुख्यालयों में भाजपा ने लिया विरोध-प्रदर्शन का निर्णय
-07 से 13 नवंबर तक जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में होगा प्रदर्शन
पाकुड़/निसं। प्रखंड अंतर्गत राजापाड़ा स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। मौके पर बैठक प्रभारी सह प्रदेश मत्री शर्मिला रजक बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुई। जिला अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश के आह्वान पर 07 से 13 नवंबर तक जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में राज्य सरकार के विरुद्ध भारतीय जनता पार्टी जोरदार विरोध- प्रदर्शन करेगी। जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय ने कहा कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार बालू की कालाबाजारी कर रही है। सत्ता में बैठे लोग बृहत पैमाने पर खनिज संपदा का दोहन कर रहे हैं। कोयले की अवैध निकासी हो रही है। जिले से लगातार अवैध कोयला राज्य के बाहर जा रहा है। प्रखंड कार्यालय और अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। लोग हाहाकार कर रहे हैं। प्रदेश मंत्री रजक ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू नहीं कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्र से जो भी योजना यहां के लोगों के लिए भेज रहे हैं राज्य सरकार उस पर लीपापोती कर जैसे-तैसे काम को अंजाम दे रही है। लोगों को राशन नहीं मिल रहा है। मनरेगा में भ्रष्टाचार व्याप्त है। बैठक में 18 अक्टूबर को रांची में हुए पंचायतीराज जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में जिला से गए मंडल अध्यक्ष अरुण चौधरी, कैलाश सिंह साधन झा, अरुण भगत को सम्मान स्वरूप अंग वस्त्र एवं पुस्तक भेंट की गई। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम को पूरे जिले भर में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने के लिए नगर अध्यक्ष पंकज साह को अंग वस्त्र एवं पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक में जिला की वरिष्ठ भाजपा नेत्री आलोका देवी के आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में अल्पसंख्यक मोर्चा की राष्ट्रीय मंत्री मिस्फीका हसन, प्रदेश कार्य समिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह, निवर्तमान जिला अध्यक्ष बलराम दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, पूर्व जिला परिषद् अध्यक्ष बाबूधन मुर्मू, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गा मरांडी,अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री कामेश्वर दास, जिला उपाध्यक्ष खुदी राम साहा, दिलीप सिंह, जिला महामंत्री विजय भगत सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
उत्साह पूर्वक मनाया गया भैया दूज
पाकुड़िया/संवाददाता। जिला भर में भैया दूज पर्व बहनों ने उत्साह पूर्वक मनाया। प्रखंड के विभिन्न गांवों में शुक्ल पक्ष द्वितीया गुरुवार को सभी बहनों ने भाई को तिलक लगा कर भैया दूज मनाया। प्रखंड मुख्यालय पाकुड़िया और आसपास के इलाकों में भैया दूज का पर्व मनाया गया। इस दिन बहनें अपने भाई के दीर्घायु होने की प्रार्थना की। साथ ही बहनें अपने भाईयों को अच्छा भोजन भी खिलाई। फिर भाईयों ने बहन को उपहार भी दिया। बहन भाई की लंबी आयु व सुख, समृद्धि की कामना भगवान से करती हैं। बहनों के द्वारा पूजा के बाद भाई के माथे पर तिलक लगा कर एवं रक्षा सूत्र बांध कर चना-मिठाई खिलाई। भाई भी बहनों को उपहार दिया।
थाना प्रभारी ने जवानों के साथ मिल कर की छठ घाट की सफाई
पाकुड़िया/संवाददाता। थाना क्षेत्र अंतर्गत तीरपीतिया नदी छठ घाट का थाना प्रभारी चंदन गुप्ता ने जवानों के साथ साफ-सफाई की। छठ व्रती के परिजन अपने स्तर से घाट की साफ-सफाई करते हैं। थाना प्रभारी ने मामले को संज्ञान में लेकर आम जनता से बेहतर संबंध स्थापित कर आपसी परिचय देते हुए छठ घाट की साफ-सफाई की। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि जिस तालाब, डैम या अन्य जलाशय में छठव्रती अर्घ्य देने जाते है वहां डेंजर जोन को चिह्नित करते हुए बांस से बैरिकेड कर स्थान निश्चित कर दें ताकि उससे आगे कोई नहीं जा सके। साथ ही थाना प्रभारी क्षेत्र के सभी छठ घाटों का जायजा लेकर निरीक्षण कर रहे हैं।