अभियान और संघर्ष जारी रखें :सरयू प्रसाद
- कठिन काम करना ही वैश्य मोर्चा का उद्देश्य : महेश्वर
रांची/एजेंसी। आज रांची के रेडियम रोड़ स्थित आलोका सभागार में झारखंड प्रदेश वैश्य मोर्चा का 6वां स्थापना दिवस मनाया बड़े धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा छह पाउंड का केक भी काटा गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता वैश्य मोर्चा के अध्यक्ष महेश्वर साहु ने किया. स्थापना दिवस की शुरुआत मुख्य अतिथि सह पूर्व न्यायाधीश सरयू प्रसाद, विशिष्ट अतिथि सह पत्रकार नंद किशोर अग्रवाल, बिहार के वैश्य नेता जितेन्द्र गुप्ता, केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहु एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप जला कर किया गया. इसके पूर्व सभी अतिथियों को वैश्य मोर्चा की ओर से स्मृति चिन्ह, बुके एवं अंग वस्त्र दे कर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात वरीय उपाध्यक्ष अश्विनी साहु द्वारा स्वागत भाषण दिया गया।
इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सह पूर्व न्यायाधीश सरयू प्रसाद ने कहा कि झारखंड में वैश्य समाज बहुत बड़ी आबादी है, लेकिन जागरूकता के अभाव में अपने अधिकारों से वंचित रह रहा है. वैश्य मोर्चा के प्रयास से सरकार के पास संदेश तो जा रहा है. लेकिन आने वाले दिनों में अभियान को और अधिक तेज करने की जरूरत है. मैं हमेशा साथ खड़ा रहूंगा।
बिहार के वैश्य नेता जितेन्द्र गुप्ता ने कहा कि मैं वैश्य मोर्चा के कार्यक्रमों से काफी प्रभावित हुआ हूं, जो भी बिहार के वैश्य झारखंड में रहते हैं, उन्हें वैश्य मोर्चा से जुड़ने की अपील करता हूं। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार नंदकिशोर अग्रवाल ने कहा कि वैश्यों में बड़ी ताकत का संचार हुआ है। यह सब वैश्य मोर्चा के आंदोलन और कार्यक्रमों की देन है। मेरा दरवाजा वैश्य समाज के लिए हमेशा खुला है। अध्यक्षीय भाषण में केंद्रीय अध्यक्ष महेश्वर साहू ने कहा कि संगठन बनाना बहुत आसान है, लेकिन संगठन को मुद्दों और विचारधारा के साथ चलाते रहना बेहद कठिन है. वैश्य मोर्चा के सदस्यों ने इसी कठिन काम को निरंतर आगे बढ़ाने का काम किया है। श्री साहू ने कहा कि वैश्य मोर्चा किसी जाति, धर्म, समुदाय या पार्टी का विरोधी नहीं है, लेकिन अपने वाजिब हक-अधिकार, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए वैश्य मोर्चा किसी से भी लड़ने का माद्दा रखती है. यह मेरा संवैधानिक अधिकार भी है।
समारोह को हाइकोर्ट के अधिवक्ता रामसेवक प्रसाद, सहदेव चौधरी, वैश्य मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हीरानाथ साहु, रेखा मंडल, संथाल प्रमंडल के अध्यक्ष प्रमोद चौधरी, समाजसेवी संजीव चौधरी, सुरेश साहु, शिक्षाविद ढ़लन साव, अश्विनी कुमार साहू, पतरातू विस्थापित मोर्चा के अध्यक्ष आदित्य नारायण प्रसाद आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन उप प्रधान महासचिव उपेन्द्र प्रसाद एवं अशोक गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से वरीय उपाध्यक्ष मोहन साव, केंद्रीय उपाध्यक्ष परशुराम प्रसाद, लक्ष्मण साहु, केंद्रीय महासचिव विष्णु मंडल, शिव प्रसाद साहु, संथाल प्रमंडल के महासचिव गजेंद्र केशरी, जिलाध्यक्ष राजकुमार वर्णवाल (देवघर), रोहित कुमार साहु (रांची), प्रीति कुमारी साहा (चतरा), संगठन महासचिव कृष्णा साहु, केंद्रीय सचिव दिलीप प्रसाद, रामाशंकर राजन, संगठन सचिव अनिल वैश्य, लखन अग्रवाल, जगदीश साहु, मीडिया प्रभारी राहुल कुमार साहु, केंद्रीय सदस्य डॉ. अरविंद कुमार, नरेश साहु, भुनेश्वर साव, अरुण कुमार गुप्ता, राजेन्द्र साहु, युवा मोर्चा के अध्यक्ष हलधर साहु, छात्र मोर्चा के अध्यक्ष युवराज साहु, देवकुमार पंडित, माथुर साव, रवीन्द्र प्रसाद, कपिल प्रसाद, उमेश ठाकुर, आदित्य पोद्दार, पवन साहू आदि उपस्थित थे।
राहुल गांधी का सम्मेलन संविधान बचाओ है या परिवार बचाओ : अजय साह
रांची/एजेंसी। भाजपा ने राहुल गांधी के रांची में आयोजित ‘संविधान बचाओ सम्मेलन’ में भाग लेने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने रविवार को इस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि राहुल गांधी को इस सम्मेलन में भाग लेने से पहले 42वें संविधान संशोधन का गहन अध्ययन करना चाहिए। यदि जरूरत हो तो ऐसे किसी कार्यक्रम में जाने से पहले 42वें संविधान संशोधन की एक कॉपी भाजपा कार्यालय से ले लें।
अजय साह ने कहा कि राहुल गांधी को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि क्या कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल वास्तव में संविधान बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं या फिर अपने-अपने राजनीतिक परिवारों की विरासत को बचाने के प्रयास कर रहे हैं। भाजपा ने यह सवाल भी उठाया है कि क्या ये दल संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा रखते हैं, या केवल सत्ता की राजनीति कर रहे हैं। साह ने कहा कि राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि उनकी स्कूलिंग हिंदुस्तान में हुई है और उन्होंने अपने स्कूली शिक्षा में कभी भी आदिवासी, दलित, ओबीसी के बारे में नहीं पढ़ा, तो क्या राहुल अपने पूर्वजों पर सवाल उठा रहे है, जिन्होंने अपने वक़्त में आदिवासी दलितों को छोड़ कर स्कूल की किताबों में बस गांधी परिवार का महिमा मंडन किया? जिनकी सरकार ने कभी यह कहा था कि देश के संसाधनों पर सबसे पहला हक मुस्लिमों का है वो आज आदिवासी दलितों के हिमायती होने का ढोंग कर रहे है। साह ने कांग्रेस पर 74वें संविधान संशोधन के कार्यान्वयन में असफल रहने का भी आरोप लगाया, जिसके तहत नगर निकाय चुनावों को हर पाँच साल में कराना अनिवार्य किया गया था। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में कई जगहों पर नगर निकाय चुनाव नहीं कराए गए हैं, और यह एक बड़ा सवाल है, जिसका जवाब राहुल गांधी को देना चाहिए। इस मुद्दे को उठाते हुए भाजपा ने यह स्पष्ट किया कि यदि राहुल गांधी और उनकी पार्टी संविधान के प्रति सच्ची प्रतिबद्धता रखते, तो इस तरह के मुद्दों पर ध्यान दिया होता। राहुल गांधी को झारखंड की जनता ने पांच साल कार्य करने का वक़्त दिया लेकिन राहुल गांधी यहां सत्ता मिलने के बाद पांच साल गायब रहे और अब वापस से ढोंग यात्रा पर आ रहे हैं।
इवीएम पर हार का ठीकरा फोड़ने की तैयारी में जेएमएम : प्रतुल शाह देव
रांची/एजेंसी। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने रविवार को झामुमो पर पलटवार करते हुए कहा कि अपनी निश्चित हार को देखकर झामुमो बौखला गई है। आज वह चुनाव आयोग की कार्रवाई पर प्रश्न चिन्ह उठा रही है और मतगणना के दिन अपनी हार का कारण ईवीएम को बताएगी। सरकार के पांच वर्षों के कुशासन का अंत होने वाला है और झारखंड मुक्ति मोर्चा को यह बात अच्छे से पता है। इसलिए अभी से हार के बहाने खोज रही है।
प्रतुल ने कहा कि जब इन्होंने 2019 में झारखंड का चुनाव जीता और जब उपचुनाव जीता तब चुनाव आयोग ठीक था लेकिन अब हार को देखकर यह आपा खो बैठे हैं। प्रतुल ने कहा कि इनका महा गठबंधन लूट और झूठ की नीति सिद्धांत के आधार पर बना है। इसीलिए अभी तक इनके महागठबंधन के सीटों का बंटवारा नहीं हो पाया। अब तो राजद ने इनको औकात दिखाना शुरू कर दिया है। राजद ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक कोलकाता बिकने जाते हैं।
प्रतुल ने कहा कि पांच वर्षों तक इन्होंने शासन किया परंतु कोई कॉमन मिनिमम प्रोग्राम नहीं बना पाए। इनका जो कॉमन मिनिमम प्रोग्राम था वह कोयला, बालू, लोहा और पत्थर की लूट और ट्रांसफर पोस्टिंग उद्योग था। प्रतुल ने कहा कि जिनकी जितनी लूट में हिस्सेदारी ,उसकी उतनी सीटों पर भागीदारी के फॉर्मूला के आधार पर अब तक महागठबंधन को सीटों का बंटवारा कर लेना चाहिए था। प्रतुल ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के इन बहानों को जनता अच्छे से समझती है और जल्द ही झारखंड के इतिहास की सबसे भ्रष्ट सरकार का पटाक्षेप होने वाला है।
आक्रांताओं के ध्वस्त सभी मंदिरों का करना है पुनर्निर्माण : विष्णु जैन
रांची/एजेंसी। सुप्रीम कोर्ट के एडवोकेट और हिन्दू फ्रंट फॉर जस्टिस के प्रवक्ता विष्णु जैन ने कहा कि देश में मथुरा सहित अन्य जगहों पर आक्रांताओं द्वारा ध्वस्त मंदिरों को फिर से पुनर्निर्माण करना है। उन्होंने काशी एवं मथुरा श्री कृष्ण मंदिर, गोशाला, कुतुब मीनार आदि कोर्ट केस की वर्तमान स्थिति और आगे की रूपरेखा के बारे में बताया। माइनॉरिटी को नये सिरे से परिभाषित किए जाने की भी बात कही।
विष्णु जैन हिन्दू राष्ट्र अधिवेशन के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोल रहे थे। जैन ने कहा कि घुसपैठ के माध्यम से डेमोग्राफिक चेंज करने का जो षड्यंत्र चल रहा है, उसके खिलाफ कानूनी रणनीति भी बनाई गई है। बनाए जाने की वकालत की। उन्होंने कहा कि हिंदू दारा सिंह की जेल से मुक्ति के लिए हम सभी प्रयासरत हैं। साथ ही काशी के ज्ञानवापी, मथुरा के श्रीकृष्णभूमि आदि प्रमुख हिंदू मंदिरों के मुकदमे लड़ने के अपने अनुभव को भी शेयर किया। हिंदू जनजागृति समिति के पूर्व एवं पूर्वोत्तर भारत के राज्य समन्वयक शंभू गवारे ने कहा कि हिन्दू राष्ट्र की स्थापना के उद्देश्य से हिन्दूहित के उपक्रमों को गति प्रदान करने के लिए ‘हिन्दू राष्ट्र अधिवेशन’ का आयोजन हुआ। इसमें बांग्लादेश, झारखंड, बंगाल, छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के 70 से अधिक संगठनों के पदाधिकारी, अधिवक्ता, संतजन, मंदिर न्यासी, उद्योगपति, पत्रकार एवं संपादक सहित 200 से अधिक प्रतिनिधि उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की सुरक्षा के लिए सभी हिंदुत्ववादी एकत्रित आकर कार्य कर पाएं, इस उद्देश्य से हिंदू राष्ट्र समन्वय समिति का गठन हुआ है।
विश्व हिंदू परिषद के झारखंड प्रांत के अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत ने कहा कि जो कार्य हिंदू सनातन समाज को मजबूत करने के लिए होंगे, विश्व हिंदू परिषद सदैव ऐसे कार्य में सहयोग देगा और सदैव साथ खड़ा रहेगा। बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा का प्रयास कर रहे बांग्लादेश माइनॉरिटी वॉच के संस्थापक अधिवक्ता रवीन्द्र घोष ने सबों से अपील करते कहा कि वे बांग्लादेश के हिंदुओं की रक्षा के लिए आगे आएं। अन्यथा एक करोड़ 50 लाख हिंदुओं का जातीय सफाया हो जाएगा।
सीड्स संस्था के कार्यपालक निदेशक को बिहार-झारखंड मेडिकल फोरम ने किया सम्मानित
रांची/एजेंसी। बिहार झारखंड मेडिकल फोरम के तत्वावधान में दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में दोनों राज्यों में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सीड्स संस्था के कार्यपालक निदेशक दीपक मिश्रा को सम्मानित किया गया।
मिश्रा भारत में तंबाकू नियंत्रण अभियान के अग्रणी के रूप में जाने जाते हैं। उनका संगठन सीड्स पिछले 14 वर्षों से अधिक समय से तंबाकू नियंत्रण अभियान के कार्यान्वयन में बिहार, झारखंड और दिल्ली सरकार को तकनीकी सहयोग प्रदान कर रही है। सीड्स भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के साथ मिलकर देश के सभी शिक्षण संस्थानों को तम्बाकू मुक्त करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। साथ ही राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों में तम्बाकू नियंत्रण अधिनियम (कोटपा 2003) के अनुपालन में उनका बहुत ही सराहनीय योगदान रहा है। सीड्स संस्था को तंबाकू नियंत्रण के क्षेत्र में अच्छे कार्य के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से प्रतिष्ठित डब्ल्यूएनटीडी वार्ड 2020 से नवाजा जा चुका है।
अंतर्राज्यीय व अंतरजिला चेकनाका पर किया गया वाहनों का सघन जांच
चतरा/एजेंसी। चतरा और सिमरिया विधानसभा क्षेत्र में 13 नवंबर को मतदान होना है। इसे लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रमेश घोलप के निर्देशानुसार विधानसभा आम चुनाव 2024 को देखते हुए जिले के अंतर्राज्यीय व अंतरजिला चेकनाका पर 24७7 चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
निष्पक्ष, पारदर्शी, स्वतंत्र एवं भयमुक्त माहौल में निर्वाचन से जुड़े कार्य पूर्ण हो इसे लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद है। प्रवर्तन एजेंसियों के जिला स्तरीय नोडल पदाधिकारियों जिसमें एसएसटी टीम के साथ बैंक, वन विभाग, उत्पाद विभाग, जीएसटी व संबंधित विभाग द्वारा भी जांच अभियान चलाई जा रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निष्पक्ष, पारदर्शी, स्वतंत्र एवं भयमुक्त माहौल में चुनाव कराने को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर शख्त निर्देश दिया है कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों का अक्षरश: अनुपालन हो यह सुनिश्चित करें। आगे कहा सभी सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध शराब, पैसा, ड्रग्स या किसी प्रकार के संदिग्ध वस्तुओं का अवैध परिवहन नहीं होने पाए, जिससे चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया जा सके, इसके लिए व्यापक छापेमारी, जांच व अन्य अभियान चलाए।
आज निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया सन्नी राज और निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जुहूर आलम द्वार विभिन्न चेकनाकों में चल रही जांच का औचक निरीक्षण किया गया। साथ ही चतरा और सिमरिया के विभिन्न होटलों में भी छापेमारी की गई।