-किसानों को मिली रबी फसल की जानकारी
पाकुड़/संवाददाता। संयुक्त कृषि भवन अंतर्गत आत्मा सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन आईटीसी मिशन एवं सहयोगी संस्था सर्व सेवा समिति संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन मुख्य अतिथि के तौर पर जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिृष्टामणि हेंब्रम व कृषि पदाधिकारी अरुण कुमार के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन के बाद जिला कृषि पदाधिकारी अरुण कुमार ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य है जिला के किसानों को रबी फसल के बाबत जानकारी उपलब्ध करवाते हुए कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं से उन्हें अच्छादित करना। उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिला होने के नाते यहां के किसानों को योजनाओं का लाभ सही से मिले इसको लेकर कृषि विभाग लगातार प्रयास कर रही है। मौके पर मौजूद जिला परिषद अध्यक्ष हेंब्रम ने कार्यक्रम के उद्देश्यों का लाभ लेने का आह्वान करते हुए कहा कि किसानों को कृषि विभाग के द्वारा चलाई जा रही योजना का लाभ मिले। इसका विशेष रूप से प्रयास किया जाए। उन्होंने किसानों को प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया। मौके पर मौजूद संस्था के जिला समन्वयक सुनील कुमार ने बताया कि किसानों का क्षमता बर्धन के लिए विभिन्न प्रकार के फसल पर मॉड्यूल तैयार कर किसानों के बीच प्रशिक्षण, प्रदर्शन, सरकार द्वारा संचालित कृषि कल्याणकारी योजाना के प्रचार-प्रसार का कार्य किया जा रहा है। जिससे किसानों को विशेष फायदा हो रहा है। अब सभी विभागों को आपस में ज्यादा से ज्यादा समन्वय बना कर किसानों के हित में जन कल्याणकारी सभी योजनाओं को शत-प्रतिशत किसानों तक पहुंचाने की एवं काम करने की आवश्यकता है। मौके पर मौजूद सर्व सेवा समिति संस्था के जिला समन्वयक अमित कुमार साहा ने किसानों के हित के लिए सभी विभाग समन्वय बना कर उन्हें आत्मनिर्भर बनावें। कार्यशाला में आईटीसी के प्रोजेक्ट एक्जीक्यूटिव सायन मांझी, सर्व सेवा समिति संस्था के प्रोजेक्ट समन्वयक अश्विनी श्रीवास्तव, अविनाश कुमार, फील्ड को-ऑर्डिनेटर नसीम अंसारी, मस्लेउद्दीन अंसारी, विवेक कुमार आदि मौजूद थे।
छह दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन
पाकुड़/संवाददाता। सदर प्रखंड स्थित एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की ओर से छह दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिसका विधिवत उद्घाटन संस्थान के वरिष्ठ संकाय सह कार्यक्रम समन्वयक अमित कुमार बर्धन ने की। उन्होंने कहा कि उद्यमिता विकास एक ऐसा कार्यक्रम है जिसके द्वारा एक साधारण व्यक्ति भी असाधारण बन सकता है। जीवन के लिए जीविकोपार्जन करना बहुत ही महत्वपूर्ण है। उद्यमिता विकास के तहत प्रतिभागियों को एक स्वरोजगारी बनने के गुण बताये जाते हैं। उन्हें बैंकों और विभिन्न वित्तीय संस्थाओं की योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गयी। उन्होंने विस्तार से संस्थान के नियमों की जानकारी देते हुए इस नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर वापी दास, कार्यालय सहायक शिबू कुउनाई और संजीव कुमार मुर्मू उपस्थित थे।
छात्रों ने एनटीपीसी कहलगांव का किया शैक्षणिक भ्रमण
पाकुड़/संवाददाता। सदर प्रखंड के कूड़ा जोड़ा के पास स्थित पॉलीटेक्निक के इलेक्ट्रिकल शाखा के लगभग 45 छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण पर एनटीपीसी कहलगांव भेजा गया। छात्रों ने थर्मल पावर प्लांट की सभी इकाईयों को बारीकी से समझा। एनटीपीसी के द्वारा एक प्रशिक्षक उपलब्ध कराया गया था। जिन्होंने छात्रों को सभी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। शैक्षणिक भ्रमण को लेकर छात्रों को बधाई देते हुए संस्थान के निदेशक अभिजीत कुमार ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां आगे भी लगातार होती रहेंगी।
जल संरक्षण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों को किया जागरूक
पाकुड़/संवाददाता। प्रधानमंत्री के जन्म दिन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से चलाये जा रहे सेवा पखवाड़ा के तहत शनिवार को भाजपा नगर अध्यक्ष पंकज कुमार साह की अध्यक्षता में शहर के बिरसा चौक से कार्यकर्ताओं ने जल संरक्षण को लेकर पत्रक वितरण करते हुए लोगों को जागरूक किया। मौके पर भाजपा के विश्वनाथ प्रसाद भगत, जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह, अमृत पांडेय, जिला मीडिया प्रभारी असीम मंडल मौजूद थे। पत्रक के माध्यम से लोगों को जल बचाने के बाबत अपील की गई। नगर अध्यक्ष साह ने बताया कि जल है तो कल है बावजूद इसके जल बेवजह बर्बाद किया जाता है। यह नहीं भूलना चाहिए कि जल-संकट का समाधान जल के संरक्षण से ही है। जल संरक्षण को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम में युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष रतन भगत, किसान मोर्चा मीडिया प्रभारी विक्रम मिश्रा, आनंद मिश्रा, कार्तिक महतो, सुमित कुमार चौबे, प्रकाश कुमार जायसवाल सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।