- रामसेवक सिंह गुंजन अध्यक्ष, अभिषेक सूर्य सचिव और विजय राज सोलंकी बने कोषाध्यक्ष
देवघर/वरीय संवाददाता। कला और संस्कृति के लिए समर्पित अखिल भारतीय संस्था, संस्कार भारती की देवघर इकाई की वार्षिक आमसभा रानी कोठी स्थित संस्कार भारती के कार्यालय में झारखंड प्रांतीय समिति से पर्यवेक्षक के रूप में आए सच्चिदानंद सिंह की देखरेख में हुई। संगीत संयोजिका राज नंदिनी के निर्देशन में ध्येय गीत के गायन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। उसके बाद सचिव अभिषेक सूर्य द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन समर्पित किया गया और कोषाध्यक्ष ने वार्षिक प्रतिवेदन समर्पित किया। झारखंड प्रांत से आए प्रतिनिधि ने वर्ष 2023-24 के कार्यकारिणी को भंग किया और बताया कि इस वर्ष पहले अध्यक्ष, मंत्री और कोषाध्यक्ष की घोषणा होगी और केंद्र की साधारण सभा के बाद नई कार्यकारिणी का गठन होगा। इस वर्ष से नई समिति का कार्यकाल तीन वर्षों का होगा। 2023-2024 की कार्यसमिति यथावत कार्यरत रहेगी। संजय मालवीय कार्यकारी अध्यक्ष, राकेश राय, प्रेम केशरी, ऋषि राज सिंह और पवन टमकोरिया उपाध्यक्ष, रौशन मिश्र सह सचिव, विजय राज सोलंकी कोषाध्यक्ष, राजनंदिनी संगीत संयोजिका, अजित केशरी नृत्य संयोजक, सुनील कुमार विश्वकर्मा नृत्य सह संयोजक, नरेन्द्र पंजियारा चित्रकला संयोजक,विजय कुमार लोक कला संयोजक, तनुजा कुमारी रंगोली संयोजिका और जतिन कुमार साहित्य संयोजक के दायित्व में रहेंगे। पर्यवेक्षक सच्चिदानंद सिंह ने संस्कार भारती की देवघर इकाई के गत वर्ष के गतिविधियों की प्रशंसा की और उम्मीद जताया कि आगे नई ऊर्जा के साथ यह इकाई काम करेगी।
रेल में वरिष्ठ नागरिकों को सुविधा देने की मांग
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली रेल यात्रा से संबंधित खत्म कर दी गई रियायतों को फिर से शुरू करने एवं यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी करने की मांग की है।
श्री कुमार ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा से संबंधित मिलने वाली सभी रियायतों को खत्म कर देने के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
500 करोड़ से जसीडीह स्टेशन का होगा कायाकल्प
- संथाली मोहल्ले की तरफ भी खुलेगा गेट
देवघर/वरीय संवाददाता। सांसद निशिकांत दुबे ने देवघर जिलावासियों को अच्छी खबर दी है। अमृत भारत योजना के तहत जसीडीह स्टेशन का पुर्ननिर्माण लगभग 500 करोड़ रुपए की लागत से होगा साथ ही सालों से लटका संथाली मोहल्ले की तरफ़ खुलने वाला दूसरा रास्ता भी जल्द बनेगा। क्योंकि सारी राशि देने को अब रेलवे तैयार है। श्री दुबे ने कहा कि ”आज एक बड़ी ख़ुशखबरी है। प्रत्येक वर्ष लगभग 4 करोड़ यात्री देवघर बाबा बैद्यनाथ जी का दर्शन करने व आसपास के जिले में रहने वाले व्यक्ति जसीडीह स्टेशन का उपयोग करते हैं। भारत सरकार ने 5 वर्ष पहले संथाली गांव की तरफ़ दूसरे आवागमन, यात्रियों की सुविधा खोलने के लिए लगभग 70 करोड़ रुपये दिए थे, लेकिन राज्य सरकार एक एकड़ ज़मीन के बदले 57 करोड़ रुपये यानि मुम्बई, दिल्ली से भी ज्यादा पैसे मांग रही है। अब रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्य सरकार को पैसे देने का फैसला किया है। जसीडीह स्टेशन पर अब अमृत भारत स्टेशन पुनर्निर्माण के तहत लगभग 500 करोड़ खर्च होंगे तथा जसीडीह स्टेशन पर अब संथाली मोहल्ले की तरफ दूसरा रास्ता भी बनेगा।
भाईचारे के बीच मुसलमानों का पर्व बकरीद संपन्न
देवघर/वरीय संवाददाता। मुसलमानों के आपसी भाईचारा और त्याग एवं बलिदान का पर्व ईद उल जोहा (बकरीद) सोमवार को सादगी के साथ संपन्न हो गया। पर्व लेकर मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह में नए परिधानों में ईदगाह पहुंचकर सामूहिक रूप से बकरीद की नमाज अदा कर अमन चैन की दुआ मांगी। इसके बाद लोग एक-दूसरे से गले मिलकर पर्व की बधाई दी। इसके बाद घरों में बकरों की कुर्बानी दी गयी। जिसका तीन हिस्सा किया गया। इधर जिला प्रशासन द्वारा सभी मस्जिदों के बाहर सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी। पुलिस बल दिन भर गश्ती भी करते देखे गये।
भाजपा की समीक्षा बैठक में दो गुटों के बीच मारपीट
- दोनों पक्षों ने की नगर थाना में शिकायत
होटल में नोक झोंक का दृश्य एवं थाने शिकायत करने पहुंचे कार्यकर्ता
देवघर/संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी की समीक्षा बैठक कास्टर टाउन स्थित एक होटल में सोमवार को होना तय हुआ था। इस बैठक में भाजपा प्रदेश के महामंत्री सह राज्य सभा सांसद आदित्य साहू व प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय की मौजूदगी में गोड्डा लोकसभा सीट पर मिली जीत को लेकर समीक्षा बैठक की जा रही थी। उसी दौरान कथित रूप से सांसद द्वारा भेजे गये लोगों ने विधायक के साथ गाली-गलौज करने लगे। साथ गोड्डा जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा के साथ भी गाली-गलौज किया। वहीं मोहनपुर प्रखंड के पूर्व उपाध्यक्ष देवाशीष चौधरी, महिला कार्यकर्ता के साथ जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की गई। जबकि दूसरे पक्ष की ओर से विनिता पासवान ने विधायक सहित उनके समर्थकों के खिलाफ गाली-गलौज व छिनतई करने की शिकायत की है।
पहली शिकायत : मामले को लेकर नगर थाना में एक शिकायत मोहनपुर प्रखंड के पूर्व उपाध्यक्ष बसडीहा निवासी देवाशीष चौधरी ने दर्ज कराया है। इसमें उसका कहना है कि होटल महादेव पैलेस में भाजपा पार्टी की समीक्षा बैठक चल रही थी। वह स्थानीय विधायक नारायण दास से मिलने गए थे। उसी दौरान जसीडीह थाना क्षेत्र के धरवाडीह निवासी निर्मल मिश्रा व गिधनी मोड़ निवासी राहुल तिवारी वहां पहुंचे और कालर पकड़कर मारपीट करने लगे। दोनों आरोपितों ने बड़े नेता बनने की बात कहते हुए मारकर फेंक देने की धमकी दी। साथ ही अंजाम भुगतने की बात कहते हुए जातिसूचक शब्द का भी इस्तेमाल किया गया। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गई है।
दूसरी शिकायत : वहीं दूसरी शिकायत तीन महिलाओं ने दर्ज कराई है। कुंडा थाना क्षेत्र के कोरियासा मोहल्ला निवासी सुशीला देवी (पति अरुण दास) ,सुशीला देवी (पति स्व. बद्री रमानी) व रीता देवी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में जिक्र है कि पार्टी की समीक्षा बैठक होटल रिलेक्स में होना था। विधायक नारायण दास से मिलने तीनों होटल महादेव पैलेस पहुंची थी। विधायक से मिलने के लिए तीनों बरामदे में खड़ी थी। उसी दौरान अचानक धरवाडीह निवासी निर्मल मिश्रा ने तीनों महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा। वहीं पछियारी कोठिया निवासी राहुल तिवारी जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज करने लगा।
तीसरी शिकायत : घटना को लेकर दूसरे पक्ष की विनिता पासवान ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में होटल महादेव पैलेस में हुई समीक्षा बैठक के समाप्त होने के बाद वह प्रदेश से आए पार्टी के पदाधिकारियों से मिलकर अपनी बात रखने जा रही थी। उसी दौरान देवघर विधायक नारायण दास अपने समर्थक देवाशीष चौधरी, चंदनाठाढ़ी मोड़ निवासी गौतम यादव, देवीपुर निवासी विकास यादव, मोहनपुर निवासी सुभाष यादव, देवीपुर निवासी मनीष कुमार चुन्नू, विकास वर्मा, त्रिलोचन दास, त्रिपुरारी दास, सुलोचना देवी सहित अन्य 10 पुरुष व 10-12 की संख्या में महिलाओं के साथ खड़े थे। उसे देखते ही विधायक आग-बबुला होते हुए जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज करते अभद्र व्यवहार करने लगे। विधायक ने अपने समर्थकों को उसे धक्का मारकर बाहर करने को कहा। विधायक ने उसके साथ धक्का-मुक्की भी किया। साथ ही उसके गले से तीन भर का सोने का चेन विधायक व उसके समर्थकों ने छीन लिया। उसी दौरान उसके समर्थक वहां पहुंचकर उसे बचाया। इधर नगर पुलिस शिकायत लेकर जांच में जुट गयी है।
सांसद निशिकांत दुबे पर भड़के विधायक नारायण दास
- कहा, संगठन को इज्जत नहीं देने वाले नेता पर संज्ञान लें प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व
देवघर/नगर संवाददाता। देवघर होटल महादेव पैलेस में आयोजित भाजपा की समीक्षात्मक बैठक में सांसद व विधायक के जमकर हंगामा हुआ। जिसके बाद भाजपा विधायक नारायण दास ने गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे से नाराजगी जताई है। उन पर पार्टी के संगठन और पार्टी लीडरों को दरकिनार किये जाने का आरोप लगाया है। यह सब बातें उन्होंने तब कही हैं जब देवघर में राजमहल और दुमका लोकसभा सीटों पर हार को लेकर सोमवार को समीक्षा बैठक हो रही है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री और सांसद आदित्य साहू और उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय देवघर में पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ समीक्षा करने जुटे थे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तनातनी और मारपीट तक होने की खबर सामने आयी। इसके बाद मीडिया से बात करते देवघर विधायक नारायण दास ने अपनी ही पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक शांतिपूर्ण तरीके से चल रही थी। इसी दौरान निशिकांत दुबे के भेजे गये गुर्गों जो कि भाजपा से जुड़े भी नहीं थे, उन लोगों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गालियां दीं। भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी की गई। विधायक नारायण दास ने चैलेंज करते हुए कहा कि सांसद कोई प्रमाण दिखाएं, कोई ऑडियो-वीडियो लायें जिसमें मैंने किसी को सांसद निशिकांत को वोट देने से मना किया हो।
नारायण दास ने कहा कि जब इस चुनाव में निशिकांत दुबे टिकट लेकर आए तो उन्हें पत्नी के इलाज के लिए हैदराबाद जाना था, पर वे उस समय नहीं गये। होली के दिन उनके (सांसद) पास जाकर उन्हें विजय का तिलक लगाया था। बूथ कार्यकर्ता सम्मेलनों में उनकी भागीदारी निरंतर रही है। देवघर जिले का मोहनपुर पहले राजद का गढ़ था। 2014-2019 में बतौर विधायक वहां से भी सफलता मिली थी। एक दिन वहां एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि मोहनपुर ने उन्हें गोद ले लिया है या उन्होंने मोहनपुर को गोद ले लिया है। इस पर मंच पर ही निशिकांत उखड़ गये थे। यहां तक कि 2019 के विधानसभा चुनाव में निशिकांत ने उन्हें हराने का काम किया। वे अब भी खुलेआम मेरा (विधायक) का विरोध कर रहे हैं। नारायण दास के मुताबिक वे जन्म से भाजपाई हैं और आयातित नहीं। 2009 में जब निशिकांत चुनाव (लोकसभा) लड़ने आये तो देवघर में पार्टी का कार्यालय तक नहीं था। उन्हें कोई जानता तक नहीं था। उनकी जीत के लिए उन्होंने उनका जूता तक उठाया है। अब वे कहते हैं कि पार्टी संगठन से उनको मतलब नहीं, संगठन ने उन्हें नहीं जिताया। वे महागामा के अशोक कुमार, गोड्डा विधायक अमित मंडल वगैरह के पक्ष में भी नहीं रहते। ऐसे नेता के इस आचरण को लेकर प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व को सुध लेना चाहिए। उनके गुर्गों ने आज जो हरकत की है, उसकी जितनी निंदा की जाए कम है।
मारपीट कर जख्मी करने को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना में मारपीट कर जख्मी करने को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला पुरनदाहा निवासी जितू राउत ने दर्ज कराया है। कहा है कि वह सत्संग समाधी के पास स्थित दुकान में कुछ सामान लेने गया था। उसी दौरान सोनू यादव कोरियासा और नितेश राउत राउतनगर अपने चार-पांच साथी के साथ पहुंचा और अचानक गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। मारपीट के कम में उसके सिर में गंभीर चोट लग गया। इधर नगर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गयी है।
जान मारने की नीयत से मारपीट करने के आरोप में मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। जान मारने की नीयत से मारपीट करने के आरोप में नगर थाना में मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला सीता होटल चौक निवासी सूरज कसेरा ने दर्ज कराया है। कहा है कि वह 15 जून की शाम करीब 8 बजे मीना बाजार सब्जी खरीदने पहुंचा था। उसी दौरान कुलदीप राउत शंकर लॉज, त्रिदेव उर्फ कृष्णा, गुड्डू चौरसिया साकिन टावर चौक, चिंगौड़ी पंडा साकिन भोला पंडा पथ एवं ऑटो चालक पिंटू सहित अन्य तीन चार अज्ञात लोगों ने जबरदस्ती जान मारने की नीयत ईंट से हमला कर दिया। शराब की बोतल फोड़कर उसे मारने लगा। जिससे शरीर पर कई जगहों पर गहरा जख्म हो गया। उपरांत उसे टोटो से इलाज के लिये सदर अस्पताल पहुंचाया गया। नगर पुलिस मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश में जुट गयी है।
नेहरू पार्क के कर्मचारी के साथ मारपीट और छिनतई करने का आरोप, मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना में नेहरू पार्क के वाहन शुल्क वसूली करने वाले कर्मी के साथ मारपीट एवं छिनतई किये जाने को लेकर मामला दर्ज किया गया है। यह मामला बोकारो जिला के चास थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी कॉलोनी निवासी सुबोध कुमार सिंह ने मामला दर्ज कराया है। कहा है कि देवघर नगर निगम के पत्रांक 1152/24 दिनांक 12 जून के आदेशानुसार स्थानीय लोगों द्वारा वाहन वसूली 13 जून से शुरू किया था। 14 जून को कुछ अज्ञात युवकों द्वारा वसूली कर रहे कर्मचारी के साथ मारपीट कर 3500 रुपए छिनतई कर लिया गया। कहा है कि 15 जून को दोबारा श्रीराम झा चौक पर 20-25 की संख्या में युवक आये और गाली- गलौज करते हुए हॉकी स्टीक और रड से मारपीट करते हुए 540 रुपए छिन लिया। मारपीट करने वाले कुछ युवकों द्वारा 10 लाख रुपए की मांग की गयी। कहा है कि जहां पर घटना घटी है वहां पर सीसीटीवी कैमरा भी लगा है। जिसे जांच करने पर मारपीट एवं रंगदारी मांगने वालों की पहचान हो सकती है। मामला दर्ज कर अपराधियों की पहचान करने में जुट गयी है।
रंगदारी की मांग को लेकर मारपीट करने वाला आरोपी गया जेल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना की पुलिस ने दुकानदार के साथ मारपीट कर जख्मी करने व दुकान के गल्ले से रूपयों निकाल लेने के मामले में आरोपित हरिकिशुन साह लेन निवासी कुलदीप राउत को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इससे पहले आरोपित के खिलाफ पैराडाइज के प्रोपराइटर उत्तम कुमार ने नगर थाना में मामला दर्ज कराया था। जिसमें आरोपित पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर जख्मी करने व गल्ला से बिक्री का पैसा निकाल लेने का आरोप लगाया था। दर्ज मामले के अनुशंधान के क्रम में पुलिस को आरोपित के संबंध में जानकारी मिली। उसी आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया ।
आर्यन हत्याकांड : दो संदिग्ध हिरासत में
देवघर/संवाददाता। नगर थाना पुलिस ने आर्यन हत्याकांड मामले में दो संदिग्ध को हिरासत में लिया है। दोनों सलौनाटांड़ इलाके के रहने वाले बताये जाते हैं। दोनों से नगर पुलिस पूछताछ करने में जुटी है। बताते चलें कि 13 अप्रैल 2024 को इंजिनियंरिंग का छात्र आर्यन मरांडी का शव नंदन पहाड़ स्थित तालाब से बरामद किया गया था। वह 11 अप्रैल की शाम से ही अपने घर से गायब था। इस मामले में पुलिस अभी तक एक आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार जेल भेज चुकी है।
दलित समुदाय ने फूंका सांसद का पुतला
देवघर/वरीय संवाददाता। सोमवार को गोड्डा लोकसभा चुनाव के समीक्षा बैठक में हुए गाली-गलौज और मारपीट के विरोध में सोमवार की शाम दलित और पिछड़ा समाज के लोगों ने टावर चौक पर सांसद निशिकांत दुबे का पुतला दहन किया। इस दौरान सांसद के खिलाफ नारेबाजी भी की गयी। समुदाय के लोगों ने कहा कि उनलोगों ने वोट देकर उन्हें सांसद बनाया लेकिन दलित विधायक के साथ मारपीट निंदनीय है। मौके पर महेंद्र दास, गजेन्द्र दास, रोहित दास सहित दलित और पिछ़डा समाज के दर्जनों लोग उपस्थित थे।
दुमका के बाद देवघर में भाजपा की समीक्षा बैठक में हुआ हंगामा
- अंतकर्लह आया सामने, सांसद व विधायक समर्थक आमने-सामने
- आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरु
भाजपा शीर्ष नेतृत्व घटना को गंभीरता से ले रही है
देवघर/नगर संवाददाता। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद सोमवार को भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू व उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय की मौजूदगी में आयोजित गोड्डा लोकसभा स्तरीय समीक्षा बैठक में सांसद निशिकांत दुबे व देवघर विधायक नारायण दास के समर्थक आमने-सामने हो गए। जिससे पर्दे के पीछे से जारी शीतयुुद्ध उजागर हो गया। दुमका के बाद देवघर में आयोजित बैठक में भाजपा का अंतर्कलह और गुटबाजी का नाजारा देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ता एक-दूसरे को गाली-गलौज करते हुए पीटने का भी आरोप लगा रहे हैं। जिससे समीक्षा को लेकर पहुंचे राज्य सभा सदस्य सह प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू व उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय तथा अन्य ने माथा पीट लिया। घटना को लेकर दिन भर हाईवोल्टेज ड्रामा चला और मामला थाने तक जा पहुंचा। एक पक्ष से विनिता पासवान ने पुलिस को शिकायत देते हुए विधायक सहित अन्य को आरोपी बनाया है तो दूसरे पक्ष से देवाशीष चौधरी ने निर्मल मिश्रा व राष्ट्रवादी राहुल तिवारी व अन्य को आरोपी बनाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व तक भी यह सूचना पहुंच चुकी है और संगठन इस मामले को गंभीरता से लिया है। विधायक नारायण दास ने कहा कि सांसद निशिकांत के गुर्गे बैठक में घुसकर उन्हें ही नहीं गोड्डा के संजीव मिश्रा को भी गाली-गलौज किया। साथ ही उनके कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी किया है। विधायक ने कहा कि सांसद के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सांसद के पक्ष में काम नहीं किया लेकिन देवघर विधानसभा से सांसद 41 हजार मतों से लीड किए है। कोई भी मंडल अध्यक्ष यह कह दे कि मैने उन्हें कार्य से मना किया है तो राजनीति से संयास ले लूंगा। वैसे भी सांसद निशिकांत सदैव बोलते रहे है कि वे अपने बल पर चुनाव जीतते है, लेकिन इस बार के चुनाव में भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता अपने दम पर अडिग रह कर भाजपा को जीत दिलाई है। इसका अनादर करने का हक सांसद को नहीं है। बैठक को लेकर पहुंचे पार्टी पदाधिकारी इन सब बातों से अवगत हो चुके है। बताया जाता है कि आज सुबह शहर के होटल महादेव पैलेस में भाजपा की समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई। पहले यह बैठक होटल रिलेक्स के सभागार में आयोजित था लेकिन जगह कम पड़ने व अन्य कारणों से बैठक को महादेव पैलेस में शिफ्ट करना पड़ा। सुबह बैठक शुरु होते ही मुकेश पाठक, पिंटू तिवारी, देवता पांडेय, निर्मल मिश्रा, राहुल तिवारी आदि ने विधायक के साथ अभद्र व्यवहार करना शुरु कर दिया। घटना की जानकारी होते ही विधायक नारायण दास के समर्थक उग्र हो गए और बबाल मच गया। कहा जा रहा है कि उपरोक्त लोगों ने विधायक को एक कमरे में बंद भी कर दिया था। जमकर हंगामा होने के बाद एक पक्ष होटल से चला गया। बाद में किसी तरह मामला शांत होने के बाद बैठक की कार्यवाही शुरु हुई। बैठक समाप्त होने के शाम तक विधायक नारायण दास, गंगा नारायण सिंह, राकेश नरौने, सचिन सुल्तानिया, डॉ राजीव रंजन सिंह सहित अन्य लोग घटना को लेकर चर्चा करते रहे।
घटना दुर्भाग्यपूर्ण : सचिन
सोमवार को गोड्डा लोकसभा स्तरीय समीक्षाात्मक बैठक में घटी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भाजपा के देवघर जिला अध्यक्ष सचिन रवानी कहा कि घटना को अंजाम देने वाले लोग बैठक में आमंत्रित नहीं थे और ना ही वह भाजपा के सदस्य हैं। एक सोची समझी साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया है। हंगामा करने वाले लोगों को चिह्नित कानूनी कार्रवाई प्रक्रिया को अंजाम दिया जाएगा।