साहिबगंज। राजमहल। संवाददाता। झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के निर्देशानुसार नगर परिषद व राजमहल नगर पंचायत के कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार को भी जारी रही। हड़ताल का असर अब दिखने लगा है। कचड़े का उठाव नहीं हुआ। जिसके कारण शहर की गली मोहल्लों में कचरे का अंबार लगा रहा। जलापूर्ति को भी बाधित कर दिया गया है। जिसके कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल कर रहे कर्मियों ने आकांक्षा वेस्ट मैनेजमेंट के सफाई कर्मियों को भी कचड़े का उठाव करने नहीं दिया। हड़ताल का नेतृत्व कर रहे राजमहल नपं कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दिनेश मंडल तथा सचिव नीरज मुखर्जी के नेतृत्व में सफाई कर्मियों की हड़ताल की जा रही है। झारखंड लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के बैनर तले पांच सूत्री मांगों को लेकर 20 सितंबर से सफाई कर्मी हड़ताल पर हैं। नगर परिषद में हड़ताल का नेतृत्व फेडरेशन के राज्य महामंत्री अनूप लाल हरि व कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शिव कुमार हरि कर रहे हैं। फेडरेशन के राज्य महामंत्री अनूप लाल हरि ने बताया कि 28 सितंबर को सभी कर्मी रांची में सीएम के समक्ष अपनी मांग रखेंगे। फिलहाल शहर में चारों तरफ कूड़े व कचरों का अंबार लगा हुआ है।