वृद्धा आश्रम में रह रहे वृद्धों को प्रत्येक दिन मिलेगा सुबह का नास्ता
गिरिडीह। संवाददाता। समाजसेवी संध्या मिश्रा ने सामाजिक हित में पहल करते हुए स्नहेदीप वृद्धा आश्रम में रह रहे वृद्धों के लिए प्रत्येक दिन चाय-नास्ता प्रबंध करने का जिम्मा उठाया है। इस सामाजिक कार्य में इनका साथ युवा समाजसेवी रौनक अजीज दे रहे हैं। जीतिया पर्व पर संध्या मिश्रा ने बुधवार को वृद्धा आश्रम जाकर वहां पर रह रहे वृद्धों का हाल-चाल लिया और उन्हें नास्ता कराया। कहा कि उन्हें जरूरतमंदों की सेवा कर आत्म संतुष्टि मिलती है। उन्होंने कहा कि यहां पर कई ऐसे वृद्ध हैं जिनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। कई बड़े समाजसेवी घोषणा करते हैं लेकिन वो सब बातें सिर्फ घोषणा बन कर रह जाती है। संध्या ने कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि वे इस तरह के जरूरतमंदों की सेवा हमेशा करती रहें। कहा कि प्रत्येक दिन वृद्धा आश्रम में रह रहे वृद्धों को नास्ता उपलब्ध कराया जायेगा। इस दौरान वहां पर रह रहे वृद्धों ने संध्या को आशीर्वाद दिया और कहा कि भगवान उसे इस लायक बनाए कि वो जरूरतमंदों की सेवा बढ़ चढ़कर कर सके।
फॉर्मेसी केवल दवाओं तक सीमित नहीं, जीवन का अभिन्न हिस्सा: जोरावर
सलूजा गोल्ड कॉलेज ऑफ फार्मेसी ने मनाया विश्व फार्मासिस्ट दिवस
स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली को सशक्त बनाने पर जोर
गिरिडीह। संवाददाता। सलूजा गोल्ड कॉलेज ऑफ फार्मेसी ने 25 सितंबर को विश्व फार्मासिस्ट दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य फार्मासिस्ट स्वास्थ्य देखभाल प्रणाली को सशक्त बनाना था। कार्यक्रम की शुरुआत फार्मासिस्ट शपथ के साथ हुई, जिसके बाद भाषण प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, स्वास्थ्य जांच शिविर, वृक्षारोपण एवं पोस्टर प्रेजेंटेशन जैसे आयोजनों ने दिन को और भी खास बनाया। इस अवसर पर जेनरिक दवाओं के प्रति जागरूकता, रोगी परामर्श और मादक पदार्थों के दुरुपयोग को कम करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई, जिसका उद्देश्य फार्मासिस्टों की समाज और स्वास्थ्य देखभाल में अहम भूमिका पर जोर देना था। कॉलेज के निदेशक जोरावर सिंह सलूजा ने इस महत्वपूर्ण अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि फार्मेसी केवल दवाओं तक सीमित नहीं है। यह जीवन का एक अभिन्न हिस्सा है। एक फार्मासिस्ट के रूप में, आपकी जिम्मेदारी सिर्फ दवाओं को समझने की नहीं, बल्कि समाज में उनके सही उपयोग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने की भी है। कॉलेज के प्रधानाध्यापक डॉ दिवाकर तिवारी ने सभी फार्मासिस्ट छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आप सभी एक सफल फार्मासिस्ट बनकर स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत बनाने में अपना योगदान देने के लिये आगे बढ़ें। इस आयोजन ने फार्मासिस्टों की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में महत्वपूर्ण भूमिका और उनके सामाजिक योगदान को उजागर किया।
एकात्म मानववाद व अंत्योदय के प्रणेता थे पंडित दीनदयाल उपाध्याय: शाहाबादी
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मनायी गयी पुण्यतिथि, दी गई श्रद्धांजलि
गिरिडीह। संवाददाता। एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के 108वीं जन्म जयंती के अवसर पर गिरिडीह विधानसभा के निवर्तमान विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी के आवासीय कार्यालय में जयंती कार्यक्रम आहूत किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री शाहाबादी एवं मौके पर उपस्थित भाजपाइयों ने पंडित दीनदयाल जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया। मौके पर पूर्व विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक प्रखर विचारक, उत्कृष्ट संगठनकर्ता तथा एक ऐसे नेता थे जिन्होंने जीवनपर्यंत अपनी व्यक्तिगत ईमानदारी व सत्यनिष्ठा को महत्व दिया। उनका जीवन चरित्र, उनका सुकृत्य हम सबों के लिए सदैव प्रेरणा स्त्रोत रहेगा। कार्यक्रम में संत कुमार लल्लू , सुभाष चंद्र सिन्हा, अशोक सिंह, अनूप सिन्हा, प्रकाश दास, पंचानंद वर्मा, सुबोध सिंह, सुरेश सिन्हा, रंजन सिन्हा समेत कई लोग मौजूद थे।
हेमंत सरकार के खिलाफ अभाविप ने समाहरणालय के समक्ष दिया धरना
युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का लगाया आरोप
गिरिडीह। संवाददाता। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने बुधवार को हेमंत सरकार के खिलाफ समाहरणालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं ने हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना में आशीष कुमार, कृष्णा त्रिवेदी, उज्ज्वल तिवारी, दीपा सेठ, अर्पिता कुमारी समेत समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए और हेमंत सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। धरना के दौरान अभाविप के लोगों ने कहा कि हेमंत सरकार सिर्फ युवाओं को ठगने का काम कर रही है। युवाओं के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए कहा की हेमंत सरकार पिछले पांच साल में हेमंत सरकार ने छात्रों के हित के लिए क्या किया है, वो किसी से छुपा हुआ नही है। कहा कि राज्य सरकार ने पांच सालों न सिर्फ राज्य का बेड़ा गर्क कर दिया है बल्कि युवाओं के भविष्य से भी खिलवाड़ किया है। युवा कल भी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे थे और आज भी वही हाल है। मौके पर निफात, काजल, खुशबू, सोनाक्षी सिन्हा, नीलू कुमारी, पुनम कुमारी, संजना कुमारी, रिफत आजमी, राखी कुमारी समेत काफी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थीं।
डीएफओ ने उसरी बचाव अभियान के लोगों के साथ उसरी नदी तट का किया भ्रमण
गिरिडीह। संवाददाता। उसरी नदी बचाओ समिति के सदस्यों के साथ डीएफओ मनीष तिवारी शास्त्रीनगर स्थित उसरी नदी तट पर पहुंचे और शास्त्रीनगर छठ घाट व पेसरागढ़ा छठ घाट का भ्रमण किया। इस दौरान उसरी नदी बचाओ समिति के सदस्य राजेश सिन्हा समेत अन्य लोगों ने श्री तिवारी को पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। साथ ही, उसरी नदी बचाओ समिति की ओर से लगातार पर्यावरण को बचाए जाने को लेकर किए जा रहे प्रयास की जानकारी डीएफओ श्री तिवारी को दी गई। मौके पर डीएफओ श्री तिवारी उसरी बचाओ अभियान की सराहना करते हुए उसरी नदी तट के किनारे पौधारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। कहा कि वन विभाग अगले साल तक लगभग 18 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है, उन्होंने कहा कि सीसीएल से भी मदद ली जाएगी। कहा कि अभी फिलहाल 300 गेबियन व अन्य पेड़ उसरी बचाव अभियान को दिया जायेगा। मौके पर उसरी बचाव अभियान से जुड़े अधिवक्ता सूरज नयन, तनुजा सहाय, संगीता सिन्हा, मजहर अंसारी, संदीप देव, अभिषेक, अभय, सिराज, योगेश, सक्षम, कंचन देवी, भीम कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
मलेशिया में फंसे झारखंड के 70 मजदूर
वीडियो शेयर कर सरकार से वतन वापसी की लगायी गुहार
डुमरी। संवाददाता। झारखंड के हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो और धनबाद जिले के मजदूरों का विदेश में फंसने का सिलसिला जारी है। झारखंड के प्रवासी मजदूरों के विदेश में फंसे होने का मामला एक बार फिर मलेशिया से सामने आया है। इस बार झारखंड के 70 प्रवासी मजदूर मलेशिया में फंसे हुए हैं। पिछले चार माह से मजदूरों को कंपनी द्वारा मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है। मजदूरों के सामने खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपनी दुर्दशा बताई है और सरकार से वतन वापसी की गुहार लगाई है। साथ ही, उन्होंने बकाया वेतन के भुगतान की मांग भी की है। केंद्र और राज्य सरकार से मदद की अपील की है। इधर प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले सिकंदर अली ने भारत सरकार और राज्य सरकार से मजदूरों की मदद की अपील की है। उन्होंने कहा कि रोजगार की कमी के कारण झारखंड में हर दिन कहीं न कहीं से ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। लोग रोजी-रोटी की तलाश में विदेश जाते हैं। वहां उन्हें प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। ऐसे में बड़ी मुश्किल से मजदूर अपने वतन लौट पा रहे हैं। सरकार को मजदूरों के पलायन को रोकने के लिए रोजगार की व्यवस्था करने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि झारखंड के 70 मजदूर मलेशिया में फंसे हुए हैैं। हजारीबाग, गिरिडीह, बोकारो और धनबाद जिले के रहने वाले हैं।
फिटकोरिया पेट्रोल पंप के समीप मिला युवक का शव
परिजनों ने मृतक के साला व अन्य पर लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
बेंगाबाद। संवाददाता। गिरिडीह के बेंगाबाद थाना इलाके के फिटकोरिया पेट्रोल पंप में मंगलवार की देर रात 37 वर्षीय अरुण मंडल का शव लावारिश अवस्था में पड़ा मिला। मृतक अरुण मंडल इसी थाना इलाके के रातडिह गांव का रहने वाला था और मंगलवार की शाम घर से निकला था। वही चंद घंटे बाद उसका शव फिटकोटिया पेट्रोल पंप के समीप मिला। मृतक की हत्या हुआ या सड़क हादसे में उसकी मौत। बेंगाबाद थाना पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है। वही दूसरे दिन बुधवार को एसडीपीओ बिनोद रवानी के पहल पर सिविल सर्जन ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया। मेडिकल बोर्ड में डॉक्टर राजीव कुमार और फजल थे। पोस्टमार्टम के बाद अब तक जो बाते सामने निकल कर आई। उसके अनुसार मृतक की हत्या कुचल कर किया गया है। इधर अरुण मंडल के परिजनों ने साला अजय मंडल और भीम मंडल पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि अरुण के साथ दस दिन पहले रातडीह गांव के संतोष मंडल, लीलो मंडल और बजरंगी मंडल समेत चार लोगों का किसी बात को लेकर मारपीट हुआ था। परिजनों ने चारों पर इसी मारपीट का आधार बनाते हुए चारों पर हत्या का आरोप लगाया है और थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। इधर चारो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। जानकारी मिलने के बाद बेंगाबाद थाना प्रभारी जेके सिंह भी घटनास्थल पहुंच कर जांच किया।
प्रखण्ड से नियुक्त दंडाधिकारी ने रंजन दाराद को आत्मदाह करने से रोका
समझौता के लिए लाया थाना, बीडीओ ने अपर समाहर्ता को लिखा पत्र
जमुआ। संवाददाता। जमुआ अंचलाधिकारी संजय पांडे एवं कंप्यूटर ऑपरेटर सुनील कुमार वर्मा के कार्यशैली से तंग आकर आत्मदाह करने जा रहे रमनी रंजन दाराद को बुधवार को प्रखण्ड मुख्यालय में प्रशांत कुमार चांद अंचल निरीक्षक और सुमंत कुमार मुन्ना कनीय अभियंता दंडाधिकारी ने आत्मदाह करने से रोक दिया और जगन्नाथडीह निवासी रमनी रंजन दाराद को समझा बुझाकर थाना लाया। इस दौरान जमुआ पुलिस भी आत्मदाह करने वाले के घर पहुंची थी। बता दें जमुआ सीओ संजय पांडेय ने मौज सिहोडीह थाना नंबर 286 खाता नम्बर 2 व 3 प्लॉट नम्बर 1028 रकबा 3 एकड़ 93 डिसमिल जमीन की जमाबंदी नहीं रहने के बावजूद पैसे के खेल में 82 वर्षों 1942 से 2025 तक गलत तरीके से रसीद निर्गत कर दिया है। इस संबंध में बुधवार को जमुआ बीडीओ कमलेन्द्र कुमार सिन्हा ने अपर समाहर्ता को पत्रांक 1227 दिनांक 25/09/24 के आलोक में जांच कर उचित कार्रवाई की बात कही।
भाजपा नेता विनय सिंह के समक्ष हांड़ी समाज के कई लोग भाजपा में शामिल
गिरिडीह। संवाददाता। गिरिडीह विधानसभा भाजपा नगर मंडल के अंतर्गत वार्ड संख्या 23 में बस स्टैंड के समीप जनसंपर्क अभियान चलाकर हांड़ी समाज के लोगों की समस्याओं से अवगत हुए। इस दौरान सैंकड़ों लोगों से संपर्क कर समाज के जिलाध्यक्ष राजेश हांड़ी की अध्यक्षता में हुई बैठक में शामिल हुए। बैठक में इंजीनियर विनय कुमार सिंह का समाज की ओर से भव्य रूप से स्वागत हुआ। बैठक में समाज के लोगों ने पानी, बिजली एवं आवास का मुख्य रूप से समस्या बताया गया। इस बस्ती में खंडोली से आपूर्ति पानी के लिए पाइप लाइन बिछाया गया है लेकिन पानी आपूर्ति नहीं होता है तथा नागार्जुन वाला पाइप लगभग तीस घरों तक ही बिछाया गया है, जिसके कारण पानी बस स्टैंड से लाना पड़ता है। साथ ही, उक्त बस्ती में बिजली का पोल नहीं लगने के कारण खुला तार चारो तरफ लगा है जिससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है। इसके अलावा किसी भी व्यक्ति को प्रधानमंत्री आवास एवं अबुवा आवास नहीं मिला है, जिसके कारण सभी के घर खपरैल है। बताया गया कि हेमंत सरकार का कोई भी जनप्रतिनिधि एवं सरकारी कर्मी हम लोगों के स्थिति की जानकारी लेने पांच साल के अंदर नहीं आये है। श्री सिंह ने बैठक में शामिल लोगों को बताया कि बिजली एवं पानी के विषय में तत्काल संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी। श्री सिंह के समक्ष भाजपा के विचारों से सहमत होकर हाड़ी समाज के बबलू हाड़ी, जिला सचिव, श्याम हाड़ी नगर अध्यक्ष राजेश हाड़ी, पवन कुमार, विनोद हाड़ी,राजेश कुमार, भोला हाड़ी, राजा हाड़ी, विशाल हाडी, सहित अठारह युवक एवं हुट्टी बाजार तिकोनिया बस्ती से आकाश हाड़ी प्रदेश संगठन सचिव, रंजीत हाड़ी, सोनू हाड़ी, दुर्गा कुमार, विक्की कुमार, राजू कुमार सहित बततिस युवक हाड़ी समाज के कुल पचास सदस्य भाजपा में श्री सिंह के समक्ष शामिल हुए।
राष्ट्रीय मोदी बर्णवाल विकास संघ के झारखंड प्रभारी बने लखन मोदी
गिरिडीह। संवाददाता। राष्ट्रीय मोदी बर्णवाल विकास संघ ने राष्ट्रीय व झारखंड में फेरबदल करते हुए नये पदाधिकारियों की घोषणा की है जिसमें गिरिडीह निवासी राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष लखन लाल मोदी को अतिरिक्त प्रभार देते हुए झारखंड का प्रभारी बनाया है। इस संबंध में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सह झारखंड प्रभारी लखन मोदी ने कहा कि वे झारखंड में संघ को मजबूती प्रदान करेंगे। जो जिम्मेवारी उन्हें सौंपी गयी है उस पर वे खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि सरिया निवासी दिनेश मोदी को झारखंड प्रदेश कोषाध्यक्ष से प्रोन्नति देते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही झारखंड में चार प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है, जिसमें हजारीबाग के अशोक बर्णवाल, धनबाद के डॉ अरूण बर्णवाल, रांची के कृष्णदेव मोदी व कोडरमा के प्रवीण मोदी शामिल हैं। वहीं प्रदेश कोषाध्यक्ष केदार प्रसाद बर्णवाल, प्रदेश उप सचिव नन्द किशोर मोदी, प्रदेश उपाध्यक्ष अजीत बर्णवाल, प्रदेश संरक्षक बसंत लाल बर्णवाल, प्रदेश युवा संगठन मंत्री राहुल कुमार और राष्ट्रीय युवा मोर्चा के महासचिव विरंेंद्र मोदी को बनाया गया है। इसके लिए सभी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व डीजीपी उत्तर प्रदेश महेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया है।