नगर थाना में आवेदन देकर की कार्रवाई की मांग
गिरिडह। संवाददाता। नगर थाना इलाके के मछली मोहल्ला में एक व्यक्ति को उसके बेटे के ससुराल वालों ने मारपीट कर घायल कर दिया। घायलावस्था में 57 वर्षीय मो. अख्तर अंसारी को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बाबत घायल झगरी निवासी मो. अख्तर अंसारी ने बताया कि उसके बेटे आफताब अंसारी उर्फ छप्पन ने मछली मोहल्ला निवासी फलक से बीते फरवरी महीने में लव मैरिज किया था। इसके बाद से दोनों के बीच विवाद चलने लगा जिसके बाद लड़की के भाई सन्नी, सोनू, चांद समेत अन्य घर में घुसकर मारपीट की। मामले को लेकर महिला थाना और नगर थाना में भी आवेदन दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी बीच आज मामले में समझौता करने के लिए उसे मछली मोहल्ला बुलाया गया, जहां सुनियोजित तरीके से उसे भुजाली मारकर घायल कर दिया गया। घायल मो. अख्तर ने बताया कि उसका बेटा भी मो. आफताब भी 5 दिन से लापता है। मो. अख्तर ने पुलिस से मामले की जांच करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कुशवाहा छात्रावास में लव-कुश जयंती समारोह का भव्य आयोजन
समाज के लोगों ने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का लिया संकल्प
गिरिडीह। संवाददाता। कुशवाहा छात्रावास सिंहोडीह गिरिडीह में कुशवाहा संघ गिरिडीह के बैनर तले लवकुश जयंती समारोह संचालन समिति के नेतृत्व में लवकुश जयंती सामारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष इन्द्रनारायण प्रसाद ने की जबकि संचालन संघ के कार्यकारी अध्यक्ष द्वय दिगंबर दिवाकर और मुन्ना कुशवाहा ने संयुक्त रूप से किया। सर्वप्रथम जननायक रीतलाल प्र. वर्मा चौक पर स्थित जननायक रीतलाल प्र. वर्मा की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। उक्त समारोह में जिले भर से आए लवकुश समाज के सैकड़ों लोगों ने सभी तरह की सामाजिक कुरीतियों को दूर करते हुए समाज के चहुंमुखी विकास का संकल्प लिया। समारोह की अध्यक्षता कर रहे संघ के जिलाध्यक्ष इंद्रनारायण प्रसाद ने अपने संबोधन के दौरान अपने समाज के गौरवपूर्ण अतीत की याद दिलाया। उन्होंने कहा कि हमारे समाज के लोग भगवान लव – कुश, भगवान बुद्ध, चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक के वंशज हैं। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित गिरिडीह की जिला परिषद अध्यक्षा मुनिया देवी ने नारी सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को मुख्य धारा में लाए बगैर हम किसी भी समाज के सर्वांगीण विकास की कल्पना नहीं कर सकते। समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि हुसैनाबाद के पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने कहा कि एक समय में अखण्ड भारतवर्ष पर शासन करने वाला कुशवाहा समाज आज राजनीति के क्षेत्र में हाशिए पर आ गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब लवकुश समाज को अपनी आबादी के अनुपात में राजनीतिक अधिकार प्राप्त करने के लिए पूरी मजबूती के साथ आगे आना होगा। अपने सम्बोधन के दौरान समारोह संचालन समिति के संयोजक विनय कुमार सिंह ने कहा कि आज शुरू से ही मेहनती के साथ-साथ ईमानदार भी रहा है, पर हमारे समाज की ईमानदारी का गलत फायदा उठाकर हमें हमारे अधिकारों से वंचित किया जाता रहा है। समारोह को वरिष्ठ भाजपा नेता प्रणव वर्मा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता नरेश वर्मा ने सम्बोधित करते हुए कहा कि राजनीति में हिस्सेदारी चाहिए तो समाज को सशक्त और एकजुट करना ही विकल्प है। समारोह को पूरन महतो, अध्यक्ष मुन्ना कुशवाहा, कार्यकारी अध्यक्ष दिगंबर दिवाकर आदि ने संबोधित किया। इस दौरान समाज के 10वीं और 12वीं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को संघ के पदाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। वहीं इस वर्ष करीब दर्जनों सरकारी सेवा में चयनित अधिकारी शिक्षकों कर्मियों को भी संघ ने सम्मानित किया। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष जयप्रकाश वर्मा, अंबिका प्रसाद वर्मा, जमुना प्रसाद महतो आदि मौजूद थे।
विद्यालय लिपिकों के हड़ताल को समर्थन करने पहुंचे विभिन्न शिक्षक संगठन के प्रतिनिधि
विधायक विनोद सिंह ने भी दिया समर्थन, कहा मुख्यमंत्री से की जायेगी वार्ता
गिरिडीह। संवाददाता। झारखंड राज्य मुफस्सिल लिपिक मोर्चा की ओर से आहूत विभिन्न मांगों के समर्थन में हड़ताल के छठे दिन विभिन्न शिक्षक संगठन के प्रतिनिधि आज हड़ताल स्थल पर पहुंचे और उनकी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला सचिव राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि लिपिकों नियुक्ति की तिथि से 2400 ग्रेड पे एवं सभी लिपिकों के लिए एक समान सेवा शर्त नियमावली होनी चाहिए। झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के संयोजक मुन्ना कुशवाहा भी हड़ताल स्थल पर पहुंचे और उनकी मांगों को जायज बताया। झारखंड ऑफिसर टीचर इंप्लाइज फेडरेशन के जिला सचिव केदार प्रसाद यादव, जिला संयोजक घनश्याम गोस्वामी ने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों को अविलंब पूरा नहीं करती है तो इससे भी उग्र आंदोलन किया जाएगा और हम सभी शिक्षक कर्मचारी मिलकर आंदोलन करने को विवश होंगे। हड़ताल में लिपिक मोर्चा के प्रदेश संयोजक विकास कुमार सिन्हा, कार्यकारी अध्यक्ष बम शंकर प्रसाद सिंह, जिला सचिव अवधेश कुमार यादव, कोषाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह, राजेश कुमार सिंह, गोपाल कृष्ण सुमन, नित्यानंद उपाध्याय, मो अख्तर अंसारी, मो नौशाद शमा, विशाल कुमार, वारिश हसन, मो इनाम, मोहम्मद कलाम, सचिन चौड़े सहित सैकड़ो की संख्या मे लिपिक उपस्थित थे। हड़ताल में माले विधायक विनोद सिंह शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आपलोग कील मांग जायज है, इस पर मुख्यमंत्री से बात की जायेगी।
युवा आक्रोश रैली को लेकर भाजपा की बैठक संपन्न
कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर बनाई गई रणनीति
गिरिडीह। संवाददाता। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार झारखंड युवा आक्रोश रैली की तैयारी के निमित्त भाजपा नगर कार्यालय गिरिडीह में बैठक आयोजित की गई जिसमें 23 अगस्त को होने वाले युवा आक्रोश रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों की कैसे उपस्थिति हो, इसको लेकर चर्चा की गई। वहीं 25 अगस्त को मोदी जी के मन की बात प्रत्येक बूथ पर संपन्न हो एवं मशाल जुलूस को लेकर तैयारी के लिए रणनीति बनाई गई। कार्यक्रम प्रभारी के रूप में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो विनिता कुमारी एवं जिला महामंत्री संदीप डंगाईच मुख्य रूप से उपस्थित थे। मौके पर नगर महामंत्री रंजीत सिंह, पवन शर्मा, ज्योतिष शर्मा, समीर दीप, अजीत राम, आदित्य यादव, नीलू सिन्हा, विवेक कुमार, अशोक केशरी, विवेक गुप्ता विक्की, सुभाष साहू, अजय पाठक, अमित आर्या, रंजीत बरनवाल, रंजीत सिंह, अजय पाठक, प्रकाश दास, राजेश जायसवाल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
प्रीमियर लीग शॉर्ट पिच क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन
बिरनी। संवाददाता। प्रखण्ड के ग्राम पंचायत अरारी में शनिवार को प्रीमियर लीग शार्ट पिच टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बतौर मुखिया प्रतिनिधि सुनील वर्मा मौजूद थे। वहीं विशिष्ट अतिथि पंसस पंकज यादव, जिला परिषद प्रतिनिधि सीताराम पासवान, कांग्रेस नेता वासुदेव वर्मा, वार्ड सदस्य सरफुद्दीन अंसारी, संजय कुमार ने सामूहिक फीता काटकर उद्घाटन किया गया। वहीं श्री वर्मा ने बैटिंग कर खेल की शुरुआत किया। टूर्नामेंट में कुल 24 टीमों ने भाग लिया। विजेता टीम के रूप में बसगी एवं उप विजेता के रूप में करमाटांड़ रहा। दर्शकों के अनुसार मैच काफी रोमांचक रहा तथा प्रथम पुरस्कार के रूप में ग्यारह रुपए एवं द्वितीय पुरस्कार सात हजार रुपए का नगद पुरस्कार डबरी प्रीमियम लीग की ओर से दिया गया। इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि सुनील वर्मा ने कहा कि खेल से मनोरंजन के साथ-साथ शारीरिक विकास भी होता है, इसलिए खेल के प्रति लोगों को ज्यादा ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम ग्राम डबरी के युवाओं एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हैं कि सभी के सहयोग से इस खेल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डबरी के ईकबाल अंसारी, राजू अंसारी, रियाज अंसारी, निरंजन कुमार, महेंद्र प्रसाद समेत काफी संख्या में दर्शक मौजूद थे।
वर्तमान सरकार विकास की बजाय सिर्फ घोटाला में लिप्त: जयराम
जेबीकेएसएस ने जमुआ में किया सम्मेलन का आयोजन
जमुआ। संवाददाता। झारखण्ड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की ओर से आयोजित कार्यक्रम जमुआ स्थित चोरपोको मैदान में सभा को संबोधित करते हुए जेबीकेएसएस प्रमुख जयराम महतो ने कहा झारखण्ड में सुविधा नहीं विकास चाहिए ताकि लोगों का आर्थिक संपन्नता बढ़े। कहा कि राज्य की वर्तमान सरकार सिर्फ घोटाला में लिप्त है। यहां के अभिभावक बड़ी मेहनत से कर्ज कर अपने बच्चों को पढ़ाते हैं ताकि मेरे बच्चे को सरकारी नौकरी मिलेगी परन्तु हमें अपना अधिकार नहीं मिलता है। कहा कि झारखण्ड के विभिन्न जिलों में अनेक खदान है यानी देश में अकेला एक झारखण्ड में 40 प्रतिशत खनिज है। परन्तु यहां के युवा भाई, बहन दूसरे राज्यों में मजदूरी के लिए पलायन करते हैं। कहा सरकार झारखण्ड के राज्य वासी को नौकरी देने के बजाय दूसरे राज्यों के लोगों को नौकरी देती है। कहा कि स्थानीय नीति के अनुसार नियोजन नीति बने ताकि यहां के लोगों को नौकरी मिलेगी। कहा कि इसके लिए झारखण्ड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ही एक मात्र पार्टी है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिव मोतीलाल महतो ने कहा कि शिक्षित बनो संगठित रहो तभी हमारा विकास होगा। कहा सरकार के मंत्री-विधायक शिक्षा में सुधार नहीं करते इसलिए ताकि लोग पढ़ लिख जायेंगे तो वो मेरी गुलामी नहीं करेंगे। पूजा महतो ने कहा कि झारखण्ड कीे वर्तमान सरकार परिवारवाद की पार्टी है। कहा कि हमलोगों का बच्चा मुंबई, दिल्ली में मजदूरी करता है और उनके बच्चे पिता के बदले बेटा मुख्यमंत्री बनेगा। कार्यक्रम को जिला अध्यक्ष रॉकी नवल, श्यामदेव हाजरा, प्रदीप तुरी, संतोष यादव, मोतीलाल महतो, वरीय उपाध्यक्ष, दिनेश साहू, मनोज यादव, पूजा महतो, सुनीता सिंह, रोहित दास, श्लेश सिंह सहित कई लोगों ने संबोधित किया।
झारखंड जनक्रांति मोर्चा (ज) ने गरीब व जरुरतमंद बहनों के बीच किया राखी व मिठाई का वितरण
गिरिडीह। संवाददाता। रक्षाबंधन के मद्देनजर शनिवार को झारखंड जन क्रांति मोर्चा (ज) ने बनियाडीह में गरीब व जरुरतमंद बहनों के बीच राखी व मिठाई का वितरण किया। मोर्चा की महिला प्रदेश उपाध्यक्ष आरती देवी ने बनियाडीह दुर्गा मंडप के समीप कार्यक्रम का आयोजन किया। यहां काफी संख्या में जरुरतमंद बहनें पहुंची हुई थी। आरती देवी ने 200 से अधिक बहनों के बीच राखी व मिठाई का वितरण किया, जिसे पाकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आ रहे थे।
मौके पर आरती देवी ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर जरुरतमंद बहनों के बीच राखी व मिठाई का वितरण किया गया। कहा कि ग्रामीण इलाकों में कई गरीब व जरुरतमंद ऐसे भी होते हैं कि अभाव में रहने के कारण राखी का त्योहार नहीं मना पाते हैं। ऐसे जरुरतमंदों के बीच राखी और मिठाई का वितरण कर भाई बहन के सबसे बड़े त्योहार को मनाने के लिए खुशियां बांटने का प्रयास किया गया। कहा कि झारखंड जन क्रांति मोर्चा की ओर से आनेवाले दिनों में और भी ऐसे कई सामाजिक कार्य करने की योजना है। मौके पर वार्ड सदस्य सूर्यकला देवी, नीलम सिंह, रामकुमार सिंह, छोटू तांती, पप्पू सिंह, मनदीप सिंह, सन्नी सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।