मधुपुर/संवाददाता। सहोदया कांप्लेक्स देवघर द्वारा आयोजित अंतर विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता में मधुपुर महेंद्र मुनि का जलवा रहा। शुक्रवार को स्थानीय महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के क्रीड़ांगन में आयोजित प्रतियोगिता में महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर एमआईए और आनंदालय अकादमी, जगदीशपुर प्रतिभागी रहे। प्रतियोगिता में बालकों के वर्ग में महेंद्र मुनि की टीम ने एमआईए की टीम को पराजित कर विजेता बनी। वहीं बालिका वर्ग की प्रतियोगिता में महेंद्र मुनि की बहनों की टीम ने एमआईए के बहनों की टीम को पराजित कर विजेता बनी। आनंदालय, जगदीशपुर को भैया के वर्ग में सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
सहोदया कंपलेक्स देवघर के अध्यक्ष रामसेवक सिंह गुंजन और महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य मदन मोहन मिश्रा ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किया। श्री गुंजन जी ने कहा कि अब तो खो-खो को भी अंतरराष्ट्रीय खेल का दर्जा प्राप्त हो गया है। कहा चूंकि भारत का अपना खेल है इसलिए पूरे विश्व में हमें अपनी स्वीकार्यता दिखानी होगी। हमें पहले से अधिक दम खम लगाकर इसमें बेहतर प्रदर्शन करना होगा। मदन मोहन मिश्रा ने कहा कि खेल से हमारा चहुमुखी और संपूर्ण विकास होता है। अत: इसे अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अगली होने वाली प्रतियोगिताओं में अन्य बहुत सारे विद्यालय जुड़ेंगे। इन प्रतियोगिताओं को एक नया और विस्तार रूप देंगे। प्रतियोगिता का संयोजन खेल प्रशिक्षक सिद्धेश्वर तिवारी ने किया जबकि निर्णायक के रूप में राजेश कुमार, मनीष कुमार और अंकित कुमार ने अपनी सेवाएं दी।
अधिकारी अवैध खनन, परिवहन व भंडारण पर लगाये रोक : एसडीओ
- अनुमंडल स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक मे एसडीओ ने कहा
मधुपुर/संवाददाता। अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार के कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को अनुमंडल स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला खनन पदाधिकारी शुभाष रविदास,एसडीपीओ सतेंद्र प्रसाद मौजूद थे। वही एसडीओ श्री कुमार ने बैठक में अनुमण्डल क्षेत्र के अंचलाधिकारी को अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण सख्ती से रोकने का निर्देश दिया। वही खनिजों के अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण को लेकर पूर्व के बैठक में दिए गए निर्देश के अनुपालन करने को कहा। प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा करने के बाद उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में अनुमंडल क्षेत्र में बालू व अन्य खनिजों का अवैध खनन,परिवहन व भंडारण नहीं हो यह सुनिश्चित करें। इसके लिए खनन टास्क फोर्स व अंचल स्तरीय टास्क फोर्स सक्रिय मोड़ में रहकर औचक जांच करे। दोषी पाए जाने पर सख्त कारवाई की जाएगी। उन्होंने अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी को आपसी समन्वयन स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों के अवैध खनन, परिवहन व भंडारण के रोकथाम को लेकर सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। ताकि अवैध खनन व अवैध बालू उठाव करने वालों पर एफआईआर के साथ सख्त कार्रवाई की जा सके। उन्होंने पंचायत स्तरीय बालू घाटों पर विशेष निगरानी के साथ समय-समय पर छापेमारी अभियान के माध्यम से अवैध बालू, कोयला,गिट्टी समेत अन्य खनन करने में सक्रिय लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मौके पर देवघर जिला खनन पदाधिकारी शुभाष रविदास, मधुपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद,कार्यपालक दंडाधिकारी विनय कुमार पांडेय, मधुपुर अंचलाधिकारी यामुन रविदास, करौं बीडीओ सह अंचलाधिकारी हरि उराव,मारगोमुण्डा बीडीओ सह अंचलाधिकारी शशि संदीप सोरेन, सारठ अंचलाधिकारी कृष्ण सिंह मुंडा, पालोजोरी अंचलाधिकारी अमित कुमार समेत विभिन्न थाना के थाना प्रभारी मौजूद थे।
सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस मनाया
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में शुक्रवार को प्रभारी प्राचार्य डॉ रत्नाकर भारती की अध्यक्षता में सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय का 33वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संथाल हूल विद्रोह के नायक सिदो कान्हू मुर्मू की प्रतिमा पर डॉ रत्नाकर भारती द्वारा माल्यार्पण कर एवं विश्वविद्यालय कुलगीत से की गई। स्थापना दिवस पर प्राचार्य डॉ भारती ने विश्वविद्यालय के इतिहास के बारे में बताते हुए कहा कि यह विश्वविद्यालय की स्थापना 10 जनवरी 1992 को बिहार विधान सभा के एक अधिनियम द्वारा सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के रूप में की गई थी। इसे भागलपुर विश्वविद्यालय से अलग किया गया था। जिसे तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के नाम से जाना जाता है। विश्वविद्यालय का अधिकार क्षेत्र संथाल परगना के छह जिलों तक फैला हुआ है। वर्तमान में इसके अंतर्गत 27 घटक और 15 स्थायी रूप से संबद्ध कॉलेज स्थित है। यह विश्वविद्यालय लगातार अपने प्रगति के पथ पर अग्रसर है तथा हमें गर्व है कि यह विश्वविद्यालय लगातार अपने कार्यों से आदिवासी, पिछड़े एवं वंचितों को मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्हें उच्च शिक्षा प्रदान करने में अपनी महती भूमिका अदा कर रहा है। हिंदी विभाग के विभागाध्यक्ष सह बर्सर डॉ रंजीत कुमार ने अपने संबोधन में इस दिवस की सभी को बधाई देते हुए कहा कि हमें यदि उच्च पद प्राप्त करने हैं तो हमें उच्च शिक्षा ग्रहण करनी पड़ेगी। जिसमें यह विश्वविद्यालय हम सबको इस दिशा में सहयोग प्रदान कर रहा है। इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष महेंद्र एक्का ने अपने भाषण में इस दिवस की सबों को शुभकामना देते हुए इस विश्वविद्यालय की स्थापना का मूल कारण बताते हुए कहा कि यह झारखंड के छह जिलों के उत्थान के लिए इस विश्वविद्यालय की स्थापना की गई। जिससे झारखंड के छह जिलों में उच्च शिक्षा के प्रति लगाव पैदा किया जा सके एवं राष्ट्र के विकास में योगदान किया जा सके। कार्यक्रम का संचालन होरेन हांसदा ने किया एवं अंत में धन्यवाद ज्ञापन रामचंद्र झा ने किया।
मौके पर डॉ अनीता गुआ हेंब्रम, प्रेम रोशन एक्का, डॉ उत्तम कुमार शुक्ला, रंजीत कुमार प्रसाद, तबस्सुम अंसारी, शिवनंदन राय समेत महाविद्यालय के शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
वित्तीय साक्षरता व बीमा कैंप का हुआ आयोजन
सोनारायठाढ़ी/संवाददाता। पहाड़िया समुदाय के लोगों का जीवन स्तर सुधारने व उनकी आर्थिक स्थिति को बेहतर करने के उद्देश्य से शुक्रवार को महापुर पंचायत के हेठमजडीहा में वित्तीय साक्षरता तथा बीमा कैंप का आयोजन किया गया। मौके पर एसबीआई के एफएलसी निरेण करमाकर ने पहाड़िया समुदाय के लोगों को सभी प्रकार के बीमा योजना, डिजिटल ट्रांजेक्शन, समूह का पंच सूत्र का महत्व तथा जेएसएलपीस में चल रहे कार्य के बारे में बताया। वहीं जेएसएलपीएस के बीपीएम अमृतांश चौबे ने महिलाओं को वित्तीय रूप से सशक्त करने की मुहिम के बारे बताया। मौके पर सीआरपी सुनीता हांसदा, क्लस्टर कोऑर्डिनेटर जमील अंसारी, बीआरपी अशोक यादव के अलावा दर्जनों की संख्या मेँ लोग उपस्थित थे।
बावनवीघा में छात्र ने अपने ही घर में फांसी लगायी
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय बावनबीघा मोहल्ला निवासी शंकर राय के 15 वर्षीय पुत्र विष्णु राय ने अपने ही घर में फांसी लगाकर इहलीला समाप्त कर लिया। वह नौंवी वर्ग का छात्र था।
घटना के बाबत बताया जाता है कि शंकर राय बावनबीघा मोड़ पर नाश्ता की दुकान चलाते हैं। उनका पुत्र विष्णु भी अपने पिता के साथ दुकान में रहता था। गुरुवार की शाम विष्णु अपने पिता को घर भेज दिया । वह देर शाम अपने घर आया। घर आने के बाद किसी को कुछ नही बताया। बगैर खाना खाए चुपचाप अपने कमरे में जाकर सो गया। काफी देर तक नही उठा तो उसकी मां खाना खाने के लिए उठाने गई तो देखा कि विष्णु फंदे से झूल रहा है। हल्ला पर आसपास के लोग जमा हुए। लोगों के सहयोग से विष्णु को फंदे से उतारा और डॉक्टर को दिखाया। जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया। इधर विष्णु के मौत से मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौत के कारण का पता नही चल पाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व पार्षद गुड्डु दूबे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पप्पू यादव, जेएमएम नेता अरविंद यादव पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घटना पर शोक संवेदना प्रकट किया। नेताओं ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस ने किया कंबल का वितरण
मोहनपुर। संवाददाता। राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के नेताओं ने शुक्रवार को प्रखंड क्षेत्र के मोहनपुर ब्लॉक के समीप प्रदेश सचिव अजय कुमार, जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा, महिला अध्यक्ष प्रमिला देवी, प्रखंड अध्यक्ष अजयकांत ठाकुर ने संयुक्त रूप से वृद्ध लोगों के बीच कंबल का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान दर्जनों से अधिक लोगों के बीच कंबल का वितरण किया। मौके पर जिला सचिव अभिषेक सिंह, प्रखंड महिला अध्यक्ष निर्मला देवी, 20 सूत्री सदस्य पूजा देवी, नेता गंगाधर रजक, संजय झा, शैलेश कुमार मिश्रा, मोहम्मद असलम, राजेश झा, शिवनंदन झा सुमित समेत कई लोग मौजूद थे।
मुआवजा दिये बगैर ठेकेदार ने तुड़वाया घर
- पीड़िता ने उपायुक्त से लगायी न्याय की गुहार
मोहनपुर/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत तीर नगर गांव निवासी पूरन सिंह एवं नुनमणी सिंह ने देवघर उपायुक्त विशाल सागर को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग किया है। दिए आवेदन में बताया है कि देवघर दुमका एनएच में भूमि अधिग्रहण कर लिया गया है। भूअर्जन कार्यालय से पेमेंट नहीं हुआ उसके बावजूद भी कंपनी के ठेकेदार के द्वारा समझा बूझाकर एवं सदा पेपर पर हस्ताक्षर ले लिया और घर को तोड़ दिया गया। वहीं मुआवजे की मांग को लेकर उपायुक्त से न्याय का गुहार लगा है।
मोहनपुर। संवाददाता। झारखंड सरकार के श्रम नियोजन मंत्री संजय यादव एवं देवघर विधायक सुरेश पासवान ने शुक्रवार को दिवंगत अरुण महथा के आवास में झारखंड राज्य पासी विकास कल्याण समिति प्रदेश अध्यक्ष सह पुलिस उपाधीक्षक से सेवा निवृत्त हुए जगदीश राम के द्वारा लिखित “जीवन के सुनहरे पल” पुस्तक का विमोचन किया गया। मौके पर प्रदेश महासचिव लक्ष्मी नारायण महथा, प्रदेश मीडिया प्रभारी सुभाष महथा, जिला अध्यक्ष सह समाजसेवी सुशील महथा, जिला उपाध्यक्ष दिवाकर महथा, गोपाल महथा समेत दर्जनों से अधिक कार्यकर्ता शामिल थे।
लायंस क्लब ने जरूरतमंद लोगो के बीच जैकेट वितरण किया
मधुपुर/संवाददाता। बढ़ते ठंड के प्रकोप को देखते हुए मधुपुर लायंस क्लब ने गुरुवार को देर रात गरीब और असहाय लोगों के बीच गर्मजैकेट वितरित किया। कड़ाके की ठंड के मौसम में ये जैकेट जरूरतमंद लोगों के लिए एक वरदान साबित होगा। इस दौरान गांधी चौक, रेलवे स्टेशन आदि जगहो पर क्लब के सदस्य लायन महेश बथवाल, प्रेम पाठक, रूपेश मोदी, दीपक जैसवाल, राजेश तिवारी, रामानुज मिश्रा, विजय लच्छीरामका, अटल चौरसिया ने जरूरतमंद लोगों को जैकेट वितरित किया।
मौके पर महेश बथवाल ने कहा कि मानवीय सेवा ही लायंस क्लब का मुख्य उद्देश्य है। भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करते रहेंगे। आयोजन में क्लब के पदाधिकारी लायन राजेश तिवारी और उनके बड़े भाई मनोज कुमार तिवारी जो दुबई मे रहते हैं अपने पिता जी की स्मृति में जैकेट का सहयोग 45 जरूरतमंद लोगों के लिए किया है।
बाहरी असामाजिक तत्वों के हाथों चितरा को मुक्त कराने का श्रेय श्याम बाबू को : शशांक
- दिवंगत मजदूर नेता शहीद श्याम सुंदर सिंह की मनाई गई 31वीं पुण्यतिथि
- अधिकारियों, नेताओं समेत आम लोगों ने शहीद वेदी पर श्रद्धासुमन अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
चितरा/संवाददाता। एसपी माइंस चितरा कोलियरी के क्षेत्रीय कार्यालय के समीप स्थित शहीद स्थल पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी दिवंगत मजदूर नेता सह झारखंड आंदोलनकारी शहीद श्याम सुंदर सिंह की 31वीं पुण्यतिथि सादगीपूर्ण माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सह झामुमो के वरिष्ठ नेता शशांक शेखर भोक्ता, झारखंड आंदोलनकारी चिह्नितीकरण आयोग के सदस्य नरसिंह मुर्मू, झामुमो नेता चांदो मंडल, कोलियरी के क्षेत्रीय महाप्रबंधक ओम प्रकाश चौबे, खनन अभिकर्ता उमेश प्रसाद चौधरी, दिवंगत नेता के परिजन अनिल चौधरी सहित अन्य के अलावा झामुमो जिला मीडिया प्रभारी राममोहन चौधरी, अशोक चौधरी, युगल किशोर राय, कृष्णा सिंह समेत काफी संख्या में लोगों ने शहीद श्याम बाबू की आदमकद प्रतिमा पर बारी-बारी से माल्यार्पण किया एवं शहीद वेदी पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता ने कहा कि श्याम बाबू की हत्या के 31 वर्ष बीत गए और इस दौरान चितरा व चितरा कोलियरी में काफी बदलाव आया है, लेकिन श्याम बाबू ने जो आंदोलन किया था और लड़ाई लड़ी थी कि चितरा, चितरा वालों का है और आसपास गांव के भूमिपुत्रों का है का सपना आज पूरी होती नजर आ रही है। कहा कि उनके बलिदान के कारण बाहरी असामाजिक तत्वों का यहां से वर्चस्व समाप्त हो पाया और अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लग सकी। उन्होंने कहा कि उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए चितरा हित एवं मजदूर हित में हमारी लड़ाई जारी रहेगी। वहीं आयोग के सदस्य नरसिंह मुर्मू, चांदो मंडल ने भी शहीद श्याम सुंदर सिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए अपने अपने विचार प्रकट किया। दूसरी ओर भजन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था। जहां पर स्थानीय गायक शिवम कुमार, गौतम कुमार, गोखुल महतो ने शहीद के याद में कई भजन व देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को गमगीन कर दिया। मौके पर सत्यनारायण राय, प्रयाग सिंह, अरुण पांडेय, श्याम सुंदर तिवारी, अनवर हुसैन, कामता प्रसाद, मनोज भोक्ता, पंचायत समिति सदस्य मानिक यादव, संदीप शंकर, सचिन राय, किशोर मंडल, प्रदीप सिंह, नित्यानंद राय, मुन्ना सिंह, राम किस्कू सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।
नेशनल स्कूल गेम्स में रोहित का चयन, खुशी
मोहनपुर/संवाददाता। मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र के प्लस टू हाई स्कूल के 11वीं के छात्र रोहित कुमार यादव का चयन 68वें नेशनल स्कूल गेम्स कोल्हापुर महाराष्ट्र के अंडर-17 योगासन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। ज्ञात हो कि रोहित प्रखंड, जिला एवं राज्य स्तर पर चयनित होने के उपरांत झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेगा। इन्होंने अपने गांव, जिला एवं राज्य का नाम को गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता से विद्यालय के प्राचार्य पुरुषोत्तम कुमार एवं शारीरिक शिक्षक भैया शक्ति कुमार सिंह, विद्यालय प्रबंधन तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी देवघर ने खुशी व्यक्त की एवं उसकी उज्जवल भविष्य की कामना की है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन दिल्ली की टीम पहुंची सारवां
- सीएचसी का किया निरीक्षण, दिये कई निर्देश
सारवां/संवाददाता। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देश पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन दिल्ली के दो सदस्यीय टीम ने शुक्रवार को सारवां सीएचसी में केंद्र सरकार द्वारा चलाये जा रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जांच की गई। सिविल सर्जन डॉ युगल किशोर चौधरी की देखरेख में दल के डॉ प्रियंका कुमारी, डॉ प्रज्ञा ने सीएचसी के आपात सेवा, प्रसव कक्ष, शीत ताप नियंत्रण वैक्सीन गृह और अन्य सेवाओं की जांच की। कार्यालय में प्रत्येक दिन सीएचसी इलाज को पहुंचने वाले मरीजों की संख्या के साथ मरीजों को दी जाने वाली सुविधा, संस्थागत प्रसव, आपात सेवा, टीकाकरण, टीबी, फाइलेरिया, मलेरिया आदि कार्यक्रम से संबंधित जानकारी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी व विभाग के कर्मियों से ली। मौके पर सहिया को मिलने वाले मोबाइल और साइकिल के संबंध में जानकारी ली। सीएस डॉ. चौधरी ने टीम को सीएचसी में चिकित्सकों की कमी और मैन पावर की कमी से अवगत कराते हुए केंद्र स्तर पर मामले को उठाने की बात टीम से की। टीम ने बंदाजोरी, कुशमाहा उपस्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया और क्षेत्र के लोगों को उपलब्ध कराये जाने वाले स्वास्थ्य सेवा के संबंध में जानकारी ली। मौके पर डॉ दिग्विजय, डीपीएम अवधेश कुमार सिंह, डीपीसी परवीन सिंह, एसटीएलएस संतोष सिंह, निरंजन कुमार, एमपीडब्ल्यू सर्वेश्वर सिंह, जयकांत तांती, बिरेंद्र विक्रम, लिपिक मोना कुमारी, चितरंजन सिंह, संगणक सौरभ रिचर्ड, अंकित भारद्वाज, उदयनारायण झा, बीडीएम प्रशांत कुमार, बाम आलोक कुमार के अलावा सीएचसी व उप स्वास्थ्य केंद्र के कर्मी उपस्थित थे।
विद्यालय प्रबंधन समिति का हुआ चुनाव
सारवां/संवाददाता। उत्क्रमित मध्य विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव के लिये आम सभा का आयोजन मुखिया दिवाकर पासवान की अध्यक्षता में किया गया। पर्यवेक्षक अश्विनी ठाकुर की देखरेख में विद्यालय प्रबंधन समिति का चुनाव संपन्न कराया गया। मुखिया ने बताया कि सर्वसम्मति से मदोली महारा को अध्यक्ष एवं तमन्ना परवीन को उपाध्यक्ष चुना गया। संचालन विद्यालय के सचिव राजेश राउत ने किया.। इस अवसर पर विद्यालय क्षेत्र के अभिभावकों ने भी चुनाव में भाग लिया।
भाजपा ने चलाया सदस्यता अभियान
सारवां/संवाददाता। राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान कार्यक्रम के तहत सारवां भाजपा मंडल कमेटी द्वारा लखोरिया पंचायत में संजय कुमार प्रसाद की देखरेख में देवपहरी, भुरकुंडा ,भलुवाही आदि गांवों मंे अभियान चलाकर नये सदस्यों को भाजपा से जोड़ा गया। मौके पर मोहित ठाुकर, प्रभाकर मंडल, हीरो मंडल, हरिहर मंडल, ममता देवी, ललिता देवी, चिंता देवी, मंजू देवी, पवन मंडल समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।