रेलवे मैदान पाकुड़ में किया गया पूजा का आयोजन
-जिले भर में रही गणेश पूजा की धूम
पाकुड़/पंच टीम। जिले भर में बुधवार को गणेश पूजा की धूम रही। भक्त पूरे विधि-विधान के साथ भगवान गजानन की पूजा-अर्चना किये। सार्वजनिक गणेश पूजा समिति की ओर से 24वां गणपति पूजनोत्सव का आयोजन रेलवे मैदान पाकुड़ में किया गया। पुरोहित सजल चक्रवर्ती एवं उनके सहयोगी पार्थो राय ने पूजा प्रांगण में स्थापित गणेश प्रतिमा के सामने कलश को स्थापित किया। कोविड-19 प्रकोप के दो साल बाद पूरे उल्लास के साथ पूजा-अर्चना किया जा रहा है। वहीं संध्या प्रहर विघ्नहर्ता गणेश भगवान की महाआरती का आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मोदक एवं खीर प्रसाद का वितरण किया गया। मौके पर समिति के संस्थापक हिसाबी राय, अध्यक्ष अनिकेत गोस्वामी, तन्मय पोद्दार,अजीत मंडल समेत कई सदस्य सक्रिय दिखे। वहीं पूजा के दौरान नगर अध्यक्ष संपा साहा, कार्यपालक पदाधिकारी कौशलेश कुमार यादव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी मिंटू भारती, सुशील साहा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। पूजा के संस्थापक हिसाबी राय ने कहा कि विगत 24 वर्षों से रेलवे मैदान पाकुड़ में भव्य गणेश पूजा का आयोजन किया जा रहा है। हिरणपुर प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड क्षेत्र में विभिन्न पूजा समितियों द्वारा बुधवार को गणेश चतुर्थी का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। जहां प्रात: 108 कन्याओं के द्वारा कलश यात्रा करने के पश्चात पूजा-अर्चना की गई। सार्वजनिक गणेश पूजा समिति हिरणपुर में पुरोहित उज्जवल चक्रवर्ती के वैदिक मंत्रोच्चारण से आसपास का माहौल भक्तिमय हो रहा है। मुख्य यजमान चंदन दत्ता ने पूजा में भाग लिया। गणेश महोत्सव 31 अगस्त से शुरू होकर चार सितंबर तक चलेगा। इस बीच बच्चों के बीच विविध कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें दो सितंबर को बच्चों का डांस प्रतियोगिता एवं तीन सितम्बर को भक्ति जागरण बंगाल, बिहार, झारखंड के कलाकारों द्वारा किया जाएगा। वहीं श्री-श्री गणपति पूजा संघ सुंदरपुर में सुबह कलश यात्रा के साथ नगर भ्रमण किया गया जहां पुरोहित तापस बनर्जी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराया। वहीं मुख्य यजमान अमित शर्मा बने। इसके अलावा प्रखंड के विभिन्न इलाकों में गणेश चतुर्थी धूमधाम से मनाया गया। आयोजन को सफल बनाने में अजय यादव, कामेश्वर दास, चंदन दता, प्रहलाद आदि उपस्थित रहे। पाकुड़िया प्रतिनिधि के अनुसार दुर्गा मंदिर पाकुड़िया में शुक्रवार को भगवान गणेश का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। पूजन के बाद आरती वंदना और महाप्रसाद का वितरण किया गया। लिट्टीपाड़ा प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर 21 कन्याओं ने नदी से कलश में जल भर कर मंदिर लायी और गणेश पूजा संपन्न करायी। दुर्गा मंदिर प्रांगण में नव युवक संघ की ओर से गणपति बप्पा की मूर्ति स्थापित कर पूजा- अर्चना की गयी। पुरोहित लालू चक्रवर्ती के द्वारा विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना कर गणपति बप्पा से समाज की सुख समृद्धि की कामना की गयी। गणेश चतुर्थी को लेकर पूरा इलाका गणपति बप्पा मोरिया के जयकारा से गूंज उठा। प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में लोग अपने-अपने घरों में भी भगवान गणेश की धूमधाम से पूजा-अर्चना की। अमड़ापाड़ा प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड मुख्यालय के दुर्गा मंदिर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूरे उल्लास के साथ पूजा-अर्चना की गयी।