आगामी देशव्यापी हड़ताल का पार्टी करेगी समर्थन
नाला/संवाददाता पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार को घोलजोड़ में सीपीआईएमएल ने जन संकल्प दिवस मनाया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड सचिव सुशील मोहली ने की। इस अवसर पर मुख्य रुप से जिला सचिव सुनील राणा मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम प्रयात, हरेन्द्र सिंह, शांति देवी, करम सिंह मुंडा तथा पूर्व केंद्रीय कमेटी सदस्य क्षितिज विशवाल आदि ने पत्रकार कमाल खान को श्रद्धांजलि दी। झंडोत्तोलन कर कार्यक्रम की कार्यवाही प्रारंभ की गई। इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने जन संकल्प को लेकर विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर जिला सचिव सुनील राणा ने जन संकल्प पाठ करते हुए कहा कि उत्तरप्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोआ और मणिपुर के आगामी चुनावों में वहां की जनता से अपील करते हैं कि वे भाजपा को एक भी सीट जीतने न दें। इस देश की कॉरपोरेटी संघी फासीवादी तबाही की साजिश को नाकाम किया जा सके। मोदी सरकार की जन विरोधी, मजदूर विरोधी और देश विरोधी नीतियों के खिलाफ आगामी 23-24 फरवरी को घोषित देश व्यापी हड़ताल का पुरजोर समर्थन करते हैं। इन मुद्दों को लेकर हम विधानसभा सत्र में राज्यव्यापी आंदोलन करेंगे। सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में प्राप्त आवेदनों का सरकार द्वारा त्वरित निष्पादन किया जाय और उसे सार्वजनिक किया जाय। जन वितरण प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार और जनता के अनाज के गबन का वे पुरजोर विरोध करते हैं। इसके लिए वे जिला स्तर पर आंदोलन तेज करेंगे। इस अवसर पर जिला सचिव सुनील राणा, प्रखंड सचिव सुशील मोहली, प्रखंड सचिव सोमलाल मिर्धा, जिला सदस्य आशा मिर्धा, ममता राणा, विमल मरांडी, जिला सदस्य मैनेश्वर सोरेन, आयेन माजी, गोवर्धन झा, सुकुमार मिर्धा, देवीश्वर हेम्ब्रम, सुशील मोहली, तपन मंडल, लकी मुर्मू, पटेलमुनि मुर्मू आदि मौजूद थे।