गिरिडीह व गांडेय फतेह के बाद समर्थकों में जश्न का माहौल
एक साथ मनी होली व दिवाली
गिरिडीह। संवाददाता। विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी की जीत के बाद समर्थकों में जश्न का माहौल है। गांडेय से इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी कल्पना सोरेन व गिरिडीह विधानसभा से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सुदिव्य कुमार सोनू की जीत की खुशी में समर्थकों ने विजयी जुलूस निकाला। सुनो चम्पा, सुनो तारा के गीत पर समर्थकों ने जमकर थिरकने का काम किया। विजयी जुलूस का आलम यह रहा कि समर्थकों ने दीपावली व होली एक साथ मनायी। जहां एक ओर लोगों ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर मुंह मीठा कराने का काम किया। वहीं दूसरी ओर जमकर आतिशबाजी भी की गई। शहरी क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर डीजे के धुन पर समर्थक थिरकते दिखे। कुल मिलाकर इंडिया गठबंधन की जीत व सरकार बनने की खुशी में गिरिडीह में जश्न का माहौल रहा। मौके पर झामुमो नेता अभय सिंह, टुन्ना सिंह, मो इस्तियाक लालो, मो सन्नी राईन, मो साकिर रजा उर्फ आमिर, मो बंटी, मो मोहसीन, रॉकी सिंह, मो अनवर अंसारी समेत सैंकड़ों समर्थक मौजूद थे।
गिरिडीह विधानसभा से झामुमो प्रत्याशी सुदिव्य कुमार जीते दोबारा चुनाव
भाजपा प्रत्याशी निर्भय शाहाबादी को 3 हजार 838 मतों से किया पराजित
गिरिडीह। गिरिडीह विधानसभा से इंडिया गठबंधन सह झामुमो के प्रत्याशी सुदिव्य कुमार सोनू ने दोहरी जीत हासिल की है। इससे पूर्व भी वे यहां के विधायक थे। उन्होंने अपने निकटतम भाजपा के प्रत्याशी निर्भय कुमार शाहाबादी को 3 हजार 838 वोटों से हराया। जहां एक ओर सुदिव्य कुमार को 93 हजार 179 वोट मिले। वहीं भाजपा प्रत्याशी निर्भय कुमार शाहाबादी को 89 हजार 341 मत प्राप्त हुए। जहां एक ओर गिरिडीह शहरी क्षेत्र से निर्भय शाहाबादी बढ़त बनाए हुए थे। वहीं मुफ्फसिल में भी वे बढ़त बनाए रखा। लेकिन बाद में वे पीरटांड़ में पिछड़ गए। पीरटांड़ में सुदिव्य कुमार सोनू आगे निकल गए। यहां पर इन्होंने निर्भय शाहाबादी को पछाड़ दिया और जीत हासिल की। चुनाव जीतने के बाद सुदिव्य कुमार के समर्थकों में उत्साह का माहौल हो गया। कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की। कई जगहों पर डीजे की धुन पर थिरके व एक-दूसरे को गुलाल लगाया।
गिरिडीह में विकास की गति को दी जायेगी और रफ्तार: सुदिव्य
चुनाव जीतने के बाद झामुमो प्रत्याशी सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि यह जीत जनता की जीत है। गिरिडीह की जनता ने विकास को अपना वोट दिया है। जनता की सेवा और बेहतर ढंग से किया जायेगा और गिरिडीह में विकास की रफ्तार बढ़ायी जायेगी। कहा कि जनता के सहयोग से गिरिडीह विधानसभा को एक मॉडल विधानसभा बनाने का काम किया जायेगा। कहा कि पूरे झारखंड की जनता धन्यवाद के पात्र हैं। जनता के जनादेश का वे सम्मान करते हैं। और उम्मीद रहेगी की झारखंड की बनने वाली सरकार जनता की आकांक्षाओं पर पूरी तरह से खरा उतरेगी।
जमुआ विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी मंजू देवी चुनाव जीती
झामुमो प्रत्याशी केदार हाजरा को किया परास्त
गिरिडीह। संवाददाता। जमुआ विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी मंजू देवी ने शानदार जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रत्याशी केदार हाजरा को 32 हजार 532 वोट से हराया है। जहां एक ओर मंजू देवी को 1 लाख 16 हजार 820 वोट मिले हैं। वहीं केदार हाजरा को 84 हजार 288 मत लाकर संतोष करना पड़ा है। केदार हाजरा उस क्षेत्र से दो बार भाजपा से विधायक रहे थे। लेकिन वे टिकट नहीं मिलने से झामुमो में शामिल हो गए। चुनाव जीतने के बाद मंजू देवी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि वे उनकी नहीं बल्कि जनता की जीत है। जमुआ विधानसभा की जनता का उन्हें अपार समर्थन मिला है। इसलिए वे जमुआ विधानसभा क्षेत्र की जनता को धन्यवाद देती हूं।
बगोदर से भाजपा प्रत्याशी नागेंद्र महतो ने किया फतेह
अपने निकटतम भाकपा माले प्रत्याशी विनोद सिंह को हराया
गिरिडीह। संवाददाता। बगोदर से भाजपा प्रत्याशी नागेंद्र महतो ने चुनाव जीता है। उन्होंने अपने निकटतम भाकपा माले के प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह को हराया है। जहां एक ओर भाजपा प्रत्याशी नागेंद्र महतो को 1 लाख 23 हजार 84 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं भाकपा माले प्रत्याशी विनोद सिंह को 92 हजार 47 मत प्राप्त हुए हैं। 31 हजार 37 मतों से नागेंद्र महतो ने जीत हासिल की है। भाजपा प्रत्याशी नागेंद्र महतो की जीत के बाद उनके समर्थकों में हर्ष का माहौल है।
जयराम महतो ने डुमरी सीट पर जमाया कब्जा
झारखण्ड सरकार की मंत्री बेबी देवी को हराया
गिरिडीह। संवाददाता। डुमरी विधानसभा क्षेत्र को पिछले कई दशक से झामुमो का गढ़ माना जाता रहा है। कहा जाता है कि डुमरी झारखंड मुक्ति मोर्चा के लिए सुरक्षित सीट है। पूर्व शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का लंबे समय तक इस क्षेत्र में दबदबा रहा। यही वजह है कि उनकी मौत के बाद जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी ने उपचुनाव में जीत हासिल की। बाद में बेबी देवी भी हेमंत सोरेन और चंपाई सोरेन सरकार में मंत्री बनीं। लेकिन सहानुभूति के रथ पर सवार बेबी देवी को इस बार लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के जयराम महतो ने शिकस्त देकर जीत का परचम लहराया। जयराम महतो ने इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार सह झारखण्ड सरकार में मंत्री रही बेबी देवी को 82 हजार 982 वोट मिले। वहीं जेएलकेएम प्रत्याशी जयराम महतो को 94 हजार 214 मत मिले। जयराम महतो ने बेबी देवी को 10 हजार 662 मतों से हराया। डुमरी सीट पर तीसरे नंबर पर एनडीए उम्मीदवार यशोदा देवी रही। बताया जाता हैं कि लोकतान्त्रिक क्रन्तिकारी मोर्चा के सुप्रीमो सह डुमरी विधानसभा से पार्टी के उम्मीदवार जयराम महतो को करीब 95 हजार मत प्राप्त हुआ। जीत सुनिश्चित होने के बाद प्रमाण पत्र लेने पहुंचे जयराम महतो ने कहा कि यह जीत जनता की जीत है। डुमरी विधानसभा क्षेत्र की जनता ने उन्हें शुरू से सर आंखों पर बैठा कर रखा है। जनता ने जिस उम्मीद के साथ उन्हें अपना वोट दिया है उसपर वह खरा उतरेंगे।
मतगणना केंद्र में थे सुरक्षा के थे व्यापक इंतजाम
डीसी व एसपी ले रहे थे पल-पल का जायजा
गिरिडीह। संवाददाता। पचम्बा के कृषि बाजार उत्पादन समिति मतगणना केंद्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मतगणना केंद्र में प्रवेश करने से पूर्व सभी की जांच की जा रही थी। चारों ओर से बेरिकेटिंग करके रखा गया था। मतगणना परिसर के आसपास भीड़ न हो, इसको लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे। मतगणना केंद्र के अंदर प्रशासनिक पदाधिकारी व मीडिया कर्मी को छोड़कर अन्य किसी को मोबाईल ले जाना वर्जित था। मेटल डिटेक्टर से मतगणना केंद्र में प्रवेश करने वाले लोगों की जांच की जा रही थी। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी डॉ विमल कुमार पल पल का जायजा ले रहे थे। वहीं एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी नीरज सिंह, पचम्बा थाना प्रभारी मंटू कुमार आदि विधि-व्यवस्था पर नजर रखे हुए थे।
जीतने वाले सभी प्रत्याशियों को निर्वाची पदाधिकारी ने दिया जीत का प्रमाण पत्र
गिरिडीह। संवाददाता। गिरिडीह विधानसभा के विधानसभा से जीत हासिल करने वाले सभी प्रत्याशियों को जीत का सर्टिफिकेट संबंधित निर्वाची पदाधिकारियों ने दिया। धनवार के भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल मरांडी को निर्वाची पदाधिकारी खोरीमहुआ ने जीत का प्रमाण पत्र दिया। वहीं झामुमो प्रत्याशी कल्पना सोरेन की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ सरफराज अहमद और झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने जीत का प्रमाण पत्र लिया। गिरिडीह विधानसभा से झामुमो प्रत्याशी सुदिव्य कुमार ने गिरिडीह अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी से जीत का प्रमाण पत्र प्राप्त किया। वहीं जयराम महतो ने डुमरी अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी से जीत का प्रमाण पत्र लिया। वहीं जमुआ की भाजपा प्रत्याशी मंजू देवी ने अपर समाहर्ता सह निर्वाची पदाधिकारी से जीत का प्रमाण पत्र लिया। वहीं भाजपा प्रत्याशी नागेंद्र महतो ने बगोदर अनुमंडल पदाधिकारी निर्वाची पदाधिकारी से जीत का प्रमाण पत्र लिया।
लगभग दो दशक के बाद डुमरी में ढहा झामुमो का किला
जयराम महतो की जीत के साथ एक नए राजनीतिक युग की हुई शुरूआत
डुमरी। संवाददाता। डुमरी विधानसभा क्षेत्र से जेएलकेएम प्रत्याशी जयराम कुमार महतो की जीत के साथ ही बीते 2005 से लगातार चुनाव जीत दर्ज करने वाले डुमरी में झामुमो का किला ढह गया। यूं कहें तो जयराम महतो की जीत के साथ ही एक नये राजनीतिक युग की शुरुआत डुमरी विधानसभा में हुई। गौरतलब हो कि 2005 से लगातार डुमरी की यह सीट झामुमो के खाते में जाता रहा था और जगरनाथ महतो लगातार 4 बार विधायक चुने गए। वहीं 2019 में वह झामुमो सरकार में वह मंत्री बने लेकिन कोरोना के चपेट में आकर वह काल के गाल में समा गए। हालांकि उपचुनाव में भी यह सीट उनकी पत्नी बेबी देवी ने जीत कर मंत्री बनी लेकिन 2024 के आम विधानसभा चुनाव में जयराम महतो ने जीत दर्ज कर झामुमो के गढ़ को ध्वस्त कर दिया। इधर 23 नवंबर को जैसे ही विधानसभा चुनाव के नतीजे आये जयराम महतो के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जमकर खुशियां मनाई और वनांचल चौक एवं बेरमो मोड़ पर आतिशबाजी कर डीजे के साथ क्षेत्र भ्रमण किया। जेएलकेएम के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
प्रदेश में इंडिया गठबंधन की प्रचंड जीत पर कार्यकर्ताओं ने की आतिशबाजी
जमुआ। संवाददाता। प्रदेश में इंडिया गठबंधन का प्रचंड जीत एवं झारखंड में पुन: बहुमत की सरकार बनाने की खुशी में शनिवार को जमुआ में इंडिया गठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के निकट जमकर अतिशबाजी करते हुए एक दूसरे को मिठाई खिला कर जीत का मुबारकबाद दिए। मौके पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष महशर इमाम ने कहा कि झारखंड प्रदेश में हुई प्रचंड जीत झारखंड के जनता की जीत है। कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यहां की जनता के भावनाओं को देखते हुए हर आम वो खास के लिए योजनाओं को लाने का काम किया है। कहा कि वर्तमान में मइयां सम्मान योजना, बिजली बिल माफी, अबुआ आवास जैसे दर्जनों योजनाओं का लाभ यहां के जनता को देने का काम किया। जिसका यहां की जनता ने एक एक वोट देकर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। कहा कि आने वाला समय में झारखंड प्रदेश में पुन: इंडिया महागठबंधन के नेतृत्व में मजबूत सरकार बनने जा रही है। मौके पर इंडिया गठबंधन के सैकड़ों नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, चालक की मौत, एक घायल
शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था युवक
बिरनी। संवाददाता। प्रखण्ड के बरहमसिया-कोवाड मुख्य मार्ग छतवाटांड़(मरकोडीह) में शुक्रवार देर रात लगभग 9 बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक व बाइक सवार युवक दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गया, जिसकी पहचान झांझ निवासी 20 वर्षीय सचिन वर्मा पिता तिलक वर्मा एवं पोटमा निवासी 19 वर्षीय बैजनाथ दास पिता भीमचन्द दास के रूप में हुई है। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनी पहुंचाया, जिसका उपचार सीएचओ तारकेश्वर कुमार ने किया तथा गम्भीर स्थिति देखते हुए दोनों को धनबाद रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाकर दोनों के परिजन स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तथा दोनों को धनबाद ले गए। वहीं सचिन को रांची रिम्स रेफर कर दिया गया तथा रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सचिन अपने घर झांझ से बरहमसिया होते हुए डबरी गांव शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। वहीं पोटमा निवासी बैजनाथ भी अपने तीन दोस्तों के साथ बाइक में सवार होकर डबरी गांव जा रहा, तभी बरहमसिया चौक पर सचिन से मुलाकात हुई और बैजनाथ ने कहा मुझे भी डबरी गांव जाना है मुझे अपने बाइक में ले लो और दोनों साथ में चल दिए। तभी छटवाटांड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मारते हुए फरार हो गई। हालांकि परिजनों ने रिम्स पहुंचकर उपचार करवाया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया तथा शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं शव घर पहुंचते ही पूरे गांव में मातम पसर गया एवं परिजनों का रोकर बुरा हाल है। बता दें कि सचिन अविवाहित था तथा सूरत में काम करता था, वह एक माह पूर्व नई बाइक खरीदा था। वहीं दूसरी ओर एक बाइक चालक की इलाज के दौरान सातवें दिन मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम पंचायत बंगराकला के उप मुखिया 47 वर्षीय प्रयाग साव के रूप में हुई है। बता दें कि वे 17 नवम्बर को बाइक में सवार होकर अपने घर जा रहे थे, तभी माखमरगो गांव के पास एक साइकिल चालक को बचाने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया, जहां सातवें दिन बीते शुक्रवार रात उनकी मौत हो गई। उन्होंने अंतिम सांस रांची के पारस मेडिकल में ली। घटना से परिजनों का रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में मातम है।
भाजपाइयों ने मिठाई बांटकर मनाया जीत का जश्न, जमकर पटाखे भी छोड़े
बिरनी। संवाददाता। प्रखण्ड मुख्यालय के पास शनिवार को भाजपाइयों ने बगोदर विधानसभा में जीत की खुशी में मिठाई बांटे व जमकर पटाखे छोड़कर जश्न मनाया। बता दें कि बगोदर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी नागेंद्र महतो ने माले प्रत्यासी विनोद सिंह को लगभग 32 हजार वोटों से हराकर विजय हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने नागेंद्र महतो को जीत की बधाई दी एवं एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाया। इस दौरान छत्रधारी दास, विनोद ठाकुर, रंजीत मोदी, निर्मल कुमार, निर्मल साव, मुकेश सिंह, शक्ति मोदी, जगदीश राणा, दशरथ राय, पिंटू राणा, त्रिवेणी राणा, किशुन राणा समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे ।