-महिला मोर्चा चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह
तालझारी। संवाददाता। सकरीगली, जमनी फाटक के समीप दुर्गा देवी के आवासीय परिसर में आजसू महिला मोर्चा चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ। सम्मेलन में सर्वप्रथम उपस्थित सभी चूल्हा प्रमुख महिला कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई गई। संचालन प्रखंड सचिव कलावती मुंडा ने किया एवं सम्मेलन की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष माला देवी ने किया। सम्मेलन में प्रखंड के सभी पंचायत एवं गांव से चूल्हा प्रमुख महिला कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में सर्वसम्मति से प्रस्ताव लिया गया कि हर घर तक महिला संगठन को पहुंचाया जाएगा एवं प्रत्येक गांव से एक महिला नेतृत्व खड़ा किया जाएगा। सम्मेलन में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष चतुरानंद पांडेय, जिला उपाध्यक्ष मणिकांत मिश्रा, जिला कार्यकारिणी सदस्य गोविंद पासवान, राम प्रवेश, महिला चूल्हा प्रमुख नेत्री चैती देवी, प्रियंका कुमारी, मनिया देवी, अंगद देवी, अरुणा देवी, चांदनी देवी, खुशबू कुमारी, डोली कुमारी, चिंता देवी, आरती देवी, राजकुमारी देवी, सोनी देवी, उर्मिला देवी, शकुंतला देवी, गुड़िया देवी, लक्ष्मी देवी, सुचिता देवी, अनीता देवी, परणन कुमार मंडल, बुलाकी सिंह, भोला चौधरी, गौतम मंडल, रामेश्वर मंडल, सरवन ठाकुर, पप्पू सिंह व अन्य मौजूद थे।
गंगा का जल स्तर चेतावनी रेखा से हुआ पार
-प्रति चार घंटे एक सेमी की रफ्तार से हो रही बढ़ोत्तरी
साहिबगंज। संवाददाता। गंगा नदी का जल स्तर चेतावनी रेखा से पार कर चुकी है। गंगा में जल स्तर का चेतावनी रेखा 26.25 मीटर है। वहीं खतरे का निशान 27.25 मीटर है। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार बुधवार की शाम 06 बजे तक गंगा का जलस्तर 26.60 मीटर पर पहुंच गई है। जल स्तर में प्रति चार घंटे पर एक सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी हो रही है। वहीं मुंगेर से लेकर फरक्का तक गंगा स्थिर है। जबकि पटना, हाथीदाह घट रहा है एवं बक्सर बढ़ रहा है। जलस्तर में वृद्धि से दियारा में लगे बाजरा, मक्का, सब्जी के खेत में पानी घुस चुका है। कई इलाकों में गंगा कटाव शुरू हो चुका है।
डायवर्सन कटा, छात्रों को विद्यालय जाने में हो रही परेशानी
बरहरवा। संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के दुलुमपुर से पुरुलियाडांगा तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत सड़क निर्माण को लेकर केंचुआ नाला पर डायवर्सन बनाया गया है। लेकिन पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण डायवर्सन के ऊपर से पानी बह रहा है। जिससे उक्त पथ पर आवागमन प्रभावित हुआ है। वहीं भीमपाड़ा, बटाइल व अन्य गावों के छात्र-छात्राओं को भी स्कूल जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण बताते हैं कि डायवर्सन के नीचे पाइप तो लगाया गया है। लेकिन उक्त पाइप से पर्याप्त मात्रा में केंचुआ नाला का पानी नहीं निकल पा रहा है।
छतदार चबूतरा निर्माण में अनियमितता का आरोप
राजमहल। संवाददाता। नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 06 मुक्तिधाम श्मशान घाट में विधायक निधि योजना मद से काली मंदिर के सामने छतदार चबूतरा निर्माण में संवेदक पर घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल का आरोप लोगों ने लगाया है। बुधवार को अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल विकास कुमार सहित दर्जनों लोगों ने घटिया निर्माण किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कार्य स्थल पर योजना पट नहीं लगाया गया। जिसके कारण लोगों को योजना के संदर्भ में जानकारी नहीं मिल रही है। छत ढलाई के लिए 08 एमएम का ही सरिया बिछाया गया है। सरकारी योजनाओं में छत निर्माण के लिए 10 एमएम का सरिया लगाना जरूरी होता है। ऐसे में कम क्षमता वाले सरिया से ढलाई किए जाने के कारण छत का निर्माण मजबूत नहीं होगी। मुक्तिधाम श्मशान घाट पहुंचने वाले लोगों को नुकसान पहुंचा सकता है। लोगों ने जांच कर निर्माण कार्य में सुधार लाने की मांग की है। मौके पर अशोक मंडल, बच्चन मंडल, विकास कुमार, माना, बुच्चू दास, सिंटू घोष, सूरज मंडल सहित अन्य उपस्थित थे। इस संदर्भ में कनीय अभियंता मिथिलेश कुमार पांडेय ने बताया कि छत ढलाई में 08 एमएम एवं 10 एमएम दोनों मिलाकर लगाया जाता है। गुरुवार को मामले की जांच कर सुधार किया जाएगा।
जर्जर सड़क के मुद्दे पर उच्च न्यायालय की अवमानना को लेकर मामला दायर
-झारखंड सरकार, डीसी और एसडीओ को बनाया पार्टी
राजमहल। संवाददाता। राजमहल की खस्ताहाल जर्जर सड़क के मुद्दे पर झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड 08 नया बाजार निवासी बंशीबदन राय ने झारखंड उच्च न्यायालय में रजिस्ट्रेशन संख्या 643/2024 के तहत 11 जुलाई को मामला दायर किया है। मामले में झारखंड सरकार, डीसी तथा राजमहल एसडीओ को पार्टी बनाया गया है। गौरतलब है कि बंशीबदन राय ने झारखंड उच्च न्यायालय में बीते 22 जुलाई, 2023 को जनहित याचिका संख्या 3909/23 दाखिल की थी। याचिका में उन्होंने उल्लेखित किया था कि राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र की लगभग 04 से 05 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क सीवरेज कार्य, जलापूर्ति योजना के कारण 04 वर्षों से जर्जर अवस्था में है। सड़क पर चलना और सड़क किनारे रहना बीमारियों को दावत देने जैसा है। लोगों का श्वास लेना मुहाल हो गया है। जर्जर सड़क को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार सरकार व संबंधित विभाग के पदाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया। बावजूद इसके सड़क निर्माण की दिशा में कार्य शुरू नहीं किया जा रहा है। बीते 18 अक्टूबर, 23 को झारखंड उच्च न्यायालय में याचिका की सुनवाई के दौरान जवाबदेह उत्तरदाताओं को राजमहल शहर के अंदर जल निकासी व्यवस्था के कार्य की जांच करने, निश्चित समय सीमा के भीतर चल रहे कार्यों को पूरा करने का निर्देश देने को कहा गया था ताकि लोगों के स्वास्थ्य और जीवन की रक्षा की जा सके। गलती करने वाले उत्तरदाताओं पर मुकदमा चलाया जा सके। हाईकोर्ट ने माना था कि राजमहल शहर के बीच स्थित व्यवहार न्यायालय के सामने से गुजरने वाली सड़क की तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है। मामले को ध्यान में रखते हुए इसे स्वत: संज्ञान लेने वाला जनहित याचिका मानते हुए डीसी एवं एसडीओ राजमहल को निर्देश दिया गया था कि 30 दिनों की अवधि के अंदर प्रश्नगत सड़क का निरीक्षण करना आवश्यक होगा। हाईकोर्ट के उपर्युक्त सड़क की मरम्मत के लिए याचिका कर्ता को उचित अवसर प्रदान कर 03 महीने की अवधि के भीतर प्रक्रिया पूरी होने की आशा और अपेक्षा रखी गई थी। लेकिन लगभग 09 माह बीत जाने के बावजूद अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं करने को लेकर झारखंड उच्च न्यायालय में मामला दायर करा ध्यान आकृष्ट कराया गया है।
साहिबगंज के मजदूर की ट्रेन से गिर कर मौत
मंडरो। संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हाजीपुर पश्चिमी पंचायत के हाजीपुर राजगांव के 19 वर्षीय मजदूर की बिहार के कजरा स्टेशन के समीप ट्रेन से गिर कर मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार अर्जुन पासवान, दिल्ली किसी होटल में मजदूरी का काम करता था। दो वर्ष बाद दिल्ली-भागलपुर विक्रमशिला एक्सप्रेस ट्रेन से लौट रहा था। इस बीच बुधवार को सुबह पांच बजे किऊल-जमालपुर रेलखंड के कजरा स्टेशन के समीप चलती ट्रेन से गिर गया, जहां घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी रेल पुलिस ने मोबाइल पर परिजनों को दी। सूचना मिलने पर हाजीपुर राजगांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक के जुडवां भाई लव, कुश अपने स्वजनों के साथ रोते-बिलखते जमालपुर कजरा स्टेशन के लिए रवाना हो गये हैं। पिता उपेन्द्र पासवान, धनबाद स्थित अपनी बेटी आरती के ससुराल से वापस घर लौट रहे हैं। मां अनीता देवी को उसके बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी गई है। परिजन शव के इंतजार में हैं।
खेत जुताई करने के दौरान ट्रैक्टर चालक की मौत
तालझारी। संवाददाता। थाना क्षेत्र अंतर्गत निपनिया गांव के बहियार में बुधवार की शाम ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार राजमहल थाना क्षेत्र के सैदपुर पंचायत के डेढ़गामा गांव निवासी विनोद मंडल उर्फ मंगरू मंडल (40) अपने निजी खेत की जुताई खुद ट्रैक्टर से कर रहा था। इस बीच जुताई पूरी कर बाहर निकलने के दौरान ट्रैक्टर खेत में ही पलट गया। विनोद ट्रैक्टर के नीचे दब गए। वहां मौजूद ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालने का अथक प्रयास किया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इधर ग्रामीणों ने घटना की जानकारी तालझारी थाना को दी। थाना के एसआई सियाराम पंडित ने घटना स्थल पर पहुंच मामले की जांच-पड़ताल की। विनोद मंडल के परिजनों ने थाना पुलिस को पोस्टमार्टम नहीं करने को लेकर लिखित आवेदन दिया। जिसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक अपने पीछे पत्नी रूबी देवी के साथ 10 वर्षीय एक पुत्र और 08 वर्षीय एक पुत्री को छोड़ गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
अगरबत्ती जलाने पर दो पक्षों में जमकर मारपीट
बरहरवा। संवाददाता। थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में घर के दरवाजे पर अगरबत्ती जलाने का विरोध करने पर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। एक पक्ष के लिपिका मंडल ने थाना में आवेदन देकर बताया कि बुधवार की दोपहर 12 बजे जब अपने घर पर के दरवाजे पर थी कि तभी देखा कि अमूल्यो सरकार ने उसके घर के दरवाजे पर झाड़-फूंक करने के उद्देश्य से अगरबत्ती जलाकर गाड़ दिया। ऐसा होता देख अपनी मां के साथ इसका विरोध किया तो अमूल्यो सरकार के अलावा बबलू सरकार, आदित्यो सरकार, केशव सरकार, सारथी देवी, निकिता मंडल, सुष्मिता मंडल ने गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थर व बांस लेकर घर में घुस कर उसे व उसके माता-पिता को पकड़ कर लात मुक्का से मारपीट की। भाई विश्वजीत सरकार सूचना पाकर मिजार्पुर से घर पहुंच अमूल्यो सरकार से मारपीट का कारण पूछा तो उपर्युक्त सभी ने भाई विश्वजीत सरकार को भी गाली-गलौज कर लात मुक्का और बांस से पीट दिया। इधर दूसरे पक्ष की ओर से भी थाना में आवेदन देने की तैयारी चल रही थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मरीज की पत्नी ने अस्पताल कर्मी पर लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
बरहरवा। संवाददाता। रिलाइंस पंप के निकट स्थित दिशाहरी हॉस्पिटल एलएलपी के एक कर्मी के एक महिला के साथ दुर्व्यवहार किये जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित महिला ने बताया कि उसके पति की तबीयत खराब थी। जिसके बाद उसे दिशाहरी हॉस्पिटल में इलाज के लिए पिछले 04 दिन पूर्व भर्ती करवाया था। बीती रात्रि अपने पति के साथ मरीज वार्ड के बेड पर सोई हुई थी। इसी दौरान हॉस्पिटल के एक कर्मी ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। जिसके बाद इसकी जानकारी उन्होंने अपने पति व परिजनों को दिया। इधर घटना के बाद परिजनों के हंगामा करना शुरू कर दिया। इस बीच हॉस्पिटल का उक्त कर्मी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना प्रभारी सुमीत कुमार सिंह, एसआई गुलशन गौरव, जुमराती अंसारी ने हॉस्पिटल पहुंच मामले की जांच-पड़ताल की। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित ने थाना में आवेदन नहीं दिया था।
आरपीएफ ने चालया जागरूकता अभियान
तालझारी। संवाददाता। मालदा डिवीजन अंतर्गत मिशन जीवन रक्षा जागरूकता अभियान के तहत साहिबगंज आरपीएफ के एएसआई प्रसेनजीत दास के नेतृत्व में बुधवार की संध्या तालझारी व करणपुरातो स्टेशन परिसर में जागरूकता अभियान चलाया। एएसआई प्रसनजीत दास ने बताया कि चलती ट्रेन में कभी भी पत्थर नहीं चलाया है, इससे किसी की जान जा सकती है। चलती ट्रेन या रेलवे लाइन के पास व रेलवे स्टेशन पर सेल्फी नहीं लेना है। रेलवे लाइन पार करते समय कभी भी मोबाइल का प्रयोग नहीं करना है। रेलवे लाइन पर कूड़ा करकट व गंदगी नहीं फैलाना है और ना ही रेलवे लाइन पर कूड़ा करकट फेंकना है। हमेशा पैदल पुल का इस्तेमाल करें। ट्रेन में सहयात्री से किसी खाने की चीज ना लें। यात्रियों को किसी प्रकार की सहायता के लिए आरपीएफ हेल्प लाइन नम्बर 139 पर फोन करें। मौके पर आरपीएफ पीएम उपाध्याय सहित अन्य मौजूद थे।
भाजपा नेता ने कई गांवों का किया दौरा
बोरियो। संवाददाता। पूर्व जिला परिषद् सदस्य व भाजपा नेता वरन किस्कू ने बुधवार को चासगामा पंचायत के कोलखा गांव में ग्रामीणों के बीच पहुंच कर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं से अवगत हुए। वरन किस्कू ने बताया कि कई उपयुक्त लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। वर्तमान राज्य सरकार की हर योजनाओं में बिचौलिया हावी है। उन्होंने बताया कि बीडीओ से मिलकर समस्याओं से अवगत कराएंगे। मौके पर कई भाजपा कार्यकर्त्ता मौजूद थे।
19 को रांची जाएंगे सहायक अध्यापक
बोरियो। संवाददाता। 20 जुलाई से शुरू हो रहे है मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बोरियो प्रखंड के सभी सहायक अध्यापक 19 जुलाई को रांची के लिए प्रस्थान करेंगे। इसकी जानकारी झारखंड राज्य प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष रवि कुमार एवं प्रखंड सचिव मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से दी। प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड सरकार पिछले विधानसभा चुनाव में किए वादे से बिलकुल मुकर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मोहर्रम पर जगह-जगह निकला जुलूस
पंच टीम। साहिबगंज। संवाददाता। मोहर्रम को लेकर बुधवार को साहिबगंज, उधवा, राजमहल, मंडरो, तालझारी सहित जिले भर में मोहर्रम के पर्व पर जुलूस निकाला गया। उधवा में राधानगर थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय दल बल के साथ मुस्तैद रहे। मंडरो के मिर्जाचौकी तेतरिया, शाहाबाद, तालेडीह, सलेमपुर, भगैया विशनपुर, नाम नगर, बुद्धूआचक में तजिया के साथ जुलूस निकला। तालझारी थाना क्षेत्र के महाराजपुर मोती झरना में बुधवार को शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन के देखरेख में जुलूस निकाला गया। मौके पर थाना प्रभारी अमर मिंस, एसआई अनिल यादव, मजिस्ट्रेट परमेश्वर किस्कू, मो नेहाल आलम सहित दर्जनों पुलिस बल उपस्थित थे। राजमहल संवाददाता के अनुसार राजमहल प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर अखाड़ा जुलूस निकाला गया। पारंपरिक हथियार व लाठी लेकर निकले जुलूस में अनोखा करतब एंव तरह-तरह के लाठी खेल का प्रदर्शन किया। सुरक्षा व विधि व्यवस्था को बनाए रखने के लिए एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी, पुलिस इंस्पेक्टर श्याम लाल हांसदा, थाना प्रभारी गुलाम सरवर व अन्य पुलिस पदाधिकारी व सशस्त्र पुलिस बल की टीम दिन भर लगी थी।