जसीडीह/संवाददाता। जसीडीह देवघर मुख्य मार्ग स्थित डाबर ग्राम के समीप गायत्री शक्तिपीठ देवघर में रविवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गायत्री जयंती, गंगा अवतरण एवं परमपूज्य गुरुदेव युगद्रष्टा पंडित श्रीराम शर्मा जी का महाप्रयाण पावन दिवस गायत्री परिवार परिजनों और सनातनी श्रद्धालुओं ने हवन पूजन आदि के साथ धार्मिक वातावरण में मनाया। इस अवसर पर आचार्य गौतम विश्वकर्मा के सानिध्य में गुरु, गायत्री, गंगा एवं सर्वदेव का विशेष पूजन करते हुए गायत्री मंदिर स्थित यज्ञशाला हवन कुंड में प्रज्वलित साक्षात अग्निदेव को आत्मकल्याण, विश्व-कल्याण के लिए गायत्री महामंत्र, गंगा गायत्री महामंत्र, मृत्युंजय महामंत्र, महाकाल गायत्री मंत्र से आहूतियां समर्पित किया। जबकि मुख्य ट्रस्टी महेंद्र प्रसाद यादव ने शांतिकुंज के संदेश को पढ़कर सुनाया। वहीं आध्यात्मिक दिवस का महत्व को आत्मसात कराते हुए जिला संगठन प्रबंधन समन्वयक उमाकान्त राय ने कहा कि दृश्य भगवती गंगा और अदृश्य वेदमाता गायत्री कई दृष्टियों में साम्य है। गंगा शरीर को पवित्र करती है, गायत्री आत्मा को। गंगा मृतकों को तारती है, गायत्री जीवितों को। गायत्री को कलियुग का पारस, कामधेनु तथा कल्पवृक्ष कहा गया है। गायत्री जयंती के पूर्व दिवस 15 जून प्रात: 6 बजे से सायं 6 बजे तक अखंड गायत्री महामंत्र का जप किया गया। चूंकि जप से मंत्र जागृत होता है तथा हवन से मंत्र में प्राण आते हैं। प्राणी की मनोकामनाएं पूरी होती है तथा सिद्ध भी मिलती है। जन्मदिन, अन्नप्रासन, दीक्षा तथा पुंसवन संस्कार नि शुल्क संपन्न हुआ। वेदमाता गायत्री के महाआरती से अनुष्ठान का समापन किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर अपने आप को धन्य किया। अनुष्ठान को सफल बनाने में मुख्य ट्रस्टी महेंद्र प्रसाद यादव, जिला संगठन समन्वयक उमाकान्त राय, उदय शंकर सिंह,हासो राम, प्रसाद यादव, शशिभूषण सिंन्हा, बबिता सिंह, निर्मला राय, निशा कुमारी, कांति देवी आदि ने योगदान दिया।
इंटक ने शहीद स्थल में वीर सपूतों को दी श्रद्धाजंलि
जसीडीह/संवाददाता। देवघर जिला इंटक ने रविवार को जसीडीह के रोहिणी स्थित शहीद स्थल में देश की आजादी के लिए फांसी के फंदे से झूलकर प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों अमानत अली, सलामत अली एवं शेख हारुन को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर देवघर जिला इंटक के जिला अध्यक्ष अनंत मिश्रा, झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार , देवघर जिला इंटक के उपाध्यक्ष सुखदेव दुबे, केदार दास, महासचिव रामानंद सिंह, देवघर जिला इंटक के कार्यकारिणी सदस्य सुधीर कुमार देव, प्रमिला देवी जिला इंटक के सचिव सदाशिव राणा, प्रभु दास, अभिषेक सिंह एवं सुरेश प्रसाद मंडल ने अमानत अली, सलामत अली व शेख हारून की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। देवघर जिला इंटक के जिला अध्यक्ष श्री मिश्रा ने कहा कि स्वाधीनता संग्राम के इतिहास के पन्नों में इन शहीदों का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित है। राष्ट्र के लिए सर्वस्व निछावर कर देने की सीख हम सबों को इन शहीदों की शहादत से मिलती है।
झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार कहा कि इन शहीदों की शहादत के मूल्यों को समझते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी कुर्बानी देने हेतु हम सभी सदैव संकल्पित रहें तभी इन शहीदों के प्रति हम सबों की सच्ची श्रद्धांजलि होगी और उनकी शहादत को याद करना सार्थक होगा।
गंगा दशबरा पर जिला प्रशासन व पंडा धर्मरक्षिणी सभा ने श्रद्धालुओं की प्रदान की सेवा
देवघर/नगर संवाददाता। रविवार को गंगा दशहरा के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ के दरबार में लाखों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ के मनोकामना लिंग पर कतारबद्ध होकर जलार्पण किया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। साथ ही जिला प्रशासन और पंडा धर्म रक्षिणी सभा के द्वारा कई सारी सुविधाएं श्रद्धालुओं को प्रदान की गई। श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए बाबा मंदिर प्रभारी सह अनुमंडल पदाधिकारी का विशेष रूप से आभार ज्ञापित करते हुए पंडा धर्म रक्षिणी सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि हमारी बातों को आधार मानकर यात्रियो के हितों के अनुरूप व्यवस्था करने पर आज जिला प्रशासन ने यात्रियों और पंडा लोगों की परेशानियों को दूर करने के लिए प्रशासन और बाबा मंदिर प्रबंधन को कर्तव्य परायणता के साथ कार्य करवाया है। आज शीघ्र दर्शनम कूपन, यात्रियों के पीने के लिए पानी, बाबा मंदिर की सफाई, गर्भगृह में पूजा की व्यवस्था, शीघ्र दर्शनम लाइन को तेजी से चलाने जैसे कई कार्यो को बहुत ही सराहनीय तरीके से किया गया है। पंडा धम रक्षिणी सभा की ओर से महामंत्री निर्मल झा, उपाध्यक्ष संजय मिश्रा, चन्द्रशेखर खवाड़े, राजेश पंडित सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
अंतर्राष्ट्रीय घरेलू पर संगोष्ठी का आयोजन
- अधिकारों के संरक्षण पर हुई चर्चा
देवघर/वरीय संवाददाता। अंतर्राष्ट्रीय घरेलू कामगार दिवस पर घरेलू कामगार असंगठित श्रमिक संगठन के द्वारा देवघर के करनीबाग में घरेलू कामगार के संदर्भ में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से उस क्षेत्र की आंगनबाड़ी सेविका पुष्पा देवी, द मार्बल फाउंडेशन की संयोजिका भवानी सिंह बतौर अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
कार्यक्रम में घरेलू कामगार असंगठित श्रमिक संगठन के संयोजक शंकर दास द्वारा खासकर घरेलू कामगार के संदर्भ में कहा गया कि शहरी क्षेत्र में असंगठित क्षेत्र के कामगारों में घरेलू काम महिलाओं के लिए सबसे बड़ा रोजगार होता है। यह दिन-रात पूरी ईमानदारी एवं विश्वासपूर्वक कड़ी मेहनत करते हैं। बावजूद उनकी स्थिति बहुत ही दर्दनाक और भयावह होती है, जिसके कारण इनका जीवन एक अभिशाप बन गया है। आज भी इन्हें न्यूनतम मजदूरी का भुगतान नियोक्ता द्वारा नहीं किया जाता है। कहा कि घरेलू कामगार एवं उनके परिवार की सामाजिक सुरक्षा की भारी कमी होती है, जैसे मानवीय एवं स्वास्थ्य पूर्ण जीवन तथा रहने की स्थान की कमी, गुणात्मक चिकित्सा की कमी, गर्भवती कामगारों के लिए मातृत्व लाभ, प्रसव के दौरान अवकाश एवं आर्थिक सहयोग और पौष्टिक भोजन न मिलाना। उनके बच्चे की गुणात्मक शिक्षा की कमी, बुजुर्ग एवं काम करने में असमर्थ कामगारों के जीवन यापन की कमी आदि प्रमुख समस्याएं हैं। इन सारे अधिकारों का हनन होते रहने के बावजूद भी यह ईमानदारी पूर्वक काम करती है। कहा कि आज 16 जून को अंतरराष्ट्रीय घरेलू कामगार दिवस हम इसलिए मानते हैं कि अपने अधिकार के प्रति हम सजग रहे, एवं अपने अधिकार का हो रहे हनन का हम सभी मिलकर इसका सांगठनिक रूप से विरोध कर सके। द मार्बल फाउंडेशन की संयोजिका भवानी सिंह ने कहा कि प्रत्येक घरेलू कामगार महिलाओं को श्रम विभाग के द्वारा रजिस्ट्रेशन कर लेना चाहिए, जिससे श्रम विभाग के तरफ से मिलने वाला लाभ उन्हें मिल सकेगा। आंगनबाड़ी सेविका पुष्पा देवी ने उपस्थित महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्र द्वारा मिलने वाले सभी प्रकार के लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। घरेलू कामगार असंगठित श्रमिक संगठन की अध्यक्ष पेरमी देवी ने कहा कि हम सभी मिलकर संगठन को मजबूत करेंगे, ताकि हम लोगों को जो समस्या है उसका समाधान कर सकें, और सरकारी लाभ को भी प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में द मार्बल फाउंडेशन के अध्यक्ष दिलखुश कुमार, कोषाध्यक्ष राजकुमार, जिला संयोजक भवेश कुमार के अलावे घरेलू कामगार असंगठित श्रमिक संगठन से जुड़े घरेलू कामगार बहने शोभा देवी, सुमंती देवी, रेखा देवी, हीरा देवी, जुबेदा बीवी निर्मला सुमित्रा देवी, सुलेखा देवी, रकीबा बीवी आदि 30-35 की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
ओड्रा पीपुल्स नेटवर्क्स का दूसरा वार्षिक बैठक आयोजित
कोलकाता/संवाददाता । ओड्रा पीपुल्स नेटवर्र्क्स का दूसरा वार्षिक रजो महोत्सव रविवार को बेश ज़काज़कम में आयोजित किया गया। दिन भर चलने वाला उत्सव मोर एवेन्यू वर्लेस पार्क में कॉर्पोरेशन मीटिंग हाउस में आयोजित किया गया। ओड्रा पीपुल्स नेटवर्क्स ने सुबह के सत्र में अपनी वार्षिक बैठक आयोजित की। वर्ष 2024-25 के लिए नये पदाधिकारियों का चुनाव किया गया। अध्यक्ष पद पर सुशांत कुमार परीडा, संपादक रघुराम नाथ, उपाध्यक्ष नीतीश आचार्य, कोषाध्यक्ष सत्यनारायण बेहरा, सलाहकार कार्तिक चंद्र साहू चुने गये। ओड्रा दो साल से इस क्षेत्र के पुनरुद्धार में लगा हुआ है और उसने 250 पेड़ लगाए हैं और उनकी सुरक्षा भी कर रहा है। कार्यकर्ता ने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए पौधे लगाना एक महत्वपूर्ण कार्य है। इस दिन सुबह के सत्र के अंत में, 100 उड़िया परिवार रजो महोत्सव में शामिल हुए । रजो जीत, रजो पीठा, मिठाई, भोजन रजो पान सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। ओड्रा के प्रमुख कार्तिक चंद्र साहू की देखरेख में युवा सदस्यों के सहयोग से कार्यक्रम काफी मनोरंजक रहे । रजो महोत्सव को मनाने के लिए विनय कुमार उपाध्याय और मनोज कुमार शर्मा अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। सुरेंद्र महांति, राधाकांत पात्रा, संजीता मिश्रा, ज्ञानरंजन शाह, प्रद्युस विश्वाल, प्रताप सामल, मीना साहू, करिश्मा साहू, गीतांजलि महापात्रा, सुप्रिया परिडा, जयस्मिता ढिंडा, स्मृति आचार्य, त्रिरेनी शर्मा, ज्योत्सना पात्रा, गायत्री स्वैन, पिंकी, सरोज लक्ष्मी नाथ, तुषार साहू, शंकर्षण महापात्र, समीर रथ, बृन्दावन, सुरेंद्र महांति, अजय महांति, सुनील साहू, रोहन, रोशन, काम्या, स्वराज ने उड़िया संस्कृति के महान त्योहार रजो के साथ कई प्रवास अनोखे अंदाज में बिताए।