- दुर्गा पूजा के श्रेष्ठ पंडाल, प्रतिमा को पुरस्कृत करने का निर्णय
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान तथा योगमाया मानवोत्थान ट्रस्ट के युग्म बैनर तले इस वर्ष माँ दुर्गा प्रतिमा एवं पंडाल को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया गया है। इस आशय की जानकारी विवेकानंद संस्थान के केन्द्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार सिंह देव, संरक्षक प्रो. रामनन्दन सिंह व योगमाया ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष ई. अंजनी कुमार मिश्रा ने दी। ज्ञात हो कि शारदीय नवरात्र के दौरान दुर्गा पूजा में मां दुर्गा का आगमन हाथी पर होगा। यह अतिवृष्टि का सूचक है। मां दुर्गा की वापसी मनुष्य के कंधे पर होगी और यह सुख समृद्धि का कारक है। 26 सितम्बर को कलश स्थापन के साथ नवरात्र प्रारंभ हो जाएगा। 26 सितंबर को माता के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री, 27 को ब्रह्मचारिणी, 28 को चंद्रघंटा, 29 को कुष्मांडा, 30 को स्कंदमाता और एक अक्टूबर को माता के छठे स्वरूप कात्यायनी की पूजा की जाएगी। दो अक्टूबर को महासप्तमी होगी और इस दिन माता के सातवें स्वरूप कालरात्रि की पूजा की जाएगी। इस दिन बेलभरनी पूजन भी होगा। तीन अक्टूबर को माता के आठवें स्वरूप महागौरी की पूजा की जाएगी। इस दिन सुहागिन महिलाओं द्वारा मां दुर्गा को खोइछा दिया जाएगा। चार अक्टूबर महानवमी के दिन माता के नवम स्वरूप सिद्धिदात्री की पूजा अर्चना के पश्चात बकरे की बलि होगी। पांच अक्टूबर को विजयादशमी होगी और इस दिन मां दुर्गा का विसर्जन किया जाएगा। इस दिन श्रद्धालुओं द्वारा कुमारी कन्याओं को भोजन कराकर दान-दक्षिणा भी दिया जाता है।
तक्षशिला में महालया पर कार्यक्रम आज
देवघर/वरीय संवाददाता। देवनगरी देवघर में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारी जोर शोर से की जा रही है। इस क्रम में प्रतिवर्ष तक्षशिला विद्यापीठ में भी महालया के अवसर पर महिषासुर मर्दिनी मां दुर्गा पर नाट्य रूपांतरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया जाता रहा है। वहीं इस वर्ष भी महालया कार्यक्रम को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। रविवार को संध्या 6:15 बजे से स्कूल के ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। स्कूल के प्रबंध निदेशक पूर्व मंत्री केएन झा से प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस वर्ष आयोजित होनेवाले महालया कार्यक्रम को जीवंत रूप प्रदान करने के लिए कलाकारों के चयन पर विशेष ध्यान दिया गया है। वहीं कार्यक्रम को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल है।
सुविरानंद महाराज ने केएन झा को किया सम्मानित
देवघर/वरीय संवाददाता। रामकृष्ण मठ एवं रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ के जेनरल सेक्रेटरी स्वामी सुविरानंद जी महाराज ने हिंदी विद्यापीठ के वर्तमान व्यवस्थापक कृष्णानंद झा को सम्मानित किया। रामकृष्ण मिशन की शताब्दी समारोह में भाग लेने देवघर आये स्वामी जी से शनिवार को श्री झा ने औपचारिक भेंट की व उनका कुशलक्षेम पूछा। वहीं स्वामी जी ने श्री झा का खुलकर स्वागत करते हुए पुष्पगुच्छ के साथ बाबा मंदिर का प्रतीक चिन्ह आदि प्रदान कर स्वागत किया। इस अवसर पर दोनों ने शिक्षा व सामाजिक उन्नति के संबंध में काफी देर तक चर्चा की। वहीं स्वामी जी ने देवघर में श्री झा द्वारा शिक्षा जगत में किये जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने श्री झा के व्यक्तित्व से प्रभावित होने की बात करते हुए संतुष्टि जाहिर कर लोगों के लिए अनुकरणीय बताया।
मैडम भीखाजी कामा को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार ने जयंती पर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में राष्ट्रवादी आंदोलन की प्रमुख नेता रही स्वर्गीय मैडम भीखाजी कामा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे भारतीय मूल की पारसी नागरिक थी जिन्होंने कई देशों का भ्रमण कर भारत की स्वतंत्रता के पक्ष में माहौल बनाया। आदर्श और दृढ़ संकल्प प्रतिमूर्ति थी वे। निरापद तथा सुखी जीवन वाले वातावरण का परित्याग कर उन्होंने भारत की स्वाधीनता के लिए लड़ते हुए लंबी अवधि तक निर्वासित जीवन बिताया था। श्रीमती कामा का बहुत बड़ा योगदान साम्राज्यवाद के विरुद्ध विश्व जनमत जागृत करना तथा विदेशी शासन से मुक्ति के लिए भारत की इच्छा को दावे के साथ प्रस्तुत करना था। स्वराज के लिए आवाज उठाने वाली मैडम भीखाजी कामा भारत का प्रथम राष्ट्र ध्वज फहराने के लिए सुविख्यात है (जर्मनी में हुई 7वीं अंतरराष्ट्रीय कांग्रेस में) और उन्होंने नारा दिया आगे बढ़ो हम भारत के लिए हैं और भारत भारतीयों के लिए है।
कुलपति के नाम एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन
देवघर/वरीय संवाददाता। शनिवार को कांग्रेस छात्र संगठन एनएसयूआई के द्वारा सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय कार्यकारी अध्यक्ष रवि वर्मा के नेतृत्व में एसकेएम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सोना झरिया मिंज के नाम विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार सिंह को प्रतिनिधिमंडल द्वारा छात्र/छात्राओं के साथ घेराव करते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय कार्यकारी अध्यक्ष रवि वर्मा ने मांग किया कि पीजी के सत्र-2020-22 के परीक्षा परिणाम जो विश्वविद्यालय द्वारा जारी किया गया है उसमें पीजी के विभिन्न विषयों में अधिकतर छात्रों को फेल कर दिया गया है। जिससे वह झारखंड सरकार द्वारा निकाली गई शिक्षक बहाली की फॉर्म नही भर पाएंगे, इसलिए छात्रहित को देखते हुए एनएसयूआई यह मांग करती है कि विश्वविद्यालय द्वारा पुन: कॉपी को जांचते हुए परीक्षा परिणाम घोषित किया जाए। इसके उपरांत मौके पर विश्वविद्यालय महासचिव सैफ दानिश ने वहां उपस्थित सभी छात्र/छात्राओं को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन एनएसयूआई की ओर से यह आश्वाशन दिया की एनएसयूआई उनकी हर छोटी से बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर है। उनकी हर समस्याओं का समाधान कॉलेज से लेकर विश्वविद्यालय तक करेगी। मौके पर मुख्य रूप से महासचिव सैफ दानिश, विश्वविद्यालय सचिव सुनील यादव, छात्र नेता मुख्तार अंसारी, आदर्श केशरी, रोहित कुमार, मयंक कुमार, कुंदन यादव, शशांक कुमार आदि दर्जनों सदस्य मौजूद थे।
शारदीय नवरात्र इस वर्ष सुखदायी : डॉ. जाह्नवी
देवघर/वरीय संवाददाता। डॉ महर्षि जे. जाह्नवी ने कहा कि इस वर्ष शारदीय नवरात्र 26 सितंबर से आदिशक्ति मां दुर्गा दुर्गतिनाशिनी का आगमन हाथी पर हो रहा है जो शुभ फल प्रदान कर वर्षा के संकेत हैं जो अन्न धन-धान्य समृद्धि हरियाली के अच्छे संकेत है। माता दुर्गा का गमन पांच अक्टूबर बुधवार को देवी डोली पर जायेगी जो शुभ, मंगल अति सुंदर सुख शांति समृद्धि लाभ के सूचक है। आश्विन शुक्ल पक्ष प्रतिपदा सोमवार 26 सितंबर से नवमी तिथि तक भक्ति भाव, अर्चना, आराधना-उपासना, पूजा पाठ, प्रेम-सौहार्द्र के साथ सभी भाई-बंधु, परिवार -समाज, पास -पडोस के सनातन संस्कृति के हिन्दू धर्मी धूमधाम मनायें। दसवें दिन माता के कलश घट का विसर्जन के बाद पारणा किया जाएगा। यह पर्व त्यौहार सबसे ज्यादा उमंग उल्लास, उत्साह खुशियों का सौभाग्यप्र्रद हिंदुओं का पर्व है।