देवघर/नगर संवाददाता। देवघर वासियों के लिए ही नहीं बल्कि देश विदेश में निवास करने वाले सनातन संस्कृति के लोगों के लिए श्रावण मास विशेष महत्व रखता है। ना सिर्फ प्रशासनिक महकमा अपितु देवघर के सभी नागरिक कांवरियों की सेवा में तत्परता से अपने समर्थ के अनुसार जुड़ जाते हैं। ऐसे में हमारे नन्हे-मुन्ने बच्चे पीछे कांवरियों की सेवा करने में पीछे क्यों रहे। इसी सिलसिले में सावन की दूसरी सोमवारी को हैप्पी फीट स्कूल के बच्चों ने रूट लाइन में कांवरियों की सेवा की। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि हमेशा यह प्रयास रहता है कि बच्चों में अच्छे नागरिक के गुण विकसित किया जाए। सावन के इस पवित्र माह में बच्चों में सेवा भाव विकसित करने हेतु कांवरियों की सेवा करने उनके बीच फल वितरण हेतु उन्हें कांवरिया रूट लाइन में ले जाया गया। जहां बच्चे ने कांवरियों के बीच फल, पेयजल, लस्सी आदि का वितरण किया और बोल बम के जयकारे लगाते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। कांवरिया भाई बंधु भी बच्चों के हाथों फल पानी आदि प्राप्त कर काफी आनंदित नजर आ रहे थे। इस अवसर पर बच्चों के अभिभावक ने भी स्कूल प्रबंधन को इस नेक कार्य के लिए काफी प्रशंसा की। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल की शिक्षिका प्रगति, नेहा, टिंकी, खुशी कुमारी, खुशी सिंह, दिव्या, रिया, अंजलि एवं रूपाली ने महती भूमिका निभाई।
स्थायीकरण की मांग पर मनरेगा कर्मचारी संघ का हड़ताल जारी
देवघर/नगर संवाददाता। वादा निभाओ स्थाई करो मुहिम के तहत झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के बैनर तले मनरेगा कर्मचारी लगातार नौवें दिन अनिश्चित कालीन हड़ताल पर डटे हुए हैं। मांगों को लेकर मनरेगा कर्मियों ने मंगलवार को सूचना भवन के सामने अनिश्चितकालीन धरना पर बैठे हुए हैं। संघ के नेताओं ने कहा मांगों को लेकर दो जुलाई को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया गया था। परंतु सरकार की ओर से वार्ता की पहल नहीं की गई। इसके अलावा 18 से 20 जुलाई तक सांकेतिक हड़ताल किया गया था। इसके बावजूद सरकार की निंद्रा भंग नहीं हुई। जिससे बात होकर झारखंड राज्य मनरेगा कर्मचारी संघ के सदस्य 22 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। बावजूद इसके श्रावणी मेला को महत्वपूर्ण मनाते हुए कुछ मनरेगा कर्मी हड़ताल का समर्थन करते हुए बिना उपस्थिति दर्ज किए कांवरियों की सेवा में जूटे हुए हैं। इस बाबत संघ के जिला सचिव विजय कुमार ने कहा कि आज तक हम लोग सिर्फ सरकार की सुनते आए हैं अब सरकार को मेरी सुनाई पड़ेगी और मनरेगा कर्मियों को स्थाई करना पड़ेगा। जिला अध्यक्ष सत्यम कुमार सिंह ने कहा कि जब तक हम ग्रेड पे नहीं ले लेंगे तब तक हड़ताल जारी रहेगा। मीडिया प्रभारी गुंजन कुमार दुबे ने कहा कि सरकार ने हम लोगों से वादा किया है कि मनरेगा कर्मियों को इस बार अस्थाई करेंगे। रोजगार सेवक रामदेव दास ने कहा कि अगर हमारी मांगे पूर्ण नहीं हुई तो हम मनरेगा कर्मी सरकार के खिलाफ वोट करेंगे। संयोजक उदय शंकर पांडेय ने कहा कि इस बार मनरेगा कर्मी आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। संघ के नेताओं ने कहा कि विभागीय मंत्री इरफान अंसारी के साथ संघ की वार्ता हो रही है, लेकिन मनरेगा कर्मियों के हित में बातें नहीं बन रही है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि बहुत जल्द आप लोगों की जय मांगे पूर्ण कर ली जाएगी। मौके पर संघ के जिला अध्यक्ष सत्यम कुमार सिंह, सचिव विजय कुमार, राजेश कुमार वर्मा, ब्रजकिशोर मुर्मू, गणेश हांसदा, रामानंद झा, राजेंद्र कुमार, नरेश दास, जितेंद्र प्रसाद गुप्ता, रंजीत कुमार राय, उदय शंकर पांडेय, रंजीत कुमार, रामदेव दास, महेंद्र कुमार वर्मा, प्रभाकर प्रकाश, राजेश कुमार सिंह, संजय कुमार, विनोद कुमार सिंह, जनार्दन प्रसाद यादव सहित अन्य मनरेगा कर्मी उपस्थित थे।
सेवार्थ ने की कांवरियों की सेवा
देवघर/वरीय संवाददाता। स्थानीय समाजसेवी संस्था सेवार्थ द्वारा राजकीय श्रावण मेला में बाबा बैद्यनाथ पर जल अर्पित करने देवघर आये श्रद्धालुओं को पिछले 22 जुलाई से लगातार सेवा दी जा रही है। इसी क्रम में सावन के कांवरिया रूट लाइन में सेवार्थ के सदस्यों द्वारा पानी की बोतल, ड्राई फ्रूट इत्यादि वितरित किया गया।
मौके पर सेवार्थ श्रावणी सेवा चलन्त शिविर के संयोजक अजीत कुमार पाहुजा उर्फ मोंटी ने बताया कि विगत 22 जुलाई से प्रतिदिन सुबह देवतुल्य कांवरियों की सेवा की जा रही है। इस दौरान सेवार्थ परिवार द्वारा चलंत सेवा के माध्यम से जलसार पार्क चौक, शिवराम झा चौक, रांगा मोड़ इत्यादि स्थानों पर देवतुल्य कांवरिया श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है जिसमें पानी की बोतल, ड्राई फ्रूट्स, इत्यादि का वितरण किया जा रहा है।
रेल हादसा पर इंटक नेता ने जताया दुख
देवघर/वरीय संवाददाता। जिला इंटक के अध्यक्ष अनंत मिश्रा एवं झारखंड प्रदेश इंटक के प्रदेश सचिव अजय कुमार ने चक्रधरपुर रेल मंडल के राज खरसवां बड़ाबांवो स्टेशन के बीच हुए रेल हादसा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रेल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की है।
जारी एक बयान में श्री मिश्रा एवं श्री कुमार ने कहा कि दूर-दूर तक यात्रा करने के लिए रेल काफी ही सुगम साधन है मगर आए दिन हो रही रेल दुर्घटनाओं के चलते रेल यात्रियों के दिल में रेल यात्रा के प्रति असुरक्षित यात्रा की भावना समा गई है जिसके चलते रेल यात्रा कि विश्वसनीयता के सामने एक प्रश्न चिन्ह लग गया है।
नौ सूत्री मांगों को लेकर राज्यस्तरीय अनुसूचिवीय कर्मचारी संघ का हड़ताल जारीजारी
देवघर/नगर संवाददाता। नौ सूत्री मांगों को लेकर राज्य स्तरीय अनुसूचिवीय कर्मचारी संघ समाहरणालय संवर्ग के कर्मचारियों का 24 जुलाई से लगातार जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को सातवें दिन भी जारी रहा। संघ के सदस्य सात दिनों से कोषागार के समीप धरना पर बैठे हुए हैं। संघ सदस्यों का कहना है कि जबतक हमलोगों की मांगे पूरी नहीं हो जाती है तब तक आंदोलन जारी रहेगा। संघ के नौ सूत्री मांगों में सरकार द्वारा अनुमोदित उच्चस्तरीय समिति की अनुशंसा के आलोक में निम्नवर्गीय लिपिक के ग्रेड पे को 1900 से बढ़ाकर 2400, उच्चवर्गीय लिपिक का ग्रेड पे 4200, प्रधान लिपिक का ग्रेड पे 4600, कार्यालय अधीक्षक का ग्रेड पे 4800 तथा प्रशासी अधिकारी का ग्रेड पे 5400 करने, उच्चस्तरीय समिति की अनुशंसा के आलोक में अविलंब पद सृजन की कार्रवाई करने, एमएसीपी की कालावधि 10 वर्ष से घटाकर 8 वर्ष किया जाए तथा पद सोपान के अनुरूप एमएसीपी की संख्या एवं वेतनमान अनुमान्य किया जाए सहित अन्य मांगे शामिल है। मौके पर जिलाध्यक्ष विनय कुमार देव, जिला सचिव कृष्ण कुमार सिन्हा, कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद देहरी, वरीय उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, उपाध्यक्ष संजय कुमार चौधरी, रतन कुमार मिश्रा, अनिल कुमार, सरोजित हांसदा, अविनाश गिरि, संयुक्त सचिव मनोज कुमार मांझी, बिनोद कुमार टूडू, राजीव रंजन, कार्यालय सचिव सुधीर कुमार झा, कोषाध्यक्ष प्रितम कुमार पांडेय, उप कोषाध्यक्ष राहुल कुमार सहित संघ अन्य सदस्य उपस्थित थे।
पुण्यतिथि पर गोस्वामी तुलसीदास को श्रद्धांजलि
देवघर/वरीय संवाददाता। बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के पूर्व प्रवक्ता अजय कुमार ने पुण्यतिथि पर गोस्वामी तुलसीदास को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे हिंदी साहित्य के महान कवि, एक राम भक्त तथा एक समाज सुधारक तीनों रूपों में एक साथ मान्य हैं। तुलसीदास भक्तिकाल की सगुण भक्ति धारा की राम भक्ति शाखा के प्रतिनिधि कवि हैं। तुलसीदास का लिखा हुआ श्री राम को समर्पित ग्रंथ श्रीरामचरितमानस बाल्मीकि रामायण का एक ऐसी अवधी भाषा का अनुवाद है जिसमें अन्य भी कई कृतियों से महत्वपूर्ण सामग्री समाहित की गई है। कविता भक्ति से परिपूर्ण श्री रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास हिंदी साहित्य के आकाश में एक चमकीले नक्षत्र के रूप में हमेशा चमकते रहेंगे।
अनियंत्रित कार पलटने से एक कांवरिया की मौत, चार घायल
- देवघर से रांची जाने के क्रम में हुआ हादसा
देवघर/संवाददाता। देवघर-गिरीडीह मुख्य मार्ग पर देवीपुर थाना क्षेत्र के कोल्हाड़िया मोड़ के पास रविवार क देर रात को एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे पलट गई। इस घटना में कार पर सवार पूजा कर वापस लौट रहे एक श्रद्धालु की मौत हो गई। वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक का नाम 45 वर्षीय अनिल कुमार है जो रांची के कांके रोड का रहने वाला है। घायलों में हर्ष चंद्रा, सुदामा साह, सोमिल्या रोय कांके रोड और धीरज मुंडा पिस्का मोड़ का रहने वाला है। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना रात करीब 1.30 बजे के आसपास ी बताई जाती है। सूचना मिलते ही देवीपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार देर रात को सदलबल घटनास्थल पहुंचे और स्थानीय लोगों कि मदद से इलाज के लिए सभी को एम्बुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजवाया। घायलों ने बताया कि पांच लोग कार से बाबाधाम पूजा कर बासुकीनाथ गए थे। वहां से पूजा कर वापस रांची देर रात को लौट रहे थे। उसी क्रम में शायद चालक को झपकी आ गई और वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे पलट गया।
कांवरिया का मोबाइल और नकदी चोरी
देवघर/संवाददाता। कुंडा थाना क्षेत्र के तपोवन जमुआ के पास सोमवार देर रात को आराम कर रहे कांवरिया का दो मोबाइल एवं लगभग 12 हजार नकद की चोरी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। इसकी शिकायत लेकर कांवरिया कुंडा थाना पहुंचे। पीड़ित कांवरिया बिहार के समस्तीपुर जिला के थाना पटोरी ग्राम धामोंन निवासी राजेश कुमार और अवधेश राय ने बताया कि 21 लोगों के साथ एक सवारी वाहन से बाबाधाम पूजा करने आये थे। उपरांत बासुकीनाथ धाम से पूजा कर सोमवार कि देर शाम को वापस लौट रहे थे। ज्यादा थके होने के कारण सभी लोग तपोवान जमुआ के पास स्थित एक चबूतरा पर आराम करने लगे। देर रात को अज्ञात चोरों ने दो मोबाइल और लगभग 12 हजार रुपए चोरी कर लिया। बताया कि सभी का जब तीन बजे सुबह के आसपास नींद खुली तब चोरी होने का पता चला। इधर शिकायत लेकर कुंडा पुलिस जांच में जुट गई है।
मोबाइल की छिनतई
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के तिवारी चौक के पास सोमवार की देर शाम को बाइक सवार दो बदमाशों न एक छात्र के हाथ मोबाइल की छिनतई कर ली और फरार हो गये। पीड़ित छात्र का नाम प्रवीण कुमार है जो बांका जिला के सूईया का रहने वाला है। वर्तमान वह रांगामोड़ में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करता है। बताया कि सोमवार की देर शाम को तिवारी चौक की ओर से रांगामोड़ वापस लौट रहा था। उसी क्रम में मोबाइल पर किसी का कॉल आ गया तो बात करने लगा। उसी क्रम में बाइक पर सवार दो बदमाश उसके करीब पहुंचा और हाथ से मोबाइल छिनतई कर फरार हो गया। इधर नगर थाना पुलिस द्वारा उससे मोबाइल खोने का फार्म भराकर वापस भेज दिया गया। दूसरी घटना शिवगंगा घाट के पास की है। जहां छत्तिसगढ़ के एक श्रद्धालु के बैग से मोबाइल की चोरी कर ली गयी। पीड़ित तपीश चौरा ने इसकी नगर थाना में शिकायत किया है।
खाद्य सुरक्षा उड़नदस्ता टीम ने चलाया जांच अभियान
- चिकन-मटन बेचने वाले संदीप फास्टफूड को कराया बंद
देवघर/संवाददाता। श्रावणी मेला में देवघर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, खाद्य व पेय पदार्थ उपलब्ध हो, इसे लेकर उपायुक्त द्वारा गठित दो उड़नदस्ता टीम ने मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों में विक्रय किये जा रहे खाद्य पदार्थों की ऑन स्पाट जांच की गयी। साथ ही प्रयोगशाला जांच हेतु भेजा जायेगा। टीम-1 द्वारा प्राइवेट बस स्टैंड, लक्ष्मी मार्केट तथा जलसार रोड क्षेत्रों के आस-पास 29 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गयी। बाबाधाम होटल, शिवम लस्सी दुकान, तिवारी मिष्ठान भण्डार, श्रीकृष्णा स्टोर, शिव बाबा स्वीटस, मां मीरा स्वीटस, कांवरिया नि:शुल्क भोजनालय, मां तारा होटल, कुबेर भंडार, सुमित स्टोर, नवीन स्टोर, इनुज स्टोर, बालाजी स्टोर, रवी ट्रेडर्स, शुभम ट्रेडिंग, बावर्ची सर्विस, साई रेस्टोरेन्ट, बालाजी रेस्टोरेन्ट, मां भगवती मिष्ठान भंडार आदि। राम जानकी मंदिर रोड स्थित संदीप फास्ट फूड में बिना वैध खाद्य अनुज्ञप्ति के खुले में मीट तथा चिकन का विक्रय किया जा रहा था। साथ ही प्रतिष्ठान में काफी गंदगी पायी गयी। संदीप फास्ट फूड को बंद करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त टीम 2 द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा से संबंधित विभिन्न मानकों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के कम में पेड़ा का नमूना भी लिया गया। इसमें पेड़ा बनाने में उपयोग किये गये दूध की गुणवत्ता यथ फैट की मात्रा, यूरिया, डिटर्जेन्ट, स्टार्च इत्यादि की मिलावट की जांच की जाएगी। अग्रतर कार्रवाई खाद्य विशेषज्ञ के जांच प्रतिवेदन के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत की जाएगी। उड़नदस्ता दल द्वारा कुल 64 खाद्य पदार्थों की ऑन स्पाट जांच की गयी। जिसमें 62 सही तथा दो गलत पाये गये। उड़नदस्ता दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, देवघर संजय कुमार, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, साहेबंज दिनेश मरांडी, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, पश्चिम सिंहभूम अभिषेक आनन्द, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, गोड्डा मोईन अख्तर, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, देवघर आशिष रंजन, प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, मोहनपुर रोहित कुमार तथा प्रयोगशाला प्रावैधिक संजय कमार वर्मा शामिल थे।
चेन छिनतई को लेकर मामला दर्ज, आरोपी गया जेल
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के अंबेदकर चौक पास सोमवार को एक युवक के गले से चांदी की चेन छिनतई कर ली गयी थी। पीड़ित के हल्ला मचाने पर यातायात पुलिस के जवानों ने एक आरोपी को दबोच कर नगर पुलिस के हवाले कर दिया था। इसे लेकर जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहिणी निवासी मो अफसर ने मामला दर्ज कराया था। मामले में धराये आरोपी कुंडा थाना क्षेत्र के करनीबाग निवासी अपराधी प्रशांत कुमार झा को पुछताछ के बाद मंगलवार को जेल भेज दिया गया। बताते चलें कि प्रशांत झा पूर्व में भी कई संगीन मामले का आरोपी रहा है।
नाली विवाद में हुए मारपीट को लेकर मामला दर्ज
देवघर/संवाददाता। नगर थाना में नाली का पानी बहाने को लेकर हुए विवाद में हुए मारपीट को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। यह मामला बेलाबगान निवासी माधुरी देवी ने दर्ज कराया है। जिसमें गणेश महथा, कार्तिक महथा, छोटू महथा, इन्द्रदेव महथा, बिट्टू महथा, ममता देवी, देवनंदन महथा, नारायण महथा सभी बेलाबगान निवासी को आरोपी बनाया है। नगर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गयी है।
दो बाइक की चोरी
देवघर/संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के दो अलग- अगल इलाके से दो बाइक की चोरी कर लिये जाने का मामला सामने आया है। बाइक चोरी को लेकर देवीपुर थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद निवासी दिनेश दास ने नगर थाना में मामला दर्ज कराया है। वहीं श्रद्धालु उत्तरप्रदेश के गोरखपुर सोनवर्षा निवासी विक्रम कुमार ओझा ने नगर थाना में इसकी शिकायत दी है। कहा है कि वह शिवगंगा स्थित एक प्राइवेट पार्किंग में नई बाइक को लगाकर पूजा करने चला गया था। वापस लौटा तो बाइक को गायब पाया। नगर पुलिस शिकायत लेकर जांच में जुट गयी है।
देशभक्ति से ओत-प्रोत होगा स्वतंत्रता दिवस समारोह : उपायुक्त
- स्वतंत्रता दिवस की तैयारी को ले उपायुक्त ने की बैठक
- बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित करने का लिया गया निर्णय
- सभी विभागों के पदाधिकारियों को दिये आवश्यक निर्देश
देवघर/वरीय संवाददाता। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी विशाल सागर की अध्यक्षता मेें मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस की समारोह की तैयारियों को लेकर सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश का अनुपालन करते हुए जिले में स्वतंत्रता दिवस को मनाए जाने को लेकर बैठक का अयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। इस दौरान उपायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस की तैयारी को लेकर विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था व मुख्य कार्यक्रम स्थल पर की जाने वाली तैयारियों को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साथ ही स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल संचालन हेतु झंडोत्तोलन का समय, परेड में शामिल होने वाले विभिन्न टुकड़ियों के पूर्वाभ्यास, राष्ट्रगान का पूर्वाभ्यास एवं मुख्य समारोह स्थल पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अन्य कार्यक्रमों को संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा स्वतंत्रता दिवस की विभिन्न तैयारियों के अलावा सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम से जुड़े विभिन्न कार्यों के आयोजन करने का निदेश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। साथ हीं उपायुक्त ने केकेएन स्टेडियम में होने वाले मुख्य कार्यक्रम के अलावा विधि व्यवस्था संधारण को लेकर संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया। आगे बैठक के दौरान उपायुक्त ने शहर को पूर्ण रूप से स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के अलावा वीर शहीदों एवं महान स्वतंत्रा सेनानियों के प्रतिमा की साफ-सफाई को लेकर नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही उपायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस पर सुबह आयोजित होने वाली प्रभातफेरी एवं संध्या बेला में आयोजित होने वाली देशभक्ति पर आधारित होने वाले सांस्कृति कार्यक्रम को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजकीय जिले मेें विभिन्न क्षेत्रों ( चाइल्ड लेबर, दहेज कुप्रथा, शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान आदि) में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावे उपायुक्त ने बैठक के दौरान स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु मुख्य समारोह स्थल के मैदान को सुसज्जित करने के अलावा मुख्य समारोह स्थल पर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था, अग्निशमन एवं विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। साथ हीं उपायुक्त ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी कार्यो को ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में कौन-कौन अधिकारी थे उपस्थित : बैठक के दौरान उपरोक्त के अलावे उप विकास आयुक्त नवीन कुमार, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर, सागरी बराल, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, हेडक्वाटर डीएसपी, सार्जेण्ट मेजर, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, अग्निशमन पदाधिकारी, रेड क्रॉस सोसाइटी, देवघर, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी, एलडीएम, देवघर, राम कृष्ण मिशन, देवघर एवं संबंधित विभाग के अधिकारी, सदस्य व कर्मी आदि उपस्थित थे
बाबा पर जलार्पण कर गदगद हो रहे हैं कांवरिया
देवघर/वरीय संवाददाता। श्रावणी मेले मेले के नौवे दिन मंगलवार को कांवरिये बाबा मंदिर पहुंचने के बाद अरघा के माध्यम से जलार्पण कर काफी गदगद नजर आये। मंदिर के निकास द्वार से नाचते गाते निकलते दिखे। पट बंद होने तक हजारों कांवरिया ने बाबा पर जलार्पण किया। जलार्पण की व्यवस्था से कांवरिये भी संतुष्ट नजर आ रहे हैं। बाबा पर जल चढ़ाने के बाद माता पार्वती पर जल अर्पित करने के लिए रोजाना लंबी कतार लग रही है। माता पार्वती की स्पर्श पूजा से कांवरियों में उत्साह देखा जा रहा है।