प्रत्यक्ष दर्शियों ने कहा कि बदले की भावना से की गयी हत्या
महेशपुर/संवाददाता। थाना क्षेत्र अंतर्गत बासमती गांव में एक युवक की चाकू से वार कर निर्मम हत्या कर दी गयी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरीशपुर निवासी चंदन मंडल का दामाद रंगा थाना क्षेत्र निवासी विश्वजीत गोराई भौंरी कौचा मंदिर नव विवाहिता पत्नी के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बासमती निवासी सीताराम मंडल की पत्नी एवं दामाद बीरू मंडल, पुत्र देव मंडल ने विश्वजीत गोराई के साथ हाथापाई शुरू करते हुए चाकू से गोद कर उसकी हत्या कर दी। बता दें कि मृतक विश्वजीत गौराई पूर्व में बीरू मंडल की बेटी के साथ विवाह किया था और उसकी पुत्री की हत्या कुछ वर्ष पूर्व हो गई थी। वीरू मंडल पुत्री की हत्या का दोषी विश्वजीत गौराई को मानता था। वहीं लोगों की मानें तो वीरू मंडल बदले की भावना को लेकर सगे संबंधियों के साथ मिल कर विश्वजीत गौराई को चाकू से गोद कर मार डाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झगड़े के दौरान ग्रामीणों ने बीच बचाव करने की कोशिश की। वीरू मंडल एवं उसके पुत्र देव मंडल ने पूर्ण आवेश में आकर चाकू व कुल्हाड़ी से गोद गोद कर विश्वजीत की हत्या कर दी। गुस्साये ग्रामीणों ने वीरू मंडल के घर में तोड़ फोड़ की। इधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर महेशपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार, पुलिस निरीक्षक प्रभु सहाय एक्का, सीओ रितेश जायसवाल, एएसआई बीके सिंह एवं आमड़ापाड़ा पुलिस घटना स्थल पहुंच कर आवश्यक पूछताछ की। उग्र ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने कहा कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक शव को घटना स्थल से उठाने नहीं देंगे। वहीं समाचार भेजे जाने तक घटना स्थल पर ग्रामीणों का हंगामा होते रहा।