-विधानसभा स्तरीय सम्मेलन 12, 13 और 15 जून को होना निर्धारित
पाकुड़/संवाददाता। शहर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी जिला कार्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनवर हयात, अल्पसंख्यक मोर्चा संथालपरगना प्रभारी रिंकू शेख विशेष रूप से मौजूद थे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय ने की। बैठक में भाजपा सरकार के केंद्र में 09 वर्ष पूरा होने पर आयोजित महा जनसंपर्क अभियान की तैयारी को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गयी। जिला अध्यक्ष पांडेय ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के सातों मोर्चा की संयुक्त विधानसभा स्तरीय सम्मेलन जिले के तीन विधानसभा में आगामी 12, 13 एवं 15 जून को होना तय हुआ है। उक्त सम्मेलन को सभी मोर्चा के कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर सफल बनाना है। बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार में अल्पसंख्यक समुदाय को सबसे लाभ मिला है। जिस प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि इत्यादि सभी लाभ जब अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को मिला है तो निश्चित रूप से अब अल्पसंख्यक समुदाय को भी भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़ कर उनको आगे बढ़ाना चाहिए। बैठक में प्रदेश मंत्री भाजपा मिस्त्री सोरेन, प्रदेश कार्य समिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह, नगर परिषद की निवर्तमान अध्यक्ष सम्पा साहा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य दानिएल किस्कू, साहेब हांसदा, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष मुख्तार अंसारी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष सुबोध मंडल, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष रवि जायसवाल, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष जोगेश टुडू, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, दिलीप सिंह, युवा मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य प्रसन्ना मिश्रा, जिला मंत्री जामू मरांडी, पार्वती पासवान, किसान मोर्चा प्रदेश कार्य समिति सदस्य सबरी पाल, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे। वहीं मौके पर अन्य पार्टी छोड़ कर भाजपा कार्यालय पहुंचे। दर्जनों कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाया गया।
कंप्यूटर संस्थान में सर्टिफिकेट वितरण सह सम्मान समारोह का आयोजन
-25 छात्रों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर किया गया सम्मानित
आमड़ापाड़ा/संवाददाता। प्रखंड मुख्यालय स्थित आईआईसीटी कंप्यूटर संस्थान में सर्टिफिकेट वितरण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें सत्र 2022-23 में पास आउट 25 छात्रों को प्रमाण पत्र मेडल देकर सम्मानित किया गया। मौके पर संस्था प्रभारी आरजू परवीन ने बताया कि संस्था में हर वर्ष सैकड़ों बच्चों को पढ़ाया जाता है एवं उन्हें सर्टिफिकेट से सम्मानित किया जाता है। पिछले 12 वर्षों से आमड़ापाड़ा प्रखंड में यह संस्था संचालित है। उन्होंने बताया कि संस्था में गरीब बच्चों को मुफ्त में शिक्षा दी जाती है एवं इस वर्ष भी दसवीं, 12वीं पास आउट बच्चों को विशेष छूट की व्यवस्था की गई है। नामांकन बिल्कुल मुफ्त लिया जा रहा है। मौके पर संस्था के शिक्षक ज्योति मंडल एवं कृष्णा मौजूद थे।
हिरणपुर बाजार से बाइक की चोरी
हिरणपुर/संवाददाता। हिरणपुर बाजार स्थित एक नंबर गली स्थित मिलन रुज की जेवरात दुकान के सामने से एक लाल रंग का ग्लेमर बाइक चोरी हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। जेवरात दुकानदार मिलन रुज ने बताया कि सुबह दुकान खोलने पर बाइक संख्या जेएच 16 सी 0613 को दुकान के सामने रखा था। दोपहर को बाइक नदारद था, इसको लेकर खोजबीन की गई पर बाइक नहीं पाया गया। बहरहाल समाचार लिखे जाने तक थाना में आवेदन नहीं दिया गया था।
अवैध बालू उठाव को लेकर सीओ ने चलाया छापामारी अभियान
-अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को किया गया थाना के सुपुर्द
महेशपुर/संवाददाता। सीओ रितेश जायसवाल ने रविवार को अवैध बालू उठाव कर परिवहन करने के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया। सीओ रितेश जायसवाल ने रोलाग्राम दुर्गा मंदिर के समीप अवैध बालू परिवहन करते तीन ट्रैक्टर जब्त किया। वहीं ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। जब्त ट्रैक्टर को थाना परिसर में रखा गया। इस संबंध में सीओ ने कहा कि डीसी के निर्देशानुसार अवैध धंधा चलाने वाले के खिलाफ छापामारी की जा रही है। जब्त ट्रैक्टर मालिकों के विरुद्ध थाना में कांड दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही थी।