गिरिडीह। संवाददाता। 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से करीब दो सौ बिंडा धान जलकर खाक हो गया। बताया गया कि किसान योगेश वर्मा धान का बिंडा ट्रैक्टर में लोड कर के घर आ रहा था। इसी दौरान 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से धान का बिंडा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस घटना में करीब 10 हजार का नुकसान हुआ है। वहीं आसपास के किसान ने बताया कि धान के बिंडा के साथ- साथ ट्रैक्टर भी जलकर खाक हो जाती, अगर सही समय पर आग पर काबू नही पाया जाता। वही किसान योगेश शर्मा ने कहा कि इस तरह की घटना को रोकने के लिए बिजली विभाग की अधिकारियों को तार थोड़ा ऊपर करना चाहिए, जिससे इस तरह की घटना दोबारा ना घट सके।
ड्रोन कैमरे के माध्यम से उत्पाद विभाग ने की छापामारी
घने जंगल में अवैध महुआ शराब की भट्टी को किया गया ध्वस्त
बिहार के नवादा उत्पाद विभाग की भूमिका रही सराहनीय
गिरिडीह। संवाददाता। उत्पाद विभाग की ओर से स्थानीय थाना के सहयोग से थाना-लोकायनयनपुर ओपी थानसिंहडीह के अंतर्गत कारीपहाड़ी क्षेत्र के घने जंगल में ड्रोन के मदद से छापामारी की गई। छापामारी का नेतृत्व उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक रवि रंजन ने किया। इस दौरान ड्रोन के मदद से कारीपहाड़ी के घने जंगल को स्कैन किया गया, जिसके उपरांत अवैध शराब के अड्डे तक पहुंच अवैध शराब बनाने वाले उपकरण, जावा महुआ एवं भट्टी को नष्ट किया गया और जावा महुआ को जब्त किया गया। साथ ही, अवैध चुलाई शराब कारोबारी के विरुद्ध फरार अभियोग दर्ज किया गया। छापामारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक सह लोकाय नयनपुर थाना प्रभारी अमित कुव चौधरी, पुलिस अवर निरीक्षक सह थानसिंहडीह थाना प्रभारी नीरज कुमार, नवादा उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक राजेश कुमार पटेल, ड्रोन प्रभारी, मद्य निषेध विभाग, नवादा जिला, बिहार एवं सशस्त्र बल के जवान एवं अन्य शामिल थे। उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक रवि रंजन ने अपने मोबाईल नंबर को सार्वजनिक करते हुए अवैध विदेशी शराब एवं स्पिरिट के अवैध गोदाम, निर्माण और परिवहन की सूचना उनके मोबाईल संख्या-9905750037 पर दें। सूचक का पहचान गुप्त रखा जाएगा।
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद व बजरंग दल ने निकाली हनुमान हिंदू सुरक्षा यात्रा
गिरिडीह। संवाददाता। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल का केंद्रीय कार्यक्रम वीर हनुमान हिंदू सुरक्षा यात्रा की शुरुआत सोमवार को 5 बजे शाम टावर चौक से हुई। यहां टावर चौक हनुमान मंदिर से यह यात्रा निकली, जिसमें हनुमान जी का जन्मस्थली अंजन धाम से पूजित हनुमान प्रतिमा का नगर भ्रमण कराया गया। बताया गया कि यह यात्रा 2 दिसंबर से 6 दिसंबर तक गिरिडीह नगर व सदर प्रखंड के 51 हनुमान मंदिर में पहुंचेगी। इस दौरान हनुमान चालीसा पाठ प्रारंभ करवाने का संकल्प करवाया जाएगा। इस यात्रा में प्रांत उपाध्यक्ष नित्यानंद प्रसाद, जिला अध्यक्ष रितेश पांडे, जिला महामंत्री सीताराम हिंदू, जिला मंत्री डब्लू रवानी, नगर कार्य अध्यक्ष जगत कुमार, नगर अध्यक्ष श्याम राणा, महामंत्री रौनक मिश्रा, उपाध्यक्ष अमन कुमार, प्रखंड उपाध्यक्ष संतोष पांडे आदि मौजूद थे।
इनर व्हील क्लब ने सीएम स्कूल पचम्बा में किया ऑरेंज द वर्ल्ड कार्यक्रम
गिरिडीह। संवाददाता। ऑरेंज द वर्ल्ड पर जागरूकता अभियान को जारी रखते हुए इनर व्हील क्लब गिरिडीह ने दोपहर का समय सीएम स्कूल ऑफ एक्सेलेंस हाई स्कूल पचम्बा में बिताया। अध्यक्षा डॉक्टर रूपश्री खेतान और पास्ट इंटरनेशनल एडिटर प्रभा रघुनन्दनन ने इस अभियान के बारे में जानकारी देने के बाद, स्कूल के 9 छात्रों ने घरेलू हिंसा, महिलाओं के प्रति विभिन्न प्रकार के उत्पीड़न के बारे में हिंदी और अंग्रेजी में अपने विचार प्रस्तुत किए। उठाए गए मुद्दे बहुत अच्छे थे। लगभग 200 छात्र-छात्राओं की प्रतिक्रिया बहुत अच्छी थी। वे इस मुद्दे के प्रति सहानुभूति और समर्थन में थे। छात्राओं ने एक छोटी सी नाटिका भी प्रस्तुत की, जिसमें एक युवा महिला की दुर्दशा को दिखाया गया, जहां कोई भी उसकी परवाह नहीं करता या उसका सम्मान नहीं करता। आम संदेश यह था कि महिलाओं को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से खुद को मजबूत करना चाहिए। पुरुषों और वास्तव में पूरे समाज को महिलाओं के खिलाफ हिंसा के प्रति अपना दृष्टिकोण बदलना चाहिए। उन्हें पीड़िता को दोष देना बंद करना चाहिए और उसका समर्थन करना चाहिए। ऐसा ही सारांश डिस्ट्रक्टि वाईस चेयरमेन रश्मि गुप्ता ने बताया। लड़कियों को दिए जाने वाले गलत संदेशों और यह दिखाने के लिए सांकेतिक भाषा को दिखाने वाला एक बड़ा बैनर वहां प्रदर्शित किया गया था कि लड़की खतरे में है। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष डॉ रूपश्री खेतान, डिस्ट्रिक वाईस चेयरमैन रश्मि गुप्ता के अलावा सदस्य नौशाबा अहमद और साध्वी सिंह मौजूद थी।
योगासन खेल संघ झारखंड के अध्यक्ष के निधन पर शोक
गिरिडीह जिला योगासना स्पोर्ट संघ ने किया शोक सभा का आयोजन
गिरिडीह। संवाददाता। योगासन खेल संघ झारखंड के अध्यक्ष संजय सिंह के निधन पर गिरिडीह जिला योगासना खेल संघ की ओर से उनकी आत्मा की शांति के लिए एक शोक सभा आयोजित कर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की गई। गिरिडीह जिला योगासना खेल संघ के अध्यक्ष संतोष शर्मा ने बताया कि संजय सिंह योगासन खेल संघ झारखंड में योगासन खेल को एक मुकाम तक लेकर गये थे। उनके किये गये कार्यों के वजह से आज सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। वो बहुत ही प्रगतिशील और सरल व्यक्तित्व के व्यक्ति थे। आज पूरे संगठन को उनकी कमी खल रही है। शोक सभा का आयोजन पार्श्वनाथ आईटीआई कॉलेज बक्सीडीह में किया गया। इस सभा में गिरिडीह जिला योगासना खेल संघ के मुख्य संरक्षक राजेश जालान, संरक्षक नवीन कांत सिंह, अध्यक्ष संतोष शर्मा, कोषाध्यक्ष अमित स्वर्णकार, सह सचिव दयानंद जायसवाल, कार्यकारणी सदस्य रिंकेश कुमार, रोहित श्रीवास्तव, आकाश स्वर्णकार, उत्कर्ष गुप्ता, रोहित राय, शशिकांत विश्वकर्मा समेत कई सदस्य मौजूद थे।
नाबालिग के साथ दुष्कर्म की सजा में आरोपी को आजीवन कारावास
25 हजार रूपये का लगा जुर्माना
गिरिडीह। संवाददाता। नाबालिग के साथ उसके घर में घुस कर दुष्कर्म करने के आरोपी युवक श्याम पासी को गिरिडीह के विशेष पोक्सो और अष्टम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश यशवंत प्रकाश के कोर्ट ने सोमवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाने के साथ 25 हजार का जुर्माना भी लगाया है। सोमवार को बचाव पक्ष के अधिवक्ता अजय सिन्हा मंटू और सरकारी वकील सुधीर कुमार के दलील के बाद एडीजे आठ सह विशेष पोक्सो कोर्ट के जज यशवंत प्रकाश ने बचाव पक्ष के वकील के दलील को दरकिनार करते हुए आरोपी युवक श्याम पासी को आजीवन कारावास की सजा सुनाने के साथ जुर्माना लगाया। हालांकि दो माह पहले ही इस आरोपी श्याम पासी ने मां के दाह संस्कार में शामिल होने को लेकर कुछ दिनों के पेरोल की मांग किया था। वहीं दो माह बाद सोमवार को एडीजे आठ यशवंत प्रकाश के कोर्ट ने फैसला सुनाया। नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला गिरिडीह के बेंगाबाद थाना इलाके से जुड़े महुआर गांव का है। आरोपी के खिलाफ दो साल पहले पीड़िता ने बेंगाबाद थाना में आवेदन देकर आरोप लगाते हुए कहा था कि उसके पिता और खुद आरोपी श्याम पासी दोनों दुमका में मजदूरी करते थे। पीड़िता के पिता काफी अधिक गरीब होने के कारण मोबाइल नहीं रखते थे। लिहाजा, पीड़िता इसी आरोपी के मोबाइल से दुमका में पिता से बात करती थीं। इसी दौरान श्याम पासी और नाबालिग के पिता दो साल पहले 22 नवम्बर 2011 को दोनों अपने घर लौटे, तो उसी रात आरोपी श्याम नाबालिग के घर उसके पिता को खोजने पहुंचा। पिता के नहीं होने की बात जब पीड़िता ने आरोपी को बताई, तो आरोपी उसके घर घुस गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर परिवार के साथ जान से मारने की धमकी भी दिया। थाना को दिए आवेदन में पीड़िता ने आरोप लगाते हुए कहा कि दूसरे दिन भी आरोपी उसके घर घुस गया, और जब दुष्कर्म करने का प्रयास किया। तो हल्ला किया, इस दौरान उसका भाई समेत परिजन उसे बचाने आए, इस दौरान श्याम ने सभी के साथ मारपीट किया। वहीं घटना के बाद पीड़िता ने थाना में आवेदन देकर केस दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस भी तेज गति से मामले की जांच की।
मंत्रीमंडल सचिवालय व निगरानी विभाग की धज्जियां उड़ा रहे हैं कई विभाग
विभागों की ओर से पूर्ण पता अंकित नहीं करने से जनता को हो रही है परेशानी: सुनील
गिरिडीह। संवाददाता। गिरिडीह के जाने माने सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल ने कहा कि पत्रांक 1044 दिनांक 27/08/2018 को मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से झारखंड सरकार के सभी कार्यालयों को स्पष्ट आदेश दिया गया था कि वह अपने विभाग का पूर्ण पता अंकित करें लेकिन आज तक कोई भी विभाग पूर्ण पता अंकित नहीं करता है जिसके कारण आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यदि संभव हो तो एक दमदार न्यूज बनाइए इसका क्योंकि झारखंड सरकार के बहुत सारे कार्यालय प्रोजेक्ट भवन में हैं, कुछ कार्यालय नेपाल हाउस में है, कुछ कार्यालय ऑड्रे में है, कुछ कार्यालय बूटी रोड में है, तो लोगों को कैसे पता चलेगा की कौन सा कार्यालय कहां पर अवस्थित है। इन विभागों को अपने विभाग का पूर्ण पता अंकित करने में क्या परेशानी है, यह समझ से बाहर की चीज है और सरकार की ओर से लिखित आदेश दिए जाने के बावजूद भी आज 6 वर्ष बीत जाने के बाद भी मामले पर संज्ञान नहीं लिया जा सका है। कहा कि सूचना अधिकार कानून भी पूरी तरह से झारखंड में निष्क्रिय है। सूचना आयुक्तों की नियुक्ति नहीं होने के कारण सूचना आयोग पंगु बनकर रह गया है। उन्होंने राज्य के नवनिर्वाचित हेमंत सरकार खासकर उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि झारखंड में सूचना आयुक्त की नियुक्ति शीघ्र की जाए जिससे सूचना आयोग बेहतर ढंग से काम करे।
ट्रेलर पलटने से चालक घायल
डुमरी। संवाददाता। डुमरी थाना क्षेत्र के डुमरी बाईपास बेरमो रोड ओवरब्रिज के समीप सोमवार को अनियंत्रित होकर एक टेलर जेएच 09 बीएफ 8629 पलट गया। घटना में टेलर में लदे छड़ वाला रिंग सड़क किनारे गिर गया। बताया जाता है कि बोकारो स्टील सिटी से छड़ वाला रिंग लोड कर उक्त टेलर मुम्बई जा रहा था कि उक्त स्थान पर एक थार वाहन चकमा दे दिया। साथ ही, उक्त स्थान पर रोड निर्माण कंपनी रोड की मरम्मत के लिए रोड छिल दिया था, जिस कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और लोड सामान एक तरफ आ गया, जिससे वैन पलट गया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई थी। टेलर चालक गोमो यादव टोला का रहने वाला है जिसे मामूली चोट आई।
जनता से किए गए वादों को किया जायेगा पूरा : जयराम
विधायक बनते ही जयराम लोगों की समस्याओं से हो रहे हैं रूबरू
डुमरी। संवाददाता। नवनिर्वाचित डुमरी विधायक जयराम महतो ने सोमवार को इसरी बाजार में बातचीत में कहा कि क्षेत्र के लोग आश्चर्यचकित हैं कि विधायक हमारे गांव तक हमारी समस्याओं से अवगत होने आ रहे हैं। कहा कि जो मेहनत चुनाव के दौरान किए थे, वहीं मेहनत आज भी कर रहे हैं और भविष्य में करते रहेंगे। बताया कि डुमरी विधानसभा के जितने भी स्कूल, कॉलेज है, सभी का दौरा कर रहे हैं। साथ ही, अपने विधानसभा क्षेत्र के दोनों उपायुक्त से बैठक कर शिक्षा संबंधी जानकारी ले रहे हैं एवं शिक्षा का फंड हम लाकर कैसे इसमें सुधार कर सकते हैं। इसपर चर्चा कर रहे हैं। कहा कि किसानों के सिंचाई के लिए मिनी डैम के लिए व्यवस्था करेंगे। ताकि पानी का संग्रह करके सिंचाई के लिए पानी की उचित व्यवस्था किया जा सके।
जिप सदस्य ने किया बंद पड़े जलापूर्ति योजना को चालू करवाने की मांग
डुमरी। संवाददाता। जिप सदस्या सुनीता कुमारी ने सोमवार को एसडीएम डुमरी से उनके कार्यालय कक्ष में भेंट कर बंद पड़े जामतारा डुमरी जलापूर्ति योजना को चालू करवाने में आ रही त्रुटियों को दूर करते हुए सप्लाई चालू करवाने तथा डुमरी अनुमंडल परिसर निबंधन कार्यालय के पास जिला परिषद से बनी शौचालय में पानी की सुविधा उपलब्ध कराते हुए शौचालय के समीप गिरिडीह रोड तरफ दरवाजा खुलवाने की दिशा में सार्थक पहल करने का आग्रह किया। एसडीएम ने दोनों ज्वलंत समस्याओं का शीघ्र ही निदान करने का भरोसा दिया। इधर जिप सदस्य सुनीता कुमारी ने कहा कि जामतारा डुमरी ग्रामीण जलापूर्ति योजना बीते छ: माह से अधिक समय से बंद है। कुछ मशीनरी समान खराब होने तथा अन्य कुछ चीजों की मरम्मती का अभाव थस, जिसकी मरम्मती करा दी गई है। ट्रांसफार्मर संबंधित शिकायत थी, उसे भी दूर कर दी गई है। मामूली काम के लिए ग्रामीण जलापूर्ती बंद है, उसे चालू कराने पर लगे हैं। वहीं अनुमंडल पहुंचने वाले लोगों को शौचालय की सुविधा पानी के अभाव में नहीं मिल पा रही है। उसका समाधान करने के प्रयास में लगे हैं। इस दौरान पंसस जामतारा अखिलेश राणा उपस्थित थे।