सभी योजनाओं का लाभ अहर्ता पूर्ण करने वाले लोगों तक पहुंचाना है उद्देश्य : उपायुक्त
जामताड़ा। संवाददाता। जिले में 30 अगस्त से 15 सितंबर तक आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत विभिन्न पंचायतों में शिविर लगाया जायेगा। इसको लेकर डीसी कुमुद सहाय ने जिलेवासियों से अपने पंचायतों में लगने वाले शिविर में जाकर अपनी योग्यता के अनुसार योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन देने की अपील किया। डीसी ने कहा कि विगत वर्ष भी इस कार्यक्रम का आयोजन कर जांचोपरांत कई लाभुकों की समस्याओं का ऑन स्पॉट समाधान किया गया था। इस वर्ष भी जिला प्रशासन का प्रयास है कि राज्य सरकार के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ शिविर में ही आमजनों को उपलब्ध कराया जा सके। कोई भी अहर्ताधारी व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे। इसे सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया गया है। कहा कि यह सरकार की अति महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। सरकार की ओर से संचालित सभी योजनाओं का लाभ अहर्ता पूर्ण करने वाले लोगों तक पहुंचाना इसका उद्देश्य है। इसलिए इसके आयोजन एवं प्राप्त आवेदनों, मामलों के निष्पादन में किसी भी तरह की कोई लापरवाही किसी भी स्तर से नहीं हो। इसे सभी को सुनिश्चित करना है। बताया कि जिला एवं राज्य स्तर से सीधे कार्यक्रम की निगरानी होगी। उन्होंने प्रखंड पंचायत एवं ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार प्रसार करने के लिए दिशा निर्देश दिया है। डीसी ने कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविरों में सभी जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए एवं अधिक संख्या में आवेदन लोगों से प्राप्त करेंगे एवं आवेदनों का त्वरित निष्पादन भी करेंगे। इस कार्यक्रम के तहत मुख्य प्रक्षेत्र के अन्तर्गत आवेदन पत्र प्राथमिकता के आधार पर प्राप्त किये जायेंगे, जिसमें झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, अबुआ आवास योजना मुख्य है।
विभिन्न मांगों को लेकर मुखिया संघ की बैठक
नाला। संवाददाता। नाला नेताजी स्टेडियम में झारखंड प्रदेश मुखिया संघ प्रखंड इकाई की बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष अजीत मुर्मू ने की। इस दौरान 27 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना देने के संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय को ज्ञापन सौंपा गया। इस संबंध में राज्य वित्त आयोग की राशि पंचायत को देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर जाकिर हुसैन पार्क राज भवन में शांतिपूर्वक धरना देने को लेकर चर्चा की गई। मुखिया संघ के अध्यक्ष अजीत मुर्मू ने कहा कि 24 जुलाई 2024 एवं 29 जुलाई 2024 को मांग पत्र सौंपा गया था तथा मुख्यमंत्री से मुलाकात स्वयं वार्ता के लिए 20 अगस्त को समय मांगा गया था परंतु कोई सुनवाई एवं सकारात्मक पहल नहीं होने के कारण झारखंड के सभी मुखियागण आक्रोशित हैं। मांग पत्र में उल्लेख है कि विशेष कर सभी मुखिया गण अनिश्चितकालीन धरना पर चले गए हैं, जिसकी जवाबदेही राज्य सरकार की होगी। इस अवसर पर अजीत मुर्मू, रानी सोरेन, मिनिसर मुर्मू, नेफालाल मरांडी, लखी लाल मरांडी, दिलीप टुडू, प्रेमो कोड़ा, हीरामणि मुर्मू, महेश्वर हांसदा, आरती हेम्ब्रम, सोनामुखी सोरेन, बबलू मुर्मू आदि मुखिया मौजूद थे।
केंद्रीय विद्यालय में मनाया गया अंतरिक्ष दिवस
अंतरिक्ष विज्ञान के विभिन्न पहलुओं व उसकी प्रगति की बच्चों को दी गई जानकारी
मिहिजाम। संवाददाता। पीएम केंद्रीय विद्यालय जामताड़ा में अंतरिक्ष दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य राम स्वरूप पंडित ने अंतरिक्ष दिवस के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि स्पेस डे हमें अंतरिक्ष विज्ञान की अद्भुत दुनिया के बारे में जागरूक करता है और हमें अंतरिक्ष के रहस्यों को जानने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षक पवनित कुमार ने की, जहां उन्होंने अंतरिक्ष दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान ने हमारे जीवन में कई सकारात्मक बदलाव लाए हैं और हमें नई संभावनाओं की ओर अग्रसर किया है। विद्यालय की छात्रा श्रुति मुंडा ने अंतरिक्ष विज्ञान के विभिन्न पहलुओं और उसकी प्रगति के बारे में बताया। अंतरिक्ष डे पर विद्यार्थियों के बीच अंतरिक्ष से संबंधित सप्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में छात्र कृत्तिक और अभिजीत तिवारी को उनकी उत्कृष्टता के लिए पुरस्कृत किया गया। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए प्रधानाध्यापक महेश प्रसाद साह ने इस दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
प्रखंड मनरेगा संघ की हुई बैठक
नाला। संवाददाता। नाला नेताजी स्टेडियम में प्रखंड मनरेगा संघ की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता तापस मंडल ने की। इस दौरान मनरेगा कर्मियों की चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चर्चा की गई। इस संबंध में कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे तापस मंडल ने बताया कि हमारी प्रमुख मांगे नियुक्ति नियमावली में आवश्यक सुधार सह ग्रेड पे के साथ नियमितीकरण है। कहा कि सरकार जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगी। इस दौरान कर्मियों ने नारेबाजी भी की। मौके पर सहायक अभियंता निखिल चंद्र साह, लेखा सहायक गौतम रूज, कनीय अभियंता रामजतन मुर्मू, कनीय अभियंता कुंदन कुमार, रोजगार सेवक स्वाधीन घोष, तापस मंडल सहित अन्य मौजूद थे।