भारत विकास परिषद बैद्यनाथधाम शाखा ने किया पांच स्कूलों में आयोजित
देवघर/वरीय संवाददाता। भारत विकास परिषद बैद्यनाथधाम शाखा की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव पर विगत वर्षों की तरह भारतीय संस्कृति को पुन: स्थापित करने के लिए विद्यालयों में ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता विद्यालय स्तर पर आयोजित की जा रही है। ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता विद्यालय स्तर से जिला स्तर फिर राज्य स्तरीय और अंत में राष्ट्रीय स्तर तक कनिष्ठ वर्ग-6वीं, 7वीं, 8वीं और वरिष्ठ वर्ग-9वीं, 10वीं, 11वीं, 12वीं प्रत्येक वर्ष आयोजित की जाती है। इसमें कनिष्ठ वर्ग से दो छात्र व वरिष्ठ वर्ग से दो छात्र चयनित किए जाते हैं। इसी संदर्भ में गुरुवार को डीएवी सातर, माडर्न पब्लिक स्कूल देवघर, डीएवी जूनियर, मातृ मंदिर उच्च विद्यालय, माडर्न पब्लिक स्कूल सिरसा, श्याम सुंदर शिक्षा सदन कास्टर टाउन के परिसर में लगभग 900 छात्र- छात्राओं के बीच उक्त प्रतियोगिता आयोजित की गयी।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत बंदे मातरम से व समापन राष्ट्रगान से हुई। उक्त अवसर पर दिनेश कुमार सेवानिवृत्त लोक अभियोजक ने योद्धा संन्यासी स्वामी विवेकानंद की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं सचिव मनोज कुमार मिश्र ने विषय प्रवेश प्रस्तुत किया, कार्यक्रम संंचालन प्रो विनोद कुमार सिन्हा व धन्यवाद ज्ञापन पूनम प्रकाश सिंह ने किया। कार्यक्रम को सफल आयोजन में सचिव मनोज कुमार मिश्र, रोहित कुमार, वरिष्ठ सदस्य प्रशांत कुमार सिन्हा, विजय पांडेय, प्रदेश संगठन मंत्री प्रो अरविंद कुमार झा, दिनेश कुमार सेवानिवृत्त लोक अभियोजक, प्रभात चरण मिश्र, पंकज भालोटिया, पूनम प्रकाश सिंह, प्राचार्य डॉक्टर विजय कुमार डीएवी सातर, प्राचार्य केके सिंह डीएवी जूनियर, प्रो विनोद कुमार सिन्हा, प्रभाकर शांडिल्य सभी विद्यालय परिवार की सराहनीय भूमिका रहीं।
वृद्धा आश्रम में एक दिवसीय स्वास्थ्य कैंप का आयोजन
देवघर/वरीय संवाददाता। चांदडीह स्थित वृद्धा आश्रम में एक दिवसीय स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. जुगल किशोर चौधरी द्वारा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गयी। साथ ही आश्रम में रह रहे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों से अवगत कराया गया।
इसके अलावे एक दिवसीय स्वास्थ्य कैम्प के तहत चांदडीह वृद्धा आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों व बच्चों का स्वास्थ्य जांच किया गया। जिसमें ब्लड प्रेशर व ब्लड सूगर की जांच के अलावा तीन हाई सुगर वाले मरीजों को दवा दी गयी। आगे सभी को मेंटल हेल्थ से जुड़ी विस्तृत जानकारी के अलावा स्वस्थ रहने के लिए तम्बाकू से होने वाले बीमारियों की जानकारी देते हुए इसका प्रयोग नहीं करने की बात कही गयी। ज्ञात हो कि उपायुक्त के निदेशानुसार अब हर महीने चांदडीह वृद्धा आश्रम में स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया जायेगा। इस दौरान डॉ. विभू, डॉ. मनीष के अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद थी।
अभाविप ने सचिव को सौंपा ज्ञापन
देवघर/वरीय संवाददाता। गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल जिला संयोजक प्रशांत शंकर के नेतृत्व में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राहुल पुरवार से देवघर परिसदन में मिलकर देवघर में विश्वविद्यालय की स्थापना के विषय में मांग पत्र सौंपा। सचिव ने उक्त बातों को गंभीरता पूर्वक सुनते हुए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश सह मंत्री राजेंद्र कुमार साव, जिला संयोजक प्रशांत शंकर, जिला एसएफएस प्रमुख युवराज सिंह, जिला सोशल मीडिया प्रभारी बादल साव, कॉलेज अध्यक्ष सानू सिंह, कॉलेज उपाध्यक्ष शैलेश चौधरी आदि मौजूद थे।
जलवायु परिवर्तन के कुप्रभाव से निबटने की जरूरत : संजय
देवघर/वरीय संवाददाता। राजद के प्रदेश सचिव सह मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी संजय भारद्वाज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के साथ ‘मिशन लाइफ’ (लाइफ स्टाइल फॉर एनवायरनमेंट) शुरू करने की घोषणा का स्वागत किया है। भारद्वाज ने कहा कि धरती और उसके पर्यावरण को बचाने के लिए पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाना अनिवार्य है। भारत की पारंपरिक जीवन शैली और संस्कृति पर्यावरण के संरक्षण और समृद्धि करने से जुड़ी हुई है लेकिन दुख की बात है कि हम अपने पूर्वजों और ऋषि-मुनियों द्वारा जल,वायु, पृथ्वी और वृक्षों के प्रति श्रद्धा और सम्मान की स्थापित परंपराओं को भूलते जा रहे हैं। कुछ दिनों बाद ही हमलोग छठ पूजा का त्यौहार मनाएंगे जिसमें सौर ऊर्जा के स्रोत भगवान सूर्य की उपासना का उत्कृष्ट उदाहरण है। भारद्वाज ने कहा कि धरती और उसके पर्यावरण पर सभी प्राणियों का अधिकार है इसलिए इसे बचाने का उत्तरदायित्व भी सभी का है। उन्होंने कहा कि मेरी प्रधानमंत्री जी से यह अपील है कि राजनीतिक हित लाभ को परे रखकर इस कार्य में सभी को एक साथ लेकर चलें। राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए केवल घोषणा करने से काम नहीं चलेगा बल्कि जमीन पर इसके परिणाम आने चाहिए।
झामुमो की बैठक आज
देवघर/वरीय संवाददाता। देवघर जिला कांग्रेस के सम्मानित सभी नेताओं, पदाधिकारियों एवं सदस्य गणों तथा सभी अग्रणी मोर्चा संगठन के जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों ,सभी प्रदेश प्रतिनिधियों एवं सभी प्रखंड व नगर के अध्यक्षों को एक विशेष बैठक जिलाध्यक्ष मुन्नम संजय के निर्देशानुसार 21 अक्टूबर को 2:30 बजे अपराह्न में जिला पार्टी कार्यालय में होगी। बैठक में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष जलेश्वर महतो एवं जिला समन्वयक जवाहरलाल सिन्हा भाग लेंगे। बैठक में मुख्य रूप से पूर्व तय समयावधि में दी गई संगठन के कार्यों, भारत जोड़ो यात्रा तथा राज्य की महागठबंधन सरकार के महत्वाकांक्षी योजनाओं का जन जन तक पहूंचाने एवं प्रचार-प्रसार आदि विषयों पर समीक्षा की जाएगी।