मधुपुर/संवाददाता। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के आह्वान पर मधुपुर शहर के गांधी चौक स्थित गायत्री मंदिर के साधना कक्ष में रविवार को जिला उपसमन्वयक उमाकांत राय की अध्यक्षता में प्राणवान गायत्री परिवार सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ गायत्री महामंत्र, गुरू वंदना तथा वैदिक मंगलाचरण से किया गया। मौके पर युग निर्माण मिशन की जानकारी देते हुए जिला उपसमन्वयक उमाकान्त राय ने कहा कि भारत वर्ष में जब तक गायत्री साधना का प्रचलन रहा यह देश ज्ञान के क्षेत्र में जगद्गुरु, शौर्य के क्षेत्र में चक्रवर्ती एवं धन संपदा के क्षेत्र में सोने की चिड़िया कहलाया।आज पुन: इस गौरव की प्राप्ति हेतु भारत भ्रमण के लिए गायत्री तीर्थ हरिद्वार से निकली अखंड ज्योति कलश रथयात्रा के माध्यम से सनातन धर्म, सनातनी संस्कृति, भारतीय सभ्यता तथा आध्यात्मिक ज्ञान की दिव्य ज्योति को जन जन तक पहुंचाना गायत्री परिवार का संकल्प है।
कहा कि मानव कल्याण के लिए सर्व सम्मति से जिला स्तरीय रक्तदान शिविर 14 जूलाई को आयोजित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए गुरू पूर्णिमा से वृक्ष गंगा अभियान के तहत पौधा रोपण तथा जन जागरण करने का संकल्प लिया। सामूहिक शांतिपाठ के साथ बैठक का समापन हुआ। मौके पर मंदिर प्रबंधक रामानुज कुमार, रहीश शर्मा, जयराम सिंह, ममता जमुआर, नवीन कुमार, मुरारी कर्ण, दुर्गावती देवी समेत दर्जनों सदस्य मौजूद थे।
जयंती पर याद किए गए हिन्दी साहित्य के तीन हस्तियां
मधुपुर/संवाददाता। स्थानीय भेड़वा स्थित राहुल अध्ययन केन्द्र में हिन्दी साहित्य जगत के तीन नामचीन हस्तियों भैरव प्रसाद गुप्त, केदारनाथ सिंह व चन्द्रधर शर्मा गुलेरी की जयन्ती पर उन्हें याद किया गया । लोगों ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किये।
मौक पर धनंजय प्रसाद ने विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए कहा कि भैरव प्रसाद गुप्त एक नामचीन साहित्यकार थे उन्हें कहानी, नाटक, उपन्यास व अनुवाद विद्धा पर रचनाएं की है। माया, मनोहर कहानियां, जैसे पत्रिका का संपादन किये। उनका उपन्यास शोले, मशाल, जंजीरे, नया आदमी, सती चौरा, भाग्य देवता व गंगागैप। कहानी मुहब्बत की, राहे, फरिश्ता, बिगड़ैल दिमाग, इंसान, मंगला की टिकुली, नाटक चंदबरदाई, अनुवाद हमारे लेनिन, माओ ग्रंथमाला आदि है। वो हिन्दी के प्रोफेसर होते हुए हिन्दी के विकास व प्रचार के गैर हिन्दी क्षेत्रों में जाकर काम किया। उन्होंने कहा केदारनाथ सिंह जेएनयू में भारतीय भाषा केन्द्र के अध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हुए उन्हें साहित्य अकादमी व ज्ञानपीठ सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा चंद्रधर शर्मा गुलेरी काशी विश्वविद्यालय में हिंदी के प्राध्यापक थे। उन्हें कम रचना कर ख्याति पायी है। उनकी प्रसिद्ध रचना उसने कहा था रही है। वैसे वो हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, पाली, प्रकृति, लैटिन, फ्रेंच, जर्मन, मराठी, बंगला के जानकार थे और समालोचन पत्रिका के संपादन किये। अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखे।
मधुपुर का विश्व प्रसिद्ध लॉ-ओपाला का ओपल डिवीजन कारखाना बंद
- बाजार में ओपल उत्पादों की डिमांड में कमी की बात बताई गई
- क्रिस्टल डिवीजन संचालित होता रहेगा, यह और अपग्रेड होगा
मधुपुर/संवाददाता। मधुपुर मे विश्व प्रसिद्ध लॉ-ओपाला आरजी लिमिटेड के ओपल डिवीजन के उत्पादन को रविवार से कारखाना प्रबंधन ने आधिकारिक रूप से बंद करने की घोषणा कर दी है। कारखाना प्रबंधन ने इस बाबत फैक्ट्री गेट पर नोटिस लगा दिया है।
इस संबंध में लॉ-ओपाला आरजी लिमिटेड के पीआरओ हेमंत नारायण सिंह ने बताया कि कारखाना पुराना अप्रचलित, अर्द्ध स्वचालित तकनीकी से संचालित होती है। वर्तमान में ओपल ग्लासवेयर का उत्पादन भारत या विश्व में इस पुरानी तकनीक से नहीं हो रहा है। पुराने तकनीक से उत्पादन की गुणवत्ता निम्न स्तर की होती है। उत्पादन की लागत अधिक और बिक्री मूल्य कम होने के कारण बाजार के प्रतिस्पर्धा में उत्पाद नहीं टिक पा रहा है। निम्न गुणवत्ता के कारण बाजार से काफी शिकायतें भी आ रही है। इस कारण कुछ वर्षों से बिक्री में भारी गिरावट आई है। व्यापारियों को अत्यधिक छूट देने के बावजूद उत्पादों को बेचना अत्यंत कठिन हो गया है। मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी की दरों में गत मार्च 2024 से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी, कच्चे मालों और सभी इनपुट के दरों में अत्यधिक वृद्धि के कारण उत्पादन लागत के मूल्य में असामान्य बढ़ोतरी हो गई है। पूर्व में यूनियन और मजदूरों द्वारा समय-समय पर अवांछित विवाद किया गया। कई बार जानबूझकर उत्पादन में गिरावट की गई। कार्यस्थल पर विवाद से खराब माहौल पैदा किया गया। जिस कारण गत जुलाई 2001 और मई 2017 को कारखाना में लाक आउट करना पड़ा। मजदूर और यूनियन को समझने की बार-बार कोशिश के बावजूद गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं हुआ । बाजार में उत्पाद नहीं बिक नहीं रहा जिसके कारण 1987 से संचालित कारखाना के अस्तित्व को बचाना संभव नहीं रह गया है। विपरित परिस्थितियों को देखते हुए कारखाना प्रबंधन ने 7 जुलाई 2024 से ओपल डिवीजन में कार्य स्थगन की घोषणा कर दी है। इसकी सूचना जिला उपायुक्त, एसपी, एसडीओ, श्रम विभाग के पदाधिकारी, राधा ग्लास मजदूर यूनियन समेत संबंधित पदाधिकारी को दे दी गयी है। कारखाना में दो डिवीजन के तहत उत्पादन होता आया है। वर्तमान में क्रिस्टल डिविजन करीब 200 मजदूरों के सहयोग से निरंतर चलता रहेगा। क्रिस्टल डिवीजन को और अपग्रेड किया जाएगा। ओपल डिवीजन में कार्यरत 281 मजदूरों को कारखाना प्रबंधन नियम के तहत सभी विवादों का निपटारा करते हुए समुचित मुआवजा उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
लॉ-ओपाला कारखाना बंद के विरोध में मजदूरों यूनियन ने दिया धरना
मधुपुर/संवाददाता। विश्व प्रसिद्ध लॉ-ओपाला कारखाना के प्रबंधन की ओर से सात जुलाई से कारखाना बंद की घोषणा की गयी है। इसको लेकर मुख्य गेट पर सूचना लगा दिया गया।
रविवार को कारखाना में कार्य करने आए मजदूरों की जानकारी मिलते ही कारखाना बंद के विरोध मे मजदूर यूनियन के बैनर तले सैकड़ों मजदूरो ने कारखाना के मुख्य द्वारा पर धरना-प्रदर्शन किया। इधर धरना प्रदर्शन की सूचना पर एसडीओ आशीष अग्रवाल ने विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीओ यामुन रविदास को बतौर मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त किया था। साथ ही पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
मौके पर अधिकारियों और कारखाना प्रबंधन द्वारा मजदूरो को समझाया-बुझाया गया। इसके बाद मजदूर वहा से चले गए। इधर यूनियन के नेता कानूनी सहायता के लिए अधिवक्ता से संपर्क में है। मजदूरों ने बताया की अचानक कारखाना बंद की घोषणा से मजदूर हताश है। कहा कि कारखाना प्रबंधन मजदूरों के हित में शीघ्र निर्णय नही लेता है तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
ससुरालवालों पर नवविवाहिता की हत्या की प्राथमिकी दर्ज
मधुपुर/संवाददाता। शहर के नीमतल्ला भेड़वा में शनिवार को नवविवाहिता के फंदे से लटका शव मिलने के मामले में पुलिस ने ससुरालवालों पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
मृतका शिवानी कुमारी के पिता गिरिडीह टुंडी रोड मोहनपुर निवासी अर्जुन पोद्दार के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना का जाँच शुरू कर दिया है। उसने पुलिस से कहा है कि उसकी 22 वर्षीय बेटी शिवानी का विवाह भेड़वा मोड, मधुपुर निवासी शंभू वर्मा से गत 19 अप्रैल 2024 को हुई थी। शादी में उपहार स्वरूप 9 लाख रुपया और 2 लाख का घरेलू सामान दिया था लेकिन इतने से ससुराल वालों का मन नहीं भरा। ससुराल वाले कई बार पैसों की मांग किए। बार-बार बुलेट गाड़ी देने को कहा। शादी के बाद शिवानी को हमलोगों से मोबाइल पर बात करने नहीं देते थे। छोटी-छोटी बातों में बेटी को गाली-गलौज और मारपीट किया जाता था। गत छह जुलाई को ससुराल में देवानंद वर्मा, रामदुलारी, शंभू वर्मा, श्याम वर्मा, पूजा कुमारी, प्रिया कुमारी ने षड्यंत्र के तहत शिवानी को फांसी पर लटका कर जान मार दिया। पुलिस मामला दर्ज कर घटना की जांच कर रही है। इधर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
मधुस्थली विद्यापीठ ने रंगारंग कार्यक्रम के साथ 27वां स्थापना दिवस मना
- छात्र-छात्राओं किया गया अभिनंदन
मधुपुर/संवाददाता। प्रखंड के सलैया स्थित मधुस्थली विद्यापीठ ने रविवार को अपना 27वां स्थापना दिवस रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मनाया। मौके पर विद्यापीठ में सत्र 2023-24 में विभिन्न क्षेत्रों में सर्वोत्तम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बधाई सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ देवघर के सेक्रेटरी स्वामी जयन्तानंद उपस्थित रहे। वहीं सम्मानित अतिथि के रूप में एग्रीकल्चरल एंड इकोलॉजीकल रिसर्च यूनिट, इंडियन स्टेटिकल इंस्टीट्यूट, न्यू बरगंडा गिरिडीह के एसोसिएट प्रोफेसर डॉक्टर प्रदीप भट्टाचार्य, लायंस क्लब मधुपुर के प्रेसीडेंट शौकत नाज, पूर्व प्रेसीडेंट बिनोद लक्षीरामका, लीयो क्लब के पूर्व प्रेसीडेंट प्रसाद चटर्जी, अनुराग अस्पताल के डायरेक्टर अरुण गुटगुटिया, महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्राचार्य मदन मोहन मिश्रा उपस्थित रहे। सर्वप्रथम विद्यापीठ के प्रांगण में स्थित देवालय में हवन-पूजन एवं रुद्राभिषेक कार्य सम्पन्न हुआ। दीप प्रज्ज्वलन तथा मीडिल स्कूल स्टूडेंट्स के गणेश वंदना नृत्य के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मौके पर एमसीकेवी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन किशन कुमार केजरीवाल ने अपने कहा कि उन्होंने मधुपुरवासियों के लिए जिस शिक्षा संस्थान की नींव रखी है उसने आज सफलता पूर्वक 27 वर्ष पूरे कर लिए हैं। विश्व के अत्याधुनिक शिक्षा संस्थानों में पहला स्थान दिलाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। ताकि मधुपुर के बच्चे विकसित भारत के सपने को साकार करने में अपनी अहम भूमिका निभा सके। उन्होंने कहा यहां के अभिभावकों से सहायता की भी अपील की। विद्यापीठ के प्राचार्य बितान विश्वास ने विद्यापीठ की उपलब्धियों को सार्वजनिक किया। कार्यक्रम में सत्र 2023- 24 में सभी विषयों में दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा में तथा विभिन्न कार्यक्रमों में सर्वोत्तम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र- छात्राओं को बधाई संदेश के साथ-साथ अभिनंदन पत्र प्रदान किया गया। मंच का संचालन हेड गर्ल इकरा मजीद, हेड बॉय अर्पित मोदी तथा अध्यापिका संजीदा खातुन ने किया। मौके पर अभिभावक, एचआर अपर्णा हलदार, जनार्दन घोष,अतनु दास, एमआईटीटी के ओएसडी नीलेश कुमार सहित अध्यापक अध्यापिकाएं, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा बच्चे उपस्थित थे। संस्थान के हेडमास्टर राजेश साहनी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मधुपुर ठाकुरबाड़ी से निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
- काफी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
मधुपुर/संवाददाता। शहर के राममंदिर ठाकुर बाड़ी से भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलराम की रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा में काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। रथ यात्रा को लेकर शहर के लोगों में काफी उत्साह देखा गया। रथयात्रा राममंदिर ठाकुर बाड़ी से निकल कर रामयश रोड, गांधी चौक, सत्यबाबू लेन, थाना रोड, हटिया रोड समेत अन्य मार्गों का भ्रमण किया। रथयात्रा के लिए श्रद्धालु रथ को सजाने में सुबह से ही लगे हुए थे। रथ सज-धज कर तैयार होने के बाद सध्या समय नगर भ्रमण के लिए निकली गई। रथयात्रा में मधुपुर नगर सहित अन्य इलाकों से आये श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। गाजे-बाजे के साथ रथयात्रा नगर का भ्रमण किया। बताया जाता है कि हिन्दू धर्म की आस्था का मुख्य केन्द्र होने के कारण रथ यात्रा
का महत्व बढ़ जाता है। जो भी भक्त सच्चे मन व श्रद्धा से रथ यात्रा मे शामिल होते हैं उनकी मनोकामना पूर्ण होती है।
पालोजोरी में निकाली गई भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा
- लोककलाकारों ने बांधा समा
- पूर्व विधायक ने की हौसला अफजाई
पालोजोरी/संवाददाता। पालोजोरी में रविवार को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा में सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालुओं ने रथ पर सवार भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा को पूरे पालोजोरी बाजार सहित आसपास के टोला मोहल्लों में भ्रमण कराया। भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचने के लिए हर श्रद्धालु हाथ बढ़ाते रहे। यात्रा में शामिल श्रद्धालु भगवान के रथ को खींचने के लिए आतुर दिखे। इस दौरान रथयात्रा में शामिल श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ की जयघोष करते रहे। रथयात्रा के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम के दल के सदस्य भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति दे रहे थे। पश्चिम बंगाल से आये लोककलाकारों ने रथयात्रा में अपनी प्रस्तुति से चार चांद लगा दिया। पूर्व विधायक चुन्ना सिंह ने रथयात्रा में शामिल होकर रथयात्रा के आयोजक और सांस्कृतिक दल के सदस्यों की हौसले अफजाई की।
राधा कृष्ण मंदिर निर्माण को ले निकाली गयी कलश यात्रा
- भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू
मोहनपुर/संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत दहीजोर गांव में राधा कृष्ण मंदिर निर्माण को लेकर भूमि पूजन का शुभारंभ रविवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु मंदिर निर्माण परिसर से कलश को लेकर नदी में जल भरकर गाजे- बाजे के साथ भूमि पूजन स्थल तक प्रस्थान किए। कलश यात्रा में 300 की संख्या में महिला शामिल होकर पूजा स्थल तक पहुंचा। इसमें मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व मंत्री सुरेश पासवान शामिल हुए। मंत्रोच्चारण के साथ पुजारी ने उद्घोष और पूजा का अनुष्ठान साथ हरिराम संकीर्तन का आयोजन किया गया है। मौके पर कमेटी के अध्यक्ष नितेश यादव, ललन कुमार, राजेश कुमार, सरोज कुमार, धनंजय कुमार, विजय कुमार, रंजन कुमार, बलराम कुमार, भवेश कुमार, अजीत कुमार, पंकज कुमार, शंभू कुमार, शशि कुमार, नवीन कुमार, अमित कुमार, चंदन कुमार, अभिषेक कुमार, गौतम कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।
सूखा आम का पेड़ दे रहा है दुर्घटना को निमंत्रण
सारवां/संवाददाता। सारवां बस स्टैंड के समीप मुख्य सड़क पर सूखा आम पेड़ का किसी दुर्घटना को निमंत्रण दे रहा है। स्थानीय लोगों ने कहा कि वर्षों से यह पेड़ सूखा हुआ है। आंधी-तूफान से बीच-बीच में पेड़ की डाली सड़क पर गिर जाती है। कई बार लोग घायल भी हुए हैं। यह इलाका काफी भीड़-भाड़ वा है। यहां दर्जनों ऑटो और यात्रियों का जमावड़ा रहता है। लोगों ने सूखे पेड़ को हटाने की मांग स्थानीय प्रशासन से की है।
चितरा में राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट का मनाया तीसरा स्थापना दिवस
- मानव अधिकारों का हनन रोकना ट्रस्ट की प्राथमिकता : सुरेंद्र रवानी
चितरा/संवाददाता। एस पी माइंस चितरा कोलियरी के अतिथिशाला स्थित इंडोर स्टेडियम में शनिवार को राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट का तीसरा स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का माल्यार्पण कर किया गया। उक्त कार्यक्रम में राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र रवानी, प्रदेश महासचिव मोहम्मद आलम, प्रदेश सचिव जाकिर हुसैन खान, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद सगीर खान, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहम्मद रहमूल अंसारी, प्रदेश संगठन सचिव शंभू नाथ मंडल, प्रदेश कोषाध्यक्ष पवन कुमार के अलावा देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर सहित अन्य जिला के नेताओं ने कार्यक्रम में शिरकत किया। इस मौके पर राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र रवानी ने कहा कि 6 जुलाई 2021 को राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट का गठन समाज के कल्याण के लिए किया गया था। कहा कि सुदूर गांवों में गरीब तबके के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना व अत्याचार के विरुद्ध कानूनी लड़ाई लड़कर दबे कुचले लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना ही मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य है। साथ ही उन्होंने कहा कि समाज के पीड़ित शोषित लोग, बाल मजदूर, मनरेगा मजदूर जैसे लोगों से संपर्क स्थापित कर उन्हें अधिकार दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। कहा कि समाज में जिन लोगों को उसका अधिकार नही मिल रहा है, उन्हे न्याय दिलाना तथा समाज के मुख्यधारा में शामिल करना ही हम सबों की जिम्मेवारी है। मंच संचालन गिरिडीह जिला अध्यक्ष इमरान अंसारी ने किया। मौके पर गिरिडीह जिला अध्यक्ष मोहम्मद इरफान अंसारी, जामताड़ा जिला अध्यक्ष विजय रावत ,गिरिडीह जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद रियाज, मोहम्मद मुस्तकीम जिला प्रवक्ता ,बिहारी मंडल नगर अध्यक्ष गिरिडीह, मीणा परवीन गांडेय प्रखंड अध्यक्ष, रेहाना खातून नगर सचिव गिरिडीह, धनेश्वरी देवी, सुमित देवी सिंह, साकेत सिंह, ओम प्रकाश यादव, गौतम कुमार महतो, डॉक्टर बेलाल अंसारी, संगठन सचिव सहित अन्य ने भी अपने अपने विचार व्यक्त किए।
विकास रजक राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट के देवघर जिला अध्यक्ष चुने गए : चितरा कोलियरी स्थित इंडोर स्टेडियम में राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट के तीसरे स्थापना दिवस के मौके पर जिला कमेटी का विस्तार किया गया. जिसमे विकास रजक को राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट के देवघर जिला अध्यक्ष के पद पर चयन किया गया। इस मौके पर नवनियुक्त देवघर जिला अध्यक्ष विकास रजक ने कहा कि पीड़ित शोषित लोगों को अधिकार दिलाने के लिए हमेशा संघर्षरत रहूंगा।कहा कि संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में भी आवश्यक कार्य किया जाएगा.
राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट के नए कार्यालय का हुआ उद्घाटन : चितरा कोलियरी के न्यू कॉलोनी में राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट के कार्यालय का उद्घाटन फीता काट कर किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय मानवाधिकार सेवा ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र रवानी व महासचिव आलमगीर द्वारा संयुक्त रूप से कार्यालय का उद्घाटन किय गया।
बाइक के धक्के से महिला घायल
सारवां/संवाददाता। सारवां मधुपुर अंतर्गत दोंदिया पंचायत के गोपालपुर के पास सड़क किनारे अपनी बकरी चरा रही गोपालपुर गांव की महिला कमली देवी को अज्ञात मोटरसाइकिल द्वारा ठोकर मार दिये जाने से गंभीर रूप से घायल हो गयी। गंभीर रूप से घायल हो कर सड़क किनारे गिर पड़ी थी। आसपास के लोगों के द्वारा हल्ला करने पर ग्रामीण व परिजनों के पहुंचने पर घायल महिला को इलाज के लिये सीएचसी लाया गया। इसके पूर्व मौका फायदा उठाकर मोटरसाइकिल लेकर चालक फरार हो गया। घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।