-दो विस में झामुमो और एक में कांग्रेस प्रत्याशी रहे विजयी
पाकुड़/संवाददाता। विधानसभा चुनाव-2024 में जिला के तीन विधानसभा क्षेत्र क्रमश: लिट्टीपाड़ा, पाकुड़ और महेशपुर में चुनाव का परिणाम इंडिया गठबंधन के पक्ष में रहा। महेशपुर और लिट्टीपाड़ा विधानसभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार की जीत हुई वहीं पाकुड़ विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार की जीत हुई है। चुनाव आयोग के दिए गए दिशा-निर्देश के आलोक में शनिवार को जिला मुख्यालय के बाजार समिति स्थित मतगणना केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना का कार्य प्रारंभ हुआ। मतगणना के दौरान ऑब्जर्वर पूरी तरह से मतगणना केंद्र में डटे रहे। डीसी मनीष कुमार और एसपी प्रभात कुमार ने मतगणना केंद्र में हो रहे मतों की गिनती पर पैनी नजर बनाए रखा। मतगणना कर्मी भी पूरी तरह से सजग देखे गए। जिला प्रशासन की ओर से मतगणना केंद्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतों की गणना में मतगणना अभिकर्ता की सघन जांच कर मतगणना केंद्र में प्रवेश दिया। वहीं जैसे-जैसे मतों की गणना आगे बढ़ती गई। वैसे-वैसे जिला प्रशासन की ओर से लाउडस्पीकर पर मतों की गणना की जानकारी भी दी गई। मतगणना केंद्र के मुख्य द्वार पर दंडाधिकारी और पुलिस के पदाधिकारी मौजूद थे। सदर एसडीपीओ डीएन आजाद पल-पल स्थिति की जानकारी लेते देखे गए। मतों की गणना जैसे-जैसे आगे बढ़ते गई। वैसे-वैसे मतगणना केंद्र के बाहर जमे उम्मीदवार के समर्थक पूरी जोश के साथ नारेबाजी भी करते देखे गए।
महेशपुर विस से झामुमो के प्रोफेसर स्टीफन ने लगायी जीत की हैट्रिक
पाकुड़/संवाददाता। मतगणना केंद्र के बाहर जमे उम्मीदवारों के समर्थकों में जोश देखा गया। बात करें महेशपुर विधानसभा की तो यहां तीसरी बार झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार बने प्रोफेसर स्टीफन मरांडी पहले राउंड से ही बढ़त बनाते दिखे। 16 राउंड तक उन्होंने पीछे मुड़ कर नहीं देखा। झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रोफेसर स्टीफन मरांडी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में भाजपा के नवनीत हेंब्रम को 60,565 मतों से पराजित किया। वहीं मतों की गणना के अनुसार झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्टीफन मरांडी को 1,13,843 और भाजपा के नवनीत हेंब्रम को 53,278 मत प्राप्त हुए। वहीं महेशपुर से लगातार तीसरी बार विधायक बने प्रोफेसर स्टीफन मरांडी के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। लोग खुशी मनाते देखे गए।
पाकुड़ विधानसभा से कांग्रेस की निशात 85,103 मतों से जीत दर्ज की
पाकुड़/संवाददाता। पाकुड़ विधानसभा के मतों की गणना 20 राउंड तक चली। शुरुआती तीन राउंड तक आजसू उम्मीदवार अजहर इस्लाम कांग्रेस प्रत्याशी निशात आलम से आगे रहे। लेकिन चौथे राउंड के बाद से लेकर अंतिम राउंड तक निशात आलम अपना बढ़त बरकरार रखते हुए अजहर इस्लाम को 85,103 मतों से पराजित कर दिया। मतगणना के परिणामों पर यदि नजर डालें तो पाकुड़ विधानसभा से आजसू के अजहर इस्लाम को 68,919, कांग्रेस की निशात आलम को 1,54,022 और समाजवादी पार्टी के अकिल अख्तर को 46,417 मत प्राप्त हुए। निशात आलम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अजहर इस्लाम से 85,103 मतों से जीत दर्ज की। वहीं चुनाव में पूर्व विधायक अकिल अख्तर तीसरे नंबर पर रहे। यहां बता दें कि कांग्रेस प्रत्याशी निशात आलम के लिए यह चुनाव महत्वपूर्ण था। वर्तमान विधायक आलमगीर आलम के जेल जाने के बाद कांग्रेस ने उन्हें उम्मीदवार बनाया था। पाकुड़ विधानसभा का सीट प्रतिष्ठा का सीट माना जा रहा था। यहां एनडीए गठबंधन के तहत आजसू प्रत्याशी अजहर इस्लाम लगातार जनता के बीच वर्तमान विधायक आलमगीर आलम के जेल जाने और भ्रष्टाचार के मामले को उठा रहे थे। लेकिन कांग्रेस की प्रत्याशी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जी तोड़ मेहनत करते हुए वोटरों को अपनी ओर खींचने में पूरी तरह से सफल हुए और चुनाव का जो नतीजा आया वह चौंकाने वाला था। आंकड़ों से यह पता चलता है कि राज्य में सबसे ज्यादा अंतर से जीतने वाली उम्मीदवार निशात आलम ही है। वहीं जीतने के बाद निशात आलम ने कहा कि यह जीत जनता की जीत है। जनता ने एक बार फिर उनके परिवार के प्रति विश्वास जताया है और वह यह विश्वास टूटने नहीं देगी।
लिट्टीपाड़ा से एकबार फिर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने लहराया परचम
-हेमलाल मुर्मू ने भाजपा के बाबूधन को 26,481 मतों से किया पराजित
पाकुड़/संवाददाता। लिट्टीपाड़ा विधानसभा के मतों की गणना बाजार समिति में प्रारंभ हुई और मतों की गणना में एक बार फिर लिट्टीपाड़ा विधानसभा से झारखंड मुक्ति मोर्चा का परचम लहराता दिखा। यहां से झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रत्याशी हेमलाल मुर्मू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के बाबूधन मुर्मू को 26,481 मतों से पराजित कर आला कमान के फैसले को सही ठहराने का कार्य किया। लिट्टीपाड़ा में कुल 15 राउंड तक मतों की गणना हुई। मतों की गणना के बाद जहां बाबूधन मुर्मू को 61,146 मत प्राप्त हुए तो वहीं हेमलाल मुर्मू को 87,627 मत प्राप्त हुए। यहां बता दें कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से वर्तमान विधायक दिनेश मरांडी का टिकट काट कर हेमलाल मुर्मू को दिया गया। हेमलाल मुर्मू ने एक बार फिर झारखंड मुक्ति मोर्चा का परचम लहराते हुए भारी मतों से जीत हासिल की। वहीं जीतने के बाद उन्होंने कहा कि जीत जनता की है। उन्होंने कहा कि यहां के लोग हेमंत को चाहते हैं।
जीत के बाद समर्थकों ने मनाया जश्न, जम कर उड़े गुलाल
पाकुड़/संवाददाता। विधानसभा चुनाव परिणाम की घोषणा शनिवार को हो गई। पाकुड़ जिला के तीनों विधानसभा क्षेत्र से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी की जीत हुई। प्रत्याशी के जीत की घोषणा होते ही समर्थकों ने क्षेत्र में जुलूस निकाला। समर्थक ढोल-नगाड़े के साथ नाचते, गाते जमकर गुलाल उड़ाया। लिट्टीपाड़ा विधानसभा के प्रत्याशी हेमलाल मुर्मू का हिरणपुर में जमकर स्वागत किया गया। वहीं स्टीफन मरांडी को महेशपुर में उनके समर्थकों ने जमकर बधाई दी। पाकुड़ विधानसभा की कांग्रेस उम्मीदवार निशात आलम की जीत की जैसे ही घोषणा हुई वैसे ही उनके समर्थक पूरे जोश के साथ नारेबाजी करते देखे गए। मतगणना स्थल पर मौजूद कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और प्रत्याशी के पुत्र तनवीर आलम समर्थकों को धन्यवाद देते हुए उनका आभार प्रकट किया। वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें फूल का माला पहना कर स्वागत किया।
नौ दिवसीय राम कथा के आयोजन को लेकर निकाली गयी कलश शोभा यात्रा
-कलश यात्रा में 251 कन्याएं और महिलाएं हुईं शामिल
महेशपुर/संवाददाता। प्रखंड मुख्यालय स्थित बूढ़ा बाबा महेश्वरनाथ शिव मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय राम कथा के आयोजन को लेकर शनिवार को कलश शोभा यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में 251 कन्याएं और महिलाएं शामिल हुईं। कलश यात्रा मंदिर परिसर से निकल कर राजबाड़ी स्थित ठाकुरबाड़ी नदी घाट पहुंची। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में जल भरा गया। कलश में जल भरने के बाद तिवारीपाड़ा, बाबूपाड़ा, बंगाली ग्वालपाड़ा, हटिया पाड़ा के रास्ते होते हुए पुन: मंदिर परिसर में कलश को स्थापित किया गया। शनिवार शाम चार बजे से संध्या सात बजे तक कथा वाचक रविशंकर ठाकुर की ओर से प्रवचन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन रामनवमी पूजा समिति महेशपुर की ओर से की जा रही है। राम कथा के सफल आयोजन में अशोक वर्मा, अनिकेत सिंह, शुभम भगत, अपूर्व राणा, सर्बो, अभिजीत समेत अन्य भक्तों ने अहम भूमिका निभायी।
जीत की खुशी में निकला जुलूस
महेशपुर/संवाददाता। झामुमो प्रत्याशी प्रो. स्टीफन मरांडी की हैट्रिक जीत की खुशी में झामुमो कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाल कर खुशी जाहिर किया। जुलूस पार्टी कार्यालय से निकल कर अंबेडकर चौक पहुंचा। विधायक स्टीफन मरांडी ने अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। स्टीफन मरांडी ने कहा कि यह जीत मेरी नहीं, महेशपुर विधानसभा की जनताओं की जीत है। जुलूस में डीजे की धुन पर एक-दूसरे को बधाई दी। गले लगा कर जीत का इजहार किया। मौके पर अनरुद्दीन मियां, बुदल यादव, अब्दुल वदूत, कुणाल अल्फ्ऱेड हेम्ब्रम, संतोष हेम्ब्रम, गोलक सिंह, जोशिम मियां समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिरणपुर में निकाली गयी विजयी जुलूस
हिरणपुर/संवाददाता। लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से विजयी होने के बाद हेमलाल मुर्मू पहली बार हिरणपुर पहुंचे। जहां सैकड़ों की संख्या में लोगों ने नव निर्वाचित विधायक का स्वागत किया। झामुमो कार्यकर्ताओं के काफिला के साथ हिरणपुर सुभाष चौक पहुंचने पर विधायक ने नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद उपस्थित लोगों से रू ब रू हुए। कार्यकर्ताओं ने वीर शिबू जिंदाबाद, हेमंत सोरेन जिंदाबाद, हेमलाल मुर्मू का गगनभेदी नारा लगाया। उपस्थित लोगों में विधायक से मिलने को लेकर होड़ मची हुई थी। इसके बाद विधायक लिट्टीपाड़ा के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर झामुमो जिला संगठन प्रभारी अजीजुल इस्लाम, जिला उपाध्यक्ष समद अली, प्रखंड अध्यक्ष इस्हाक अंसारी, जावेद आलम सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हाई प्रोफाइल तरीके से चुनाव लड़ना भारी पड़ गया भाजपा को
पाकुड़/संवाददाता। जिला के तीनों विधानसभा का परिणाम सामने आ चुका है और एक बार फिर तीनों विधानसभा से एनडीए गठबंधन का सुपड़ा पूरी तरह से साफ हो चुका है। एक ओर जहां इंडिया गठबंधन से जुड़े दल के समर्थक जीत का जश्न मानते देखे गए तो वहीं मतगणना प्रारंभ होने के बाद जैसे-जैसे इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित होती दिखी। वैसे ही एनडीए गठबंधन की उम्मीदवार मतगणना केंद्र से बाहर निकलते देखे गए। इसके साथ-साथ मतगणना केंद्र के बाहर जमे एनडीए के समर्थक भी दोपहर 12 बजे के बाद पूरी तरह से गायब हो गए। तीनों विधानसभा में एनडीए की करारी हार की समीक्षा निश्चित ही पार्टी की ओर से की जाएगी। चौक और चौराहों पर चर्चा होती देखी गई। चर्चा के दौरान लोगों ने राय रखते हुए कहा कि जिला के तीनों विधानसभा क्षेत्र में एनडीए गठबंधन के उम्मीदवार की हार का मुख्य कारण हाई प्रोफाइल तरीके से चुनाव लड़ना है। भाजपा के जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की अनदेखी और क्षेत्र के बाहर से हाई प्रोफाइल लोगों को लाकर चुनाव मैनेजमेंट में लगाना हर का मुख्य कारण था। वहीं चुनाव परिणाम सामने आते ही सोशल मीडिया में हार-जीत की समीक्षा भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से प्रारंभ कर दी गई है। सोशल मीडिया में कई ऐसे पोस्ट किए गए जो की जमीनी सच्चाई बयां करता दिख रहा है।